Home Blog Page 133

1469 किमी सिंगल लेन मार्गों को डबल लेन में परिवर्तित किया जाएगा: महाराज

0

आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप हो रहा है राज्य में सड़कों का विस्तार

देहरादून। उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप लोक निर्माण विभाग राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। वर्ष 2000 राज्य गठन के समय प्रदेश में सड़कों की कुल लम्बाई 15,470 किमी० थी, जो कि इन 25 वर्षों में बढ़कर 43,765 किमी हो चुकी है। अगले 25 वर्षों में हमारा लक्ष्य अमृतसर-कोलकत्ता औद्योगिक गलियारे के तहत 10.60 किलोमीटर नगला-किच्छा मार्ग को दो लाइन से चार लाइन में परिवर्तित करने करने के साथ-साथ कई बड़ी परियोजनाओं पर काम करने का है ताकि 2047 तक उत्तराखंड विकसित राज्य की श्रेणी में आ सके।

उक्त बात प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने उत्तराखंड की रजत जयंती पर विभागीय उपलब्धियों की जानकारी देते हुए कही। उन्होंने कहा कि राज्य में 5700 किलोमीटर कच्चे मार्गों को पक्के मोटर मार्गो में परिवर्तित किया जाएगा और राष्ट्रीय राजमार्ग के अंतर्गत 1469 किलोमीटर सिंगल लेन मार्गों को डबल लाइन में परिवर्तित किया जाएगा। इसके अलावा दुर्गम स्थानों में मार्ग की दूरी कम करने एवं संवेदनशील स्थलों के बाईपास हेतु टनल्स का निर्माण, रज्जू मार्गो का निर्माण और भूमिगत गलियारे आदि का निर्माण भी किया जाएगा। अगले 25 वर्षो में हल्द्वानी बाईपास, खटीमा बाईपास, काठगोदाम बाईपास, आशारोड़ी-आईएसबीटी-मोहकमपुर, देहरादून देहरादून बाई पास, लोहाघाट बाईपास, पिथौरागढ़ बाईपास, अल्मोड़ा बाईपास, ऋषिकेश बाईपास, गैरसैंण बाईपास, कर्णप्रयाग बाईपास, गोपेश्वर बाईपास, अगस्तमुनि बाईपास, पौड़ी बाईपास, श्रीनगर बाईपास, आदि बद्री बाईपास, रामनगर बाईपास, कोटद्वार बाईपास, हरिद्वार बाईपास फेज-ll, लाल कुआं-हल्द्वानी-काठगोदाम बाईपास, पंतनगर बाईपासों का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है। लोक निर्माण विभाग विजन-2050 के लिए एक ठोस कार्य योजना पर काम कर रहा है। इसके तहत मानसखण्ड मंदिर माला परियोजना के तहत चारधाम की तर्ज पर कुमाऊं के 16 प्राचीन मन्दिरों को जोड़ने वाली सड़कों का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा जिससे इस क्षेत्र में भी पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। सेतुओं के उन्नयन हेतु ए०डी०बी० की सहायता से राज्य के 460 पुराने क्लास-बी लोडिंग पुलों को आधुनिक और भारी वाहनों के लिए उपयुक्त क्लास-ए में अपग्रेड किया जाएगा। राजमार्गों के विस्तारीकरण के तहत 1469 किलोमीटर सिंगल लेन राष्ट्रीय राजमार्ग को दो लेन में बदला जायेगा और खैरना-रानीखेत-रामनगर जैसे महत्वपूर्ण राज्य राजमार्गों का चौड़ीकरण भी किया जाएगा। इसके अलावा शून्य-सहिष्णुता सड़क सुरक्षा के अंतर्गत सभी राज्य राजमार्गों पर कैश बैरियर और पैराफिट की पूर्ण स्थापना कर सड़क सुरक्षा के उच्चतम मानकों को प्राप्त किया जाएगा।

श्री महाराज ने कहा कि राज्य गठन के समय वर्ष 2000 में 10048 गांव मोटर मार्गों से लाभान्वित थे। जिनकी संख्या आज बढ़कर 14027 हो चुकी है। इतना ही नहीं पिछले 25 वर्षों में सरकार ने कुल 3979 ग्रामों को सड़क मार्ग से जोड़ कर विकास का मार्ग प्रशस्त किया है। पैदल सेतुओं की संख्या आज बढ़कर 1303 हो गई है तो वहीं मोटर पुलों की संख्या बढ़कर 2270 हो चुकी है। राज्य गठन के समय प्रदेश में 526 राष्ट्रीय राजमार्ग थे जिनकी संख्या आज सात गुना बढ़कर 3595 हो चुकी है।

उन्होंने बताया कि राज्य के प्रसिद्ध चारधामों गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ, बद्रीनाथ एवं कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग जिनकी कुल लम्बाई 889 किलोमीटर है में यातायात को सुगम बनाने के लिए ऑल वेदर रोड कनेक्टिविटी के तहत भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा 12769 करोड़ की धनराशि परियोजना का शुभारम्भ 27 दिसम्बर 2016 को प्रधानमंत्री द्वारा किया गया था उस पर लगातार काम हो रहा है।

प्रदेश के विभिन्न जनपदों में शहरों एवं कस्बों के मुख्य मार्गो पर बढते यातायात का दबाव कम करने के लिए नैनीताल,
रूद्रप्रयाग, काशीपुर एवं हल्द्वानी सहित अनेक स्थानों पर बाईपास का निर्माण किया गया है। इसके अलवा कैंचीधाम, चम्पावत, हरिद्वार रूद्रपुर आदि स्थानों पर भी बाईपास निर्माण का कार्य प्रगति पर है।

श्री महाराज ने जानकारी देते हुए बताया कि इसके अलावा शहरी यातायात समाधान के तहत प्रदेश के सभी व्यस्त शहरों में रिंग रोड का निर्माण और प्रमुख चौराहों पर फ्लाई ओवर का निर्माण कर उन्हें जाममुक्त बनाया जाएगा। शहरों में विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर लगने वाले जाम के निदान हेतु कई फ्लाईओवर का निर्माण किया गया है और निकट भविष्य में देहरादून स्थित रिस्पना एवं बिंदाल नादियों के ऊपर 26 कि०मी० एलीवेटड कोरीडोर की संकल्पना का भी लक्ष्य है। जिस पर भू-अधिग्रहण कार्यवाही चल रही है। जबकि जनपद नैनीताल के नौकुचियाताल, नैनीताल के हल्द्वानी, अल्मोडा के टार्टीक, पिथौरागढ़ के मुनस्यारी में हेलीपोर्ट का निर्माण किया गया है। उत्तरकाशी के दयारा के निकट नटीण, गंगोत्री धाम ढामक तोक में हैलिपेड और चिन्यालीसौड हवाई पट्टी पर हैलीपोर्ट एवं सुन्कुन्डी जखोल में हैलीपैड बनाये गये हैं। जनपद चमोली, टिहरी एवं देहरादून और पौड़ी जनपदों में विभिन्न स्थानों पर हैलीपोर्ट निर्मित किये गये है।

पहली बार पछवादून के विकास नगर में खुलेगा विज्ञान एवं गणित विषयों सहित इंटरमीडिएट तक संस्कृत विद्यालय: डॉ घिल्डियाल।

0

विकास नगर। उत्तराखंड राज्य के देहरादून जनपद के पछवादून में विकास नगर में पहली बार इंटरमीडिएट तक विज्ञान एवं गणित विषयों सहित संस्कृत विद्यालय खुलेगा।

इस संदर्भ में आज सहायक निदेशक डॉक्टर चंडी प्रसाद घिल्डियाल ने विकास नगर विकास खंड के विद्यालयों का निरीक्षण करते हुए नवीन मान्यता देने के लिए विकास नगर के जीवनगढ़ क्षेत्र में श्री मार्तंड वेद वेदांत संस्कृत विद्यालय का विनियम के अनुरूप सघन निरीक्षण किया, इस अवसर पर उन्होंने कहा कि संस्कृत को जन-जन की भाषा बनाने के लिए उत्तराखंड सरकार निरंतर प्रयास कर रही है और उसको धरातल पर उतरने के लिए अधिक से अधिक संस्कृत विद्यालयों को मान्यता देने का प्रयास चल रहा है।

सहायक निदेशक ने कहा कि उनके कार्यकाल में 2022 से अब तक देहरादून जनपद में प्राथमिक से लेकर इंटरमीडिएट तक जो संस्कृत विद्यालयों को नवीन मान्यता प्रदान कर दी गई है, और अब देहरादून जनपद के विकास नगर में पहली बार श्री मार्तंड वेद वेदांत संस्कृत विद्यालय के नाम से गणित और विज्ञान विषयों सहित इंटरमीडिएट तक इस विद्यालय को मान्यता दी जाएगी।

विद्यालय में पहुंचने पर सहायक निदेशक डॉक्टर चंडी प्रसाद घिल्डियाल का संस्था के संरक्षक आचार्य सुनील पैन्यूली के मार्गदर्शन में प्रबंधक, प्रधानाचार्य ,शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने शंख और घंटा ध्वनि के साथ वेद मंत्रों एवं फूलमालाओं से अभूतपूर्व स्वागत करते हुए कहा कि वह देहरादून में लगातार नए विद्यालयों को मान्यता देकर शिक्षा एवं संस्कृत शिक्षा को मजबूत कर रहे हैं।

इससे पूर्व हरबर्टपुर में गत वर्ष विकलांग बच्चों के लिए अष्टावक्र संस्कृत विद्यालय को मान्यता प्रदान की गई थी उस विद्यालय में पहुंचकर सहायक निदेशक डॉक्टर घिल्डियाल ने कंप्यूटर लैब का शुभारंभ करते हुए कहा कि शिक्षा में नवाचार के लिए कंप्यूटर की बहुत आवश्यकता है ,उन्होंने कहा कि कंप्यूटर की शिक्षा से विद्यार्थियों के अंदर एक नई जागृति पैदा होगी इसके लिए यह कंप्यूटर विद्यालय को दिए जा रहे हैं, यहां पर प्रधानाचार्य प्रीति सहित सभी विद्यार्थियों ने स्वस्तिवाचन से सहायक निदेशक का स्वागत किया।

गैरसैंण के कृषि मेले में पहुंचीं विधानसभा अध्यक्ष, कहा- ये आयोजन हमारी सांस्कृतिक धरोहर

0

ऋतु खंडूड़ी बोलीं- उत्तराखंड की संस्कृति, संस्कार और धरोहर को बचाने के लिए हम सब को मिलकर काम करना होगा

गैरसैंण: विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने गैरसैंण में आयोजित पांच दिवसीय कृषि उद्यान एवं पर्यटन विकास मेले के तीसरे दिन बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की. विधानसभा अध्यक्ष के गैरसैंण पहुंचने पर मेला समिति ने पारंपरिक बाध्य यंत्रों के साथ फूल मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया. पारंपरिक वेशभूषा में उपस्थित क्षेत्रीय महिलाओं ने पुष्प वर्षा कर विधानसभा अध्यक्ष का स्वागत किया.

इस दौरान मेला अध्यक्ष ब्लॉक प्रमुख दुर्गा रावत ने विधानसभा अध्यक्ष का गैरसैंण मेले में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचने पर उनका धन्यवाद ज्ञापित करते हुए क्षेत्र की तमाम समस्याओं व विकास कार्यों को लेकर एक मांग पत्र भी सौंपा.

मेलों को बताया सांस्कृतिक धरोहर: मेले में जनसभा को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि मेले हमारी सांस्कृतिक धरोहर हैं, जो हमारी परंपराओं को आगे बढ़ाने का काम करते हैं. उत्तराखंड की संस्कृति, संस्कार और धरोहर को बचाने के लिए हम सब को मिलकर काम करना होगा. गैरसैंण में कृषि एवं सांस्कृतिक मेले के भव्य एवं सफल आयोजन के लिए उन्होंने मेला समिति एवं क्षेत्रवासियों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से मन मस्तिष्क में नई चेतना का संचार होता है और साथ ही हमें अपनी संस्कृति की झलक देखने को मिलती है. मेले हमें मनोरंजन के साथ कुछ ना कुछ सीख भी दे कर जाते हैं.

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि राज्य में कृषि के विकास के लिए निरंतर अच्छा काम हो रहा है. अब समय आ गया है कि हम टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल कर कृषि को मॉडल के रूप में अपनाएं.

मेले में बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद विधायक अनिल नौटियाल ने मेले की भव्यता को देखते हुए आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि यह मेला बहु उद्देश्यीय है, जिसमें व्यापार, संस्कृति, शिक्षा और धर्म सबको समान रूप स्थान दिया गया है.

रामनगर में 13 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध हालात में मौत, मां और मौसी हिरासत में, हत्या का मुकदमा दर्ज

0

रामनगर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की है घटना, पुलिस ने शुरू कर दी है जांच

रामनगर: नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र में देर शाम एक 13 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से इलाके में सनसनी फैल गई. ग्रामीण क्षेत्र में हुई इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने इस मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है.

संदिग्ध हालात में 13 साल की किशोरी की मौत: जानकारी के अनुसार घटना रामनगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव की है. गांव में गुरुवार देर शाम एक किशोरी अचानक अचेत अवस्था में पाई गई. परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की.

मां और मौसी से पूछताछ: पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने किशोरी की मां और मौसी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है. दोनों से पूछताछ जारी है, ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके.

अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज: सूत्रों के अनुसार किशोरी की मौत के हालात संदिग्ध प्रतीत हो रहे हैं. इसी आधार पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि-

रामनगर कोतवाली क्षेत्र में 13 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. इस संबंध में कोतवाली के उपनिरीक्षक द्वारा मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस द्वारा हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है. जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी.
-मनोज कुमार कत्याल, एसपी सिटी-

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज: एसपी सिटी ने ये भी कहा कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. पुलिस टीम ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए सभी संभावित पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है.

घटना के बाद दहशत में हैं ग्रामीण: फिलहाल पुलिस ने क्षेत्र में शांति बनाए रखने की अपील की है. घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है. वहीं पुलिस का कहना है कि जल्द ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर सच्चाई सामने आ जाएगी.

प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में हंगामा: वीडियो बनाते पत्रकार और निदेशक के बीच झड़प, मोबाइल छीने जाने से मचा बवाल

0

वीडियो बना रहे पत्रकार व निदेशक के बीच छीना झपटी

निदेशक ने उच्चाधिकारियों को पत्र भेज घटना का विवरण दिया

देहरादून। डायट प्रशिक्षुओं के विरोध-प्रदर्शन के बाद गुरुवार को प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में माहौल अचानक गर्मा गया। इसी बीच, प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल और पत्रकारों के बीच तीखी झड़प हो गई। मोबाइल छीने जाने की घटना के बाद हंगामे की स्थिति भी बनी रही।

प्रदर्शन के दौरान महिला पत्रकार के वीडियो बनाने पर निदेशक नाराज हो गए । बताया जा रहा है कि उन्होंने मोबाइल छीनने की कोशिश की। जिससे अफरा-तफरी मच गई। और कुछ देर तक जोर आजमाइश भी हुई।

घटना के बाद निदेशक और डायट प्रशिक्षुओं के बीच वार्ता हुई। निदेशक ने महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि करीब 250-300 डायट प्रशिक्षु और उनके अभिभावक बिना अनुमति निदेशालय परिसर में पहुंच गए और प्राथमिक शिक्षक भर्ती रोकने की मांग करते हुए नारेबाजी करने लगे। निदेशक ने बताया कि प्रशिक्षुओं ने अभद्रता की और कपड़े तक खींचे।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भर्ती प्रक्रिया को रोकने का कोई निर्देश उच्चाधिकारियों से प्राप्त नहीं हुआ है और प्रशिक्षुओं द्वारा लगातार दबाव बनाए जाने से शासकीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं। निदेशक ने संबंधित प्रशिक्षुओं पर कार्रवाई के निर्देश मांगे हैं

रुड़की में तंबाकू गोदाम में भीषण आग: 24 वर्षीय युवक की झुलसकर मौत, लाखों का नुकसान

0

रुड़की (हरिद्वार)-

​रुड़की मे गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पश्चिमी अमर तलाब क्षेत्र में आज तड़के एक तंबाकू, बीड़ी, सिगरेट के होलसेल गोदाम में भीषण आग लग गई। इस दुखद घटना में 24 वर्षीय कुणाल पुंडीर नामक एक युवक की शत प्रतिशत झुलस जाने के कारण मौत हो गई। ​फायर स्टेशन रुड़की को लगभग रात 2 बजे आग लगने की सूचना मिली अग्निशमन अधिकारी वंश नारायण यादव के नेतृत्व में फायर यूनिट तुरंत घटनास्थल पर पहुंची हालांकि गली संकरी होने के कारण बड़ा फायर टैंकर मौके पर नहीं पहुंच सका अग्निशमन दल ने तत्परता दिखाते हुए मिनी हाई प्रेशर टेंडर को बुलाया और हाई प्रेशर होजरील फैलाकर आग बुझाने का काम शुरू किया।

​कड़ी मेहनत और अथक प्रयास के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया और आग को आस-पास फैलने से रोक लिया। टीम ने गोदाम का एक कमरा और उसमें रखा काफी सारा सामान सुरक्षित बचा लिया।

​यह होलसेल गोदाम रजनीश कुमार का बताया जा रहा है आग लगने के दौरान उनके पुत्र कुणाल पुंडीर गंभीर रूप से झुलस गए थे। आग बुझाने वाली यूनिट के पहुंचने से पहले ही परिजन और स्थानीय लोगों ने उन्हें राजकीय उप जिला चिकित्सालय रुड़की पहुंचाया था। ​

अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सा अधिकारी डॉ. एजाज अहमद और नर्सिंग अधिकारी गौतम कुमार ने बाद में फायर यूनिट को सूचित किया कि कुणाल सौ प्रतिशत जल जाने के कारण मृत हो चुके हैं। शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है और कोतवाली गंगनहर द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। ​आग से गोदाम में रखा काफी सारा सामान जल कर राख हो गया है ​घटना की सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी गई है वहीं एसपी देहात शेखर चंदसुयाल ने बताया कि पुलिस और अग्निशमन विभाग आग लगने के संभावित कारणों की जांच कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मंत्री रेखा आर्या और सांसद नरेश बंसल ने किया उत्तराखंड राज्य युवा महोत्सव 2025 का शुभारंभ

0

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित उत्तराखंड राज्य युवा महोत्सव 2025 का शुभारंभ किया। उनके साथ खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल तथा विशेष प्रमुख सचिव, युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल विभाग अमित कुमार सिन्हा भी उपस्थित रहे। यह तीन दिवसीय महोत्सव राज्य स्थापना दिवस के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मनाया जा रहा है और इस वर्ष उत्तराखंड अपने रजत जयंती वर्ष का उत्सव मना रहा है। इस भव्य आयोजन का संचालन युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल विभाग द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक खजान दास ने करी।

तीन दिन तक चलने वाले इस महोत्सव में उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक शिल्पकला, युवा उद्यमिता और पहाड़ी व्यंजनों का जीवंत प्रदर्शन किया जा रहा है। आयोजन स्थल पर 200 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं जिनमें ऑर्गेनिक उत्पाद, मिलेट्स, फल, सब्जियां, हस्तशिल्प, हथकरघा, वस्त्र, पारंपरिक आभूषण, फुटवियर, पुस्तकें, गृह सज्जा उत्पाद और महिला परिधान उपलब्ध हैं। साथ ही विशेष फूड स्टॉल में पारंपरिक पहाड़ी स्वाद, मिलेट-आधारित व्यंजन और फ्यूजन डिशेज़ भी प्रस्तुत की जा रही हैं, जो राज्य की बदलती खाद्य संस्कृति को प्रदर्शित करती हैं।

उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, “कल ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूर्ण होने जा रहे हैं, और यह हमारे लिए गर्व का क्षण है कि हम सब एक स्वर में ‘वंदे मातरम’ का उद्घोष कर रहे हैं। उत्तराखंड का युवा हमारी सबसे बड़ी ताकत है, जो न केवल भारत में बल्कि विश्व स्तर पर राज्य का नाम रोशन करने की क्षमता रखता है। यह युवा महोत्सव केवल खेल और संस्कृति का मंच नहीं, बल्कि हमारी नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और परंपराओं से जोड़ने का माध्यम भी है। यह आयोजन प्रधानमंत्री के विकसित भारत – यंग लीडर्स विजन के अनुरूप है। ‘स्टार्टअप इंडिया’, ‘स्किल इंडिया’, ‘मेक इन इंडिया’, ‘फिट इंडिया’ और नई शिक्षा नीति जैसी पहलें युवाओं के लिए आत्मनिर्भरता और रोजगार के नए अवसर खोल रही हैं। उत्तराखंड आज युवाओं को रोजगार देने वाले अग्रणी राज्यों में है और नीति आयोग के इंडेक्स में प्रथम स्थान पर है। हाल ही में सफलतापूर्वक संपन्न हुए 38वें राष्ट्रीय खेलों ने देवभूमि को अब ‘खेलभूमि’ के रूप में स्थापित किया है। हमारा लक्ष्य खेल, फिटनेस और पारंपरिक खेलों को और सशक्त बनाना है ताकि हमारे युवा अपनी पूर्ण क्षमता तक पहुँच सकें।”

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने कहा, “उत्तराखंड के 25 वर्ष पूरे होने पर पूरा राज्य गर्व और उत्साह से इस यात्रा का उत्सव मना रहा है। युवा महोत्सव इस रजत जयंती उत्सव का महत्वपूर्ण हिस्सा है। हम एक युवा राज्य हैं और हमारी सोच भी युवा है। मैं युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल विभाग को इतने जीवंत और प्रभावी आयोजन के लिए बधाई देती हूँ, और मुख्यमंत्री जी को युवाओं और खेलों के विकास के प्रति उनके निरंतर सहयोग के लिए धन्यवाद देती हूँ।”

सांसद नरेश बंसल ने कहा, “उत्तराखंड अपने रजत जयंती वर्ष में अनेक विकास सूचकों पर लगातार प्रगति कर रहा है। राज्य की प्रति व्यक्ति आय कई राज्यों से अधिक है और हम सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में मजबूत प्रदर्शन कर रहे हैं। 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 100 से अधिक पदक जीतकर राज्य का गौरव बढ़ाया है।”

विशेष प्रमुख सचिव (युवा कल्याण एवं पीआरडी) अमित कुमार सिन्हा ने बताया, “इस वर्ष महोत्सव का विषय ‘विकसित भारत – यंग लीडर्स’ रखा गया है। राज्य के 13 जिलों से 600 से अधिक प्रतिभागियों ने इसमें हिस्सा लिया है। महोत्सव के दौरान लोक गीत, नृत्य, भाषण, चित्रकला, रचनात्मक लेखन और अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। स्थानीय हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों की प्रदर्शनी के माध्यम से उत्तराखंड की कला और विरासत को प्रोत्साहित किया जा रहा है। युवाओं में देखने को मिल रहा उत्साह अत्यंत प्रेरणादायक है।”

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘फिट उत्तराखंड अभियान’ की शुरुआत फिट उत्तराखंड मोबाइल ऐप के माध्यम से की। इस पहल के तहत प्रतिदिन पुश-अप, स्क्वाट्स, क्रंचेस, बर्पीज़, लंजेज़ आदि जैसे फिटनेस चैलेंज आयोजित किए जाएंगे। साथ ही आईआईटी रुड़की के सहयोग से स्पोर्ट्सटेक हैकाथॉन भी शुरू किया गया है, जिसमें खेल और तकनीक के क्षेत्र से जुड़े युवा प्रतिभागी वास्तविक खेल समस्याओं के समाधान प्रस्तुत करेंगे। इसके अलावा ‘ड्रोन कबड्डी’ का विशेष प्रदर्शन भी आयोजित किया गया, जिसमें आगंतुक ड्रोन के माध्यम से कबड्डी खेल का अनुभव प्राप्त कर सके।

महोत्सव के पहले दिन साहित्यिक और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। कहानी लेखन प्रतियोगिता में उत्तरकाशी की मोनिका जोशी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि ऊधमसिंह नगर से संदीप कौर द्वितीय और चंपावत से मनीष गहतोड़ी तृतीय स्थान पर रहे। कविता लेखन प्रतियोगिता में अल्मोड़ा की वर्णिका डालकोटी प्रथम, हरिद्वार के प्रवीण कुमार द्वितीय और उत्तरकाशी की आरती तृतीय स्थान पर रहीं। रंगोली प्रतियोगिता में राजकीय बालिका निकेतन केदारपुरम देहरादून की मेघा, रूबी और मीना की टीम प्रथम, मातृ आंचल कन्या विद्यापीठ हरिद्वार की चंदनी, अंकिता, मोनिका, नीलम, अनीता और श्यामा की टीम द्वितीय और श्री श्रद्धानंद बाल विनीत आश्रम देहरादून की निहारिका, राखी तथा वात्सल्या वाटिका भद्राबाद की सश्मी और जिलसन की टीम तृतीय स्थान पर रही।

दिन के समापन पर उत्तराखंड के प्रसिद्ध हिमनाद बैंड ने अपने फोक-फ्यूजन संगीत प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

उद्घाटन समारोह में अतिरिक्त निदेशक आर.सी. डिमरी, वित्त नियंत्रक बी.एन. पांडे, संयुक्त निदेशक अजय अग्रवाल, उपनिदेशक शक्ति सिंह व एस.के. जैराज, सहायक निदेशक नीरज गुप्ता व दीप्ति जोशी, तथा सहायक लेखा अधिकारी हिमानी भट्ट उपस्थित रहे.

लालकुआँ तीन माह पहले भाई की रहस्यमय मौत, अब सड़क हादसे में गया दूसरा भाई – परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

0

लालकुआं – नगर क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब वन विकास निगम के डिपो संख्या-5 के सामने एक ओवरलोड डंपर ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में 35 वर्षीय इस्राईल पुत्र रईस अहमद, निवासी वार्ड नंबर-1 लालकुआं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस्राईल हल्दूचौड़ की ओर से बाइक द्वारा अपने एक साथी के साथ लालकुआं की तरफ आ रहा था। तभी सामने से तेज रफ्तार से आ रहे आरबीएम (रेता-बजरी) से लदे डंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि इस्राईल की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही नगर क्षेत्र से भारी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और सड़क पर जाम लग गया। लोगों ने डंपर चालक और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस के प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा अपनी टीम के साथ तुरंत हरकत में आए और भीड़ को शांत कराते हुए शव को कब्जे में लिया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि मृतक इस्राईल के छोटे भाई की भी मात्र तीन माह पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। परिजनों पर अब दोहरी विपत्ति टूट पड़ी है, जिससे पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में ओवरलोड डंपरों पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों पर रोक लगाई जा सके।

सीएम धामी ने पूर्व सैनिक सम्मेलन में की कई बड़ी घोषणाएं, एक क्लिक में जानें

0

सीएम धामी ने हल्द्वानी नैनीताल में पूर्व सैनिक सम्मेलन कार्यक्रम में शिरकत की.

हल्द्वानी: उत्तराखंड राज्य गठन की 25वीं वर्षगांठ पर प्रदेश सरकार इस वर्ष को रजत जयंती उत्सव के रूप में मना रही है. इस अवसर पर प्रदेश भर में राज्य सरकार कई कार्यक्रम आयोजित कर रही है. देहरादून से लेकर प्रत्येक जिलों में संबंधित विभाग कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं. आज हल्द्वानी में भी सैनिक कल्याण विभाग द्वारा पूर्व सैनिक सम्मेलन कार्यक्रम आयोजित हुआ. जिसमें लगभग दो से तीन हजार पूर्व सैनिकों समेत उनके परिजनों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया.

इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम में शिरकत करते हुए पूर्व सैनिकों पर पुष्प वर्षा भी की. उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आज वह इस कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं का अभिनंदन करते हैं. आज प्रदेश स्थापना के अवसर पर सैनिक कल्याण विभाग द्वारा पूर्व सैनिकों का सम्मेलन का आयोजन किया है. ऐसे कार्यक्रम में आना उनके लिए सौभाग्य की बात है. उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान सैनिकों से है. सैनिकों को देख कर ही वह बड़े हुए क्योंकि उनके पिता भी एक सैनिक थे.

उन्होंने कहा कि बर्फीले पहाड़ों की चोटियां हों या कश्मीर की घाटियां, हमारे सैनिकों ने अपना लहू बहा कर तिरंगे को लहराने का काम किया है. उन्होंने कहा कि देवभूमि आध्यात्मिकता की ही नहीं, बल्कि शौर्य, बलिदान, पराक्रम और कर्तव्यनिष्ठा की धरती है. यह वही धरती है, जहां हर घर से एक बेटा सरहद में तैनात है. उन्होंने कहा कि सैनिक की शहादत का कोई मोल नहीं होता है, लेकिन हमारी सरकार ने शहादत देने वाले वीर के परिवार की सहायता धनराशि को 10 लाख से बढ़ा कर 50 लाख रुपए कर दिया है. उन्होंने भूतपूर्व सैनिकों के दाह संस्कार के लिए 10 हजार रुपए की सहायता राशि देने का भी ऐलान किया.

उन्होंने कहा कि वीरता पुरस्कार से सम्मानित सैनिकों को मिलने वाली राशि में ऐतिहासिक वृद्धि की है. युद्ध विधवा और युद्ध अपंग सैनिकों को दो लाख रुपए आवासीय सहायता देने का निर्णय लिया है. उत्तराखंड ऐसा प्रदेश है जो सैनिकों को 25 लाख की संपत्ति खरीद पर स्टांप ड्यूटी पर 25 प्रतिशत की छूट दे रहा है. उत्तराखंड सरकार ने शहीद के परिवार से एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी में समायोजित करने का ही फैसला लिया है. शहीदों के सम्मान में सैन्य धाम बनाया जा रहा है. इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर भी हमला बोला है.

विकासनगर में लाखों की चरस के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार, कुंडली खंगाल रही पुलिस

0

देहरादून विकासनगर में एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स व पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है.

विकासनगर: उत्तराखंड में नशा तस्करी थमने का नाम नहीं ले रही है. आए दिन नशे के सौदागर पुलिस के हत्थे चढ़ रहे हैं. वहीं नशे के सौदागरों पर उत्तराखंड एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) का कड़ा प्रहार जारी है. एसटीएफ की एंटीनाकोटिक्स टास्क फोर्स ने थाना विकासनगर पुलिस के संयुक्त अभियान में लगभग डेढ़ किलो से अधिक चरस समेत तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया. जिसके बाद पुलिस पकड़े गए तस्करों की कुंडली खंगाल रही है. वहीं पकड़े गए चरस की कीमत अंतरराष्ट्रीय मार्केट में तीन लाख रुपए आंकी जा रही है. पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ उनका अभियान आगे भी जारी रहेगा.

पुलिस की सक्रियता से पकड़े गए तस्कर: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड को साल 2025 तक ड्रग्स फ्री करने के निर्देश दिए हैं. सीए धामी के इसी संकल्प को पूरा करने की दिशा में पुलिस लगातार नशा तस्करों पर शिकंजा कस रही है. वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ नवनीत सिंह भुल्लर द्वारा ड्रग्स के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए एंटी नाकोटिक्स टास्क फोर्स को उत्तराखंड के संवत जिलों में कड़ी निगरानी रखते हुए कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया गया है. इसी कड़ी के उत्तराखंड एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स द्वारा थाना विकास नगर देहरादून पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में 6 नवंबर की सुबह तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया.

पहाड़ी क्षेत्रों से सस्ते दाम में खरीदते थे तस्कर: पुलिस ने अनुसार थाना विकासनगर देहरादून क्षेत्र से तीन तस्करों दिनेश ग्राम जिसे घराना तहसील कालसी देहरादून, कुंदन चौहान, निवासी ग्राम सूरेऊ तहसील कालसी जिला देहरादून और पंकज निवासी ग्राम सूरेऊ तहसील कालसी जिला देहरादून को चरस के साथ अरेस्ट किया गया. आरोपियों के पास से 1.505 किलोग्राम चरस बरामद की गई. आरोपियों से पूछताछ में बताया गया कि वो यह चरस पहाड़ी क्षेत्रों से सस्ते दामों में लाकर विकासनगर क्षेत्र में ऊंचे दामों में बेचकर अधिक मुनाफा कमाते हैं. पकड़े गए चरस की कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई जा रही है.

पुलिस ने जारी किया नंबर: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ नवनीत सिंह भुल्लर ऑफिस नंबर जारी करते हुए जनता से नशे से दूर रहने की अपील की है. किसी भी प्रकार के लालच में ना आकर नशा तस्करी ना करें. नशा तस्करी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई हेतु तत्काल निकटतम पुलिस स्टेशन या एसटीएफ एएनटीएफ उत्तराखंड से संपर्क करें. कहा कि एसटीएफ लगातार ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत अपनी कार्रवाई जारी रखेगी. उन्होंने एसटीएफ के संपर्क 013 26565202,9412029536 नंबर जारी किए.