Home Blog Page 153

Sir जय हिंद, आप ट्रैफिक रूल्स ब्रेक कर रहे हैं, यातायात पुलिस का प्यारा पोस्टर, चालकों ने कहा Sorry

0

 

देहरादून ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को दिया 3E का मैसेज, जानें ये क्या है?

देहरादून: यातायात के नियमों का उल्लंघन और जाम देहरादून ट्रैफिक पुलिस के सामने बड़ी समस्या रहती है. इसी साल अगस्त के महीने में एक ऐसा मामला सामने आया था जब हेलमेट नहीं पहनने के कारण एक शख्स का 42 बार चालान हो गया था. इसके बावजूद वो शख्स ट्रैफिक नियमों को तोड़ता रहा. अब देहरादून पुलिस ने एक और पहल ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और लोगों को ट्रैफिक नियमों के पालन के लिए प्रेरित करने को की है.

यातायात पुलिस की अनोखी पहल: यातायात नियमों के प्रति जागरूकता के लिए एसएसपी के निर्देश पर एसपी यातायात ने Wrong lane, double lane, zebra crossing के नियमों का पालन न करने वाले वाहन चालकों को प्यार भरा पाठ सिखाया. पुलिस की अनोखी पहल से वाहन चालकों को अपनी गलती का एहसास हुआ. न कोई डांट, न फटकार, न दुर्व्यवहार. बस दून पुलिस की तरफ से एक अनोखा मैसेज दिया जा रहा है. त्योहारी सीज़न के दौरान, देहरादून यातायात पुलिस ने प्रभावी ढंग से ट्रिपल E (Education, Engineering, Enforcement) कॉन्सेप्ट पर कार्य किया है.

ट्रैफिक नियमों का पालन करने का पढ़ाया पाठ: इसमें पहला ई Education (शिक्षा) है. इसके अंतर्गत आम जनता, वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान चलाए गए.

दूसरा ई Engineering (अभियांत्रिकी) है. इसके अंतर्गत यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए महत्वपूर्ण चौराहों /तिराहों पर डायवर्जन, बैरिकेडिंग और उचित साइनेज (संकेतक) की व्यवस्था की गई. पार्किंग स्थलों का चिन्हीकरण कर सुगम आवागमन किया गया.

तीसरा ई Enforcement (प्रवर्तन) है. इसके तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्ती से प्रवर्तन की कार्रवाई की गई. इसमें विशेष रूप से नो-पार्किंग, नो रॉन्ग साइड ड्राइविंग के चालान शामिल थे.

खुद सड़क पर उतरे एसपी ट्रैफिक: इसी कड़ी में दून पुलिस द्वारा एक अनोखी पहल की शुरुआत करते हुए रेलवे क्रॉसिंग, यातायात के दबाव वाले क्षेत्रों में wrong lane, double lane और zebra crossing में यातायात नियमों का पालन न करने वाले वाहन चालकों को फ्लेक्सी पोस्टर के माध्यम से उनकी गलती का एहसास दिलाते हुए यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया.

एजुकेशन, इंजीनियरिंग और इनफोर्समेंट का कॉन्सेप्ट: इस दौरान पुलिस ने प्यार भरे लहजे में दिए गए मैसेज “SIR, जय हिंद, देखिए सर आप TRAFFIC RULES BREAK कर रहे हैं. ये अच्छी बात नहीं है सर, PLEASE FOLLOW THE RULES” से वाहन चालकों को अपनी गलती का एहसास हुआ और उनके द्वारा भविष्य में यातायात नियमों का पालन करने का भरोसा दिलाते हुए अपने कृत्य के लिए खेद प्रकट किया गया.

एसएसपी ने रिक्रूट आरक्षियों को धन्यवाद कहा: एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि-

यातायात नियमों के प्रति जागरूकता के लिए पुलिस द्वारा चलाई जा रही मुहिम में यातायात पुलिस के साथ नियुक्त सभी पुलिसकर्मियों और विशेष रूप से त्योहारों के दौरान यातायात संचालन के लिए तैनात रिक्रूट आरक्षियों द्वारा अत्यंत ही सराहनीय कार्य किया गया. उनकी समर्पण भावना, कर्तव्यनिष्ठा और अथक परिश्रम के फलस्वरूप ही त्योहारी भीड़ के बीच भी शहर का यातायात सुगम बना रहा.
-अजय सिंह, एसएसपी-

39 कॉलेजों की 1790 नई नर्सिंग सीट्स को संस्तुति प्रदान

0

मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में शुक्रवार को सचिवालय में नर्सिंग पाठ्यक्रम संचालन हेतु गठित एम्पावर्ड समिति की बैठक आयोजित हुयी। बैठक के दौरान समिति द्वारा विभिन्न मेडिकल एवं नर्सिंग कॉलेजों को नर्सिंग कोर्स संचालन एवं सीट वृद्धि की संस्तुति दी गयी।

मुख्य सचिव ने नर्सिंग कोर्स संचालन हेतु संस्थानों के आवेदनों को विभिन्न स्तरों में छंटनी करने के बजाय इसके लिए सिंगल विंडो सिस्टम तैयार किए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इससे संस्थानों को आवेदन करने से लेकर शासन से स्वीकृति की प्रक्रिया में सरलता आएगी। उन्होंने तत्काल इस दिशा में कार्य शुरू किए जाने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने कहा कि संस्थानों द्वारा आवेदन किए जाने से लेकर विभिन्न चरणों की प्रक्रिया की एक मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) भी शीघ्र तैयार की जाए।

बैठक के दौरान समिति द्वारा 39 कॉलेजों की 1790 नई नर्सिंग सीट्स को संस्तुति प्रदान की गयी। सचिव स्वास्थ्य डॉ. आर. राजेश कुमार ने बताया कि स्टेट नर्सिंग काउंसिल में वर्ष 2024 तक पंजीकृत नर्सों की कुल संख्या 21541 है। वर्तमान में सरकारी एवं प्राइवेट नर्सिंग कॉलेजों में 9806 लोगों का नर्सिंग प्रशिक्षण चल रहा है।
इस अवसर पर सचिव श्री दिलीप जावलकर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

5 नवंबर को होगा प्रवासी सम्मेलन, अभी तक 600 से अधिक लोगों ने कराया रजिस्ट्रेशन

0

उत्तराखंड में 5 नवंबर को आयोजित होने वाले प्रवासी सम्मेलन की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं.

देहरादून: 9 नवंबर 2025 को उत्तराखंड स्थापना दिवस के 25 साल पूरे हो रहे हैं और इस मौके पर उत्तराखंड की धामी सरकार कई तरह के आयोजन करवा रही है. सरकार ने यह ऐलान किया है 1 तारीख से लेकर 9 नवंबर तक राज्य में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित होंगे इसी कड़ी में साल 2024 की तरह ही साल 2025 में भी प्रवासी उत्तराखंड सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है. 5 नवंबर को दून विश्वविद्यालय में होने वाले इस आयोजन में 600 से अधिक प्रवासियों ने रजिस्ट्रेशन करवा लिए हैं. भारत के अलग अलग राज्य और दुनिया के अलग-अलग कोनों में रहने वाले उत्तराखंड के लोग एक बार फिर से राजधानी देहरादून में जुटेंगे.

राज्य सरकार से मिली जानकारी के अनुसार दो सत्रों में यह सम्मेलन आयोजित होगा. अलग-अलग राज्य ओर देश से आने वाले लोग उत्तराखंड की 25 सालों की यात्रा को लेकर अपने-अपने अनुभव और नजरिए से बातचीत करेंगे. इसके साथ ही राज्य सरकार को यह प्रवासी सुझाव भी देंगे ताकि राज्य को और भी ज्यादा खुशहाल और आर्थिक रूप से मजबूत किया जाए. पहले सत्र में पर्यावरण को लेकर चर्चा होगी, जबकि दूसरे सत्र में राज्य में शिक्षा महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी इसमें अलग-अलग विभागों के अधिकारी तो मौजूद रहेंगे ही साथ-साथ अपने-अपने क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले लोग भी प्रवासी भारतीयों के साथ संवाद करेंगे.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की तरफ से जारी किये गए बयान में कहा गया है कि प्रवासियों को एक मंच पर लाने और उन्हें अपनी मातृभूमि से सक्रियता से जोड़ने तथा राज्य के विकास में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है. पिछले आयोजन के हमारे अनुभव बेहद उत्साहित करने वाले रहे हैं. मैं उत्तराखंड के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित हो रहे इस सम्मेलन के लिए प्रवासी उत्तराखंडियों को सादर आमंत्रित करता हूं. प्रवासी उत्तराखंडियों के सुझाव उत्तराखंड के विकास का रोड मैप तैयार करने में अहम भूमिका निभाएंगे.

इस साल उत्तराखंड स्थापना दिवस को धामी सरकार रजत जयंती वर्ष के रूप में मना रही है. वहीं उत्तराखंड सरकार राज्य स्थापना दिवस से पहले तीन और चार नवंबर को विशेष सत्र आहूत करने जा रही है. विशेष सत्र के दौरान सत्तापक्ष और विपक्ष मिलकर राज्य के विकास पर चर्चा करेंगे, साथ ही सुझाव देकर भविष्य के रोडमैप पर मंथन किया जाएगा. ताकि उत्तराखंड को देश के उत्कृष्ट राज्यों में अपना स्थान हासिल कर सके.

सहारनपुर चौक के आईडीबीआई एटीएम में मिला शव, सुरक्षा व्यवस्थाओं पर उठे सवाल

0

देहरादून। राजधानी देहरादून के सहारनपुर चौक स्थित आईडीबीआई बैंक के एटीएम में गुरुवार शाम एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने एटीएम से बदबू आने की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को एटीएम के अंदर मृत अवस्था में पाया।

बदबू से खुला मामला

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गुरुवार शाम एटीएम से तेज बदबू आने लगी थी। आसपास के लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पुलिस ने एटीएम का शटर खोलकर अंदर देखा, तो एक व्यक्ति मृत पाया गया। एटीएम की मशीन लंबे समय से खराब बताई जा रही थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कोरोनेशन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के बाद एटीएम और बैंक की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल उठे हैं। बताया जा रहा है कि एटीएम में कोई सुरक्षाकर्मी तैनात नहीं था, जिससे समय रहते इस घटना का पता नहीं चल सका। इसके अलावा, सीसीटीवी कैमरे भी निष्क्रिय बताए जा रहे हैं, जिससे घटना का समय और कारण स्पष्ट नहीं हो पाया।

नशे की हालत में अंदर गया व्यक्ति

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप पंत ने बताया कि मृतक की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, व्यक्ति नशे की हालत में एटीएम में प्रवेश किया और वहीं उसकी मौत हो गई। शव को पहचान के लिए मोर्चरी में रखा गया है और पुलिस जांच में जुटी हुई है।

रुद्रपुर में घर में घुसा हत्या आरोपी, महिला से की छेड़छाड़, तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी

0

आरोपी रवि यादव दिल्ली में हत्या के मुकदमे में जेल जा चुका है, उधम सिंह नगर में अवैध हथियार मामले में भी जेल गया था

रुद्रपुर: उधम सिंह नगर जिले के मुख्यालय रुद्रपुर में बदमाश द्वारा घर में घुस कर एक महिला से अभद्रता करते हुए छेड़छाड़ का मामला सामने आया है. रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी बदमाश युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी धरपकड़ शुरू कर दी है. आरोपी के खिलाफ पूर्व में दिल्ली में हत्या का मुकदमा दर्ज है.

घर में घुसकर महिला से छेड़छाड़: रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में एक बदमाश द्वारा घर में घुस कर पहले तो एक महिला से अभद्रता करते हुए छेड़छाड़ की गई. बाद में उन्हें हाईव पर रोक कर तमंचे के बल पर शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई. पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पुलिस को सौंपी तहरीर में महिला ने बताया कि वह मूल रूप से यूपी के रहने वाले हैं. मौजूदा समय में वह सामिया लेक सिटी में किराए के मकान में रहते हैं. 22 अक्टूबर की रात्रि 10 बजे सामिया लेक सिटी में रहने वाला रवि यादव उसके घर में जबरन घुस आया. उसके साथ गलत हरकत करने लगा. इस दौरान महिला द्वारा आरोपी के चंगुल से अपने आप को जैसे तैसे छुड़वाया और घर से बाहर भाग कर आ गई. इसके बाद आरोपी भी अपनी कार स्टार्ट कर मौके से फरार हो गया.

शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी: घटना के वक्त महिला घर पर अकेली थी. बाद में महिला ने घटना की जानकारी अपने पति को दी. जैसे ही दंपति घटना की शिकायत करने कोतवाली रुद्रपुर को रवाना हुए, तभी बीच सड़क पर आरोपी रवि यादव के द्वारा उनकी कार के आगे अपनी कार लगा कर उन्हें रोक लिया गया. आरोप है कि हाथ में तमंचा लहराते हुए रवि यादव उनके पास आया और गोली मारने के लिए तमंचा उन पर तान दिया.

हत्या के मुकदमे में जेल जा चुका है आरोपी बदमाश: आरोप है कि आरोपी बदमाश ने उसकी शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी. हालांकि इस दौरान उन्होंने कार स्टार्ट कर तेज गति से चलाते हुए आरोपी से पीछा छुड़ाया. महिला ने बताया कि आरोपी पूर्व में दिल्ली में हत्या के मुकदमे में जेल जा चुका है और कालोनी में दबंगई करता रहता है. महिला की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी बदमाश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपी की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए हैं. कुछ दिन पूर्व भी कोतवाली पुलिस ने रवि यादव को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा था.

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा: रुद्रपुर कोतवाली के एसएसआई ने बताया कि-

एक महिला के साथ छेड़छाड़ और तमंचे से धमकाने का मामला सामने आया है. महिला की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है. आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.
-नवीन बुधानी, एसएसआई-

सीएम धामी ने खटीमा में युवाओं से किया सीधा संवाद, सवालों का दिया जवाब

0

सीएम कैंप कार्यालय में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित, सीएम धामी ने युवाओं के सवालों का किया सामना, टिप्स के साथ दिए अपने जवाब

खटीमा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोहियाहेड स्थित सीएम कैंप कार्यालय में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया. कार्यक्रम में कई युवाओं ने सीएम धामी से सीधा संवाद किया. युवाओं ने स्टार्टअप शुरू करने की योजनाओं की जानकारी, आगामी भर्ती परीक्षा कार्यक्रम, पारदर्शी प्रतियोगी परीक्षा समेत विभिन्न विषयों पर संवाद किया. वहीं, सीएम धामी ने भी बेहद सहज व सरल तरीके से युवाओं से संवाद कर उनकी सभी जिज्ञासाओं एवं प्रश्नों के उत्तर दिए. साथ ही युवाओं को आधुनिक भारत को आगे ले जाने का माध्यम बताया.

बता दें कि गुरुवार को अपने गृह क्षेत्र पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा के लोहियाहेड सीएम कैंप कार्यालय में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया. इस मौके पर सीएम धामी ने स्थानीय युवाओं से संवाद कर विभिन्न विषयों पर वार्ता की. वहीं, युवा संवाद में पहुंचे युवाओं ने भी सीएम धामी से विभिन्न प्रश्नों को पूछकर अपनी जिज्ञासाओं को शांत किया.

सीएम धामी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज का यह कार्यक्रम खास है. क्योंकि, मैं किसी औपचारिक कार्यक्रम में नहीं, बल्कि युवा मनों से सीधे संवाद करने आया हूं. उन्होंने कहा कि जब युवा ऊर्जा, उम्मीद और सकारात्मक सोच से भरे हों तो माहौल अपने आप उत्साह से भर जाता है. उन्होंने युवाओं से कहा कि आप लोग अपना स्वास्थ्य, अपनी पढ़ाई, नई-नई स्किल सीखना भी जारी रखिए.

उन्होंने कहा कि मैंने अपने राजनीतिक जीवन में लंबे समय तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और युवा मोर्चा में कार्य किया है. मेरे इस अनुभव ने मुझे बताया है कि जिस देश के युवा ठान लें, वे अपने देश को शिखर पर ले जाना चाहते हैं, तो उस देश को आगे बढ़ने से कोई भी नहीं रोक सकता.

वहीं, मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आज भारत की आर्थिक और सामाजिक प्रगति इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि हमारे युवा सजग एवं जागरूक है. आज दुनिया आशा और विश्वास की दृष्टि से भारत को देखती है. क्योंकि, भारत का जन भी युवा है और भारत का मन भी युवा है. भारत अपने सामर्थ्य से युवा है. भारत अपने सपनों और चिंतन से युवा है.

भारत ने हमेशा आधुनिकता को अपनाया: उन्होंने कहा कि भारत ने हमेशा आधुनिकता को अपनाया है और परिवर्तन को स्वीकार किया है. यही वजह है कि आज भारत से आने वाली आवाज दुनिया की दिशा तय कर रही है. उन्होंने कहा कि अक्सर मैं युवाओं के साथ अपने संवाद में उनसे कहता हूं कि सबसे पहले तय कीजिए कि आप जीवन में क्या करना चाहते हैं?

यह जरूरी नहीं कि हर कोई डॉक्टर या इंजीनियर ही बने. आज के डिजिटल युग में अनगिनत अवसर हैं. डिजिटल मार्केटिंग, स्टार्टअप्स, एग्रीकल्चर टेक, पर्यटन, होटल मैनेजमेंट, डिफेंस, फॉरेस्ट सर्विसेज, सोशल वर्क, और भी बहुत कुछ है. इसलिए स्किल सीखिए, लक्ष्य तय कीजिए और समयबद्ध योजना बनाइए.

सीएम धामी ने कहा कि मुझे मालूम है कि कई बच्चों के घर की आर्थिक स्थिति कमजोर होती है. संसाधन सीमित होते हैं, लेकिन इच्छाशक्ति होने पर पर्वत भी रास्ता दे देते हैं. सीएम धामी ने कहा कि आज उत्तराखंड के हजारों युवा सेना, डिफेंस सेवा, सरकारी और प्राइवेट नौकरियों, स्टार्टअप एवं नए व्यवसायों में बेहतरीन काम कर रहे हैं.

आज यहां मौजूद वे युवा जिन्होंने पिछले कुछ सालों में सरकारी नौकरियां हासिल की है या अन्य स्वरोजगार के काम शुरू किए हैं. यह इसका स्पष्ट प्रमाण है. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी भारत को आगामी 2047 तक एक विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित करने के मिशन पर काम कर रहे हैं, लेकिन भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए अभी भी बहुत कुछ करना है और इस ध्येय को पूरा करने में युवाओं की भूमिका अहम है.

सीएम धामी ने कहा कि मेरा मानना है कि ये ‘युवा संवाद’ भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को मजबूत करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा. साथ ही कहा कि हमारी सरकार देवभूमि उत्तराखंड की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित एवं संवर्धित करने के उद्देश्य से लगातार काम कर रही है.

अल्मोड़ा में दर्दनाक हादसा, वाहन की टक्कर से खाई में गिरी स्कूटी, महिला की मौत, पति घायल

0

अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी खाई में जा गिरी, अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया

अल्मोड़ा: नगर से सटे फलसीम क्षेत्र में गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हर किसी को दहला दिया. उदयशंकर नृत्य एवं संगीत अकादमी के पास एक अज्ञात वाहन ने सड़क किनारे खड़े स्कूटी सवार दंपति को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी समेत दंपति गहरी खाई में जा गिरे. हादसे में पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया.

अल्मोड़ा में दर्दनाक हादसा: पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान रफीका बेगम (30) पत्नी बापी मंडल उर्फ अब्दुल मलिक मंडल (45), मूल रूप से बंगाल के कमर कुंडू थाना सिंगूर कोलकाता निवासी के रूप में हुई है. ये लोग वर्तमान में अल्मोड़ा के गोपालधारा में रहते हैं. दंपति गरुड़ से आए अपने रिश्तेदार कबीरउद्दीन, उनकी पत्नी कुलसुम बेगम और दो बच्चों के साथ कसार देवी अल्मोड़ा घूम कर वापस लौट रहे थे.

अज्ञात वाहन की टक्कर से गहरी खाई में गिरी स्कूटी: सभी लोग अलग-अलग दोपहिया वाहनों से फलसीम के पास पहुंचे थे कि उदयशंकर नृत्य एवं संगीत अकादमी के पास वे रुके और वहां सड़क किनारे खड़े हो अल्मोड़ा की फोटो खींच रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार से पीछे को आ रहे एक अज्ञात वाहन ने सड़क किनारे खड़ी स्कूटी को टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही वापी मंडल और उनकी पत्नी रफीका बेगम स्कूटी समेत खाई में जा गिरे.

हादसे में महिला की मौत, पति घायल: इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई. सूचना पाकर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया. वापी मंडल खाई में एक चीड़ के पेड़ पर अटके मिले, जबकि उनकी पत्नी और स्कूटी लगभग 30 मीटर नीचे सड़क पर जा गिरी थी. अंधेरा हो जाने के कारण रफीका बेगम का बहुत देर तक कुछ भी पता नहीं लगा. एसडीआरएफ की टीम ने खाई में उतर कर देखा लेकिन वहां वह नहीं मिली. फिर नीचे सड़क की ओर से उसकी खोज की गई तो वह सड़क किनारे झाड़ियों में बेसुध पड़ी मिली. पुलिस ने उसे तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

पुलिस कर रही दुर्घटना की जांच: मौके पर पहुंचे प्रभारी थानाध्यक्ष योगेश उपाध्याय ने कहा कि-

एक दंपति सड़क किनारे खड़े थे किसी वाहन के द्वारा टक्कर से उनके नीचे खाई में गिरना बताया जा रहा है. पति को तो रेस्क्यू कर सकुशल निकालकर बेस अस्पताल भेजा गया है. जहां उसका उपचार किया जा रहा है. महिला बुरी तरह घायल हो गई थी. उसे जिला अस्पताल भेजा गया. जहां उनको डॉक्टर ने मृतक घोषित कर दिया है. इस दुर्घटना के बारे में और जानकारी जुटाई जा रही है. मामले की जांच की जा रही है. अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है.
-योगेश उपाध्याय, प्रभारी थानाध्यक्ष-

डॉक्टर ने ये कहा: वहीं जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ राहुल जैन ने बताया कि-

महिला को अस्पताल में लाया गया था. वह मृत अवस्था में थी. उसके सिर पर गंभीर चोटें लगी थी. मामले की सूचना पुलिस को देकर महिला के शव को मोर्चरी में रखवाया दिया गया है.
-डॉ राहुल जैन, चिकित्सक, जिला अस्पताल-

डेंजर प्वाइंट पर पहले भी हो चुका है हादसा: स्थानीय लोगों ने बताया कि यह स्थान पहले से ही ‘डेंजर प्वाइंट’ के रूप में जाना जाता है. यहां पर कई हादसे हो चुके हैं. बावजूद इसके प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कोई ठोस इंतजाम नहीं किए गए हैं. हादसे के बाद क्षेत्र के लोगों में आक्रोश और दहशत का माहौल बना हुआ है. लोग इस क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं.

यूपी के ठगों ने उत्तराखंड के युवक को रूस भेजने का दिया झांसा, नौकरी के नाम पर हड़पे ₹2.47 लाख

0

लक्सर के परवेज आलम को बिजनौर के शाहबुद्दीन और लईक ने मास्को में नौकरी लगाने का झांसा दिया, फर्जी हवाई टिकट भेजा

लक्सर: हरिद्वार जिले में विदेश भेजने के नाम पर एक युवक के साथ ठगी का मामला सामने आया है. युवक से 2.47 लाख रुपए हड़प लिए गए. बिजनौर निवासी आरोपी दो सगे भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने बिजनौर निवासी दो सगे भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है.

विदेश भेजने के नाम पर युवक से ठगी: लक्सर के नस्तरपुर उर्फ नसीरपुर गांव निवासी परवेज आलम ने बताया कि बीते साल नवंबर में उसकी मुलाकात आरोपित शाहबुद्दीन और लईक निवासीगण ग्राम भागीजोत थाना अफजलगढ़ जिला बिजनौर उत्तर प्रदेश से हुई थी. आरोपितों ने उसे कहा कि उनकी जान पहचान कई जगह है. वह उसकी रूस की एक कंपनी में नौकरी लगवा देंगे.

मास्को भेजने के नाम पर ठगे 2.47 लाख रुपए: इसके लिए उन्होंने 2 लाख से अधिक का खर्च आने की बात कही. परवेज के अनुसार, आरोपितों पर भरोसा करते हुए उसने उन्हें 2.47 लाख रुपये दे दिए. इसके बाद उन्होंने उसे 2 जुलाई को मॉस्को का वीजा और हवाई जहाज का टिकट दिया. 6 जुलाई को उसे दिल्ली से मॉस्को जाना था. उसका पासपोर्ट और कंपनी की नौकरी के कागज उन्होंने उसे एयरपोर्ट पर ही देने को कहा.

फर्जी निकला रूस जाने का टिकट: 6 जुलाई को वह एयरपोर्ट पहुंच गया. उसने फोन करके आरोपितों से पासपोर्ट और नौकरी के कागजात मांगे तो आरोपितों ने उससे 30 हजार की मांग करते हुए कहा कि रकम देने पर ही वह उसे पासपोर्ट और कागजात देंगे. इस पर उसे संदेह हुआ तो उसने अपना टिकट एयरपोर्ट पर दिखाया, जहां उसका टिकट फर्जी निकला. उसने आरोपितों को फोन किया तो उन्होंने उसे गाली गलौज करते हुए फोन बंद कर दिया. इसके बाद से ठगी का पता चला. मामले में पुलिस को शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने पर उसे कोर्ट की शरण लेनी पड़ी.

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा: कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि-

कोर्ट के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मामले की जांच की जा रही है. जांच उपरांत अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.
-राजीव रौथाण, कोतवाली प्रभारी-

पहले भी हो चुकी हैं नौकरी के नाम पर ठगी: गौरतलब है कि साइबर ठगी और विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जीवाड़े के कई मामले उत्तराखंड में सामने आ चुके हैं. पुलिस लोगों को लगातार सावधान रहने को लेकर चेतावनी भी जारी कर रही है. इसके बावजूद लोग साइबर ठगों और नौकरी के नाम पर ठगने वालों के चंगुल में फंस रहे हैं.

प्रतिबंधित मांस को लेकर हंगामा, बीजेपी पूर्व मंडल अध्यक्ष समेत 5 नेताओं और 30 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज

0

रामनगर छोई क्षेत्र में पिकअप वाहन में कथित प्रतिबंधित मांस को लेकर हुए विवाद के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया.

रामनगर: नैनीताल जिले के रामनगर के छोई क्षेत्र में गुरुवार को पिकअप वाहन में कथित प्रतिबंधित मांस पकड़े जाने के बाद हुए विवाद का मामला अब पुलिस तक पहुंच गया है. इस प्रकरण में पुलिस ने भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष समेत पांच हिंदूवादी नेताओं और 20 से 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है.

प्रतिबंधित मांस को लेकर हुआ हंगामा: मामले की शुरुआत तब हुई जब छोई क्षेत्र में एक पिकअप वाहन में कथित प्रतिबंधित मांस पकड़ा गया. इसके बाद हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने पुलिस चौकी पर हंगामा करते हुए पुलिस और वन विभाग के कुछ कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी. बताया जा रहा है कि इस दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने पिकअप चालक के साथ मारपीट भी की.

दोनों पक्षों ने दी तहरीर पर मुकदमा दर्ज: मामले में कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि घटना के बाद दोनों पक्षों से पुलिस को तहरीर प्राप्त हुई, जिसके आधार पर पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पहली तहरीर रामनगर निवासी विशेष समुदाय की महिला की ओर से दी गई है. शिकायत में उसने बताया कि उनका पति बरेली से रामनगर पिकअप वाहन में पालतू पशु का मांस ला रहा था. आरोप है कि छोई क्षेत्र के पास हिंदूवादी नेताओं व अज्ञात लोगों ने उनके पति को गाड़ी से उतारकर लोहे की रॉड से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. इस मामले में पुलिस ने उपरोक्त लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 और 190 के तहत मुकदमा दर्ज किया है.

मामले पर सख्त कार्रवाई का दावा: दूसरी ओर ग्राम छोई निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि उन्होंने अपने क्षेत्र में कथित प्रतिबंधित मांस से भरे पिकअप वाहन को रोकने की कोशिश की थी. लेकिन चालक ने उन पर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया और धारदार हथियार दिखाकर धमकाया. आरोप है कि वाहन पर दो अलग-अलग नंबर प्लेटें लगी थी. इस तहरीर के आधार पर पुलिस ने वाहन स्वामी और चालक के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक धमकी से संबंधित धाराओं में 420 का मामला दर्ज किया है. कोतवाल सुशील कुमार ने कहा कि दोनों पक्षों पर मुकदमे दर्ज कर लिए गए हैं. मामले की जांच चल रही है, दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा.

वाद्य यंत्रों के साथ यमुनोत्री पहुंची शनि देव महाराज की डोली, जानिये मां यमुना से क्या है कनेक्शन

0

खरसाली गांव में शनिदेव यानी समेश्वर महाराज को आराध्य माना जाता है.

उत्तरकाशी: विश्व प्रसिद्ध यमुनोत्री धाम अनेकों धार्मिक परंपरामओं और मान्याताओं को स्वयं में समेटे हुए है. सूर्यपुत्री होने के नाते यमुना को शनिदेव की बहन माना जाता है. खरसाली गांव में समेश्वर देवता के रूप में पूजे जाने वाले शनिदेव की डोली हर साल कपाट खुलने और बंद होने पर बहन की डोली के साथ होती है. मान्यता है कि इस दिन स्वयं यमराज और शनिदेव अपनी बहन मां यमुना से मिलने यमुनोत्री धाम पहुंचते हैं. खरसाली के ग्रामीण सदियों से इस विशिष्ट परंपरा के वाहक बने हुए हैं. वहीं इस कारण इस पर्व का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है.

यमुनोत्री धाम के प्रवेश द्वार बड़कोट से 43 किलोमीटर जानकीचट्टी तक मोटर मार्ग और जानकीचट्टी से पांच किमी पैदल 3135 मीटर की ऊंचाई पर यमुनोत्री धाम स्थित है. पुराणों के अनुसार भैया दूज के दिन यमराज और शनिदेव जब अपनी बहन यमुना से मिलने आए थे, तब मां यमुना ने दोनों भाईयों से यह वरदान मांगा कि जो भी श्रद्धालु इस दिन यमुनोत्री धाम में आकर उनके पवित्र जल में स्नान करेगा, जल का पान करेगा या पूजन-अर्चना करेगा, उसे यम यातनाओं से मुक्ति मिलेगी.

शनि की साढ़ेसाती के कष्टों से राहत और भगवान श्रीकृष्ण व हनुमान की विशेष कृपा प्राप्त होगी. इसी पौराणिक विश्वास के चलते हर वर्ष भैया दूज पर यमुनोत्री धाम में हजारों की संख्या में तीर्थयात्री पहुंचते हैं. मां यमुना के दर्शन और यमुनोत्री के पवित्र जल में स्नान को लेकर तीर्थयात्रियों में अपार उत्साह रहता है.

पौराणिककाल से ही शनिदेव की डोली भैयादूज के दिन यमुना को लेने यमुनोत्री धाम जाती है. छह माह बाद खरसाली से यमुनोत्री धाम छोड़ने भी जाती है. खरसाली गांव में शनिदेव यानी समेश्वर महाराज को आराध्य माना जाता है. खरसाली गांव के ग्रामीण सदियों से पूरी आस्था और उत्साह के साथ इस परंपरा का निर्वाह कर रहे हैं.

यमुनोत्री मंदिर समिति के प्रवक्ता पुरूषोत्तम उनियाल ने बताया कि भैया दून के दिन जो यमुनोत्री धाम में यमुना की पूजा अर्चना स्नान ध्यान करता है उसे यम की यातनाओं और शनि की साढ़ेसाती से निजात मिलती है. इसका पुण्य यमुना के उद्गम स्थल के साथ ही यमुना नदी के तटवर्ती क्षेत्र में रहने वाले लोगों को भी कुछ अंश मिलता है.