मुख्यमंत्री धामी ने सतगुरु लाल दास महाराज के 51वें निर्वाण दिवस पर किया नमन, धर्म और संस्कृति संरक्षण का लिया संकल्प

0
3

मुख्यमंत्री धामी ने सतगुरु लाल दास महाराज के 51वें निर्वाण दिवस पर किया नमन, धर्म और संस्कृति संरक्षण का लिया संकल्प

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हरिद्वार के सप्तसरोवर रोड स्थित श्री ब्रह्म निवास आश्रम में पूज्य सतगुरु लाल दास महाराज के 51वें निर्वाण दिवस कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने संत समाज के योगदान को राष्ट्र निर्माण, धर्म संरक्षण और सामाजिक समरसता की प्रेरणा बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूज्य सतगुरु लाल दास महाराज ने अपने जीवन को सेवा, सत्य और भक्ति के मार्ग को समर्पित किया। उन्होंने समाज को जोड़ने और मानवता की सेवा का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि संतों का सानिध्य और उनका मार्गदर्शन समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करता है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय सनातन संस्कृति के पुनर्जागरण का स्वर्णिम काल है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और उज्जैन के महाकाल कॉरिडोर जैसे ऐतिहासिक कार्यों के साथ उत्तराखंड के धार्मिक स्थलों का भी तेजी से विकास किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वर्ष 2013 की आपदा के बाद केदारनाथ धाम का भव्य पुनर्निर्माण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में किया गया। इसके साथ ही मंदिर माला मिशन के तहत प्रदेश के विभिन्न मंदिरों का सौंदर्यीकरण और पुनर्निर्माण किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि केदारनाथ और हेमकुंड साहिब के लिए रोपवे परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है, जिससे बुजुर्गों और श्रद्धालुओं को कठिन पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने में बड़ी सुविधा मिलेगी। हरिद्वार गंगा कॉरिडोर, ऋषिकेश कॉरिडोर, आस्था पथ तथा शारदा और यमुना तट विकास परियोजनाएं भी तेजी से आगे बढ़ रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार देवभूमि उत्तराखंड की पवित्रता, सांस्कृतिक पहचान और मूल स्वरूप को सुरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्ध है। अवैध निर्माण और सामाजिक-सांस्कृतिक वातावरण को प्रभावित करने वाली गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि देहरादून में स्थापित हिंदू अध्ययन केंद्र के माध्यम से धर्म, संस्कृति, ज्ञान और अनुसंधान को बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक” विजन को साकार करने के लिए राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में सतगुरु चेतनानंद जी भूरी वाले ने संस्था द्वारा पिछले 57 वर्षों से संचालित अखंड भोजन सेवा और सामाजिक कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड में लागू कई नीतियों और कानूनों का देशभर में अनुसरण किया जा रहा है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रोहिल्ला, महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरि महाराज सहित अनेक संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here