Home Blog Page 10

बच्चों के बीच पहुंचे CM धामी, सेल्फी और तस्वीरों के लिए उमड़ी भीड़, दिए सफलता के मंत्र|Bhadas4India

0

रामनगर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का रविवार को रामनगर दौरा बच्चों के लिए यादगार बन गया। अहाना रिसॉर्ट हैलीपेड पर मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। मुख्यमंत्री ने भी सुरक्षा घेरा छोड़ सीधे बच्चों के बीच पहुंचकर उनसे मुलाकात की, बातचीत की और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं।

अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत रामनगर पहुंचे मुख्यमंत्री धामी का स्वागत मंडलायुक्त दीपक रावत, आईजी निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी समेत कई अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय बच्चे भी हैलीपेड परिसर में मौजूद थे।

बच्चों को देखते ही मुख्यमंत्री स्वयं उनके बीच पहुंचे, जिससे माहौल पूरी तरह उत्साह और खुशी से भर गया। बच्चों ने मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी लीं, समूह फोटो खिंचवाए और उनसे खुलकर बातचीत की। मुख्यमंत्री ने भी बच्चों के साथ आत्मीयता से समय बिताया और उनकी पढ़ाई, रुचियों तथा भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली।

मुख्यमंत्री धामी ने बच्चों को सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि जीवन में अनुशासन, कठिन परिश्रम और सकारात्मक सोच ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी हैं। उन्होंने कहा कि ईमानदारी, निरंतर प्रयास और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने वाले छात्र किसी भी लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं।

उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, माता-पिता, शिक्षकों और बड़ों का सम्मान करने तथा अपने सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी। मुख्यमंत्री की बातों को बच्चों ने बड़े ध्यान से सुना और उनके साथ बिताए इन खास पलों को कैमरे में कैद किया।

रामनगर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र से आए लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। बच्चों के साथ मुख्यमंत्री का यह आत्मीय संवाद पूरे कार्यक्रम का सबसे आकर्षक और चर्चित पल बन गया।

खटीमा का लोहियाहेड वाटर बाईपास बनेगा बड़ा पर्यटन केंद्र, CM धामी ने किया निरीक्षण|BHADAS4INDIA

0

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऊधम सिंह नगर के खटीमा स्थित लोहियाहेड वाटर बाईपास का स्थलीय निरीक्षण कर इसे प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में विकसित करने की दिशा में बड़ा संकेत दिया है। प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर यह क्षेत्र जल्द ही पर्यटन के नए केंद्र के रूप में पहचान बना सकता है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से विकास योजनाओं की जानकारी लेते हुए कहा कि यहां मौजूद प्राकृतिक संसाधनों और स्थानीय विशेषताओं को ध्यान में रखकर सुनियोजित विकास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन को आर्थिक विकास का मजबूत आधार बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी कड़ी में शारदा कॉरिडोर और शारदा रिवर फ्रंट जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के माध्यम से खटीमा क्षेत्र को नई पहचान देने की तैयारी है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या बढ़ने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पर्यटन विकास का सबसे बड़ा लाभ स्थानीय युवाओं को मिलेगा। होटल, परिवहन, गाइड सेवा, स्वरोजगार और छोटे व्यवसायों के माध्यम से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, जिससे लोगों की आय में वृद्धि होगी। सरकार का लक्ष्य है कि राज्य के हर क्षेत्र की पर्यटन क्षमता का उपयोग कर स्थानीय नागरिकों को सीधे तौर पर लाभ पहुंचाया जाए।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारियों को लोहियाहेड वाटर बाईपास के विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी विकास कार्यों में गुणवत्ता, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि विकास और प्रकृति के बीच संतुलन बना रहे।

रुड़की को मिली आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स की सौगात, CM धामी ने किया लोकार्पण|BHADAS4INIDA

0

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को रुड़की में हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) द्वारा निर्मित आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का लोकार्पण किया। लगभग 3 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से तैयार यह खेल परिसर खिलाड़ियों को अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।

लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध खेल सुविधाओं का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों और खेल प्रशिक्षकों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं और सुझावों की जानकारी भी ली।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार खेलों के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर प्रदान करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आधुनिक खेल अवसंरचना युवा प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल संस्कृति को नई पहचान मिली है। उत्तराखंड सरकार भी खेल नीति के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, प्रोत्साहन और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि इस स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स से हरिद्वार, रुड़की और आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों को बड़ा लाभ मिलेगा। इससे युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी और प्रदेश को नई खेल प्रतिभाएं मिलेंगी।

नवनिर्मित स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में खिलाड़ियों के लिए आधुनिक जिम, बैडमिंटन कोर्ट और अन्य इनडोर खेल सुविधाएं विकसित की गई हैं। यह परिसर नियमित प्रशिक्षण, अभ्यास और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए भी उपयोगी साबित होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक जिले में खेल सुविधाओं का विस्तार करना है, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को समान अवसर मिल सकें और वे राज्य तथा देश का नाम रोशन कर सकें।

रुड़की में CM धामी का युवा संवाद, बोले- युवा शक्ति ही विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड की सबसे बड़ी ताकत|BHADAS4INDIA

0

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुड़की में आयोजित “युवा संवाद कार्यक्रम” में युवाओं से सीधा संवाद करते हुए कहा कि युवा शक्ति ही विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और युवाओं की ऊर्जा, नवाचार और प्रतिभा देश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को केवल वोट बैंक नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण का सबसे सशक्त स्तंभ माना गया है। स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, खेलो इंडिया और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना जैसी पहलों ने युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं बल्कि रोजगार देने वाला बनाया है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य ऐसा उत्तराखंड तैयार करना है जहां युवाओं को रोजगार के लिए पलायन न करना पड़े। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, दीनदयाल उपाध्याय योजना, युवा प्रोत्साहन योजना, एक जनपद-दो उत्पाद योजना और हाउस ऑफ हिमालयाज जैसे प्रयास स्थानीय युवाओं को नए अवसर प्रदान कर रहे हैं। वहीं नई पर्यटन नीति, होमस्टे, वेड इन उत्तराखंड, सौर स्वरोजगार, मिलेट मिशन, एप्पल मिशन और कीवी मिशन भी रोजगार के नए द्वार खोल रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की नीतियों के कारण उत्तराखंड की बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी आई है और नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्यों में राज्य देश में प्रथम स्थान पर है। उन्होंने कहा कि अब राज्य में रिवर्स माइग्रेशन का सकारात्मक माहौल बन रहा है और युवा अपने अनुभव के साथ वापस लौटकर स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा दे रहे हैं।

धामी ने कहा कि युवाओं के हितों की रक्षा के लिए राज्य में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। इसके परिणामस्वरूप भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता आई है और पिछले साढ़े चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं।

युवा संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं के सवालों का जवाब भी दिया। सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि साइबर सेल लगातार निगरानी कर रही है और समाज में भ्रम फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

वर्ष 2027 के कुंभ मेले की तैयारियों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार दिव्य, भव्य और सुरक्षित कुंभ के आयोजन के लिए व्यापक स्तर पर काम कर रही है। भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए ड्रोन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित निगरानी प्रणाली का उपयोग किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से बड़े सपने देखने, नवाचार अपनाने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि राज्य सरकार हर युवा के सपनों को साकार करने के लिए उनके साथ खड़ी है।

रुड़की में CM धामी ने सुना PM मोदी का ‘मन की बात’, कहा- जनभागीदारी से बनेगा विकसित भारत|BHADAS4INDIA

0

रुड़की में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें संस्करण को सुना। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम जनभागीदारी को मजबूत बनाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रभावी मंच बन चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में पर्यावरण संरक्षण, सांस्कृतिक विरासत के संवर्धन, नवाचार, युवाओं की भूमिका और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर देशवासियों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है और विकसित भारत का संकल्प सामूहिक प्रयासों से ही पूरा होगा।

धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार भी प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में सुशासन, महिला एवं युवा सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता ही विकास की सबसे बड़ी शक्ति है।

सेशेल्स में दिखी भारत की सांस्कृतिक छाप, एयरपोर्ट पर कच्छ के लोकनृत्य से हुआ भव्य स्वागत|BHADAS4INIDA

0

सेशेल्स में दिखी भारत की सांस्कृतिक छाप, एयरपोर्ट पर कच्छ के लोकनृत्य से हुआ भव्य स्वागत

भारत की सांस्कृतिक विरासत की वैश्विक पहचान एक बार फिर देखने को मिली, जब सेशेल्स में आगमन पर एयरपोर्ट पर कच्छ के पारंपरिक लोकनृत्य के साथ स्वागत किया गया। यह दृश्य न केवल भारतीय संस्कृति की समृद्धि को दर्शाता है, बल्कि दुनिया भर में बसे भारतीय समुदाय के अपनी जड़ों से गहरे जुड़ाव का भी प्रमाण है।

विदेशों में रहने वाले भारतीयों ने देश के विभिन्न राज्यों की परंपराओं, लोककलाओं और सांस्कृतिक विरासत को जिस समर्पण के साथ संरक्षित और आगे बढ़ाया है, वह वास्तव में सराहनीय है। भारतीय संस्कृति की यही जीवंतता और विविधता विश्वभर में भारत की पहचान को और मजबूत बना रही है।

हरिद्वार में अंगदान संकल्प अभियान: जेपी नड्डा बोले- अंगदान मानव सेवा का सर्वोच्च कार्य, सीएम धामी ने बताया सनातन संस्कृति का आदर्श|BHADAS4INDIA

0

हरिद्वार। देवसंस्कृति विश्वविद्यालय, शांतिकुंज में आयोजित दधीचि अंगदान संकल्प अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय संगोष्ठी में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में देशभर से आए चिकित्सकों, विशेषज्ञों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और साधकों ने अंगदान के महत्व पर विचार साझा किए, जबकि सैकड़ों लोगों ने मानव सेवा के लिए अंगदान का संकल्प लिया।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने कहा कि अंगदान मानव सेवा का सर्वोच्च कार्य है, जो किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का माध्यम बनता है। उन्होंने कहा कि अंगदान को केवल चिकित्सा विज्ञान के दृष्टिकोण से नहीं, बल्कि मानवीय और आध्यात्मिक दृष्टि से भी समझने की आवश्यकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, प्रभावी और जन-केंद्रित बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।

नड्डा ने कहा कि अंगदान एवं प्रत्यारोपण व्यवस्था को मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर संस्थागत ढांचे का विस्तार किया गया है। जागरूकता बढ़ने के कारण देश में अंगदान की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है और जनभागीदारी से इसे एक व्यापक जनआंदोलन बनाया जा सकता है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारत की सनातन संस्कृति त्याग, समर्पण, सेवा और परमार्थ की महान परंपराओं पर आधारित है। उन्होंने महर्षि दधीचि और राजा शिवि के उदाहरणों का उल्लेख करते हुए कहा कि मानव कल्याण के लिए किया गया त्याग भारतीय संस्कृति की सबसे बड़ी पहचान है। मृत्यु के बाद भी यदि किसी व्यक्ति का अंग किसी दूसरे को नया जीवन दे सके, तो इससे बड़ा पुण्य और मानव सेवा का कार्य नहीं हो सकता।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार राज्य में अंगदान और अंग प्रत्यारोपण व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए ठोस कदम उठा रही है। दून मेडिकल कॉलेज में राज्य के पहले सरकारी ऊतक प्रत्यारोपण केंद्र की स्थापना की जा रही है। साथ ही अंग प्रत्यारोपण केंद्र, अंग बैंक और जिला स्तरीय अंगदान केंद्रों का नेटवर्क विकसित किया जा रहा है ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर सहायता मिल सके।

मुख्यमंत्री ने गायत्री परिवार के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि शांतिकुंज और पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के विचार समाज में नैतिक मूल्यों, आध्यात्मिक चेतना और सकारात्मक परिवर्तन का संदेश दे रहे हैं। उनका संदेश “हम बदलेंगे तो युग बदलेगा” आज भी समाज को नई दिशा प्रदान कर रहा है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि यज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि त्याग, सहयोग और लोकमंगल की जीवनशैली है। उन्होंने कहा कि समाज के कल्याण के लिए अपने समय, श्रम और संसाधनों का समर्पण ही यज्ञ की वास्तविक भावना है।

कार्यक्रम में आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक, रामकृष्ण मिशन के सचिव स्वामी दयामूर्त्यानंद, पद्मश्री नीलेश मांडलेवाला, डॉ. विजय धस्माना सहित अनेक विशेषज्ञों ने अंगदान के वैज्ञानिक, सामाजिक और कानूनी पहलुओं पर अपने विचार रखे।

जेपी नड्डा और सीएम धामी ने शांतिकुंज पहुंचकर लिया शैलदीदी का आशीर्वाद, राष्ट्र निर्माण और संस्कारों पर हुई चर्चा|BHADAS4INDIA

0

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को हरिद्वार स्थित शांतिकुंज पहुंचकर अखिल विश्व गायत्री परिवार की अधिष्ठात्री श्रद्धेया शैलदीदी से भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं ने उनका आशीर्वाद लिया और आध्यात्मिक तथा सामाजिक विषयों पर विस्तृत चर्चा की।

हरिद्वार के शांतिकुंज में आयोजित इस मुलाकात के दौरान केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रद्धेया शैलदीदी को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। दोनों नेताओं ने उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

भेंट के दौरान आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही समाज में सकारात्मक मूल्यों के प्रसार और युवा पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने के प्रयासों पर भी चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि गायत्री परिवार और शांतिकुंज लंबे समय से समाज निर्माण, शिक्षा, संस्कार और आध्यात्मिक जागरण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे संस्थान समाज को नई दिशा देने का कार्य करते हैं।

इस अवसर पर देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा सहित शांतिकुंज परिवार के वरिष्ठ पदाधिकारी और अनेक गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।शांतिकुंज में हुई यह मुलाकात केवल शिष्टाचार भेंट तक सीमित नहीं रही, बल्कि आध्यात्मिक मूल्यों, सामाजिक सरोकारों और राष्ट्र निर्माण के विषयों पर सार्थक संवाद का भी माध्यम बनी।

उत्तराखंड में लंबित मामलों के निस्तारण की तैयारी तेज, विशेष लोक अदालत में रखे जाएंगे 199 मामले|BHADAS4INDIA

0

उत्तराखंड में लंबित न्यायिक मामलों के त्वरित निस्तारण की दिशा में तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्य सचिव आनंद वर्धन की अध्यक्षता में सचिवालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी अगस्त में सर्वोच्च न्यायालय में होने वाली विशेष लोक अदालत यानी समाधान समारोह-2026 के लिए चिन्हित मामलों की समीक्षा की गई। बैठक में अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई और अधिकतम मामलों के सौहार्दपूर्ण समाधान के निर्देश दिए गए।

सचिवालय सभागार में आयोजित बैठक में आगामी 21 से 23 अगस्त 2026 तक नई दिल्ली में होने वाली सर्वोच्च न्यायालय की विशेष लोक अदालत की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान राज्य सरकार की ओर से लोक अदालत में रखे जाने वाले लंबित मामलों की विभागवार स्थिति और समन्वय व्यवस्था की समीक्षा की गई।

बैठक में जानकारी दी गई कि उत्तराखंड से विभिन्न विभागों और विधिक श्रेणियों के कुल 199 मामलों को विशेष लोक अदालत के लिए चिन्हित किया गया है। इनमें दीवानी और फौजदारी मामले, बैंकिंग विवाद, उपभोक्ता मामले, पारिवारिक विवाद, श्रम एवं औद्योगिक कानून, भूमि अधिग्रहण, मुआवजा, संपत्ति कर, किराया नियंत्रण, सेवा संबंधी मामले और स्थानांतरण याचिकाएं शामिल हैं।

मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि चिन्हित मामलों का गंभीरता से परीक्षण किया जाए और जहां भी समझौते की संभावना हो, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अधिकतम मामलों का समाधान लोक अदालत के माध्यम से सुनिश्चित करने के लिए सभी विभाग सक्रिय भूमिका निभाएं।

मुख्य सचिव ने विभागीय नोडल अधिकारियों को संबंधित पक्षों के साथ प्रभावी संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विवादों के सौहार्दपूर्ण समाधान के लिए समन्वित प्रयास जरूरी हैं। साथ ही प्रत्येक विभाग नियमित समीक्षा कर प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराए और राज्य एवं जिला स्तर पर बेहतर तालमेल सुनिश्चित करे।

मुख्य सचिव ने कहा कि विशेष लोक अदालत न्याय व्यवस्था में वैकल्पिक विवाद निवारण प्रणाली को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे नागरिकों को लंबी न्यायिक प्रक्रिया से राहत मिलेगी, मामलों का शीघ्र निस्तारण होगा और समय व संसाधनों की भी बचत होगी।

अगस्त में आयोजित होने वाली सर्वोच्च न्यायालय की विशेष लोक अदालत को लेकर उत्तराखंड सरकार ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। उम्मीद है कि इस पहल से बड़ी संख्या में लंबित मामलों का समाधान होगा और आम लोगों को त्वरित न्याय मिलने का रास्ता आसान होगा।

दन्या में मुख्यमंत्री धामी का विकास पैकेज, मिनी स्टेडियम से लेकर सड़क निर्माण तक कई ऐलान|BHADAS4INDIA

0

अल्मोड़ा जिले के दन्या में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनसभा को संबोधित करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इस दौरान उन्होंने राजकीय महाविद्यालय दन्या में लगभग 4 करोड़ 96 लाख रुपये की लागत से निर्मित नए भवन का लोकार्पण भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सभी क्षेत्रों के समेकित विकास के लिए प्रतिबद्ध है और उत्तराखंड विकास एवं समृद्धि के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

दन्या के रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने क्षेत्रीय विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने शहीद बीरेश्वर गोस्वामी के नाम पर अल्मोड़ा में भव्य द्वार निर्माण, चमतोला खेल मैदान के निर्माण और राजकीय महाविद्यालय गरुड़ाबाँज में मिनी स्टेडियम बनाए जाने की घोषणा की। इसके साथ ही जीआईसी गरुड़ाबाँज में चार अतिरिक्त कक्षों के निर्माण और प्रेम मंदिर-राधा कृष्ण मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण की भी घोषणा की गई।

मुख्यमंत्री ने खेती-जटेश्वर मोटर मार्ग के कचौरी नामक स्थान से कलूटा पोलिंग बूथ तक सड़क निर्माण और राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चगेठी के उच्चीकरण की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि शिक्षा, खेल, सड़क और धार्मिक स्थलों के विकास के माध्यम से क्षेत्र को नई पहचान दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और समृद्धि के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है तथा उत्तराखंड भी तेजी से प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा प्रदेश को वैश्विक आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केदारखंड और मानसखंड में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक राज्य में पहुंच रहे हैं। जागेश्वर धाम के मूल स्वरूप को संरक्षित रखते हुए जागेश्वर मास्टर प्लान के तहत वहां सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ धाम को आधुनिक सुविधाओं से भी सुसज्जित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शीतकालीन पर्यटन, योग एवं आयुर्वेद आधारित पर्यटन को बढ़ावा दे रही है। ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन फेस्टिवल’ जैसी पहल के माध्यम से स्थानीय मेलों और सांस्कृतिक आयोजनों को नई पहचान मिली है, जिससे स्वरोजगार के अवसर बढ़े हैं और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को देश का मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट बनने का गौरव प्राप्त हुआ है। वहीं नकल विरोधी कानून लागू कर युवाओं का भर्ती परीक्षाओं में विश्वास बहाल किया गया है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति जारी रहेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जनसभा के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दन्या निवासी पवन पंत के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में सहभाग किया और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की दन्या में मुख्यमंत्री की घोषणाओं से क्षेत्र के शिक्षा, खेल, सड़क और पर्यटन विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। सरकार का दावा है कि इन योजनाओं से क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।