उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुड़की में आयोजित “युवा संवाद कार्यक्रम” में युवाओं से सीधा संवाद करते हुए कहा कि युवा शक्ति ही विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और युवाओं की ऊर्जा, नवाचार और प्रतिभा देश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को केवल वोट बैंक नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण का सबसे सशक्त स्तंभ माना गया है। स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, खेलो इंडिया और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना जैसी पहलों ने युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं बल्कि रोजगार देने वाला बनाया है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य ऐसा उत्तराखंड तैयार करना है जहां युवाओं को रोजगार के लिए पलायन न करना पड़े। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, दीनदयाल उपाध्याय योजना, युवा प्रोत्साहन योजना, एक जनपद-दो उत्पाद योजना और हाउस ऑफ हिमालयाज जैसे प्रयास स्थानीय युवाओं को नए अवसर प्रदान कर रहे हैं। वहीं नई पर्यटन नीति, होमस्टे, वेड इन उत्तराखंड, सौर स्वरोजगार, मिलेट मिशन, एप्पल मिशन और कीवी मिशन भी रोजगार के नए द्वार खोल रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की नीतियों के कारण उत्तराखंड की बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी आई है और नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्यों में राज्य देश में प्रथम स्थान पर है। उन्होंने कहा कि अब राज्य में रिवर्स माइग्रेशन का सकारात्मक माहौल बन रहा है और युवा अपने अनुभव के साथ वापस लौटकर स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा दे रहे हैं।
धामी ने कहा कि युवाओं के हितों की रक्षा के लिए राज्य में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। इसके परिणामस्वरूप भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता आई है और पिछले साढ़े चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं।
युवा संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं के सवालों का जवाब भी दिया। सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि साइबर सेल लगातार निगरानी कर रही है और समाज में भ्रम फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
वर्ष 2027 के कुंभ मेले की तैयारियों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार दिव्य, भव्य और सुरक्षित कुंभ के आयोजन के लिए व्यापक स्तर पर काम कर रही है। भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए ड्रोन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित निगरानी प्रणाली का उपयोग किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से बड़े सपने देखने, नवाचार अपनाने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि राज्य सरकार हर युवा के सपनों को साकार करने के लिए उनके साथ खड़ी है।

