HomeDehardunसीएचसी रायपुर और प्रेमनगर में शुरू हुई कार्डियक ओपीडी, ग्रामीण मरीजों को...

सीएचसी रायपुर और प्रेमनगर में शुरू हुई कार्डियक ओपीडी, ग्रामीण मरीजों को बड़ी राहत

सीएचसी रायपुर और प्रेमनगर में शुरू हुई कार्डियक ओपीडी, ग्रामीण मरीजों को बड़ी राहत

देहरादून में स्वास्थ्य सेवाओं को गांव और कस्बों तक पहुंचाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन की संयुक्त पहल से अब हृदय रोग के मरीजों को स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ परामर्श और जांच की सुविधा मिलने लगी है। इससे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को बड़े अस्पतालों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रायपुर और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रेमनगर में विशेषज्ञ कार्डियक ओपीडी शुरू की गई है। यहां मरीजों को कार्डियोलॉजिस्ट की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही मात्र 150 रुपये में ईसीजी जांच की सुविधा भी दी जा रही है। दोनों केंद्रों में अब तक 35 से अधिक मरीज ईसीजी जांच का लाभ उठा चुके हैं।

प्रेमनगर सीएचसी में प्रत्येक बुधवार तथा रायपुर सीएचसी में प्रत्येक शुक्रवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक हृदय रोग विशेषज्ञ मरीजों की जांच और परामर्श दे रहे हैं। इस नई व्यवस्था से दून और कोरोनेशन अस्पतालों पर मरीजों का दबाव कम होने की भी उम्मीद है।

पछवादून और परवादून क्षेत्र के लोगों के लिए यह सुविधा बड़ी राहत बनकर सामने आई है। अब उन्हें हृदय संबंधी जांच और उपचार के लिए शहर के बड़े अस्पतालों तक नहीं जाना पड़ रहा है।

जोगीवाला निवासी नीरज प्रसाद डबराल, जो अपनी माताजी के इलाज के लिए पहुंचे थे, ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह सुविधा गरीब और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही है। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों ने उनकी मां की जांच कर ईसीजी कराया, जिसकी रिपोर्ट सामान्य आई।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा ने बताया कि वेलमेड अस्पताल के हृदय रोग विशेषज्ञों के सहयोग से प्रेमनगर सीएचसी में अब तक तीन सफल ओपीडी संचालित की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि लोगों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और अब तक 100 से अधिक मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श दिया जा चुका है।

वहीं रायपुर सीएचसी में कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. नीलेश चंद्र पांडे ने बताया कि यहां भी लगातार तीन ओपीडी सफलतापूर्वक संचालित हुई हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है और जागरूकता बढ़ने के साथ अधिक लोग इस सुविधा का लाभ लेने पहुंचेंगे।

latest articles

explore more