HomeAlmoraदन्या में मुख्यमंत्री धामी का विकास पैकेज, मिनी स्टेडियम से लेकर सड़क...

दन्या में मुख्यमंत्री धामी का विकास पैकेज, मिनी स्टेडियम से लेकर सड़क निर्माण तक कई ऐलान|BHADAS4INDIA

अल्मोड़ा जिले के दन्या में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनसभा को संबोधित करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इस दौरान उन्होंने राजकीय महाविद्यालय दन्या में लगभग 4 करोड़ 96 लाख रुपये की लागत से निर्मित नए भवन का लोकार्पण भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सभी क्षेत्रों के समेकित विकास के लिए प्रतिबद्ध है और उत्तराखंड विकास एवं समृद्धि के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

दन्या के रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने क्षेत्रीय विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने शहीद बीरेश्वर गोस्वामी के नाम पर अल्मोड़ा में भव्य द्वार निर्माण, चमतोला खेल मैदान के निर्माण और राजकीय महाविद्यालय गरुड़ाबाँज में मिनी स्टेडियम बनाए जाने की घोषणा की। इसके साथ ही जीआईसी गरुड़ाबाँज में चार अतिरिक्त कक्षों के निर्माण और प्रेम मंदिर-राधा कृष्ण मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण की भी घोषणा की गई।

मुख्यमंत्री ने खेती-जटेश्वर मोटर मार्ग के कचौरी नामक स्थान से कलूटा पोलिंग बूथ तक सड़क निर्माण और राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चगेठी के उच्चीकरण की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि शिक्षा, खेल, सड़क और धार्मिक स्थलों के विकास के माध्यम से क्षेत्र को नई पहचान दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और समृद्धि के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है तथा उत्तराखंड भी तेजी से प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा प्रदेश को वैश्विक आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केदारखंड और मानसखंड में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक राज्य में पहुंच रहे हैं। जागेश्वर धाम के मूल स्वरूप को संरक्षित रखते हुए जागेश्वर मास्टर प्लान के तहत वहां सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ धाम को आधुनिक सुविधाओं से भी सुसज्जित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शीतकालीन पर्यटन, योग एवं आयुर्वेद आधारित पर्यटन को बढ़ावा दे रही है। ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन फेस्टिवल’ जैसी पहल के माध्यम से स्थानीय मेलों और सांस्कृतिक आयोजनों को नई पहचान मिली है, जिससे स्वरोजगार के अवसर बढ़े हैं और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को देश का मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट बनने का गौरव प्राप्त हुआ है। वहीं नकल विरोधी कानून लागू कर युवाओं का भर्ती परीक्षाओं में विश्वास बहाल किया गया है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति जारी रहेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जनसभा के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दन्या निवासी पवन पंत के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में सहभाग किया और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की दन्या में मुख्यमंत्री की घोषणाओं से क्षेत्र के शिक्षा, खेल, सड़क और पर्यटन विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। सरकार का दावा है कि इन योजनाओं से क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

latest articles

explore more

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here