खटीमा में बोले सीएम धामी: मोदी सरकार के 12 सालों में भारत बना वैश्विक शक्ति, उत्तराखंड में विकास को मिली नई रफ्तार
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा के बग्घा चौवन में आयोजित “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” विशेष जनसंपर्क अभियान में हिस्सा लेते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विश्व मंच पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का छोलिया और थारू लोक संस्कृति की प्रस्तुतियों के साथ भव्य स्वागत किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के नए आयाम स्थापित किए हैं। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना, हर घर जल योजना और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाया है।
सीएम धामी ने कहा कि कोरोना महामारी के कठिन दौर में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया गया। भारत ने न केवल अपने नागरिकों को मुफ्त वैक्सीन दी, बल्कि दुनिया के कई देशों की भी मदद कर वैश्विक नेतृत्व का परिचय दिया।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है। युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया, जिसके परिणामस्वरूप नकल माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हुई है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार अब तक 33 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी और निष्पक्ष प्रक्रिया के तहत सरकारी नौकरियां दे चुकी है। सरकार का लक्ष्य विकास की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करना है।
सीएम धामी ने कहा कि बग्घा चौवन सहित सीमांत क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का संकल्प निश्चित रूप से साकार होगा और उत्तराखंड भी विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।
#PushkarSinghDhami #NarendraModi #ModiGovernment12Years #Khateema #BagghaChauvan #UttarakhandNews #BJP #ViksitBharat2047 #DhamiGovernment #UCCUttarakhand #AntiCopyingLaw #AyushmanBharat #PMModi #UttarakhandDevelopment #GovernmentJobs #HindiNews #GoogleDiscover #BreakingNews #Bhadas4India #UttarakhandPolitics

