HomeUdham Singh Nagarरुद्रपुर के बागवाला में तैयार हुए 1872 पीएम आवास, जल्द लाभार्थियों को...

रुद्रपुर के बागवाला में तैयार हुए 1872 पीएम आवास, जल्द लाभार्थियों को मिलेंगी चाबियां|BHADAS4INIDA

रुद्रपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ऊधम सिंह नगर जिले के बागवाला क्षेत्र में निर्मित 1872 आवास अब लाभार्थियों को सौंपने की तैयारी अंतिम चरण में पहुंच गई है। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने रविवार को परियोजना स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवंटन प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।

करीब 156 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इस आवासीय परियोजना का निर्माण विकास प्राधिकरण द्वारा किया गया है। निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होते ही आवासों का लोकार्पण किया जाएगा और पात्र लाभार्थियों को उनके घरों की चाबियां सौंपी जाएंगी।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों से लाभार्थियों द्वारा जमा की गई धनराशि और आवंटन प्रक्रिया की जानकारी भी ली। इस दौरान विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रत्येक आवास के लिए 3 लाख रुपये की सहायता सरकार द्वारा दी जा रही है, जबकि 3 लाख रुपये लाभार्थी के अंशदान के रूप में जमा किए गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि आवास परिसर में साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। परिसर को हरित और सुविधायुक्त बनाने के लिए व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया जा रहा है। इसके अलावा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) का निर्माण भी पूरा हो चुका है और उसकी तकनीकी जांच व परीक्षण सफलतापूर्वक कर लिया गया है।

निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने परियोजना की गुणवत्ता, बुनियादी सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लाभार्थियों को आवास सौंपने से पहले सभी आवश्यक सुविधाएं पूरी तरह सुनिश्चित की जाएं।

बागवाला की यह परियोजना प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश की बड़ी आवासीय परियोजनाओं में शामिल है, जिससे हजारों परिवारों का अपने घर का सपना जल्द साकार होने जा रहा है।

latest articles

explore more

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here