Home Blog Page 146

सड़क पर भटकते बच्चों को मिली नई राह, जिला प्रशासन का “इंटेंसिव केयर सेंटर” बदल रहा ज़िंदगी का रास्ता

0

 

योग, संगीत और खेल के ज़रिये बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है, जिलाधिकारी सविन बंसल कर रहे हैं मॉनिटरिंग

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रेरणा और जिला प्रशासन की पहल पर राज्य का पहला आधुनिक इंटेंसिव केयर सेंटर बच्चों के जीवन में आशा की नई किरण बनकर उभरा है। इस सेंटर के माध्यम से सड़क और भिक्षावृत्ति में संलिप्त बच्चों को रेस्क्यू कर उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है।

“शिक्षा से जीवन उत्थान” के विजन पर कार्य कर रहा यह सेंटर बच्चों को केवल पढ़ाई से ही नहीं, बल्कि संगीत, योग, और खेल जैसी गतिविधियों के ज़रिये भी शिक्षा के प्रति प्रेरित कर रहा है। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए यहाँ चाइल्ड फ्रेंडली संरचना और विशेषज्ञ शिक्षकों की व्यवस्था की गई है।

जिलाधिकारी सविन बंसल स्वयं इस परियोजना की मॉनिटरिंग कर रहे हैं और नियमित रूप से केंद्र की गतिविधियों का निरीक्षण कर रहे हैं। उनका कहना है कि — “हर बच्चा शिक्षा का अधिकार रखता है, और यह सेंटर उसी दिशा में हमारी प्रतिबद्धता का उदाहरण है।”

अब तक जिला प्रशासन की टीम द्वारा दो चरणों में कुल 82 बच्चों को रेस्क्यू कर विभिन्न विद्यालयों में दाखिला दिलाया जा चुका है।

पहले चरण में 51 बच्चों को शहर के विभिन्न स्कूलों में प्रवेश दिलाया गया।

दूसरे चरण में 31 बच्चों को राजकीय प्राथमिक विद्यालय परेड ग्राउंड और साधूराम इंटर कॉलेज में दाखिला मिला।

इसी क्रम में डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से साधूराम इंटर कॉलेज में आधुनिक इंटेंसिव केयर सेंटर का निर्माण कराया जा रहा है, जो इन बच्चों के पुनर्वास और शिक्षा का केंद्र बनेगा।

जिला प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार, जुलाई से सितंबर 2025 के बीच कुल 136 बाल संरक्षण मामलों को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जबकि 138 बच्चों को मुक्त कराया गया। इनमें 70 बच्चे भिक्षावृत्ति और 14 बच्चे बालश्रम में लिप्त पाए गए थे। अन्य राज्यों के 6 बच्चों को उनके परिवारों तक सुरक्षित पहुंचाया गया है।

यह पहल न केवल शिक्षा की रोशनी फैला रही है, बल्कि समाज के सबसे नाजुक वर्ग को एक सम्मानजनक भविष्य देने की दिशा में भी एक स्वर्णिम कदम सिद्ध हो रही है।

नैनीताल: डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने संभाला एसएसपी का कार्यभार, मां नैना देवी के दर्शन कर की शुरुआत

0

 

नैनीताल। जनपद नैनीताल को नया पुलिस कप्तान मिल गया है। आईपीएस डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने आज नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) का कार्यभार संभाल लिया। इससे पहले उन्होंने मां नैना देवी मंदिर पहुंचकर दर्शन किए और जिले की सुख-शांति के लिए आशीर्वाद मांगा।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाना, ट्रैफिक व्यवस्था सुधारना और आम जनता की सुरक्षा उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने जिले के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

कई अहम जिम्मेदारियों का अनुभव
डॉ. मंजूनाथ टी.सी. 2014 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। उन्होंने अब तक पुलिस विभाग में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं, जिनमें सीओ रुद्रपुर, एएसपी उधमसिंहनगर, एसपी देहरादून, एसपी क्राइम एंड ट्रैफिक हरिद्वार, सेनानायक आईआरबी द्वितीय, एसपी कुंभ, एसएसपी अल्मोड़ा और एसएसपी उधमसिंहनगर शामिल हैं। वह दिल्ली के एक अस्पताल में चिकित्सक के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं।

नैनीताल : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का दो दिन का दौरा, तैयारियां शुरू

0

 

नैनीताल: माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के दो दिवसीय जनपद भ्रमण व प्रवास के दौरान सुव्यवस्थाओं के संबंध में जिला स्तरीय अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसी के बीच समन्वय को लेकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल द्वारा जिला सभागार कक्ष, नैनीताल में बैठक की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि आगामी 3 व 4 नवंबर, 2025 को माननीय राष्ट्रपति का दो दिवसीय जनपद भ्रमण कार्यक्रम प्रस्तावित है। बैठक में माननीय राष्ट्रपति के जनपद भ्रमण को सुव्यवस्थित ढंग से सफल बनाने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए और सभी को निर्देशित किया गया कि दायित्व का निर्वहन पूर्ण जिम्मेदारी के साथ करें। अधिकारियों को पूर्व से ही व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने जल संस्थान को पानी की उच्च व्यवस्था करने, विद्युत विभाग को कार्यक्रम स्थल पर अबाध विद्युत व्यवस्था आदि, नगर पालिका को साफ-सफाई, नगर में लाइटिंग आदि के साथ ही सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और नेशनल हाईवे के अधिकारियों को निर्देशित किया कि माननीय राष्ट्रपति के भ्रमण के लिए तय रूट प्लान पर सड़क किनारे समस्या उत्पन्न करने वाली अनावश्यक सामग्रियां न पड़ी हो। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को कार्यक्रम स्थल पर एम्बुलेंस चिकित्सा दल, कार्डियोलॉजिस्ट, फिजिशियन आदि चिकित्सा संबंधी व्यवस्थाओं को पूर्व से ही सुदृढ़ करने के लिए निर्देशित किया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी को खान-पान की जिम्मेदारी दी। भारत दूरसंचार विभाग को कनेक्टिविटी की जिम्मेदारी सौंपी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक राय, शैलेंद्र सिंह नेगी, समस्त उपजिलाधिकारी, संभागीय परिवहन अधिकारी, एसपी सिटी नैनीताल, सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

इस साल इस दिन मनाया जाएगा इगास बग्वाल, जानें इसका ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व

0

 

देहरादून: उत्तराखंड में दिवाली के 11 दिन बाद कार्तिक शुक्ल एकादशी को लोकपर्व ‘इगास बग्वाल’ या बूढ़ी दिवाली के रूप में मनाया जाता है। इस साल दिवाली 20 अक्टूबर को मनाई गई थी…ऐसे में इगास बग्वाल 1 नवंबर को आयोजित होगा।

इगास बग्वाल के दिन लोग सुबह जल्दी उठकर स्नान करते हैं और देवी-देवताओं की पूजा के साथ मीठे पकवान तैयार करते हैं। शाम को स्थानीय देवताओं की पूजा और भैला खेला जाता है। भैला आमतौर पर चीड़ की लकड़ियों से बनाया जाता है…जिसे रात में जलाकर गोल-गोल घुमाया जाता है। इस दौरान ढोल-दमऊ की थाप पर लोग नृत्य करते हुए परंपरा का आनंद लेते हैं।

स्थानीय मान्यता के अनुसार दिवाली भगवान राम के अयोध्या लौटने पर मनाई गई थी। लेकिन गढ़वाल क्षेत्र में कहा जाता है कि रामजी की वापसी की खबर 11 दिन बाद ही पहुँची थी। इसलिए यहाँ दिवाली के साथ-साथ 11 दिन बाद भी इगास बग्वाल का पर्व मनाया जाता है।

यह पर्व आज भी स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखने का एक महत्वपूर्ण माध्यम माना जाता है…जहां लोग उत्साह और एकजुटता के साथ भाग लेते हैं।

प्रेमिका के मंगेतर ने भाई के साथ मिलकर रेता गला, खौफनाक है रुड़की आस मोहम्मद मर्डर केस की कहानी

0

 

प्रेमिका के मंगेतर ने अपने भाई के साथ मिलकर आस मोहम्मद को उतारा था मौत के घाट, जानिए क्यों हत्यारा बना युवक

रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की में आस मोहम्मद नाम के युवक की हत्या मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. जबकि, दूसरा आरोपी अभी फरार चल रहा है. बताया जा रहा है आस मोहम्मद के प्रेमिका के मंगेतर ने अपने भाई के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था. फिलहाल, पुलिस दूसरे आरोपी की तलाश में जुटी हुई है.

गन्ने के खेत में मिला था आस मोहम्मद का शव: दरअसल, बीती दो दिन पहले रुड़की में आस मोहम्मद नाम के युवक का शव गन्ने के खेत में पड़ा मिला था. जिसकी गला रेत कर बेरहमी से हत्या की गई थी. इस मामले में गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी मोहम्मद इसरार ने पुलिस को एक तहरीर दी थी.

तहरीर में इसरार ने बताया था कि बीती 26 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे उनका बेटा आस मोहम्मद घर से खाना खाकर अपना मोबाइल साथ लेकर बाहर निकला था. जो वापस नहीं लौटा. तहरीर में बताया गया कि एक बार बात होने के बाद दोबारा कॉल करने पर घंटी बजी, लेकिन फोन नहीं उठा. इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई. कई बार कॉल मिलाने पर फोन बंद आता रहा.

अगले दिन पता चला कि उनके बेटे को इंतजार नाम का युवक ने फोन कर बुलाया था. जिसने अपने भाई के साथ मिलकर आस मोहम्मद को रामपुर गांव में शिव मंदिर के पीछे खाली मैदान में पहले गला दबाकर हत्या की. फिर आरोपियों ने शमशाद के गन्ने के खेत मे ले जाकर उसका गला रेत दिया.

आस मोहम्मद का शव 27 अक्टूबर की शाम गन्ने के खेत में पड़ा मिला. पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की. इसके साथ ही हरिद्वार एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के निर्देश पर मामले के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई.

रुड़की रेलवे स्टेशन के पास से आरोपी गिरफ्तार: वहीं, पुलिस के लगातार प्रयास से मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि नामजद हत्यारोपी इंतजार उर्फ अस्तग भागने की फिराक में है. जो रेलवे स्टेशन रुड़की की ओर आने वाला है. इस सूचना पर तत्काल पुलिस की टीम ने जाल बिछाते हुए इंतजार उर्फ अस्तग पुत्र मुमताज (उम्र 20 वर्ष) निवासी रामपुर (गंगनहर) को रेलवे स्टेशन रुड़की के पास से वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार कर लिया.

मंगेतर का किसी युवक से प्रेम प्रसंग होने की मिली थी जानकारी: पूछताछ में आरोपी इंतजार ने बताया कि उसका अपनी पसंद की लड़की से रिश्ता तय हो गया था. इस बीच मंगेतर का किसी युवक से प्रेम प्रसंग होने की जानकारी मिली. जिस पर इंतजार (आरोपी) ने उससे बात की तो मंगेतर ने बताया कि अब उसका आस मोहम्मद नामक युवक से कोई संबंध नहीं है.

 

मंगेतर और कथित प्रेमी पर रखनी शुरू की नजर: इंतजार ने अपनी मंगेतर को नया मोबाइल और सिम दिया. जिसके बाद उस पर और कथित प्रेमी पर भी नजर रखनी शुरू की. इसी बीच इंतजार और आस मोहम्मद का मिलना हुआ. इस दौरान आस मोहम्मद ने कुछ खास बात करने की बात कही. इसके बाद दोनों की इंस्टाग्राम पर बात होने लगी.

आस मोहम्मद ने इंतजार को रिश्ता तोड़ने की दी चेतावनी: बीती 26 अक्टूबर रविवार को आरोपी इंतजार ने रात के समय आस मोहम्मद को इंस्टाग्राम पर कॉल कर गांव में डांडी के पास स्थित मंदिर के पास मिलने के लिए बुलाया. जहां दोनों ने बैठकर नशा किया. नशा होने के बाद जब दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई तो आस मोहम्मद ने इंतजार को रिश्ता तोड़ने या फिर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी. जिस पर दोनों के बीच बहस हो गया.

भाई के साथ मिलकर इंतजार ने आस मोहम्मद को उतारा मौत के घाट: इसके बाद दोनों में मारपीट हो गई. इसी बीच आरोपी इंतजार ने अपने पास रखा चाकू निकाल कर आस मोहम्मद के गले में लगा दिया और अपने भाई को मौके पर बुलाकर उसका गला घोंटकर हत्या कर दी. इसके बाद दोनों ने मिलकर लाश को गन्ने के खेत में ले जाकर चाकू से गला रेत दिया.

इंतजार के भाई की तलाश में जुटी पुलिस: घटना के बाद दोनों वहां से निकल गए. इसके बाद आरोपी इंतजार भागने की फिराक में था, लेकिन पकड़ा गया. फिलहाल, पुलिस ने आरोपी इंतजार को कोर्ट के समक्ष पेश कर रही है. इसके साथ ही पुलिस की टीम हत्या में शामिल फरार चल रहे इंतजार के भाई की तलाश में जुट गई है.

गन्ने के खेत से बरामद हुए शव के मामले में आरोपी इंतजार उर्फ अस्तग को गिरफ्तार कर लिया गया है. घटना में शामिल अस्तग का भाई अभी फरार है. जल्द ही उसकी भी गिरफ्तारी कर ली जाएगी.“- प्रमेंद्र डोबाल, एसएसपी, हरिद्वार

रामनगर में नाबालिग छात्रा से गैंगरेप, दुष्कर्म का वीडियो भी बनाया, आरोपी अरेस्ट

0

 

पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है.

रामनगर: नैनीताल जिले के रामनगर से बड़ी खबर सामने आई है. रामनगर कोतवाली क्षेत्र में नाबालिग छात्रा के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है. आरोप है कि आरोपियों ने नशीला पदार्थ खिलाकर नाबालिग छात्रा के साथ गैंगरेप किया. साथ ही आरोपियों ने पीड़िता का अश्लील वीडियो भी बनाया था. इस वीडियो के सामने आने के बाद ही इस मामले का खुलासा हुआ. पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है.

जानकारी के अनुसार नाबालिग पीड़िता रामनगर के ग्रामीण क्षेत्र की रहने वाली है. नाबालिग छात्रा को आरोपियों ने किसी खाद्य पदार्थ में नशीला पदार्थ मिलाकर दिया था. इसके बाद छात्रा बेहोश हो गई थी. तभी आरोपियों ने बारी-बारी से पीड़िता के साथ रेप किया. पीड़िता के साथ घटी इस दरिंदगी का आरोपियों ने वीडियो भी बनाया.

इस मामले के सामने आने के बाद पूर्व नगर अध्यक्ष मदन जोशी ने भी प्रेस वार्ता की. उन्होंने कहा कि रामनगर का शांतिपूर्ण माहौल बिगाड़ने की साजिश की जा रही है. यह मामला उनके संज्ञान में आते ही उन्होंने तत्काल स्थानीय पुलिस और प्रशासन के उच्च अधिकारियों को इसकी जानकारी दी.

मदन जोशी ने आरोपियों पर सख्त से सख्त की मांग की है. मदन जोशी ने चेतावनी दी है कि यदि शुक्रवार तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई तो, वे सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेंगे. रामनगर के शांत वातावरण को अब किसी भी कीमत पर खराब नहीं होने दिया जाएगा.

वहीं मामले में रामनगर कोतवाली प्रभारी सुशील कुमार ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है. साथ ही पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और घटना से जुड़े सभी डिजिटल साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.

मुनस्यारी में सीएम धामी की चाय पर चर्चा, सड़क किनारे लगाई बैठकी, अनोखा दिखा अंदाज

0

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दो दिवसीय पिथौरागढ़ दौरे पर है. बुधवार को सीएम धामी ने मुनस्यारी में लोगों से बात की.

पिथौरागढ़: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इन दिनों कुमाऊं के दौरे पर हैं. मंगलवार शाम को सीएम धामी सीमा जिले पिथौरागढ़ के मुनस्यारी में पहुंचे थे. बुधवार सुबह को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने अंदाज मुनस्यारी में मार्निंग वॉक पर निकले और सड़कों के किनारे स्थित दुकान पर पहुंचे. दुकान पर सीएम धामी ने चाय की चुस्कियां लेते हुए ITBP के जवानों व स्थानीय लोगों के साथ बातचीत की.

इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्थानीय जनता का कुशलक्षेम जाना और उनसे बात कर सरकार द्वारा संचालित विकासपरक और जनकल्याणकारी योजनाओं का फीडबैक भी लिया. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मुनस्यारी एक सुंदर, संभावनाओं से भरपूर पर्यटन स्थल है. यहां की मनमोहक वादियों, शुद्ध पर्वतीय हवा और शांत वातावरण में एक अलग ही ऊर्जा का अनुभव होता है.

इससे पहले मुनस्यारी में रात्रि प्रवास के दौरान सीएम धामी ने स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और सरकार की विभिन्न योजनाओं का फीडबैक लेते हुए सीमांत क्षेत्र के विकास की नई योजनाओं की रूपरेखा साझा की. सीएम धामी ने कहा कि देवभूमि का सीमांत क्षेत्र अब सिर्फ सीमा नहीं शक्ति, संस्कृति और समृद्धि का प्रतीक बन चुका है.

हमारी सरकार सीमांत क्षेत्रों के विकास के लिए जल्द ही सीमांत क्षेत्र विकास परिषद का गठन करने जा रही है। साथ ही नवाचार केंद्रों की स्थापना होगी जहाँ स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर मिलेंगे। भ्रमण के दौरान पुराने मित्रों से मिलकर अपने विद्यालय के दिनों की स्मृतियों को साझा किया।

मुनस्यारी में चाय की चुस्कियां लेने के बाद सीएम धामी पिथौरागढ़ जिले के दूरस्थ सीमांत गांव मिलम में पहुंचे. यहां सीएम धामी ने ITBP के वीर जवानों और स्थानीय लोगों से मुलाकात की. इस मौके पर सीएम धामी ने कहा कि दुर्गम परिस्थितियों में भी राष्ट्र की सेवा में समर्पित हमारे जवानों की प्रतिबद्धता और सीमांत क्षेत्र के लोगों का सहयोग प्रेरणादायक है. इस दौरान उन्होंने जवानों के साथ बात कर राष्ट्र के प्रति उनके सेवा भाव और समर्पण को नमन किया.

सीएम धामी ने इस मौके पर सीमांत गांवों के विकास को लेकर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के बारे में भी बताया. सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र के नेतृत्व में वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम चलाया जा रहा है. वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम से सीमांत गांवों को बुनियादी सुविधाओं से जोड़ने, स्थानीय युवाओं को रोजगार देने और इन क्षेत्रों को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास तेज गति से जारी हैं.

प्रधानमंत्री मोदी दो दिवसीय गुजरात दौरे पर, सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर करेंगे समारोह का नेतृत्व

0

प्रधानमंत्री मोदी दो दिवसीय गुजरात दौरे पर, सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर करेंगे समारोह का नेतृत्व

नई दिल्ली, 29 अक्टूबर (भाषा): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बृहस्पतिवार से गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे केवडिया में आयोजित सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती समारोह में शामिल होंगे और कार्यक्रम का नेतृत्व करेंगे।

प्रधानमंत्री बृहस्पतिवार शाम एकता नगर पहुंचेंगे, जहां वे ई-बसों को हरी झंडी दिखाएंगे और 1,140 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न अवसंरचना एवं विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

सीएम धामी का जागेश्वर धाम दौरा, करोड़ों की योजनाओं का किया लोकार्पण, जानिये डिटेल

0

सीएम धामी ने 76.78 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित एवं स्वीकृत छह विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया.

अल्मोड़ा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रसिद्ध तीर्थस्थल जागेश्वर धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना की. साथ ही सीएम धामी ने प्रदेश की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की. इस दौरान सीएम धामी ने कहा “जागेश्वर हमारी आस्था और विश्वास का केंद्र है, इसे भव्य और दिव्य स्वरूप दिया जाएगा.”

मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर 76.78 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित एवं स्वीकृत छह विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. जिन योजनाओं का लोकार्पण किया गया, उनमें दन्या से आरा सल्पड़ मोटर मार्ग का सुधारीकरण, चायखान से थुआसिमल मोटर मार्ग का सुधार तथा सत्यों में 33/11 केवी उप संस्थान का निर्माण कार्य शामिल है. इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने राजकीय पॉलीटेक्निक सल्ट एवं दन्या में अनावासीय भवन निर्माण कार्यों और राजकीय पॉलीटेक्निक द्वाराहाट में मैकेनिकल भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया.

जागेश्वर धाम पहुंचकर मुख्यमंत्री ने परिसर का पैदल निरीक्षण किया. जागेश्वर धाम मास्टरप्लान की विस्तृत समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य तय समयसीमा में और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं. उन्होंने कहा श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए धाम की बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाना आवश्यक है.

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि मास्टरप्लान से जुड़े कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए. निर्धारित टाइमलाइन में इन्हें पूर्ण कराया जाए. साथ ही सड़कों की स्थिति को बेहतर बनाए रखने के लिए नियमित देखरेख के निर्देश भी दिए. उन्होंने कहा वृद्ध जागेश्वर को भी जागेश्वर धाम के साथ समान रूप से विकसित किया जाए, क्योंकि दोनों स्थलों का पौराणिक और सांस्कृतिक महत्व गहरा है.

मुख्यमंत्री धामी ने कहा राज्य सरकार का लक्ष्य है कि जागेश्वर धाम न केवल आध्यात्मिक दृष्टि से, बल्कि पर्यटन और सांस्कृतिक दृष्टिकोण से भी वैश्विक पहचान प्राप्त करें. उन्होंने कहा धाम का समग्र विकास स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण के नए अवसर पैदा करेगा. कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी अंशुल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पींचा, उपजिलाधिकारी संजय कुमार, तहसीलदार बरखा जलाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राफेल लड़ाकू विमान में भरी उड़ान

0

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राफेल लड़ाकू विमान में भरी उड़ान

अंबाला, 29 अक्टूबर : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को हरियाणा के अंबाला वायुसेना स्टेशन से राफेल लड़ाकू विमान में उड़ान भरकर इतिहास रच दिया।

इस अवसर पर एयर चीफ मार्शल ए. पी. सिंह ने भी उसी एयरबेस से एक अन्य विमान में उड़ान भरी।
उड़ान से पहले राष्ट्रपति मुर्मू ने वायुसेना पायलटों की तरह जी-सूट पहना, हाथ में हेलमेट लिया और धूप के चश्मे के साथ पायलट के संग तस्वीरें खिंचवाईं।

पूर्वाह्न 11:27 बजे विमान के उड़ान भरने से पहले उन्होंने कॉकपिट से हाथ हिलाकर उपस्थित लोगों का अभिवादन किया। वायुसेना स्टेशन पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। गौरतलब है कि भारत ने हाल ही में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान आतंकवादियों के ठिकानों को निशाना बनाने के लिए राफेल विमानों का इस्तेमाल किया था।

राष्ट्रपति मुर्मू सशस्त्र बलों की सर्वोच्च कमांडर हैं। इससे पहले उन्होंने 8 अप्रैल 2023 को असम के तेजपुर वायुसेना स्टेशन से सुखोई-30 एमकेआई विमान में उड़ान भरी थी और ऐसा करने वाली तीसरी भारतीय राष्ट्रपति बनी थीं।
उनसे पहले डॉ. ए. पी. जे. अब्दुल कलाम (2006) और प्रतिभा पाटिल (2009) ने भी सुखोई में उड़ान भरी थी।

फ्रांस की दसॉ एविएशन द्वारा निर्मित राफेल लड़ाकू विमान को सितंबर 2020 में भारतीय वायुसेना में औपचारिक रूप से शामिल किया गया था। पहले पांच राफेल विमान 17वें स्क्वाड्रन ‘गोल्डन एरोज़’ में शामिल हुए थे, जो 27 जुलाई 2020 को फ्रांस से भारत पहुंचे थे।