Home Blog Page 139

ठेकेदारी करने वाला युवक तीन माह से लापता, मासूम बेटियां हाथों में पोस्टर लिए खोज रहीं पिता को

0

रुद्रपुर। पंतनगर में ठेकेदारी का काम करने वाला एक युवक तीन माह से रहस्यमय तरीके से लापता है। पिता का कोई सुराग न मिलने पर अब उसकी दो मासूम बेटियां अपने चाचा के साथ उसकी तलाश में निकल पड़ी हैं। दोनों बच्चियां हाथों में पिता की तस्वीर लिए सड़क-सड़क घूमकर लोगों से उनके बारे में पूछ रही हैं।

जानकारी के अनुसार, महादनपुर सिहुलिया सुकरौली बाजार थाना हाटा, कुशीनगर (उत्तर प्रदेश) निवासी शत्रुघ्न मदेशिया पंतनगर में पत्नी किरन और दो पुत्रियों के साथ रहकर ठेकेदारी का काम करते थे। करीब तीन माह पहले वह पत्नी को ससुराल छोड़ने के लिए कुशीनगर गए थे। दो दिन ससुराल में रुकने के बाद वह वापस पंतनगर के लिए निकले, लेकिन उसके बाद से उनका कोई पता नहीं चला।

परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन जब कुछ पता नहीं चला तो मामला पुलिस तक पहुंचा। जांच के दौरान शत्रुघ्न का मोबाइल और पर्स अयोध्या-कुशीनगर मार्ग पर मिला, जिसके बाद यूपी पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की।

बावजूद इसके उनका कोई सुराग नहीं मिला। अब उनकी बड़ी बेटी अनुष्का (कक्षा 7) और छोटी बेटी (कक्षा 3) अपने चाचा भानू के साथ पिता की तलाश में जुटी हैं। दोनों ने बताया कि वे पिछले तीन महीनों से कुशीनगर, अयोध्या और पंजाब में भी खोज कर चुके हैं, लेकिन नतीजा कुछ नहीं निकला।

अब वे रुद्रपुर पहुंचे हैं और रोडवेज स्टेशन, डीडी चौक सहित शहर के विभिन्न इलाकों में हाथों में “पापा कहां हो?” लिखे पोस्टर लेकर पिता की तलाश कर रही हैं। दोनों बच्चियों की आंखों में अपने पिता को पाने की उम्मीद अब भी जिंदा है।

Haridwar: गुमशुदा तीन बच्चों को मथुरा से सुरक्षित निकाला गया

0

हरिद्वार: घर से स्कूल के लिए निकली गायब हुई तीन नाबालिग बच्चियों को पुलिस ने यूपी के मथुरा से 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने बच्चियों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक 31 अक्टूबर को रूड़की कोतवाली गंगनहर क्षेत्र निवासी एक महिला ने पुलिस को तहरीर देकर अपनी क्रमशः 12 और 14 वर्षीय बेटियां और उनकी एक दोस्त सुबह घर से स्कूल के जाने और रात होने के बाद भी वापस नही आने की बात कहकर उनके खोज की मांग की थी।

पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बच्च्यिों की तलाश के टीमों का गठन किया। पुलिस ने कन्या इण्टर कालेज में शिक्षिकाओं से पूछताछ और गुमशुदा किशोरियों की दोस्तांे से पूछताछ के साथ विभिन्न माध्यमों से जानकारी जुटाकर तीनों बालिकाओं को मथुरा रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया।

बालिकाओं ने पूछताछ में बताया कि माता-पिता के बीच अनबन और झगड़ा होने के चलते उनकी मां उन्हें डांटती तथा झगड़ती थी। दूसरी गुमशुदा बालिका भी सुबह जल्दी नही उठने के कारण मिलने वाली डांट और थप्पड़ के चलते अपने मां बाप से नाराज थी।

इन कारणों से पांच सौ रुपये लेकर ये तीनो रिक्शा लेकर रूड़की बस अड्डे पर पहुंची। वहा से हरिद्वार बस अड्डे आई ओर हरिद्वार बस अड्डे से बस पकड़ कर दिल्ली चली गई। दिल्ली से ये तीनों ट्रेन से मथुरा चले गये। मथुरा में पैसे समाप्त हो जाने के कारण वही रेलवे स्टेशन पर बैठे थे। जहां से पुलिस ने तीनों को सकुशल बरामद किया।

Dehradun: उत्तराखंड में जल्द शुरू होगी प्राथमिक शिक्षकों की नियुक्ति

0

देहरादून: राज्य में प्राथमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत सहायक अध्यापकों के रिक्त 2100 पदों के सापेक्ष भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के लिए विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है। जिसके तहत जनपदवार रिक्तियों के सापेक्ष आवेदन पत्र आमंत्रित की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने रविवार को बयान जारी कर बताया कि वर्तमान में प्रदेश में प्राथमिक शिक्षकों के करीब 2100 पद रिक्त हैं, जिनमें से लगभग 451 पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूर्व से ही उच्च न्यायालय में निर्णयाधीन है। इन पदों को छोड़कर शेष 1649 रिक्त पदों के सापेक्ष भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के लिए निदेशक प्राथमिक शिक्षा को निर्देश दे दिए गए हैं।

मंत्री ने बताया कि प्राथमिक शिक्षकों का जनपद कैडर होने के कारण भर्ती संबंधी विज्ञप्ति भी जिला स्तर से ही जारी की जानी है। जिसके तहत जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक के स्तर से जनपदवार रिक्तियों के सापेक्ष आवेदन मांगे जाएंगे। उन्होंने बताया कि सरकार प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पिछले दो वर्षों से प्राथमिक शिक्षकों की निरंतर नियुक्ति कर रही है। जिसके तहत तीन हजार से अधिक रिक्त पदों को भरा जा चुका है। जबकि कुछ अभ्यर्थियों ने एनआईओएस डीएलएड को शामिल करने को लेकर न्यायालय में चले जाने के कारण भर्ती प्रक्रिया बाधित हो गई थी। उच्चतम न्यायालय के निर्णय के उपरांत राज्य कैबिनेट ने बेसिक शिक्षक सेवा नियमावली में आवश्यक संशोधन कर वर्ष 2017 से 2019 एनआईओएस डीएलएड प्रशिक्षुओं को प्राथमिक शिक्षक भर्ती में शामिल करने के साथ ही सहायक अध्यापक (विशेष शिक्षा) के पदों को नियमावली में शामिल कर लिया है। जिससे प्राथमिक शिक्षक आगामी भर्ती में इन अभ्यर्थियों को भी मौका मिलेगा। इस संबंध में शासन स्तर से भी निदेशक प्राथमिक शिक्षा को आदेश जारी कर दिये गये हैं, ताकि भर्ती प्रक्रिया को शीघ्र प्रारम्भ किया जा सके। डॉ. रावत ने बताया कि प्राथमिक शिक्षकों की उक्त भर्ती प्रक्रिया सम्पन्न होने के बाद प्रदेश के सभी प्राथमिक विद्यालयों में शत-प्रतिशत शिक्षकों की तैनाती हो सकेगी, जिससे प्राथमिक शिक्षा के ढांचे को और मजबूत किया जा सकेगा।

हिंदुस्तान बना विश्व विजेता, दक्षिण अफ्रीका को रौंदकर भारतीय छोरियों ने उठाई वर्ल्ड कप ट्रॉफी, शेफाली और दीप्ति ने बिखेरा जलवा

0

IND-W vs SA-W World Cup Final: भारत ने दक्षिण अफ्रीका को वर्ल्ड कप फाइनल में 52 रनों से हराकर पहला वर्ल्ड कप जीत लिया है.

हैदराबाद : भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर आईसीसी महिला वनडे विश्व कप 2025 का खिताब जीत लिया है. भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपनी पहली वर्ल्ड कप ट्रॉफी उठाई है. आज नवी मुंबई के डी.वाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए फाइनल मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 298 रन बनाए हैं. दक्षिण अफ्रीका 299 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 45.3 ओवर में 246 रनों पर ऑलआउट हो गई. इसके साथ ही उसका चैंपियन बनने का सपना टूट गया. इस मैच में शेफाली वर्मा को अर्धतकीय पारी खेलने और 2 विकेट चटकाने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड मिला. दीप्ति शर्मा को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवार्ड मिला.

भारत बना चैंपियन, लौरा वोल्वार्ट की पारी गई बेकार
दक्षिण अफ्रीका के लिए इस मैच में कप्तान लौरा वोल्वार्ट ने 98 बॉल में 11 चौके और 1 छक्के के साथ 101 रनों की पारी खेली. वो जब तक क्रीज पर थी लगा दक्षिण अफ्रीका मैच जीत सकता है, लेकिन जब वो आउट हुईं तो उनकी पूरी टीम दवाब में बिखर गई और 246 पर ऑल आउट हो गई. अफ्रीका के लिए एनेरी डर्कसेन 35 रनों के साथ दूसरी टॉप स्कोरर रहीं. भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट दीप्ति शर्मा ने लिए. उन्होंने 9.3 ओवर में 39 रन देकर 5 विकेट चटकाए. उनके अलावा शेफाली वर्मा ने 2 और श्री चरणी ने 1 विकेट हासिल किया.

शेफाली और दीप्ति ने जमाए अर्धशतक
इससे पहले इस मैच में भारत के लिए स्मृति मंधाना ने 58 बॉल पर 8 चौकों के साथ 45 रनों की पारी खेली. शेफाली वर्मा ने 78 बॉल में 7 चौके और 2 छक्कों के साथ 87 रनों की पारी खेली. इन दोनों के अलावा दीप्ति शर्मा ने अर्धशतकीय पारी खेली. दीप्ति ने 58 बॉल में 3 चौके और 1 छक्के के साथ 58 रनों की पारी खेली. जेमिमा रोड्रिग्स ने 24 और हरमनप्रीत कौर ने 20 और ऋचा घोष ने अंतिम ओवरों में 24 बॉल में 3 चौके और 2 छक्कों के साथ 34 रनों की शानदार पारी खेली. अफ्रीका के लिए अयाबोंगा खाका ने सर्वाधिक 3 विकेट चटकाए.

दक्षिण अफ्रीका ने 42 ओवर में बनाए 220 रन
दक्षिण अफ्रीका ने 42 ओवर के बाद 7 विकेट पर 220 रन बना लिए हैं. अब अंतिम 10 ओवर में अफ्रीका को जीत के लिए 88 रन चाहिए जबकि भारत को 4 विकेट चाहिए. अफ्रीकाई कप्तान लौरा वोल्वार्ट ने अपना शतक पूरा किया. उन्होंने 98 बॉल में 11 चौके और 1 छक्के के साथ अपना शतक पूरा किया. इस समय क्रीज पर लौरा 101 रन बनाकर आउट हो गईं. क्लो ट्रायोन 1 रन बनाकर दीप्ति शर्मा का दूसरा शिकार बनीं. दीप्ति ने एक ही ओवर में 2 विकेट चटकाए.

दक्षिण अफ्रीका ने 32 ओवर में बनाए 173 रन
दक्षिण अफ्रीका ने 33 ओवर की समाप्ति के बाद 5 विकेट के नुकसान पर 173 रन बना लिए हैं. भारत को शेफाली वर्मा ने 2 सलताएं दिलाईं. जबकि दीप्ति शर्मा और श्री चरणी को 1-1 विकेट मिला. इस समय लौरा वोल्वार्ट 80 और एनेरी डर्कसेन 18 रन बनाकर नाबाद बनी हुईं हैं.

दक्षिण अफ्रीका ने 21 ओवर में बनाए 118 रन
दक्षिण अफ्रीका की टीम ने 21 ओवर में 114 रन बना लिए हैं. भारतीय टीम को 3 विकेट मिले हैं. भारत को तीसरी सफलता सुने लुस के रूप में मिली. उन्हें शेफाली वर्मा ने 25 रनों के स्कोर पर पवेलियन की रहा दिखाई. इस समय क्रीज पर लौरा वोल्वार्ट 63 और मैरिजन कैप 2 रन बनाकर क्रीज पर बनीं हुई हैं.

दक्षिण अफ्रीका ने 10 ओवर में बनाए 52 रन
भारत ने से मिले लक्ष्य का पीछा करने के लिए दक्षिण अफ्रीका के लिए पारी की शुरुआत लौरा वोल्वार्ट और टैजमिन ब्रिट्स आए. अफ्रीका ने 10 ओवर में 1 विकेट खोकर 52 रन बनाए. भारत को पहला विकेट रन आउट के रूप में मिला. टैजमिन ब्रिट्स (23) को अमनजोत कौर ने डायरेक्ट हिट थ्रो से पवेलियन की राह दिखाई. अफ्रीका के लिए लौरा 25 और एनेके बॉश 0 के स्कोर पर क्रीज पर बनीं हुईं हैं.

भारत ने 40 ओवर के बाद बनाए 229 रन
भारत ने 40 ओवर में 4 विकेट खोकर 229 रन बना लिए हैं. भारत को 39वें ओवर की अंतिम बॉल पर बड़ा झटका लगा. मलाबा ने कप्तान हरमनप्रीत कौर को क्लीन बोल्ड कर दिया. हरमन 20 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं. इस समय दीप्ति शर्मा 37 और अमनजोत कौर 2 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं.

भारत ने 36 ओवर में बनाए 203 रन
टीम इंडिया ने 35 ओवर में 200 का आंकड़ा पार कर लिया. इस समय भारतीय टीम 36 ओवर की समाप्ति के बाद 3 विकेट के नुकसान पर 203 रन बना लिए हैं. दीप्ति शर्मा ने 19 और हरमनप्रीत कौर 15 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं.

भारत ने खोया शेफाली और जेमिमा का विकेट
टीम इंडिया ने 30 ओवर में 3 विकेट गंवाकर 172 रन बना लिए हैं. भारत के लिए शेफाली वर्मा शतक लगाने से चूक गईं. शेफाली ने 78 बॉल में 7 चौके और 2 छक्कों की मदद से 87 रनों पारी खेली. वो अब तक टीम की टॉप स्कोरर हैं. जेमिमा रोड्रिग्स भी 24 रन बनाकर आउट हो गईं. दीप्ति शर्मा 1 और हरमनप्रीत कौर 4 रन बनाकर क्रीज पर

भारत ने 25 ओवर में बनाए 151 रन
टीम इंडिया ने 25 ओवर का खेल समाप्त होने पर 1 विकेट के नुकसान पर 151 रन बना लिए हैं. भारत के लिए शेफाली वर्मा 78 रन और जेमिमा रोड्रिग्स 18 रन बनाकर खेल रही हैं. शेफाली अपनी शतक की ओर कदम बढ़ा रही हैं.

भारत ने 6 ओवर में बनाए 45 रन
टीम इंडिया के लिए पारी की शुरुआत करने स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा आईं. इन दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर 6 ओवर में बिना कोई विकेट गंनाए 45 रन बना लिए हैं. शेफाली वर्मा 6 ओवर की समाप्ति के बाद 21 और स्मृति मंधाना 16 रन बनाकर खेल रही हैं.

दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी
इससे पहले इस मैच में टॉस के लिए मैदान पर भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर और दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ट मैदान पर पहुंची. दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, इसके साथ ही भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया. आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल मैच में भारत ने अपनी प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है. वो सेमीफाइनल के विनिंग कॉम्बिनेशन के साथ मैदान पर उतरी है, तो वहीं दक्षिण अफ्रीका की टीम में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है. इससे पहले नवी मुंबई में भारी बारिश हो रही थी, जिसके चलते टॉस में देरी हुई. जब बारिश बंद हो गई तब टॉस का समय 4:30 बजे कर दिया गया. जबकि मैच 5 बजे शुरू हुआ.

भारत और दक्षिण अफ्रीका की प्लेइंग-11

भारत: स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), अमनजोत कौर, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), राधा यादव, क्रांति गौड़, श्री चरानी, ​​रेणुका ठाकुर.

दक्षिण अफ्रीका: लौरा वोल्वार्ट (कप्तान), टैजमिन ब्रिट्स, एनेके बॉश, सुने लुस, मैरिजैन कैप, सिनालो जाफ्टा (विकेटकीपर), एनेरी डर्कसेन, क्लो ट्रायोन, नादिन डी क्लर्क, अयाबोंगा खाका, नॉनकुलुलेको म्लाबा.

भारत और दक्षिण अफ्रीका के हेड टू हेड आंकड़े
भारत और दक्षिण अफ्रीका की महिला क्रिकेट टीमों के बीच वनडे इतिहास में कुल 34 मुकाबले अब तक खेले गए हैं. इसमें से भारत को 20 जबकि अफ्रीका को 13 मुकाबले अपने नाम किए हैं. भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच अब तक कुल 1 मैच बेनतीजा रहा है. टीम इंडिया के आंकड़े अफ्रीका पर भारी हैं.

देहरादून में अब 24 स्कूलों में कर दी गई छुट्टी, देखें स्कूलों की सूची

0

वीवीआईपी कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र लिया गया निर्णय

महामहिम राष्ट्रपति महोदय के 3 नवंबर 2025 को प्रस्तावित देहरादून दौरे के मद्देनज़र प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए शहर के 24 स्कूलों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। पहले शनिवार रात 20 स्कूलों में छुट्टी की गई थी। जबकि, रविवार शाम को इसमें चार और स्कूल जोड़ दिए गए। यह निर्णय वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा और संभावित यातायात व्यवधानों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, देहरादून द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि राष्ट्रपति के आगमन, भ्रमण एवं प्रस्थान के दौरान शहर के कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा, जिससे इन क्षेत्रों के विद्यालयों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संबंधित स्कूलों में 3 नवंबर को अवकाश रहेगा।

इन स्कूलों में रहेगा अवकाश

1. ग्रेस एकेडमी, कैन्ट रोड

2. समर वैली स्कूल, तेगबहादुर रोड

3. केवी हाथीबड़कला, कैन्ट रोड

4. हेरिटेज स्कूल, एमकेपी चौक

5. स्कॉलर्स होम, राजपुर रोड

6. कॉन्वेंट स्कूल, कॉन्वेंट रोड

7. दिल्ली पब्लिक स्कूल, राजपुर रोड

8. सेंट जोसेफ स्कूल, राजपुर रोड

9. ब्रुकलिन स्कूल, कर्जन रोड

10. विवेकानंद स्कूल, जोगीवाला

11. ब्राइटलैंड स्कूल, कर्जन रोड

12. मानव भारती स्कूल, नेहरू कॉलोनी

13. हिलग्रेस स्कूल, ईसी रोड

14. एसजीआरआर स्कूल, नियर करनपुर चौक

15. मार्शल स्कूल, ईसी रोड

16. जसवंत माडर्न स्कूल, राजपुर रोड

17. दून इंटरनेशनल स्कूल, लक्ष्मी रोड

18. फ्लाईफोट पब्लिक स्कूल

19. शेरवुड स्कूल, नेहरू कॉलोनी तिराहा

20. डीएवी पब्लिक स्कूल, डिफेंस कॉलोनी

अब इन स्कूलों में भी आज अवकाश

21. सेंट थामस स्कूल, निकट दर्शनलाल चौक

22. ज्ञानंदा स्कूल, न्यू रोड

23. केंद्रीय विद्यालय आइआइपी

24. पाइन हाल, राजपुर रोड

—-

अन्य स्कूलों में सामान्य रूप से चलेंगे कार्य

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि केवल उपरोक्त 20 विद्यालयों में अवकाश रहेगा। जनपद के अन्य सभी विद्यालयों में कक्षाएँ पूर्ववत संचालित होंगी।

प्रशासन ने जारी की अपील

अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) कृष्ण कुमार मिश्र द्वारा हस्ताक्षरित आदेश में पुलिस व शिक्षा विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि सभी संबंधित विद्यालयों को आदेश की प्रति तत्काल उपलब्ध कराई जाए और विद्यार्थियों व अभिभावकों को इसकी जानकारी दी जाए।

नैनीताल में भारी मात्रा में गांजा और नशीले इंजेक्शन बरामद, 3 तस्कर गिरफ्तार, गैंगस्टर एक्ट में होगी कार्रवाई

0

रामनगर में पुलिस ने कैंटर से 44 किलो गांजा बरामद किया. साथ ही पुलिस ने गांजे के साथ एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया.

रामनगर: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रामनगर कोतवाली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने एक कैंटर वाहन से 44 किलो से अधिक गांजा बरामद करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. बरामद किए गए गांजे की कीमत लगभग ढाई लाख रुपये आंकी गई है. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी ने कहा कि पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी मात्रा में गांजा बरामद किया है. पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.

पुलिस के अनुसार, पीरूमदारा चौकी इंचार्ज सुनील धानिक अपनी टीम के साथ मालधन चौड़ की ओर जाने वाली सड़क पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे. इस दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने एक कैंटर वाहन को रोका, तलाशी लेने पर कैंटर के अंदर रखे तीन कट्टों से 44 किलो 150 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ. पुलिस ने मौके पर ही वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान किशनचंद जोशी निवासी छोटी हल्द्वानी, कालाढूंगी के रूप में बताई.

पुलिस के मुताबिक आरोपी गांजा तस्करी में काफी समय से सक्रिय था और वह इस गांजे को दूसरे जिलों में सप्लाई करने की तैयारी में था. मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और जिले में नशे के कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. उन्होंने कहा कि रामनगर पुलिस की यह कार्रवाई नशे के नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में एक अहम कदम है.

लालकुआं में नशीले इंजेक्शन बरामद: वहीं लालकुआं कोतवाली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान सुभाष नगर बैरियर के पास से दो नशा तस्कर मनोज कश्यप और धर्मानंद मौर्य को गिरफ्तार किया. दोनों के कब्जे से 210 नशीले इंजेक्शन बरामद किए. दोनों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है.

नशा तस्करों पर गैंगस्टर एक्ट लगेगा: नैनीताल एसएसपी टीसी मंजूनाथ ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार में लिप्त आरोपियों के खिलाफ अब गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी, ताकि ऐसे अपराधों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके.

चंपावत में शराब की पेटियां पकड़ी: चंपावत जनपद पुलिस ने एक बार फिर नशे के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की है. चंपावत जनपद एसओजी टीम ने चेकिंग के दौरान एक वेगनार कार से 49 पेटी अवैध शराब बरामद की है. पकड़ी गई शराब की कीमत लगभग पांच लाख के लगभग आंकी गई है. टनकपुर कोतवाली क्षेत्र में एसओजी की कार्रवाई के दौरान कार चालक भागने में सफल रहा. जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है. गौर हो कि प्रदेश सरकार ने उत्तराखंड को 2025 तक ड्रग्स मुक्त करने का संकल्प लिया है. इसी कड़ी में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है.

राष्ट्रपति ने देहरादून स्थित राष्ट्रपति निकेतन में फुट ओवर ब्रिज और घुड़सवारी क्षेत्र का किया लोकार्पण

0

सुरक्षा, परंपरा और हिमालयी वास्तुकला के संगम से समृद्ध हुआ राष्ट्रपति निकेतन परिसर

देहरादून। माननीय राष्ट्रपति ने आज देहरादून स्थित राष्ट्रपति निकेतन में दो नई आगंतुक- केंद्रित सुविधाओं- पैदल पार पुल (फुट ओवर ब्रिज) और घुड़सवारी क्षेत्र का लोकार्पण किया। इन दोनों परियोजनाओं ने राष्ट्रपति निकेतन परिसर को आधुनिकता, सुरक्षा और विरासत के अद्भुत संगम के रूप में स्थापित कर दिया है।

राजपुर रोड पर बने 105 फीट लंबे पैदल पार पुल ने अब राष्ट्रपति निकेतन और आगामी राष्ट्रपति उद्यान (132 एकड़ परिसर) के बीच निर्बाध संपर्क स्थापित कर दिया है। उत्तराखंड लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा ₹9 करोड़ की लागत से निर्मित यह पुल स्थानीय हिमालयी वास्तुकला का सुंदर उदाहरण है। रैंप और रेलिंग के साथ यह पूरी तरह सुगम पहुँच (universal access) प्रदान करता है। यह पुल अब व्यस्त राजपुरा रोड पर पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए एक सुरक्षित विकल्प बन गया है।

वहीं, परिसर में विकसित 0.7 एकड़ का घुड़सवारी क्षेत्र, राष्ट्रपति के अंगरक्षकों (PBG) की ऐतिहासिक परंपरा का प्रतीक है। सीपीडब्ल्यूडी द्वारा निर्मित इस अत्याधुनिक क्षेत्र में 8 घोड़ों की क्षमता वाला अस्तबल, उपचार कक्ष, स्नान व चारा कक्ष, और आगंतुकों के लिए देखने का विशेष गलियारा तैयार किया गया है।

यह नई सुविधा अब आम आगंतुकों के लिए सोमवार को छोड़कर प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक खुली रहेगी। यहाँ आगंतुकों को राष्ट्रपति सर्किट का समृद्ध अनुभव देने के लिए निर्देशित भ्रमण (Guided Tours) की भी व्यवस्था की गई है।

राष्ट्रपति निकेतन में इन दो नई परियोजनाओं के लोकार्पण के साथ, यह परिसर अब न केवल सुरक्षा और संरचना के दृष्टिकोण से उन्नत हुआ है, बल्कि हिमालयी विरासत और राष्ट्रीय गौरव का भी नया प्रतीक बन गया है।

हरिद्वार : राष्ट्रपति मुर्मु ने किया पतंजलि विश्वविद्यालय हरिद्वार के द्वितीय दीक्षांत समारोह में स्वर्ण पदक प्राप्त विद्यार्थियों को सम्मानित

0

देहरादून। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पतंजलि विश्वविद्यालय हरिद्वार के द्वितीय दीक्षांत समारोह में स्वर्ण पदक प्राप्त विद्यार्थियों को सम्मानित किया। रविवार को आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 1454 विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की गई। 62 शोधार्थियों को विद्या वारिधि और 3 शोधार्थियों को विद्या वाचस्पति की उपाधि प्रदान की गई, जबकि 615 विद्यार्थियों को परास्नातक और 774 विद्यार्थियों को स्नातक की उपाधि प्रदान की गई। इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि.) ने राष्ट्रपति को राष्ट्रपति भवन की विविध वनस्पतियों पर आधारित दो पुस्तकें ‘फ्लोरा ऑफ राष्ट्रपति भवन’ एवं ‘मेडिसिनल प्लांट्स ऑफ राष्ट्रपति भवन’ की प्रतिलिपियाँ भी भेंट कीं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उपाधि प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई एवं आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने पदक प्राप्त विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के जीवन-निर्माण में योगदान देने वाले अध्यापकों और अभिभावकों का भी विशेष अभिनंदन किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि इस वर्ष उपाधि प्राप्त विद्यार्थियों में 64 प्रतिशत बेटियाँ हैं तथा पदक प्राप्त करने वाली छात्राओं की संख्या छात्रों की तुलना में चार गुना अधिक है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विकसित भारत के उस स्वरूप का परिचायक है जिसमें महिलाएं नेतृत्व की भूमिका निभा रही हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि पतंजलि विश्वविद्यालय महर्षि पतंजलि की तप, साधना और ज्ञान परंपरा को आधुनिक समाज के लिए सुलभ बना रहा है। विश्वविद्यालय योग, आयुर्वेद एवं प्राकृतिक चिकित्सा के क्षेत्र में शिक्षा और अनुसंधान के माध्यम से स्वस्थ भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने विश्वविद्यालय की भारत-केन्द्रित शिक्षा-दृष्टि की सराहना करते हुए कहा कि इसमें विश्व बंधुत्व की भावना, वैदिक ज्ञान एवं आधुनिक वैज्ञानिक दृष्टिकोण का समन्वय और वैश्विक चुनौतियों के समाधान जैसी विशेषताएँ निहित हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से वसुधैव कुटुंबकम की भावना पर आधारित जीवन-मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया।

राष्ट्रपति ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान-प्राप्ति नहीं है, बल्कि सदाचार, तपस्या, सरलता और कर्तव्यनिष्ठा जैसे जीवन-मूल्यों को आत्मसात करना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को न केवल आत्म-विकास बल्कि राष्ट्र-निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया। गंगा तट पर स्थित हरिद्वार की सांस्कृतिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि ये पवित्र स्थल ज्ञान और अध्यात्म का संगम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पतंजलि विश्वविद्यालय के विद्यार्थी स्वाध्याय और तपस्या जैसे आदर्शों का पालन करते हुए स्वस्थ, संस्कारित और समरस समाज के निर्माण में योगदान देंगे।

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि.) ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए उनके देवभूमि आगमन को गर्व का क्षण बताया। राज्यपाल ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड केवल एक राज्य नहीं, बल्कि योग, आयुर्वेद और अध्यात्म का प्राण-केंद्र है। इस पवित्र धरती से प्रचलित योग और आयुर्वेद की परंपरा ने न केवल भारत को, बल्कि समूचे विश्व को स्वास्थ्य, संतुलन और सद्भाव का संदेश दिया है। उत्तराखंड की यह ऋषि-परंपरा आज भी हमें यह प्रेरणा देती है कि ज्ञान का सर्वोच्च उद्देश्य केवल आत्म-विकास नहीं, बल्कि विश्व-कल्याण है।

राज्यपाल ने उपाधि प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं और आशा व्यक्त की कि वे दीक्षांत समारोह के पश्चात आने वाली चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना करेंगे। उन्होंने कहा कि आज उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थी अपने राष्ट्र, प्रदेश और समाज की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे तथा अपनी शिक्षा, प्रतिभा एवं प्रशिक्षण का उपयोग मानव-कल्याण के लिए करेंगे।

राज्यपाल ने कहा कि हमारे ऋषि-मुनियों ने जो ज्ञान अर्जित किया, वह केवल हमारे लिए नहीं, बल्कि संपूर्ण ब्रह्मांड के कल्याण के लिए था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र संघ में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को स्वीकृति दिलाकर योग के विज्ञान पर किए गए हजारों वर्षों के कार्य को वैश्विक मंच प्रदान किया। विगत कुछ वर्षों में योग और आयुर्वेद के माध्यम से स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक बड़ी क्रांति आई है, और आज करोड़ों लोग इनके माध्यम से स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का देवभूमि उत्तराखंड की सवा करोड़ देवतुल्य जनता की ओर से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सदैव अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के कल्याण को प्राथमिकता देते हुए समाज के वंचित, शोषित एवं पिछड़े वर्गों के सशक्तिकरण के लिए कार्य किया है। हाल ही में जब उन्होंने लड़ाकू विमान ‘राफेल’ में उड़ान भरी, तो पूरे देश ने उनके अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और दृढ़ संकल्प का प्रेरक उदाहरण देखा। उनके व्यक्तित्व में मातृत्व की ममता, सेवा का संकल्प और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण का अद्भुत संगम निहित है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हम सभी उत्तराखंड वासियों का सौभाग्य है कि राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के इस ऐतिहासिक अवसर पर हमें राष्ट्रपति का सान्निध्य और मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है।

मुख्यमंत्री ने दीक्षांत समारोह में उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों से अपेक्षा की कि वे अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग करके अपने बेहतर भविष्य के साथ ही अपने परिवार की सुख-समृद्धि और समाज के कल्याण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे। उन्होंने कहा कि स्वामी रामदेव के मार्गदर्शन में पतंजलि विश्वविद्यालय आधुनिक शिक्षा को भारतीय संस्कारों और परंपराओं से जोड़ने का अतुलनीय कार्य कर रहा है। यहाँ विज्ञान और अध्यात्म का अद्भुत संगम देखने को मिलता है, जहाँ विद्यार्थी केवल ज्ञान ही नहीं, बल्कि भारतीय जीवन-मूल्यों की भी शिक्षा प्राप्त करते हैं। पतंजलि विश्वविद्यालय ने आधुनिक विज्ञान और भारतीय ज्ञान परंपरा के समन्वय से ऐसी शिक्षा पद्धति विकसित की है, जो योग, आयुर्वेद, विज्ञान और प्रौद्योगिकी को एक सूत्र में पिरोने का कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार अनेक नवाचार कर रही है। राज्य में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 लागू करने के साथ ही प्रदेश के विश्वविद्यालयों और शोध संस्थानों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और बिग डेटा जैसे कोर्स संचालित करने की पहल की गई है। भारतीय संस्कृति, दर्शन और इतिहास के गहन अध्ययन के लिए दून विश्वविद्यालय में ‘सेंटर फॉर हिंदू स्टडीज’ की स्थापना भी की गई है। देहरादून में साइंस सिटी, हल्द्वानी में एस्ट्रो पार्क और अल्मोड़ा में साइंस सेंटर के निर्माण के माध्यम से राज्य में वैज्ञानिक अनुसंधान को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।कार्यक्रम में पतंजलि विश्वविद्यालय हरिद्वार के कुलाधिपति स्वामी रामदेव, कुलपति आचार्य बालकृष्ण, सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, डॉ. कल्पना सैनी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

उत्तराखंड: हजारों किसानों को मिलेगा Kisan Credit Card और पशुधन योजनाओं का लाभ

0

देहरादून: राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शनिवार को हिमालयन संस्कृति सभागार में पशुपालन मंत्री सौरभ बहुगुणा और सचिव वीवीआरसी पुरूषोत्तम के निर्देशन में पशुपालन प्रदर्शनी का शुभारंभ निदेशक पशुपालन डॉ. उदय शंकर पांडेय ने किया। इस दौरान पशुपालकों को विभिन्न योजनाओं और अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. राकेश कुमार नौटियाल ने बताया कि नौ नवंबर तक प्रदेश में दो हजार किसान क्रेडिट कार्ड, पांच सौ सीएम राज्य पशुधन मिशन पत्र और दो सौ ग्राम्य गो सेवकों का चयन करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा उत्तराखंड के सभी जिलों और विकासखंड स्तर पर नौ नवंबर तक विभिन्न कार्यक्रम और गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा।

विशेष रूप से पांच नवंबर को दून विवि में अंतरराज्यीय प्रवासी उत्तराखंड सम्मेलन और सात नवंबर को पंतनगर में गोविंद बल्लभ पंत कृषि विश्वविद्यालय में किसान एवं पशुपालकों का भव्य मेला आयोजित किया जाएगा।

पहले दिन ही प्रदेश के आठ स्थानों पर जागरूकता गोष्ठी और 13 स्थानों पर पशु प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। बद्री गाय के संरक्षण और संवर्धन कार्यक्रम के तहत 2024 पशुओं और 2037 पशुपालकों को लाभान्वित किया गया। वहीं पशु प्रदर्शनी में 995 पशु और 1040 पशुपालक, पशु जागरूकता शिविर में 2061 पशु और 674 पशुपालक, और बद्री गाय जागरूकता शिविर में 1025 पशु और 1563 पशुपालक को लाभान्वित किया गया।

खटीमा: बोरे में मिली महिला की सड़ी-गली लाश, मचा हड़कंप

0

खटीमा: मंडी समिति के पीछे रेलवे पटरी के किनारे झाड़ियों में प्लास्टिक के बंद बोरे में एक महिला का शव सड़ी-गली अवस्था में पाया गया। अभी तक महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है। शव के पास से एक मोबाइल भी बरामद हुआ है…जिसकी कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही हैं।

सूचना के अनुसार रविवार तड़के शिव कालोनी नौगवांठग्गू निवासी रवि देव ने पुलिस के 112 नंबर पर कॉल कर इस घटना की जानकारी दी। इसके बाद एसएसआई ललित मोहन रावल, एसआई पंकज महर और एसआई विजय बोहरा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि प्लास्टिक के बंद बोरे में महिला का शव पड़ा हुआ था। महिला उपनिरीक्षक रुबी मौर्य ने मौके पर शव की जांच की। उन्होंने बताया कि शव के दाहिने हाथ की अंगुलियों में आनंद और कोहनी पर “आनंद लव्स” लिखा हुआ था।

शव को पुलिस ने सुरक्षित मोर्चरी में रखवा दिया है। इस मामले में पुलिस क्षेत्राधिकारी बीएस धौनी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही रविवार की सुबह रुद्रपुर से फॉरेसिंक फील्ड यूनिट की टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र किए।

पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में महिला की पहचान के लिए सर्च अभियान भी शुरू कर दिया है। वहीं एसओजी की टीम मोबाइल की कॉल डिटेल खंगालने में जुटी हुई है…जिससे इस हत्या की साजिश और संदिग्धों का पता लगाया जा सके। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को महिला की पहचान हो या कोई संदिग्ध जानकारी हो तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें।