मुख्यमंत्री धामी ने 180 नेचर गाइडों को रोजगार प्रमाण-पत्र दिए, बोले- उत्तराखंड के जंगलों और संस्कृति के ब्रांड एम्बेसडर हैं युवा

0
3

मुख्यमंत्री धामी ने 180 नेचर गाइडों को दी बधाई, बोले- रोजगार और रिवर्स पलायन का मजबूत माध्यम बन रहा ईको-टूरिज्म

देहरादून/रामनगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास सभागार से वर्चुअल माध्यम के जरिए तराई पश्चिमी वन प्रभाग, रामनगर के फांटो जोन में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान 180 प्रशिक्षित महिला एवं पुरुष नेचर गाइडों को रोजगार पंजीकरण प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

मुख्यमंत्री ने सभी युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह प्रमाण-पत्र केवल रोजगार का दस्तावेज नहीं, बल्कि उनकी मेहनत, कौशल और प्रकृति संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

नेचर गाइड आत्मनिर्भर उत्तराखंड की ताकत

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नेचर गाइड स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने के साथ-साथ आत्मनिर्भर उत्तराखंड के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से उन युवाओं की सराहना की जो रिवर्स पलायन कर अपने गांव लौटे हैं और पर्यटन आधारित रोजगार से जुड़कर नई पहचान बना रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यह केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि उत्तराखंड के गांवों में बढ़ते रोजगार और नई संभावनाओं का संकेत है।

फांटो जोन बना ईको-टूरिज्म का मॉडल

मुख्यमंत्री ने कहा कि रामनगर का फांटो जोन आज ईको-टूरिज्म और समुदाय आधारित पर्यटन का उत्कृष्ट उदाहरण बन चुका है। यहां की प्राकृतिक सुंदरता, जैव विविधता, घने जंगल और वन्यजीव देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि फांटो जोन तेजी से टाइगर साइटिंग डेस्टिनेशन के रूप में पहचान बना रहा है। यहां विकसित ट्री हाउस और प्रकृति आधारित पर्यटन गतिविधियां पर्यटकों को अनूठा अनुभव प्रदान कर रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों को भी आर्थिक लाभ मिल रहा है।

पर्यटन से मजबूत हो रही स्थानीय अर्थव्यवस्था

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पर्यटन को केवल भ्रमण तक सीमित नहीं रख रही, बल्कि इसे रोजगार, स्वरोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था से जोड़कर आगे बढ़ा रही है।

उन्होंने कहा कि ईको-टूरिज्म से होमस्टे संचालकों, महिला समूहों, वाहन चालकों, स्थानीय उत्पाद निर्माताओं और छोटे व्यापारियों को नए अवसर मिल रहे हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है।

रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार होमस्टे, एडवेंचर टूरिज्म, शीतकालीन पर्यटन, वेलनेस टूरिज्म, डेस्टिनेशन वेडिंग और आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा दे रही है।

उन्होंने बताया कि इन प्रयासों के परिणामस्वरूप राज्य में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। अब उत्तराखंड के गांव केवल पुरानी यादों का हिस्सा नहीं, बल्कि रोजगार और विकास की नई संभावनाओं के केंद्र बन रहे हैं।

जंगलों और संस्कृति के ब्रांड एम्बेसडर हैं नेचर गाइड

मुख्यमंत्री ने कहा कि नेचर गाइड का कार्य केवल पर्यटकों को जंगल घुमाना नहीं है। वे उत्तराखंड की संस्कृति, परंपरा, जैव विविधता और “अतिथि देवो भवः” की भावना के सच्चे प्रतिनिधि हैं।

उन्होंने कहा कि नेचर गाइड पर्यटकों को प्रकृति और वन्यजीवों के महत्व से परिचित कराते हैं तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मुख्यमंत्री ने सभी नेचर गाइडों और प्रदेशवासियों से प्रकृति संरक्षण, वन्यजीव सुरक्षा और स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here