HomeDehardunदेहरादून डीएम का कलेक्ट्रेट में औचक निरीक्षण, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और...

देहरादून डीएम का कलेक्ट्रेट में औचक निरीक्षण, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और आपदा तैयारी पर जोर

देहरादून के जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों, रिकॉर्ड रूम और आपदा परिचालन केंद्र का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने जनसमस्याओं के समयबद्ध निस्तारण, कार्यालयों की स्वच्छता, रिकॉर्ड के सुव्यवस्थित रखरखाव और मानसून से पहले आपदा प्रबंधन तैयारियों को लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों को महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यालयों में अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आने वाले आमजन के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए और शिकायतों एवं प्रार्थना पत्रों का गुणवत्तापूर्ण तथा समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक फरियादी को त्वरित राहत उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने विभिन्न शाखाओं में पत्रावलियों और अभिलेखों के रखरखाव की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी दस्तावेजों और फाइलों को व्यवस्थित रूप से संरक्षित किया जाए ताकि आवश्यकता पड़ने पर अभिलेख तुरंत उपलब्ध हो सकें। साथ ही लंबित मामलों की नियमित समीक्षा और अनावश्यक देरी से बचने के निर्देश भी दिए।

रिकॉर्ड रूम के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रिकॉर्ड के डिजिटलीकरण और सुरक्षित संरक्षण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि अभिलेखों को श्रेणीवार और व्यवस्थित ढंग से रखा जाए, जिससे प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ सके।

कार्यालय परिसरों की साफ-सफाई व्यवस्था पर भी डीएम ने विशेष ध्यान दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और व्यवस्थित कार्यस्थल बेहतर कार्यसंस्कृति विकसित करने में अहम भूमिका निभाते हैं। संबंधित अधिकारियों को नियमित साफ-सफाई और कार्यालय परिसर को सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने आपदा परिचालन केंद्र का गहन निरीक्षण करते हुए जनपद के संवेदनशील क्षेत्रों, भूस्खलन प्रभावित इलाकों और दूरस्थ गांवों की जानकारी ली। मानसून को देखते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संवेदनशील क्षेत्रों की अद्यतन सूची, वैकल्पिक मार्ग, संचार व्यवस्था और राहत कार्यों की तैयारी पूरी तरह दुरुस्त रखी जाए।

डीएम डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ सतर्कता और तत्परता बनाए रखें, ताकि राहत एवं बचाव कार्य समय पर संचालित किए जा सकें।

latest articles

explore more