जागेश्वर धाम में श्रावणी मेले का शुभारंभ, मुख्यमंत्री धामी ने की पूजा-अर्चना; 147 करोड़ के मास्टर प्लान से बदलेगी तस्वीर

0
1

अल्मोड़ा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम पहुंचकर पारंपरिक विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रावणी मेले 2026 का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की।

मुख्यमंत्री ने श्रावणी मेले के सफल एवं सकुशल आयोजन की मंगलकामना करते हुए प्रदेशवासियों तथा देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं को हरेला पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।

हरेला पर्व पर पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का संदेश

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं बल्कि प्रकृति संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और मानव तथा प्रकृति के अटूट संबंध का प्रतीक है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिकाधिक पौधरोपण करने और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जागेश्वर मंदिर परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

147 करोड़ रुपये से विकसित हो रहा जागेश्वर धाम

श्रावणी मेले के उद्घाटन अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि जागेश्वर मास्टर प्लान के तहत लगभग 147 करोड़ रुपये की लागत से मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। इस परियोजना में प्राचीन मंदिरों की मूल सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री के अनुसार इस परियोजना से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

पीएम मोदी के दौरे के बाद बढ़ा श्रद्धालुओं का आकर्षण

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जागेश्वर धाम आगमन के बाद देशभर के श्रद्धालुओं में इस पवित्र धाम के प्रति विशेष आकर्षण बढ़ा है। उन्होंने बताया कि पिछले दो महीनों में चार लाख से अधिक श्रद्धालु जागेश्वर धाम पहुंच चुके हैं, जिससे स्थानीय व्यापार, पर्यटन और स्वरोजगार को लाभ मिला है।

धार्मिक पर्यटन को नई दिशा देने पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक स्थलों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ते हुए उनकी मूल धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को अक्षुण्ण बनाए रखना है। डबल इंजन सरकार धार्मिक पर्यटन, कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से कार्य कर रही है।

उन्होंने श्रद्धालुओं से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और देवभूमि की सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु और जनप्रतिनिधि

श्रावणी मेले के शुभारंभ अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विधायक मोहन सिंह मेहरा, जिला पंचायत अध्यक्षा हेमा गैड़ा, मेयर अजय वर्मा, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के, जागेश्वर मंदिर समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here