HomeDeshनीट यूजी 2026 पेपर लीक मामला: CBI ने दर्ज की एफआईआर, परीक्षा...

नीट यूजी 2026 पेपर लीक मामला: CBI ने दर्ज की एफआईआर, परीक्षा रद्द

नीट यूजी 2026 पेपर लीक मामला: CBI ने दर्ज की एफआईआर, परीक्षा रद्द

केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने मंगलवार को 3 मई 2026 को आयोजित NEET UG 2026 में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। अधिकारियों के अनुसार मेडिकल कॉलेजों में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित यह परीक्षा आरोप सामने आने के बाद रद्द कर दी गई है।

केंद्र सरकार ने मामले की व्यापक जांच सीबीआई को सौंप दी है। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) के अनुसार परीक्षा के चार दिन बाद, यानी 7 मई की शाम कथित गड़बड़ियों से जुड़े इनपुट प्राप्त हुए थे। इसके बाद 8 मई की सुबह मामले को स्वतंत्र जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए केंद्रीय एजेंसियों को भेजा गया।

सीबीआई ने शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग से मिली लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है। एजेंसी ने आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात, चोरी और सबूत नष्ट करने सहित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। इसके अलावा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम 2024 के तहत भी धाराएं लगाई गई हैं।

जांच के लिए सीबीआई की विशेष टीमें गठित कर विभिन्न स्थानों पर भेजी गई हैं। एजेंसी अब कथित पेपर लीक नेटवर्क, आर्थिक लेनदेन और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच करेगी।

दोबारा होगी नीट यूजी परीक्षा

एनटीए ने बयान जारी कर कहा है कि केंद्रीय एजेंसियों और कानून प्रवर्तन संस्थाओं से मिले इनपुट तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर भारत सरकार की मंजूरी के बाद 3 मई 2026 को आयोजित नीट यूजी परीक्षा रद्द करने और दोबारा परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया है। नई परीक्षा की तारीखों की घोषणा बाद में की जाएगी। यह परीक्षा देश के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में आयोजित की गई थी, जिसमें करीब 23 लाख पंजीकृत अभ्यर्थियों ने भाग लिया था।

latest articles

explore more