बच्चों के बीच पहुंचे CM धामी, सेल्फी और तस्वीरों के लिए उमड़ी भीड़, दिए सफलता के मंत्र|Bhadas4India

0
40
बच्चों के बीच पहुंचे CM धामी, सेल्फी और तस्वीरों के लिए उमड़ी भीड़, दिए सफलता के मंत्र|Bhadas4India

रामनगर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का रविवार को रामनगर दौरा बच्चों के लिए यादगार बन गया। अहाना रिसॉर्ट हैलीपेड पर मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। मुख्यमंत्री ने भी सुरक्षा घेरा छोड़ सीधे बच्चों के बीच पहुंचकर उनसे मुलाकात की, बातचीत की और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं।

अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत रामनगर पहुंचे मुख्यमंत्री धामी का स्वागत मंडलायुक्त दीपक रावत, आईजी निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी समेत कई अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय बच्चे भी हैलीपेड परिसर में मौजूद थे।

बच्चों को देखते ही मुख्यमंत्री स्वयं उनके बीच पहुंचे, जिससे माहौल पूरी तरह उत्साह और खुशी से भर गया। बच्चों ने मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी लीं, समूह फोटो खिंचवाए और उनसे खुलकर बातचीत की। मुख्यमंत्री ने भी बच्चों के साथ आत्मीयता से समय बिताया और उनकी पढ़ाई, रुचियों तथा भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली।

मुख्यमंत्री धामी ने बच्चों को सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि जीवन में अनुशासन, कठिन परिश्रम और सकारात्मक सोच ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी हैं। उन्होंने कहा कि ईमानदारी, निरंतर प्रयास और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने वाले छात्र किसी भी लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं।

उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, माता-पिता, शिक्षकों और बड़ों का सम्मान करने तथा अपने सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी। मुख्यमंत्री की बातों को बच्चों ने बड़े ध्यान से सुना और उनके साथ बिताए इन खास पलों को कैमरे में कैद किया।

रामनगर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र से आए लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। बच्चों के साथ मुख्यमंत्री का यह आत्मीय संवाद पूरे कार्यक्रम का सबसे आकर्षक और चर्चित पल बन गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here