Home Blog Page 157

विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर युवक से लाखों की ठगी, वाहन हटाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट

0

राजधानी देहरादून में विदेश में एक युवक को नौकरी का झांसा देकर लाखों की ठगी का मामला सामने आया है.

देहरादून: विदेश में नौकरी लगवाने के नाम पर दो युवकों ने एक युवक से लाखों रुपए ठग लिए. युवक ने सरकारी नौकरी के लिए कई बार प्रतियोगी परीक्षा देने के बावजूद असफल रहने पर विदेश में नौकरी करने का निर्णय लिया था. लेकिन युवक का यह सपना पूरा नहीं हुआ. युवक ने नौकरी के लिए गहने बेचकर रकम जुटाई थी. पीड़ित युवक पर दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना रायपुर में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.

युवक से लाखों की ठगी: उत्तरकाशी बड़कोट निवासी जगदीश सिंह ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसे काफी समय से नौकरी की तलाश थी. पीड़ित ने सरकारी नौकरी के लिए कहीं प्रतियोगी परीक्षाएं दी लेकिन सफल नहीं हो पाया. ऐसे में उसने नौकरी के लिए विदेश जाने का निर्णय लिया. लेकिन उसे विदेश में नौकरी के बारे में कोई जानकारी नहीं थी. इसी दौरान उसकी मुलाकात रोहित पंवार निवासी टिहरी गढ़वाल से हुई, जिसने विदेश में नौकरी के नाम पर 2 लाख 23 हजार रुपए की डिमांड की.

आरोपी ने युवक को धमकाया: उसने यह रकम गोपाल सिंह निवासी सहस्रधारा रोड एमडीडीए के खाते में डलवाए. दोनों ने मिलकर नौकरी का एक फर्जी एग्रीमेंट किया और एक फर्जी टिकट पीड़ित को देकर उसे दिल्ली एयरपोर्ट भेज दिया. पीड़ित के दिल्ली पहुंचने पर पुलिस ने बताया कि यह टिकट फर्जी है. पीड़ित के अनुसार उसने अपने जीवनकाल में कभी हवाई यात्रा नहीं की थी, जिस कारण हवाई टिकट के बारे में कोई जानकारी नहीं थी. पीड़ित द्वारा रकम मांगने के लिए जब वह गोपाल सिंह के घर मयूर विहार सहस्त्रधारा रोड गया तो आरोपी ने कहा कि वह रिटायर्ड पुलिसकर्मी है और उसका वह कुछ नहीं बिगाड़ सकेगा.

पीड़ित जगदीश सिंह की तहरीर के आधार पर दोनों आरोपी रोहित पंवार ओर गोपाल सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है.
गिरीश नेगी,थाना रायपुर प्रभारी

वाहन हटाने को लेकर मारपीट: थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र के अंतर्गत फवारा चौक पर शनिवार दोपहर दूध के वाहन को हटाने को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई. इस दौरान एक पक्ष में पिस्टल लहराकर हमला किया. इस मामले में नेहरू कॉलोनी थाना रायपुर ने एक नामजद समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. जानकारी के अनुसार फवारा चौक पर दूध की डेयरी चलने वाले युवक ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसके पड़ोसी में एक युवक दूध का कारोबार करता है.

पुलिस ने किया मुकदमा दर्ज: शनिवार दोपहर डेयरी के बाहर उसका दूध के केन से भरा वाहन खड़ा था, जिसे हटाने के लिए दूध बेचने वाला दुकानदार गाली गलौज करने लगा. विरोध करने पर आरोपी ने अपने साथियों के साथ उसके ऊपर हमला कर दिया. इस दौरान पिस्टल लहराने लगा. इस संबंध में नेहरू कॉलोनी थाना प्रभारी संजीत कुमार ने बताया है कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.

दीपावली पर प्रदूषण नियंत्रण को लेकर गाइडलाइन जारी, थर्ड पार्टी भी रखेगी निगरानी, जानिये प्लान

0

इस बार केवल प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ही नहीं, बल्कि एक थर्ड पार्टी एजेंसी भी राज्य में वायु गुणवत्ता की जांच करेगी.

देहरादून: दीपावली पर पर्यावरण प्रदूषण कई शहरों में अपने चरम पर पहुंच जाता है. भारी मात्रा में पटाखों का उपयोग पर्यावरण के लिए इस दौरान बेहद नुकसान देने वाला दिखाई देता है. ऐसे में न केवल राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड बल्कि अब थर्ड पार्टी भी पर्यावरण की सेहत पर नजर रखने वाली है. जानिए क्या है प्लान..

दीपावली के दौरान प्रदूषण पर काबू पाने के लिए उत्तराखंड में अब पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड अलर्ट मोड पर है. सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड ने राज्यों को विशेष गाइडलाइन जारी करते हुए कहा है कि दीपावली से पांच दिन पहले और पांच दिन बाद तक वायु गुणवत्ता पर सघन निगरानी रखी जाए. इसके तहत राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को पर्यावरण की स्थिति पर नजर बनाए रखनी है, ताकि वायु प्रदूषण में अचानक बढ़ोतरी पर तुरंत कार्रवाई की जा सके.

खास बात यह है कि इस बार केवल प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ही नहीं, बल्कि एक थर्ड पार्टी एजेंसी भी राज्य में वायु गुणवत्ता की जांच करेगी. एजेंसी को इस अवधि में अलग-अलग शहरों में प्रदूषण के स्तर की रिपोर्ट तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है.

पर्यावरण की सेहत जानने के लिए चार मुख्य मानकों पीएम 2.5, पीएम 10, कार्बन डाइऑक्साइड और नाइट्रोजन ऑक्साइड पर निगरानी रखी जाएगी. इसके लिए राज्यभर में एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन सक्रिय कर दिए गए हैं. इन स्टेशनों से मिलने वाले आंकड़ों के आधार पर जिलाधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए जाएंगे.

उधर वायुमंडल में धूल के कणों को नियंत्रित करने के लिए नगर निगमों को सड़कों और निर्माण स्थलों पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव करने को कहा गया है. दीपावली के दौरान पटाखों की बिक्री और उनके मानकों की जांच के लिए भी विशेष दिशा-निर्देश जारी हुए हैं. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के संकेत दिए गए हैं.

थर्ड पार्टी के रूप में चयनित कंपनी अब पूरे राज्य में निर्धारित मानकों के अनुरूप वायु गुणवत्ता की निगरानी करेगी. इस बार टिहरी को भी प्रदूषण निगरानी के दायरे में शामिल किया गया है, जबकि देहरादून की दो जगहों और ऋषिकेश की एक साइट पर पहले से निगरानी की जा रही है. इसके अलावा काशीपुर में भी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का स्टेशन सक्रिय है.

गौरतलब है कि पिछले कुछ समय में उत्तराखंड के प्रमुख शहरों की एयर क्वालिटी इंडेक्स में सुधार देखने को मिला है. प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का प्रयास है कि दीपावली के दौरान और बाद में भी यह सुधार कायम रहे. सरकार ने लोगों से प्रदूषण मुक्त दिवाली मनाने की अपील की है.

देहरादून के बड़े अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ के साथ छेड़छाड़, अटेंडेंट को नर्सों ने सिखाया सबक

0

हरिद्वार रोड स्थित एक प्रतिष्ठित अस्पताल की घटना, पुलिस के हवाले किया गया आरोपी बदतमीज अटेंटेंड

देहरादून: राजधानी के एक बड़े अस्पताल में एक नर्स के साथ छेड़छाड़ किए जाने की शर्मनाक घटना सामने आई है. अस्पताल में एक अटेंडेंट ने अस्पताल में तैनात नर्सिंग स्टाफ के साथ छेड़खानी कर दी. जिसके बाद नर्सिंग स्टाफ ने अटेंडेंट पर थप्पड़ों की बौछारें कर दी.

बड़े अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ के साथ बदतमीजी: दरअसल मामला हरिद्वार रोड स्थित एक प्रतिष्ठित अस्पताल का बताया जा रहा है. यहां एक अटेंडेंट ने ड्यूटी में तैनात नर्सिंग स्टाफ के साथ बदतमीजी कर दी. अटेंडेंट की बदतमीजी से वहां मौजूद नर्स का पारा हाई हो गया. उसने अटेंडेंट पर जमकर थप्पड़ जड़ दिए. नर्स द्वारा की गई पिटाई का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

बदतमीज अटेंडेंट को नर्सिंग स्टाफ ने सिखाया सबक: इस घटना का जो वीडियो सामने आया है, उसमें स्टाफ नर्स अटेंडेंट को चांटे रसीद करते हुए दिखाई दे रही हैं. बदतमीजी करने वाला अटेंडेंट माफी मांगता पर नजर आ रहा है. फिलहाल आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया है. यह घटना गुरुवार देर रात की है, किंतु हंगामा की यह घटना शुक्रवार की बताई गई है.

अस्पताल से निकालने के बाद अटेंडेंट ने फिर की घुसपैठ: शुक्रवार को मामला और गंभीर हो गया था. अभद्रता किए जाने के बाद गुरुवार की रात को ही वहां मौजूद स्टाफ ने उसे अस्पताल परिसर से बाहर कर दिया था. लेकिन शुक्रवार को एक बार फिर अटेंडेंट अस्पताल परिसर में वापस आ गया और नर्सिंग स्टाफ से दुर्व्यवहार करने लगा. तभी अस्पताल की एक महिला स्टाफ ने उसको पकड़ लिया और थप्पड़ जड़ दिये. जिसके बाद वहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों और मेडिकल स्टाफ ने आरोपी को पड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.

पुलिस के हवाले किया गया आरोपी अटेंडेंट: वीडियो में स्टाफ नर्स के आसपास मौजूद मरीजों के तीमारदार भी इस व्यक्ति को पुलिस के हवाले करने की बात कर रहे हैं. अटेंडेंट पर यह भी आरोप है कि वह ड्यूटी में तैनात सभी महिला स्टाफ कर्मियों के साथ इसी तरह का दुर्व्यवहार करके अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था.

9 महीने में उत्तराखंड में कटे 8643 चालान, 2405 ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड, जिलेवार जानिये आंकड़े

0

उत्तराखंड पुलिस प्रदेशभर में नशे के खिलाफ लगातार एक्शन ले रही है.

देहरादून/पिथौरागढ़: सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने तथा नशे की हालत में वाहन चलाने जैसी घातक प्रवृत्तियों पर नियंत्रण के लिए यातायात निदेशालय, उत्तराखण्ड पुलिस ने राज्य के सभी जनपदों में विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है. अभियान के तहत इस अभियान का उद्देश्य नशे में वाहन संचालन से होने वाली दुर्घटनाओं में कमी लाना और आम जनता में यातायात अनुशासन के प्रति जागरुकता बढ़ाना है.

जनवरी से सितम्बर 2025 तक की प्रवर्तन कार्यवाही, पुलिस मुख्यालय और यातायात निदेशालय के निर्देशन में प्रदेश के अलग-अलग जनपदों में कुल 8643 चालान नशे की हालत में वाहन चलाने के मामलों में कार्यवाही की गई है. कुल 2405 ड्राइविंग लाइसेंस (DL) निलंबन के लिए परिवहन विभाग को प्रेषित किए गए. यातयात निदेशालय द्वारा जारी आंकड़े तस्दीक करते हैं कि देहरादून में सबसे अधिक नशे में वाहन चलाने पर कार्यवाही हुई है. डीएल निलंबन के लिए परिवहन विभाग को प्रेषित किया गया है.

जनपदों में हुई कार्रवाई

  1. देहरादून जिले में 4286 चालान, 1144 डीएल निलंबन के लिए प्रेषित.
  2. पौड़ी गढ़वाल जिले में 1682 चालान, 752 डीएल निलंबन के लिए प्रेषित.
  3. हरिद्वार जिले में 1097 चालान, 77 डीएल निलंबन के लिए प्रेषित.
  4. नैनीताल जिल में 448 चालान, 157 डीएल निलंबन के लिए प्रेषित.
  5. पिथौरागढ़ जिले में 291 चालान, 80 डीएल निलंबन के लिए प्रेषित.
  6. ऊधम सिंह नगर जिले में 279 चालान, 19 डीएल निलंबन के लिए प्रेषित.
  7. टिहरी गढ़वाल जिले में 212 चालान,95 डीएल निलंबन के लिए प्रेषित.
  8. चमोली जिल में 72 चालान,19 डीएल निलंबन के लिए प्रेषित.
  9. उत्तरकाशी जिले में 66 चालान,14 डीएल निलंबन के लिए प्रेषित.
  10. चम्पावत जिले में 65 चालान,11 डीएल निलंबन के लिए प्रेषित.
  11. अल्मोड़ा जिले में 52 चालान, 8 डीएल निलंबन के लिए प्रेषित.
  12. बागेश्वर जिले में 47 चालान,19 डीएल निलंबन के लिए प्रेषित.
  13. रुद्रप्रयाग जिले में 46 चालान,10 डीएल निलंबन के लिए प्रेषित.

यातयात निदेशक अनंत शंकर ताकवाले ने बताया नशे में वाहन चलाने वाले वाहनों के खिलाफ कार्यवाही की समीक्षा की गई.समीक्षा के दौरान जनपद स्तर पर निरंतर प्रभावी प्रवर्तन और जागरूकता अभियानों को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए. साथ ही नशे की हालत में वाहन चलाना न केवल चालक के जीवन को खतरे में डालता है,बल्कि अन्य सड़क उपयोग कर्ताओं के लिए भी गंभीर जोखिम उत्पन्न करता है.

दीपावली के दौरान सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग, पिथौरागढ़ एक्शन मोड में है. एआरटीओ (प्रवर्तन) शिवांश कांडपाल के नेतृत्व में चल रहे विशेष अभियान के तहत पिछले दो दिनों में सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न धाराओं के अंतर्गत 70 वाहनों के चालान किए गए हैं. 2 वाहनों को सीज किया गया है. एआरटीओ कांडपाल ने बताया 18 से 25 अक्टूबर तक जनपद में व्यापक चेकिंग अभियान संचालित किया जाएगा. जिसमें विशेष रूप से ओवरलोडिंग पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी.

हल्द्वानी में रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

0

हल्द्वानी में शॉर्ट सर्किट से एक रेस्टोरेंट में भीषण आग लग गई.

हल्द्वानी: शहर के ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में बीती देर रात एक रेस्टोरेंट में भीषण आग लगने से अफरा तफरी मच गई. देखते ही देखते रेस्टोरेंट पूरी तरह से जलकर राख हो गया. आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. हालांकि तब तक रेस्टोरेंट का ऊपरी हिस्सा और अंदर रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो चुका था.

सामान जलकर हुआ राख: रेस्टोरेंट स्वामी ने बताया कि रेस्टोरेंट के पास ही लगे बिजली के पोल से देर रात अचानक तेज स्पार्किंग हुई, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई. उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार बिजली विभाग को पोल पर लटक रहे ढीले तारों और खराब कनेक्शन की जानकारी दी गई थी, लेकिन विभाग ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया. नतीजा यह हुआ कि एक लापरवाही ने उनका सब कुछ जला दिया.

फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू: रेस्टोरेंट स्वामी ने बताया कि आग लगने से रेफ्रिजरेटर, फर्नीचर, रसोई उपकरण और जरुरी दस्तावेज पूरी तरह से जल गए, आग इतनी भीषण थी कि आसपास की दुकानों तक फैलने का खतरा पैदा हो गया. हालांकि फायर ब्रिगेड की टीम ने समय रहते आग को नियंत्रित कर लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.

आग लगने की घटना की जांच तेज: फायर ब्रिगेड अधिकारी मिंदर पाल सिंह ने बताया कि जैसे ही नियंत्रण कक्ष को आग लगने की सूचना मिली, तुरंत अग्निशमन वाहन मौके पर भेजा गया. टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित किया. उन्होंने बताया कि प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण विद्युत शार्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है. स्थानीय लोगों ने कहा कि विभागीय कर्मचारी समय से चेत जाते, तो लाखों की संपत्ति बच सकती थी. फिलहाल पुलिस और फायर विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

मसूरी में पेट्रोल-डीजल से भरा ट्रक गहरी खाई में गिरा, मचा हड़कंप

0

मसूरी में एक ट्रक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया.

मसूरी: केम्पटी फॉल के पास शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब पेट्रोल और डीजल से भरा एक ट्रक पेट्रोल पंप के ठीक सामने अचानक गहरी खाई में गिर गया. खाई में गिरते ही ट्रक के टैंक फट गए और डीजल-पेट्रोल का तीव्र रिसाव शुरू हो गया, जिससे इलाके में आग लगने का खतरा गहरा गया. घटना सुबह के समय की है, जब देहरादून से आ रहा ट्रक, जो पेट्रोल और डीजल से पूरी तरह भरा हुआ था, केम्पटी स्थित पेट्रोल पंप पर आपूर्ति के लिए रुका था. फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक ने ट्रक को हैंड ब्रेक लगाकर खड़ा किया और पंप की ओर चला गया. लेकिन कुछ ही पलों में ट्रक धीरे-धीरे पीछे की ओर खिसकता हुआ खाई में जा गिरा. खाई में गिरने से ट्रक के ईंधन टैंक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और पेट्रोल-डीजल तेजी से बहने लगा. पूरे इलाके में पेट्रोल की गंध फैल गई .रिसाव इतना अधिक था कि पेट्रोल/डीजल की धारा सड़क की ओर बहने लगी. घटना की सूचना मिलते ही केम्पटी पुलिस और मसूरी फायर सर्विस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और इलाके को चारों ओर से घेर लिया. फायर सर्विस अधिकारियों ने आग की संभावना को देखते हुए चेतावनी जारी की.

फायर सर्विस और स्थानीय प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए रिसते हुए ट्रक से पेट्रोल और डीजल को एक अन्य खाली टैंकर में स्थानांतरित करना शुरू किया गया. इसके लिए विशेष पाइप का उपयोग किया गया, ताकि किसी भी चिंगारी या घर्षण से आग न लगे. फायर ऑफिसर धीरज तडियाल ने बताया कि दीपावली के समय पर पेट्रोल और डीजल से भरा ट्रक गिरना खतरा भरा है. पुलिस ने बताया कि ट्रक चालक से पूछताछ की जा रही है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रक में तकनीकी खामी हो सकती है. पुलिस तकनीकी टीम की सहायता से पूरे मामले की जांच कर रही है.

हल्द्वानी: तेज़ रफ़्तार बाइक की टक्कर से साइकिल सवार की मौत, धनतेरस से पहले परिवार में मातम

0

हल्द्वानी में बरेली रोड पर गोरापड़ाव के पास तेज रफ़्तार बाइक सवार ने साइकिल सवार विपिन चंद्र जोशी को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। धनतेरस से ठीक पहले हुए इस हादसे से परिवार में कोहराम।

हल्द्वानी। बरेली रोड स्थित गोरापड़ाव के समीप एक भीषण सड़क दुर्घटना ने एक परिवार की धनतेरस पर्व की खुशियाँ छीन ली हैं। यहाँ एक तेज़ रफ़्तार बाइक सवार ने साइकिल सवार को जबरदस्त टक्कर मार दी, जिससे साइकिल सवार विपिन चंद्र जोशी (55) की दुखद मृत्यु हो गई। अचानक हुई इस मौत की खबर से लालकुआं निवासि विपिन चंद्र जोशी के पूरे परिवार में कोहराम मच गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लालकुआं निवासी विपिन चंद्र जोशी बुधवार सुबह साइकिल से कहीं जा रहे थे। गोरापड़ाव क्षेत्र में एक तेज़ रफ़्तार मोटरसाइकिल ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विपिन चंद्र जोशी सड़क पर गिर पड़े और उन्हें गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें आनन-फानन में डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय अस्पताल (एचटीएच) पहुंचाया गया।

अस्पताल में इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, क्योंकि यह हादसा ठीक धनतेरस और दीवाली के त्योहार से पहले हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मेडिकल चौकी पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया और उसके बाद परिवार वालों को सौंप दिया है। पुलिस ने इस मामले में बाइक सवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है, और आगे की जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने एक बार फिर शहर की सड़कों पर यातायात सुरक्षा और तेज़ रफ़्तार से वाहन चलाने के गंभीर खतरों को उजागर किया है।

Kainchi Dham में युवक की संदिग्ध हालात में गोली लगने से मौत, मची अफरा-तफरी, जांच में जुटी पुलिस

0

प्रसिद्ध कैंची धाम के पास स्थित किरौला रेस्टोरेंट में शुक्रवार की देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। रात करीब दो बजे एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग रेस्टोरेंट की ओर भागे, जहां युवक खून से लथपथ हालत में मिला।

Kainchi Dham में युवक की संदिग्ध हालात में गोली लगने से मौत

सूचना मिलते ही भवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान आनंद सिंह (39 वर्ष), निवासी बेतालघाट के रूप में हुई है। मामले को लेकर कोतवाली पुलिस के एसएसआई आसिफ खान ने बताया कि जिस बंदूक से गोली चली है, वह लाइसेंसी है।

जांच में जुटी पुलिस

एसएसआई ने बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली चलने की घटना हादसा है या इसके पीछे कोई और कारण। उन्होंने कहा कि फॉरेंसिक टीम को बुला लिया गया है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। वहीं, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पीएम मोदी के सपनों को साकार कर रही रुद्रप्रयाग की महिलाएं, जानिये कैसे

0

रुद्रप्रयाग की महिलाएं बद्री गाय के गोबर से आकर्षक दीये तैयार कर रही हैं. ये स्वदेशी के साथ स्वरोजगार का भी एक अच्छा जरिया है.

रुद्रप्रयाग: दीपावली का पर्व नजदीक आते ही चारों ओर उल्लास, प्रकाश और उत्साह का वातावरण है. इसी क्रम में जनपद रुद्रप्रयाग की महिलाएं अपनी मेहनत और रचनात्मकता से इस पर्व को विशेष बना रही हैं. ब्लॉक जखोली के अंतर्गत जय रुद्रनाथ स्वायत सहकारिता समिति जवाड़ी से जुड़ी हिमाद्री महिला स्वयं सहायता समूह की महिलाएं बद्री गाय के गोबर से आकर्षक दीपक एवं जड़ी-बूटियों से बनी धूप का निर्माण कर रही हैं.

समूह की अध्यक्ष गुड्डी देवी ने बताया कि उन्होंने अब तक तीन हजार से अधिक पर्यावरण हितैषी दीपक तैयार किए हैं. जिनकी बाज़ार में अच्छी मांग देखी जा रही है. उन्होंने यह भी बताया कि मुनि की रेती में आयोजित सरस आजीविका मेला 2025 में 500 से अधिक दीपक विक्रय किए गए हैं. इस पहल से न केवल घरों को स्वदेशी रोशनी से सजाने का अवसर मिल रहा है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता और आजीविका के नए द्वार भी खुल रहे हैं. इन महिलाओं की ओर से निर्मित गोबर आधारित दीये न केवल पर्यावरण संरक्षण का उदाहरण हैं, बल्कि स्थानीय संसाधनों के उपयोग से आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक सशक्त कदम भी हैं. इस पहल से महिलाओं में आत्मविश्वास और स्वावलंबन की भावना का विस्तार हो रहा है.

मुख्य विकास अधिकारी रुद्रप्रयाग राजेंद्र सिंह रावत ने समूह की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि “स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित स्वदेशी दीपक आत्मनिर्भर भारत और महिला सशक्तिकरण का उत्कृष्ट उदाहरण हैं. इस प्रकार के नवाचार न केवल आर्थिक मजबूती प्रदान करते हैं बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को भी प्रोत्साहित करते हैं. प्रशासन द्वारा ऐसे प्रयासों को आगे भी पूरा सहयोग दिया जाएगा. इस तरह रुद्रप्रयाग की ग्रामीण महिलाएं दीपावली पर न केवल अपने घरों को बल्कि अपने परिश्रम और नवाचार से आत्मनिर्भरता की ज्योति से पूरे जनपद को जगमगा रही हैं.

दिवाली से पहले सुरक्षा कड़ी, जमीन से आसमान तक पैनी नजर, एक्टिव हुये स्नीफर डॉग्स

0

दिवाली से पहले स्नीफर डॉग्स और मेटल डिटेक्टर के जरिये सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है.

रामनगर: विश्व प्रसिद्ध जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क स्थित पर्यटन नगरी रामनगर में दिवाली पर्व के मद्देनज़र वनों और वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर कॉर्बेट प्रशासन ने विशेष अभियान चलाया. शुक्रवार को कॉर्बेट टाइगर रिजर्व प्रशासन की टीम ने रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस अड्डे और आसपास की झुग्गी बस्तियों में सघन जांच अभियान चलाया.

इस दौरान स्नीफर डॉग्स और मेटल डिटेक्टर मशीनों की मदद से संदिग्ध व्यक्तियों और उनके सामान की जांच की गई. कॉर्बेट प्रशासन की टीम में दर्जनों वनकर्मी तैनात रहे. जिन्होंने हर आने-जाने वाले व्यक्ति पर बारीकी से नजर रखी. अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या वन्यजीव तस्करी से संबंधित जानकारी जुटाई गई.

कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की बिजरानी रेंज के एसडीओ अमित ग्वासाकोटी ने बताया कि दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए यह विशेष जांच अभियान चलाया गया है. उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान कुछ असामाजिक तत्व तंत्र-मंत्र में उपयोग के लिए उल्लुओं के अवैध शिकार और व्यापार की कोशिश करते हैं जिसे रोकने के लिए प्रशासन सतर्क है.

एसडीओ ग्वासाकोटी ने बताया अभियान के तहत रेलवे स्टेशन, बस अड्डा और शहर के बाहरी इलाकों में रहने वाले संदिग्ध लोगों की गतिविधियों की जांच की गई. टीम ने सिंपल टॉक्स और लाई डिटेक्टर मशीनों के माध्यम से भी जांच कर संभावित खतरे के संकेतों की पहचान की. उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल उल्लू तस्करी तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य दिवाली सीजन में जंगलों और वन्यजीवों की सुरक्षा को सुनिश्चित करना भी है.

इस समय कॉर्बेट पार्क में पर्यटन सीजन शुरू हो चुका है. जिसके चलते देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक रामनगर पहुंच रहे हैं. ऐसे में सुरक्षा और निगरानी को और सुदृढ़ किया गया है. कॉर्बेट प्रशासन ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की वन्यजीव तस्करी, शिकार या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत वन विभाग या पुलिस को सूचित करें. उन्होंने कहा विभाग की टीमें लगातार गश्त पर हैं. दिवाली तक यह अभियान जारी रहेगा. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वनों और वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा.