Home Blog Page 97

गोपेश्वर में भीषण सड़क हादसा, पिकअप से टकराई बाइक, दो किशोरों की मौत, 2 घायल

0

ब्रह्मसैन बस अड्डे के नजदीक एक मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़े पिकअप वाहन से टकराकर हादसे का शिकार हुई

चमोली: जिला मुख्यालय गोपेश्वर क्षेत्र से बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है. जानकारी के अनुसार, देर रात थाना गोपेश्वर को जिला चिकित्सालय से सूचना प्राप्त हुई कि बस अड्डा ब्रह्मसैन के पास एक मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़ी पिकअप वाहन से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई.

सड़क किनारे खड़े पिकअप से टकराई मोटर साइकिल: सूचना मिलते ही थाना गोपेश्वर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से मोटरसाइकिल सवार चारों घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर पहुंचाया गया.

गोपेश्वर सड़क हादसे में 2 किशोरों की मौत: डॉक्टरों ने उपचार के दौरान दो बच्चों उज्जवल (11 वर्ष) पुत्र महिपाल निवासी ब्रह्मसैन तथा समीर (14 वर्ष) पुत्र कलीराम निवासी ब्रह्मसैन को मृत घोषित कर दिया. वहीं सागर पुत्र संदीप और अमन पुत्र सूर्य भारती, दोनों निवासी ब्रह्मसैन, गंभीर रूप से घायल हैं. उनका उपचार जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में चल रहा है.

पुलिस कर रही हादसे की जांच: पुलिस द्वारा तत्काल अस्पताल पहुंचकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई. दोनों मृतकों के शवों को मॉर्चरी में सुरक्षित रखा गया है, जबकि दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की विस्तृत जांच की जा रही है.

हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर: इस हृदय विदारक हादसे से पूरे ब्रह्मसैन क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क किनारे वाहन खड़े करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए और रात्रिकालीन यातायात पर सख्त निगरानी रखी जाए, ताकि ऐसी दुर्घटनाएं दोबारा न हों.

दिल्ली ब्लास्ट : संदिग्ध की तस्वीर आई सामने, पुलवामा से है संदिग्ध का नाता

0

राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार शाम लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास खड़ी एक आई-20 कार में हुए भीषण विस्फोट में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 19 घायल हैं। घायलों को लोकनायक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक घायल को कश्मीरी गेट ट्रॉमा सेंटर में उपचार मिल रहा है। घटना में आसपास से गुजर रही छह गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, वहीं 20 से अधिक अन्य वाहन वैनलाइज्ड हुए।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विस्फोट के समय कार में सिर्फ एक व्यक्ति था, जिसकी पहचान डॉ. उमर उ नबी के तौर पर की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक वह जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के कोइल क्षेत्र का रहने वाला था। पुलिस का मानना है कि उसने कथित तौर पर सुसाइड बम के रूप में धमाका अंजाम दिया।

सूत्रों के अनुसार, उमर उ नबी (जन्म–24 फरवरी 1989) पहले अल-फलाह मेडिकल कॉलेज, फरीदाबाद में कार्यरत था। बताया गया है कि वह श्रीनगर के सरकारी मेडिकल कॉलेज से एमडी (मेडिसिन) कर चुका था और जीएमसी अनंतनाग में सीनियर रेजिडेंट के तौर पर सेवाएं देने के बाद दिल्ली आ गया था।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि उमर ने दिल्ली में इस्तेमाल की गई HR26CE7674 नंबर की आई-20 कार लगभग 10 दिन पहले फरीदाबाद के एक व्यक्ति से खरीदी थी। वाहन दो बार पहले भी बेचा जा चुका था। अधिकारियों का मानना है कि मामले में फरीदाबाद और पुलवामा कनेक्शन की कड़ी मजबूत होती दिख रही है।

जांच में यह भी सामने आया है कि उमर कथित तौर पर डॉक्टर आदिल नामक व्यक्ति का करीबी था। दोनों एक एन्क्रिप्टेड टेलीग्राम चैनल से जुड़े कट्टरपंथी समूह से जुड़े होने की आशंका है। वरिष्ठ अधिकारी इस एंगल को भी खंगाल रहे हैं।

घटना के बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, एनएसजी और केंद्रीय जांच एजेंसियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संग्रह किए। पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा ने मौके का दौरा कर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को स्थिति की जानकारी दी। इसके बाद अमित शाह ने लोकनायक अस्पताल में घायलों से मुलाकात कर उपचार व्यवस्था का जायजा लिया और फिर घटनास्थल का निरीक्षण किया।

फिलहाल दिल्ली पुलिस सभी संभावित मॉड्यूल, वित्तीय लेनदेन और डिजिटल कनेक्शन की जांच कर रही है।

आबकारी की लेडी इंस्पेक्टर से बच नहीं पाया शराब तस्कर, ब्लिंकिट के डिलीवरी बैग से बोतलों का जखीरा बरामद

0

ऋषिकेश का अवैध शराब का व्यापारी ऑनलाइन डिलीवरी कंपनी ब्लिंकिट के बैग में शराब की तस्करी करता था

ऋषिकेश: तीर्थनगरी ऋषिकेश में अवैध शराब की तस्करी के लिए एक चौंकाने वाले नए तरीके का पर्दाफाश हुआ है. तस्कर अब पुलिस और आबकारी विभाग की आंखों में धूल झोंकने के लिए फेमस ऑनलाइन डिलीवरी कंपनियों के बैग का इस्तेमाल कर रहे हैं. हाल ही में आबकारी विभाग की टीम ने एक ऐसे ही मामले का खुलासा किया है, जिसने सबको हैरान कर दिया है.

ब्लिंकिट कंपनी के बैग में बेच रहा था अवैध शराब: बता दें कि आबकारी विभाग की इंस्पेक्टर प्रेरणा बिष्ट को चंद्रेश्वर नगर में अवैध शराब की बिक्री की सूचना मिली. जब टीम ने एक दुकान पर छापा मारा, तो उन्हें वहां ब्लिंकिट कंपनी का एक डिलीवरी बैग दिखाई दिया. टीम ने जांच की तो बैग के अंदर से एक पेटी से ज़्यादा अंग्रेजी शराब के क्वार्टर बरामद हुए.

ऑनलाइन डिलीवरी बैग से देता था पुलिस को झांसा: दुकान संचालक ने पूछताछ में अपना नाम अंकित कुमार बताया. आरोपी अंकित कुमार ने खुलासा किया कि वह पुलिस और आबकारी विभाग की कड़ी निगरानी से बचने के लिए इस हाई-प्रोफाइल तरीके का इस्तेमाल कर रहा था. ऑनलाइन डिलीवरी बैग का उपयोग करने के कारण वह आसानी से पुलिस और लोगों के बीच से गुज़र जाता था और किसी को शक नहीं होता था.

लेडी इंस्पेक्टर ने अवैध शराब व्यापारी को कर लिया अरेस्ट: आबकारी विभाग ने मुकदमा दर्ज करने के बाद अंकित कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. इस घटना से यह साफ हो गया है कि अवैध शराब के कारोबारी अपनी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए नए-नए और चौंकाने वाले तरीके अपना रहे हैं.

ब्लिंकिट के बैग में भरी थी अवैध शराब: आबकारी इंस्पेक्टर ने बताया कि-

हमें अवैध रूप से बिक रही शराब की सूचना मिली थी. मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर हमने चंद्रेश्वर नगर में संदिग्ध दुकान पर छापा मारा. वहां पर ब्लिंकिट कंपनी का डिलीवरी बैग रखा था. जब बैग को खोलकर देखा गया तो उसके अंदर से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब की बोतलें बरामद हुई हैं. आरोपी दुकानदार अंकित कुमार को अरेस्ट कर लिया गया है. शराब के अवैध व्यापारियों और तस्करों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी.
-प्रेरणा बिष्ट, इंस्पेक्टर, आबकारी विभाग-

लगातार हो रहा है विरोध: ऋषिकेश में blinkit का विरोध काफी समय से हो रहा है. ऋषिकेश नगर उद्योग व्यापार मण्डल अध्यक्ष ललित मोहन मिश्रा का कहना है कि इन दिनों ज्यादातर लोग ऑनलाइन खरीदारी करते हैं. ऐसे में कई लोग इसका नजायज फायदा उठाकर गलत कार्यों को अंजाम दे रहे हैं. उन्होंने आबकारी की इस कार्रवाई की जमकर सराहना की है.

रामनगर में ड्रग्स विभाग की छापेमारी, कई संचालक मेडिकल स्टोर बंद कर भागे, 2 को चेतावनी, 1 का लाइसेंस होगा रद्द

0

औषधि निरीक्षक अर्चना ने कहा जो मेडिकल स्टोर स्वामी निरीक्षण के दौरान दुकानें बंद कर मौके से फरार हुए हैं, उनके यहां भी छापा पड़ेगा

रामनगर: औषधि सुरक्षा और दवा विक्रय नियमों के उल्लंघन पर नकेल कसते हुए ड्रग्स विभाग की टीम ने सोमवार को रामनगर क्षेत्र में अचानक छापा मार कार्रवाई की. विभाग की इस कार्रवाई से शहर के मेडिकल कारोबारियों में हड़कंप मच गया.

रामनगर में ड्रग्स विभाग की बड़ी कार्रवाई: जानकारी के अनुसार विभाग की टीम ने रामनगर के मोहल्ला गूलरघट्टी इलाके में कई मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण किया. जैसे ही ड्रग्स विभाग की छापेमारी की भनक आसपास के अन्य मेडिकल स्टोर स्वामियों को लगी, कई संचालकों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं और मौके से फरार हो गए.

मेडिकल स्टोर के लाइसेंस के निलंबन की संस्तुति: औषधि निरीक्षक अर्चना ने बताया कि-

आज की जांच में कुल तीन मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान एक मेडिकल स्टोर पर गंभीर अनियमितताएं पाई गईं, जिसके चलते उस स्टोर के लाइसेंस निलंबन की संस्तुति विभाग को भेजी गई है. अन्य दो मेडिकल स्टोरों पर भी कुछ कमियां मिली हैं, जिनके लिए संचालकों को स्पष्टीकरण देने के निर्देश जारी किए गए हैं. विभाग इन स्टोर्स से लिखित जवाब प्राप्त करने के बाद आगे की कार्रवाई करेगा.
-अर्चना, औषधि निरीक्षक-

अवैध दवाओं की बिक्री पर छापा: औषधि निरीक्षक अर्चना ने यह भी स्पष्ट किया कि आज की कार्रवाई केवल शुरुआत है, जो मेडिकल स्टोर स्वामी निरीक्षण के दौरान दुकानें बंद कर मौके से फरार हुए हैं, उनके खिलाफ भी जल्द ही छापेमारी की जाएगी. उन्होंने कहा कि विभाग का अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा, ताकि मानकों के विपरीत दवाओं की बिक्री और अवैध दवा व्यापार पर रोक लगाई जा सके.

मेडिकल स्टोर स्वामियों से गाइडलाइन का पालन करने की अपील: औषधि निरीक्षक ने सभी मेडिकल स्टोर स्वामियों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे सरकार द्वारा निर्धारित गाइडलाइन का पालन करें. दवाओं की खरीद-बिक्री का उचित रिकॉर्ड रखें और प्रमाणित स्रोतों से ही दवाओं की आपूर्ति करें. अर्चना ने यह भी कहा कि यदि किसी भी स्टोर पर बिना वैध लाइसेंस के दवा बिक्री या प्रतिबंधित दवाओं की सप्लाई पाई जाती है, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

छापेमारी का आम लोगों ने किया स्वागत: ड्रग्स विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से रामनगर क्षेत्र के मेडिकल कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है. वहीं आमजन ने इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि इससे नकली और अवैध दवाओं की बिक्री पर अंकुश लगेगा और मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी.

दुखद : नहीं रहा शोले का ‘वीरू’

0

मुंबई। हिंदी सिनेमा के ‘ही-मैन’ और लाखों दिलों की धड़कन धर्मेंद्र अब इस दुनिया में नहीं रहे। सोमवार देर रात 89 वर्षीय अभिनेता ने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली। लंबे समय से बीमार चल रहे धर्मेंद्र को सांस लेने में तकलीफ के चलते वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। उनके निधन से बॉलीवुड समेत पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है।

धर्मेंद्र के बेटे सनी देओल, बॉबी देओल सहित पूरा देओल परिवार अस्पताल में मौजूद रहा। सलमान खान, शाहरुख खान और कई अन्य सितारे भी अभिनेता की तबीयत जानने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र पिछले कई दिनों से डॉक्टरों की निगरानी में थे, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

धर्मेंद्र का जन्म 8 दिसंबर 1935 को पंजाब में हुआ था। उनका पूरा नाम धर्म सिंह देओल था। उनके पिता एक स्कूल में हेडमास्टर थे। बचपन में सुरैया की फिल्म ‘दिल्लगी’ देखने के बाद धर्मेंद्र को अभिनय का ऐसा जुनून चढ़ा कि उन्होंने 40 दिनों तक लगातार वही फिल्म देखी। फिल्म देखने के लिए वे मीलों पैदल चलते थे।

एक दिन उन्हें पता चला कि फिल्मफेयर पत्रिका प्रतिभा की खोज कर रही है। उन्होंने फॉर्म भरा और टैलेंट हंट में चुनकर मुंबई आ गए। इसके बाद उनकी किस्मत ने ऐसी करवट ली कि उन्होंने दशकों तक हिंदी सिनेमा पर राज किया। ‘शोले’, ‘चुपके चुपके’, ‘सीता और गीता’, ‘धर्म-वीर’ जैसी फिल्मों ने उन्हें घर-घर में लोकप्रिय बना दिया।

धर्मेंद्र का जाना सिर्फ एक अभिनेता का नहीं, एक युग का अंत है। उनके अभिनय की सादगी, संवाद अदायगी और ज़मीन से जुड़ा व्यक्तित्व उन्हें आम जनता के दिलों में अमर बना गया। फिल्म इंडस्ट्री में उन्हें ‘ही-मैन’ के नाम से जाना जाता था, और उन्होंने अपने करियर में 250 से अधिक फिल्मों में काम किया।

उनके निधन की खबर से न सिर्फ उनके परिवार, बल्कि उनके प्रशंसकों और फिल्म जगत में गहरा शोक व्याप्त है। अमेरिका से उनकी बेटियों अजीता और विजेता देओल को भी बुलाया गया है।

श्रद्धांजलि:
धर्मेंद्र की यादें, उनके संवाद और उनका मुस्कुराता चेहरा सदा हमारे दिलों में जीवित रहेगा। हिंदी सिनेमा उन्हें कभी नहीं भूल पाएगा।

पिथौरागढ़ में होटल के पास जंगल में मिला युवक का शव, लोग कर रहे तरह-तरह की चर्चा, पुलिस कर रही है जांच

0

पिथौरागढ़ के चंडाक क्षेत्र स्थित एक होटल के ठीक नीचे करीब 100 मीटर दूर पुनेड़ी के जंगल में पुलिस को शव पड़ा मिला

पिथौरागढ़: जिले के चंडाक में जंगल में एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया. सोमवार देर शाम पुलिस ने रेस्क्यू कर शव जंगल से निकाला. शव के चेहरे पर चोट के निशान भी हैं. शव मिलने से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं. कोई इसे हत्या से जोड़ रहा है, तो कोई कुछ और कहानी बता रहा है. फिलहाल मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

पुनेड़ी के जंगल में मिला युवक का शव: पिथौरागढ़ के चंडाक क्षेत्र स्थित एक होटल के ठीक नीचे करीब 100 मीटर दूर पुनेड़ी के जंगल में पुलिस को शव पड़ा होने की सूचना मिली. प्रभारी कोतवाल मदन सिंह बिष्ट के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा. शव एक पुरुष का होना सामने आया. बाद में पुलिस टीम ने रस्सियों के सहारे कड़ी मशक्कत कर किसी तरह शव जंगल से सड़क तक पहुंचाया. शव की शिनाख्त अब तक नहीं हो सकी है.

शव की नहीं हो सकी शिनाख्त: पुलिस के मुताबिक मृत मिले युवक की उम्र 35 से 40 वर्ष के करीब हो सकती है. शव भी तीन से चार दिन पुराना होने की आशंका है. इधर प्रभारी कोतवाल मदन सिंह बिष्ट का कहना है कि-

पुनेड़ी के जंगल में युवक का शव मिला है. शव का पोस्टमार्टम करने के बाद मौत का कारण पता चल सकेगा. मामले की जांच प्रकिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट जानकारी सामने आएगी. शव की शिनाख्त करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं.
-मदन सिंह बिष्ट, प्रभारी कोतवाल-

दिल्ली धमाके मामले में दो लोग हिरासत में, पुलिस की जांच तेज

0

दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले के पास सोमवार शाम हुए विस्फोट ने पूरे शहर को हिलाकर रख दिया. शाम 6 बजकर 52 मिनट पर लालकिले के पास एक कार में धमाका हुआ, जिसमें करीब नौ लोगों की मौत हो गई और 20 लोग घायल हो गए. यह धमाका, लालकिला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर एक के बाहर आई-20 कार में हुआ. इस धमाके ने न केवल आसपास के बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मचा दी, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा पर गंभीर सवाल भी खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस ने इस मामले में UAPA के तहत मामला दर्ज कर लिया है. जांच एजेंसियां सभी एंगल से पड़ताल कर रही हैं.

अस्पताल के बाहर मृतकों के परिजन

कल लाल किले के पास हुए विस्फोट में नौ लोगों की मौत हो गई है. मरने वालों के परिजन लोक नायक जय प्रकाश नारायण (एलएनजेपी) शवगृह के बाहर मौजूद हैं. अस्पताल के बाहर पुलिस को तैनात कर दिया गया है, किसी को अंदर नहीं जाने दे रही है.

दिल्ली ब्लास्ट मामले में दो लोग हिरासत में

लाल किला विस्फोट के मामले में कम से कम दो लोगों को हिरासत में लिया गया है. सलमान और देवेंद्र नाम के इन दोनों लोगों के पास पहले वह कार थी जिसमें सोमवार को दिल्ली के चांदनी चौक में विस्फोट हुआ था. पुलिस ने सोमवार रात बताया कि आगे के सुराग जुटाने के लिए कार की बिक्री का विस्तृत इतिहास खंगाला जा रहा है. इससे पहले लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास विस्फोट के संबंध में कोतवाली पुलिस स्टेशन में गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) की धारा 16, 18 और विस्फोटक अधिनियम और BNS की विभिन्न धाराओं के तहत पुलिस ने मामला दर्ज़ किया था.

आढ़त बाजार शिफ्टिंग प्रक्रिया तेज, प्रभावितों को मिला मुआवजा : बंशीधर तिवारी

0

सड़क चौड़ीकरण के साथ क्षेत्र होगा और सुंदर, बनेगा फुटपाथ, स्ट्रीट लाइटिंग और पार्किंग की नई व्यवस्था

आढत बाजार-तहसील चौक सड़क चौड़ीकरण परियोजना से जुड़े प्रभावित लोगों को मुआवजा देने और भूखंड आवंटन की प्रक्रिया में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने बड़ी प्रगति की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों और जनहित को ध्यान में रखते हुए एमडीडीए ने आज एक अहम कदम उठाया। आढत बाजार क्षेत्र के दाहिनी ओर स्थित दो परिसम्पत्तियों की रजिस्ट्री लोक निर्माण विभाग के पक्ष में कराई गई। साथ ही, इन परिसम्पत्तियों के प्रभावितों को लगभग कुल 5 करोड़ का मुआवजा चैक के माध्यम से प्राधिकरण द्वारा रजिस्ट्री के समय कर दिया गया। भुगतान प्रभावितों को मौके पर ही चेक के माध्यम से किया गया।

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने बताया कि यह एमडीडीए की कोशिश है कि आढ़त बाजार शिफ्टिंग, सड़क चौड़ीकरण जैसे सार्वजनिक कार्यों में लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो और सभी को समय पर उचित मुआवजा मिले। सड़क चौड़ीकरण के पहले चरण में लगभग 80 प्रभावित परिसम्पत्तियाँ की रजिस्ट्री में आने वाले व्यय 25 हजार रुपये प्रति रजिस्ट्री की दर से लगभग 20 लाख रुपये की राशि प्राधिकरण द्वारा लोक निर्माण विभाग को हस्तांरिंत कर दी गई है।

आढत बाजार-तहसील चौक सड़क चौड़ीकरण परियोजना शहर के लिए बहुत अहम है। इससे न केवल यातायात सुगम होगा बल्कि बाजार क्षेत्र का सौंदर्य भी बढ़ेगा। प्रभावित संपत्तिधारकों को पूरी पारदर्शिता के साथ मुआवजा और भूखंड आवंटन दिया जा रहा है। हमारा उद्देश्य है कि सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण और समय पर पूरे हों। उन्होंने कहा कि यह सड़क चौड़ीकरण देहरादून के भीड़भाड़ वाले इलाकों में यातायात दबाव को कम करेगा। इसके साथ ही सड़क चौड़ीकरण के बाद क्षेत्र में फुटपाथ, स्ट्रीट लाइटिंग, पार्किंग और सौंदर्यीकरण की भी योजना है। यह परियोजना देहरादून को नई दिशा देने वाली साबित होगी। इससे न केवल यातायात व्यवस्था सुधरेगी, बल्कि नागरिकों के लिए शहर को और भी सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जा सकेगा।

एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि प्राधिकरण ने प्रभावित संपत्तियों के प्रतिकरण और रजिस्ट्री की प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता और कानूनी रूप से सुरक्षित तरीके से आगे बढ़ाया है। लोक निर्माण विभाग सहित सभी संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय बनाया गया है, ताकि कार्य निर्धारित समय में पूरा हो सके। उन्होंने आगे बताया कि अगले चरण में शेष प्रभावित परिसम्पत्तियों की रजिस्ट्री और मुआवजा प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी। एमडीडीए लगातार ऐसे विकास कार्य कर रहा है जो शहर की सूरत निखारने के साथ-साथ नागरिकों के जीवन को आसान बनाने में मददगार हैं।

Delhi Blast: लाल किला मेट्रो स्टेशन पर जबरदस्त कार ब्लास्ट, 8 लोगों की मौत, 24 घायल!

0

Delhi Blast: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली का हृदय स्थल लाल किला मेट्रो स्टेशन सोमवार शाम एक भीषण धमाके से थर्रा उठा। शाम करीब 6 बजकर 55 मिनट पर स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास स्थित पार्किंग क्षेत्र में खड़ी एक कार में हुए जबरदस्त धमाके ने पूरे इलाके में मौत का तांडव मचा दिया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस हादसे में अब तक 8 लोगों के मारे जाने और 24 के घायल होने की पुष्टि हुई है। घटना के बाद से ही पूरे दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर दिए गए हैं और मुंबई समेत अन्य महानगरों को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अचानक एक जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते पूरी पार्किंग आग की लपटों में घिर गई। धमाके की तीव्रता इतनी जबरदस्त थी कि विस्फोट वाली कार के आसपास खड़ी तीन अन्य गाड़ियां भी झटके में आग की चपेट में आ गईं और कुछ ही मिनटों में सभी वाहन जलकर खाक हो गए। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के इलाकों के लोग दहशत में सड़कों पर भागने लगे।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक से बढ़कर एक टीमें मौके पर पहुंच गईं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने में सफलता हासिल की। दिल्ली पुलिस ने तत्काल प्रभाव से पूरे इलाके को कड़े सुरक्षा घेरे में ले लिया और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम्स को घटनास्थल का मुआयना करने के लिए बुला लिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि धमाके के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है और आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को एकत्र करके उनका विश्लेषण किया जा रहा है।

इस भीषण घटना में घायल हुए लोगों को तुरंत LNJP अस्पताल समेत दिल्ली के अन्य प्रमुख अस्पतालों में पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीमें उनके इलाज में जुट गई हैं। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें आईसीयू में रखा गया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री ने इस घटना पर गहरी चिंता जताते हुए त्वरित राहत और बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड @25 कार्यक्रम में किया ‘थ्रोन ऑफ द गॉड्स’ बुक विमोचन और अल्ट्रा मैराथन लोगो लॉन्च

0

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हिमालयन सांस्कृतिक केन्द्र, गढ़ी कैण्ट, देहरादून में पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित उत्तराखण्ड @25 “रोमांच, अध्यात्म और अनोखी संस्कृति का उत्सव” कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नीति में आयोजित होने वाले अल्ट्रा मैराथन रेस के लोगो का अनावरण एवं पर्यटन विभाग द्वारा तैयार की गई थ्रोन आफ द गॉड्स कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया।

मुख्यमंत्री ने फोटो प्रदर्शनी प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने 13 जिलों के उत्कृष्ट होम स्टे संचालकों को भी पुरस्कार वितरित किए। उन्होंने राज्यभर के एस्ट्रो टूर गाइड एवं टूर मैनेजर को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने काला नाग चोटी का सफल आरोहण करने वाले पर्यटन विभाग की ओर से चयनित पर्वतारोहियों और आईटीबीपी के 13 सदस्यीय दल को भी सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने सभी विभागों, अधिकारियों, कर्मचारियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि सभी लोगों की कड़ी मेहनत से प्रदेशभर में रजत जयंती पर्व के सभी कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुए। उन्होंने कहा 25 वर्ष पूर्व राज्य निर्माण के बाद इस नवोदित राज्य ने तेजी से उन्नति की है। यह तरक्की आंदोलनकारियों की तपस्या का परिणाम है।

मुख्यमंत्री ने कहा राज्य सरकार, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रही है। राज्य में पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल औऱ कनेक्टिविटी सहित सभी प्रमुख क्षेत्रों में इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा जहाँ कभी सड़कें बनना मुश्किल था, आज उस स्थान पर ऑल-वेदर रोड का निर्माण किया जा रहा है। जहाँ कभी संचार एक सपना हुआ करता था, वहाँ अब डिजिटल उत्तराखंड आकार ले रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा गांव घरों में स्टार्टअप्स और स्वरोजगार के काम प्रारंभ किए जा रहे हैं। प्रदेश में पर्यटन विभाग की अनेक योजनाओं से लोगों को आगे बढ़ाया जा रहा है। वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना और दीनदयाल उपाध्याय गृह आवास (होमस्टे) योजना से हजारों युवाओं को आत्मनिर्भर बनने में सहायता प्राप्त हुई है। पर्यटन एवं आतिथ्य कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से 8,000 से अधिक युवक-युवतियों को प्रशिक्षित प्रदान किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा टूर गाइड, नैचुरलिस्ट, टूर मैनेजर, स्ट्रीट फूड वेंडर जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण से युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। नई पर्यटन नीति बनने के बाद राज्य में 207 से अधिक निवेशकों की ₹ 5,500 करोड़ से अधिक की परियोजनाएँ प्रगति पर हैं।
शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए शीतकालीन चारधाम यात्रा और उच्च हिमालयी क्षेत्रों, जादूंग, दारमा घाटी, पंचाचुली बेस कैम्प में भी गतिविधियाँ प्रारंभ की गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा उत्तराखंड, तीर्थाटन के साथ एडवेंचर टूरिज्म का भी केंद्र बन रहा है। चमोली से टिहरी झील तक, मसूरी से मुनस्यारी तक, प्रत्येक घाटी में रोमांच का नया संसार बस रहा है। पैराग्लाइडिंग, ट्रेकिंग, रिवर राफ्टिंग, माउंटेन बाइकिंग जैसे रोमांचक खेलों को बढ़ावा देकर युवाओं के लिए साहसिक खेलों के क्षेत्र में नए अवसर खोले गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एस्ट्रो टूरिज्म, वेड-इन-उत्तराखंड और स्पिरिचुअल डेस्टिनेशन डेवलपमेंट राज्य के पर्यटन को नई दिशा दे रही हैं। उन्होंने कहा रविवार को प्रधानमंत्री ने कहा उत्तराखंड की शक्ति इसकी आध्यात्मिक शक्ति है। केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, हरिद्वार, ऋषिकेश आदि धार्मिक स्थान उत्तराखंड के साथ भारत की आस्था और ऊर्जा के भी केंद्र भी हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा राज्य में एक जनपद, दो उत्पाद योजना, हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड, स्टेट मिलेट मिशन, फार्म मशीनरी बैंक, एप्पल मिशन, नई पर्यटन नीति, नई फिल्म नीति, होम स्टे, वेड इन उत्तराखंड और सौर स्वरोजगार योजना जैसी पहलों के माध्यम से प्रदेश की स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है। बीते साढ़े चार वर्षों में प्रदेश ने कई उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं, जिनकी गूंज आज पूरे देश में सुनाई दे रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा पर्यटन के क्षेत्र में राज्य में हो रही निरंतर प्रगति को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सराहा गया है। वर्ष 2023 और 2024 में जखोल, हर्षिल, सुपी और गुंजी जैसे गाँवों को सर्वश्रेष्ठ पर्यटन ग्राम के रूप में चयनित किया गया। वर्ष 2024-25 में इंटरनेशनल सेंटर फॉर रिस्पांसिबल टूरिज्म द्वारा, स्किल डेवलपमेंट इन रिस्पांसिबल टूरिज्म श्रेणी में उत्तराखंड को विशेष सम्मान प्राप्त किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए उत्तराखंड को आगामी 25 वर्षों का रोडमैप तय करना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा हर उत्तराखंडी अपने-अपने क्षेत्र में पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ योगदान देगा तो उत्तराखंड को एक विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्य अवश्य बनेगा।

जनपद स्तर पर सर्वश्रेष्ठ होमस्टे में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले अल्मोड़ा जिले से श्री हरेंद्र सिंह बिष्ट, बागेश्वर से श्री मोहन चंद्र कांडपाल , चमोली से श्रीमती सरिता देवी, देहरादून से श्रीमती नीलम चौहान, हरिद्वार से श्रीमती सुनीता सिंह, चंपावत से श्री नीरज जोशी , रुद्रप्रयाग से श्री कैलाश पुष्पवाण, पौड़ी से श्री त्रिभुवन उनियाल, पिथौरागढ़ से श्री मथुरा दत्त कालोनी, नैनीताल से श्री उमंग वासुदेव, टिहरी से श्री जितेंद्र सिंह, उत्तरकाशी से श्री अखिल पंत , उधम सिंह नगर से श्री दीपक चतुर्वेदी हैं।

इस अवसर विधायक श्री खजान दास श्रीमती सविता कपूर, बीकेटीसी के अध्यक्ष श्री हेमंत द्विवेदी, सचिव श्री धीराज सिंह गर्ब्याल, अपर सचिव श्री अभिषेक रुहेला एवं अन्य लोग मौजूद रहे।