Home Blog Page 74

‘केंद्र और राज्य सरकार मिलकर कर रहे हैं काम’:मथुरा दत्त जोशी बोले- सरकारी योजनाओं से मिल रहा सीधा लाभ

0

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी ने अल्मोड़ा में एक पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से उत्तराखंड तेजी से विकास कर रहा है। जोशी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की योजनाएं और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार का कार्य मिलकर प्रदेश को विकास की नई दिशा दे रहे हैं।

जोशी ने बताया कि केदारनाथ-बद्रीनाथ योजना, चारधाम सड़क सुधार परियोजना और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इन परियोजनाओं से राज्य में रोजगार और आय के नए अवसर भी सृजित होंगे।

उन्होंने केदारनाथ में चल रहे पुनर्निर्माण और प्राचीन स्वरूप के संरक्षण कार्यों की सराहना की। इसके साथ ही, बद्रीनाथ में सड़क, पार्किंग और अन्य यात्री सुविधाओं में लगातार सुधार किया जा रहा है। जोशी ने बताया कि सौंग, किसाऊ, लखवाड़-व्यासी और जमरानी जैसी लंबित जल एवं बिजली परियोजनाओं पर भी तेजी से कार्य प्रगति पर है।

‘जल जीवन मिशन’ के तहत पहाड़ी क्षेत्रों के गांवों तक नल से पानी पहुंचाया जा रहा है, जिससे महिलाओं का कार्यभार कम हुआ है। उन्होंने ‘किसान सम्मान निधि’, ‘फसल बीमा’, ‘ग्रामीण सड़क योजना’, ‘आयुष्मान योजना’ और ‘प्रधानमंत्री आवास योजना’ जैसी केंद्रीय योजनाओं का भी जिक्र किया। जोशी ने दावा किया कि इन योजनाओं से किसानों, गरीबों, महिलाओं और युवाओं को बड़ी सहायता मिली है। इससे गांवों में सड़क, स्वास्थ्य सेवाएं और आवास जैसी बुनियादी सुविधाएं मजबूत हुई हैं।

जोशी ने बताया कि नीति आयोग की रिपोर्ट में उत्तराखंड ने देश में पहला स्थान प्राप्त किया है, जो राज्य में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को दर्शाता है। खनन सुधारों से सरकार को राजस्व में वृद्धि हुई है। इसके अतिरिक्त, पर्यटन, मछली पालन और फिल्म से संबंधित योजनाओं के लिए राज्य को राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिले हैं।

उन्होंने जागेश्वर और चितई मंदिरों के विकास कार्यों का उल्लेख किया, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। अल्मोड़ा के स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और पारंपरिक वस्तुओं को देशव्यापी पहचान दिलाने की भी तैयारी चल रही है, जिससे कारीगरों और महिलाओं की आय में वृद्धि होगी। इस पत्रकार वार्ता में भाजपा के जिला अध्यक्ष महेश नयाल, महापौर अजय वर्मा, नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट, मीडिया प्रभारी मनीष जोशी, पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक सहित कई अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

महाराज ने गोवा के राज्यपाल का देवभूमि आगमन पर किया स्वागत

0

देहरादून। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने गोवा के राज्यपाल पुसापति अशोक गजपति राजू का देवभूमि उत्तराखंड आगमन पर स्वागत किया।

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने गोवा के राज्यपाल पुसापति अशोक गजपति राजू को उत्तराखंड में पर्यटन विभाग द्वारा संचालित योजनाओं से अवगत कराते हुए गोवा और उत्तराखंड के बीच पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने पर भी विस्तृत चर्चा की। उन्होंने उन्हें बताया कि ग्रीष्मकालीन चारधाम यात्रा के पश्चात सरकार ने 24 अक्टूबर 2025 से शीतकालीन यात्रा का श्री गणेश कर दिया है। चारों धामों के कपाट बंद होने के पश्चात परंपरागत रूप से चार धाम के शीतकालीन पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं के लिए पूजा अर्चना और दर्शनों के लिए सरकार ने विशेष प्रबंध किए हैं।

मोतीचूर रेंज में ट्रेन की टक्कर से शिशु हाथी की मौत, 2 घंटे प्रभावित रहा रेल यातायात, लोको पायलट पर मुकदमा

0

हाथियों के झुंड के रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान हुई घटना, लोको पायलट समेत दो पर मुकदमा

हरिद्वार: राजाजी टाइगर रिजर्व की मोतीचूर रेंज में एक हाथी के बच्चे की ट्रेन से कटकर दर्दनाक मौत हो गई. हाथी के बच्चे की मौत से राजाजी टाइगर रिजर्व प्रशासन में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही राजाजी टाइगर रिजर्व के अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. ट्रेन की टक्कर लगते ही हाथी का बच्चा गिर पड़ा और उसके ऊपर से ट्रेन की बोगी उतर गई. ट्रेन के नीचे हाथी के बच्चे का शव पड़ा रहा और करीब दो घंटे तक रेल यातायात प्रभावित रहा.

मोतीचूर रेलवे स्टेशन और रायवाला के बीच खड़खड़ी उत्तरी बीट की यह घटना है. अक्सर हाथी यहां से रेलवे ट्रैक को पार करते हैं. हादसा उस समय हुआ जब हाथियों का झुंड जंगल से निकलकर ट्रैक पार कर रहा था. तभी यहां से हावड़ा देहरादून एक्सप्रेस ट्रेन गुजर रही थी. टक्कर लगते ही शिशु हाथी ट्रेन के इंजन के नीचे फंस गया. बताया जा रहा है कि रफ्तार अधिक होने से चालक ब्रेक नहीं लगा सका और शिशु हाथी इंजन के नीचे आ गया. इस कारण उसकी मौके पर ही जान चली गई.

हादसे के चलते करीब दो घंटे तक रेल यातायात बाधित रहा. इसके कारण देहरादून हरिद्वार रूट पर कई ट्रेनें लेट हो गईं. सूचना पर राजाजी टाइगर रिजर्व और जीआरपी की टीमें मौके पर पहुंचीं. वनकर्मियों ने हाथी के बच्चे के शव को ट्रैक से हटवाया और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू करवाई. बताया जा रहा है कि चालक ने हाथियों के झुंड को देखकर इमरजेंसी ब्रेक लगाया, लेकिन दूरी कम होने के कारण हादसा नहीं टल सका. प्राथमिक जांच में सामने आया है कि धुंध के कारण घटना हुई है. धुंध अधिक होने के कारण हाथियों का झुंड दूर से नहीं दिख पाया था. पास आते ही इमरजेंसी ब्रेक लगाई, लेकिन शिशु हाथी रेलवे ट्रेक नहीं पार कर पाया. जबकि साथ में मौजूद चार अन्य हाथी रेलवे ट्रेक पार कर चुके थे.

5 से 7 साल के बीच थी शिशु हाथी की उम्र: राजाजी टाइगर रिजर्व के ACF अजय लिंगवाल ने बताया कि-

मृतक शिशु हाथी है, जिसकी उम्र करीब 5 से 7 साल के बीच है. ट्रेन से टक्कर लगकर हाथी की मौत हुई है. सूचना मिलते ही राजाजी टाइगर रिजर्व की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद हाथी के शव को ट्रैक से बाहर निकाला गया. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया है. वैसे तो उनकी टीम लगातार गश्त करती रहती है, इस हादसे के बाद गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं.

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हादसे से पहले ट्रेन की स्पीड निर्धारित स्पीड से ज्यादा थी. लापरवाही सामने आने पर राजाजी टाइगर रिजर्व प्रशासन की ओर से लोको पायलट खुशी राम मौर्य और सहायक लोको पायलट दीपक कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. मोतीचूर रेंज अधिकारी महेश सेमवाल ने बताया कि वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.

बनभूलपुरा: सुप्रीम कोर्ट फैसले से पहले सतर्कता, रेलवे अतिक्रमण मामले की कल सुनवाई

0

हल्द्वानी स्थित बनभूलपुरा क्षेत्र में आगामी दो दिसंबर को होने वाली सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई से पहले प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। रेलवे की भूमि पर अतिक्रमण से जुड़े इस बहुचर्चित मामले में सर्वोच्च न्यायालय कल सुनवाई करेगा, और संभव है कि अदालत अपना निर्णय भी सुना दे। मामले की संवेदनशीलता और संभावित स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने रविवार को क्षेत्र का दौरा कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

अधिकारियों ने बताया कि रेलवे ट्रैक से सटे क्षेत्र में वर्षों से रेलवे की भूमि पर बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हुआ है। रेलवे का कहना है कि बनभूलपुरा में लगभग 29 एकड़ जमीन पर करीब 4365 अतिक्रमणकारी बसे हुए हैं। कई वर्ष पहले रेलवे ने अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की थी, लेकिन मामला न्यायालय में चला जाने के कारण कार्रवाई रोकनी पड़ी थी।

सुनवाई से एक दिन पहले सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रविवार को बहुउद्देशीय भवन में एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में डीएम ललित मोहन रयाल ऑनलाइन शामिल हुए, जबकि रेलवे, आरपीएफ और अन्य विभागों के अधिकारियों ने भी भाग लिया।

एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कानून व्यवस्था को प्रभावित करने या सरकारी कार्रवाई में बाधा डालने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अवैध हथियार रखने, संसाधन जुटाने या अफवाह फैलाने वाले तत्वों से सख्ती से निपटा जाएगा।

उन्होंने बताया कि पर्याप्त संख्या में फोर्स तैनात की गई है और सुरक्षा उपकरण—जैसे हेलमेट, डंडे, बॉडी प्रोटेक्टर आदि—फोर्स को उपलब्ध करा दिए गए हैं। रेलवे ने भी अपने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है और सुनवाई वाले दिन आरपीएफ की विशेष तैनाती रहेगी।

बैठक में एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल, नगर निगम के अधिकारी, रेलवे इंजीनियरिंग टीमें, आरपीएफ के अधिकारी, वन विभाग और यूपीसीएल के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

प्रशासन ने रविवार को बनभूलपुरा को चार सेक्टरों में बांटकर व्यापक सत्यापन और चेकिंग अभियान चलाया। एएसपी लालकुआं दीपशिखा के नेतृत्व में हल्द्वानी, रामनगर और नैनीताल सर्किल के अधिकारियों ने इंदिरानगर, बड़ी रोड, छोटी रोड, शनिवार बाजार, ढोलक बस्ती, गफूर बस्ती, रेलवे स्टेशन परिसर और लाइन नंबर 1 से 18 तक सघन जांच की।

इस दौरान पुलिस ने लगभग 350–400 लोगों का सत्यापन किया। सत्यापन न मिलने पर 32 व्यक्तियों पर पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। यातायात नियमों के उल्लंघन पर 10 वाहन चालकों को चालान किया गया और नशे में वाहन चलाने पर एक वाहन सीज कर दिया गया।

एसएसपी ने बताया कि संवेदनशीलता को देखते हुए यह कार्रवाई एहतियातन की गई है ताकि किसी भी संभावित परिस्थिति में तुरंत प्रतिक्रिया दी जा सके।

रविवार को एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बनभूलपुरा के संभ्रांत लोगों और समुदाय प्रतिनिधियों के साथ शांति कमेटी की बैठक भी आयोजित की। बैठक में उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले का सभी को सम्मान करना चाहिए और किसी भी तरह के दुष्प्रचार या भ्रामक संदेशों से बचना अनिवार्य है।

उन्होंने सोशल मीडिया पर उकसाने वाली सामग्री पोस्ट या फॉरवर्ड न करने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि दुष्प्रचार करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी ने कहा कि अराजक तत्वों की पहचान में समुदाय की सामूहिक जिम्मेदारी अहम है और सबको मिलकर शांति बनाए रखनी होगी।

बैठक में मौजूद सामाजिक प्रतिनिधियों और पार्षदों—जैसे मोहम्मद नबी, मौलाना मुफीम कासमी, सलीम सैफी, इमरान खान, तस्लीम अंसारी और धर्मवीर—ने भी फैसले का सम्मान करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने का आश्वासन दिया। बैठक में एसडीएम राहुल शाह, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान और सीओ सिटी अमित कुमार सैनी भी उपस्थित रहे।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि प्रशासन सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रख रहा है और खुफिया तंत्र को सक्रिय कर दिया गया है। उन्होंने दोहराया कि अदालत के आदेशों के पालन में सभी से सहयोग की अपेक्षा है और शांति व्यवस्था को बिगाड़ने वालों पर किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

उत्तराखंड की 40 हजार आंगनबाड़ी बहनों को बड़ी सौगात! मानदेय बढ़ोतरी का प्रस्ताव तैयार—जल्द मिलेगी खुशखबरी

0

देहरादून। उत्तराखंड की 40 हजार से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग ने मानदेय बढ़ोतरी का प्रस्ताव तैयार कर लिया है। सूत्रों के अनुसार, मानदेय में 1600 रुपये तक की बढ़ोतरी की संभावना है।

किच्छा में सरकारी भूमि पर ड्रोन से अतिक्रमण चिन्हित:अवैध मस्जिद सील, बिजली कनेक्शन पर FIR के निर्देश

0

ऊधम सिंह नगर जिले के किच्छा में जिला विकास प्राधिकरण और पुलिस प्रशासन ने सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। इस दौरान ग्राम सिरोली में ड्रोन की मदद से अवैध कब्जों को चिन्हित किया गया। कार्रवाई के तहत सरकारी भूमि पर बनी एक अवैध मस्जिद को सील कर दिया गया और उसके बिजली कनेक्शन पर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए।

यह अभियान जिला विकास प्राधिकरण के वीसी जयकिशन, एडीएम पंकज उपाध्याय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा और एसडीएम गौरव पाण्डे की मौजूदगी में चलाया गया। अधिकारियों की टीम दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और ड्रोन उड़ाकर क्षेत्र के नक्शे का विस्तृत अवलोकन किया।

ड्रोन सर्वेक्षण के दौरान सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण को चिन्हित किया गया। अधिकारियों ने अतिक्रमणकारियों को तत्काल भूमि खाली करने का निर्देश दिया। इसी क्रम में, सरकारी भूमि पर अवैध रूप से निर्मित एक मस्जिद के प्रतिनिधियों को बुलाया गया। जब काफी देर तक कोई नहीं आया, तो टीम ने मस्जिद को सील कर दिया।

मस्जिद में लगे अवैध विद्युत कनेक्शन को गंभीरता से लेते हुए विद्युत अधिकारियों को इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नोटिस देने के बाद भी यदि भूमि खाली नहीं की गई, तो प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान क्षेत्रवासियों में हड़कंप मचा रहा। मौके पर किच्छा और पुलभट्टा थाने की पुलिस टीम के साथ-साथ भारी संख्या में विभागीय कर्मचारी भी मौजूद रहे, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

उत्तराखंड में 5 और 6 दिसंबर को बारिश का अलर्ट:पहाड़ी इलाकों में पारा गिरा, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में धुंध

0

उत्तराखंड में मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, राज्य में 5 और 6 दिसंबर को पर्वतीय क्षेत्रों में गर्जन के साथ हल्की बारिश और बर्फबारी होने का पूर्वानुमान भी जारी किया है। शुक्रवार रात से तापमान तेजी से गिर जाएगा और ठंड बढ़ेगी।

प्रदेश में आज यानी एक दिसंबर को पहाड़ी इलाकों में पारा गिरा है, जिससे सुबह और शाम को ठंड महसूस हो रही है। मौसम शुष्क रहने के कारण दिन के समय पर सामान्य से ज्यादा बना हुआ है। लेकिन दो दिन के बाद पारे में और गिरावट आ सकती है।

हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में हल्की धुंध दिखी। इस बीच कई जिलों में सुबह और शाम के समय कोहरा पड़ने की चेतावनी दी गई है। राज्य के मैदानी इलाकों में सुबह के समय उथला कोहरा या कुहासा छाए रहने की संभावना जताई गई है। राजधानी देहरादून में आसमान मुख्यतः साफ रहेगा। यहां का अधिकतम तापमान लगभग 26°C और न्यूनतम तापमान करीब 9°C रहने की संभावना है।

यहां सुबह और शाम को ठंड बढ़ने लगी है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी इसी तरह के शुष्क मौसम के बने रहने की संभावना जताई है।

कुछ दिनों तक मौसम साफ रहेगा

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। प्रमुख मौसम केंद्रों पर दर्ज तापमान रविवार को इस प्रकार रहा- देहरादून का अधिकतम तापमान लगभग 26.4°C और न्यूनतम तापमान करीब 8.3°C रहा, पंतनगर का अधिकतम तापमान लगभग 24.3°C और न्यूनतम तापमान करीब 5°C रहा।

तो वहीं मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान लगभग 23°C और न्यूनतम तापमान करीब 7.8°C रहा। नई टिहरी का अधिकतम तापमान लगभग 20.5°C और न्यूनतम तापमान करीब 6.4°C रहा।

बागेश्वर जिला अस्पताल में गर्भवती महिला की मौत, डॉक्टर ने गर्भपात की दवा खाने की पुष्टि की

0

बागेश्वर जिला अस्पताल में बेरीनाग से रेफर होकर आई 33 वर्षीय गर्भवती महिला कविता पाठक की मौत। डॉक्टर ने गर्भपात की दवा से अत्यधिक रक्तस्राव को बताया कारण। पुलिस ने शुरू की जांच।

बागेश्वर। जिला अस्पताल में रविवार सुबह इलाज के दौरान एक गर्भवती महिला की दुःखद मौत हो गई। 33 वर्षीय मृतक महिला कविता पाठक, पत्नी नरेश पाठक, निवासी संगोड़ कोटमन्या, थल की रहने वाली थीं। उन्हें गंभीर हालत में शनिवार देर शाम बेरीनाग अस्पताल से बागेश्वर जिला अस्पताल रेफर किया गया था, जहाँ उन्हें भर्ती कर उपचार शुरू किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और मामले की जाँच शुरू कर दी है। महिला का इलाज कर रही डॉक्टर रीमा उपाध्याय ने बताया कि कविता पाठक का गर्भ रुक गया था, जिसके बाद उन्होंने कथित तौर पर गर्भपात की दवा खा ली थी। इस कारण उन्हें अत्यधिक रक्तस्राव (Bleeding) हो रहा था।

डॉक्टर रीमा उपाध्याय ने स्पष्ट किया कि महिला की स्थिति बेहद नाज़ुक थी। टीम ने उन्हें बचाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ और अंततः उनकी मौत हो गई। इस घटना ने एक बार फिर असुरक्षित गर्भपात के खतरों को उजागर किया है।

जिला अस्पताल प्रबंधन ने तुरंत महिला की मौत की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव को अपने कब्ज़े में लिया और आगे की क़ानूनी जाँच शुरू कर दी है। मृतका के पहले से ही दो छोटे बच्चे हैं। इस मामले में पुलिस इस बात की जाँच कर रही है कि महिला ने यह दवा कहाँ से और किसके कहने पर ली थी। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह के चिकित्सकीय निर्णय, खासकर गर्भपात के लिए, हमेशा योग्य डॉक्टरों की सलाह लें और अस्पताल की सेवाओं का ही उपयोग करें।

मिस्टर उत्तराखंड–2025: 18 फाइनलिस्ट्स की शानदार रैंपवॉक

0

 

सिनमिट कम्युनिकेशंस द्वारा देहरादून के सेंट्रियो मॉल में आयोजित हुआ भव्य आयोजन,  विभिन्न जिलों से प्रतिभाओं ने किया प्रतिभाग

देहरादून। सिनमिट कम्युनिकेशंस की ओर से रविवार को कैंट रोड स्थित सेंट्रियो मॉल के स्काई लाउंज में मिस्टर उत्तराखंड–2025 (मिस्टर देहरादून–2025) का ग्रैंड फिनाले भव्य अंदाज़ में आयोजित किया गया। इस शानदार मंच पर 18 फाइनलिस्ट ने अलग-अलग राउंड में रैंप वॉक करते हुए दर्शकों और जजों का दिल जीत लिया।

इससे पहले हुए ऑडिशन राउंड में प्रदेशभर से सौ से अधिक युवाओं ने हिस्सा लिया था और अपनी-अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रविवार को आयोजित हुए ग्रैंड फिनाले में प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास से भरपूर अंदाज़ में रैंप वॉक कर अपनी स्टाइल, प्रेज़ेंस और ग्रूमिंग का परिचय दिया। विभिन्न डिजाइनर्स की ड्रेसेज पहनकर मॉडल्स ने फैशन और एलीगेंस का अनूठा संगम प्रस्तुत किया।

सिनमिट कम्युनिकेशंस के डायरेक्टर दलीप सिंधी ने बताया कि मिस्टर उत्तराखंड प्रतियोगिता के चौथे सीज़न की शुरुआत ऑडिशन राउंड से ही हो चुकी थी। इस दौरान पौड़ी, टिहरी, चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ सहित लगभग सभी जिलों से युवाओं ने भाग लिया, जो प्रदेश की प्रतिभा को एक बड़े मंच पर लाने का प्रयास है।

डायरेक्टर राजीव मित्तल ने कहा कि जिस तरह हर वर्ष मिस उत्तराखंड का आयोजन सफलतापूर्वक होता है, उसी तरह मिस्टर उत्तराखंड प्रतियोगिता भी निरंतर जारी रहेगी। उत्तराखंड की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें प्लेटफॉर्म देने के उद्देश्य से इस तरह के आयोजन किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में विभिन्न सब-कॉन्टेस्ट के बाद मिस्टर उत्तराखंड–2025 का ग्रैंड फिनाले आयोजित किया गया। इस आयोजन में प्रायोजक के रूप में शेखर बाय मयंक, सेंट्रियो मॉल, न्यू ईरा फोटो स्टूडियो और इंस्पिरेशन पीआर एंड इवेंट्स का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

जजेज पैनल में इंद्राणी पांधी, एनी सिंह, हिमानी रावत, कशिश गोयल, अनिल शर्मा और रितु बहुगुणा मौजूद रहे। इसके अलावा मिस उत्तराखंड–2025 स्मृति रावत, फर्स्ट रनरअप वैष्णवी लोहानी, सेकेंड रनरअप आंचल फरस्वान के साथ याशिका सिंह, आशी धीमान, भूमि शर्मा, कविता सती और अन्य फाइनलिस्ट भी कार्यक्रम में उपस्थित रहीं।

सीएससी केन्द्रों पर डीएम ने तरेरी नजर; एक और सीएसी सेन्टर पर जिला प्रशासन ने लगाया ताला; किया सील

0

 

जनसेवा केंद्र पर बिना आवेदकों के हस्ताक्षर के पाए गए दस्तावेज; पूछने पर जानकारी नहीं दे पाए सीएससी में कार्यरत स्टॉफ

तहसील परिसर स्थित रमन इन्टरप्राईजेज पर निरीक्षण के दौरान पाई गई अनियमियता

केंद्र में विभिन्न सेवाओं हेतु निर्धारित दर से अधिक शुल्क वसूली; अग्रिम आदेशों तक केंद्र संचालन किया बंद

उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी के नेतृत्व में जिला प्रशासन की कार्रवाई

जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले के सीएससी सेंटर में चल रहा है छापेमारी अभियान निरंतर रहेगा जारी; अनियमितता पाए जाने पर लगेगा ताला

देहरादून।, जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर जिला प्रशासन की टीम ने तहसील परिसर अवस्थित रमन एन्टरप्राईजेज, सीएससी सेंटर में औचक निरीक्षण एवं छापेमारी की कार्रवाई की। यह कार्रवाई उपजिलाधिकारी कुमकुम जोशी के नेतृत्व में की गई।
जिला प्रशासन द्वारा अनियमितता पाए जाने पर सीएससी सेंटर को सील करते हुए केंद्र पर ताला जड़ दिया है। निरीक्षण के दौरान केंद्र पर अनियमिताएं पाई गई ।

जनसेवा केंद्र पर विभिन्न योजनाओं के आवेदन अभिलेख पाए गए जिनमें आवेदकों के हस्ताक्षर नही थे। टीम द्वारा अभिलेखों के बारे में पूछे जाने पर सेंटर में मौजूद स्टॉफ जानकारी नहीं दे पाए साथ ही विभिन्न प्रमाण पत्र बनाने हेतु निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली करना पाया गया तथा 27 नवम्बर 2025 से दैनिक रजिस्टर अद्यतन नही किए जाने व अन्य कई अनियमितताएं पाई गई। जिस पर जिला प्रशासन द्वारा सेन्टर को सील करते हुए अग्रिम आदेशों तक केंद्र का संचालन बंद कर दिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले के सीएससी सेंटर में छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है सीएससी केन्द्रो पर अनियमितता पाए जाने पर ताला लगेगा।

निरीक्षण के दौरान टीम द्वारा केंद्र में संचालित विभिन्न सेवाओं, अभिलेखों, लेन-देन विवरणों तथा सेवा शुल्क आदि की गहन जांच की गई। जांच में कई अनियमितताएं, नियमों का अनुपालन न होना एवं सेवा प्रदायगी में गंभीर त्रुटियां पाई गईं। केंद्र संचालक द्वारा संतोषजनक उत्तर न दिए जाने एवं अनियमितताओं के प्रमाण मिलने पर प्रशासन ने देवभूमि सीएससी सेंटर को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जन-सेवा से जुड़े किसी भी केंद्र पर अनियमितता, उपभोक्ता शोषण या पारदर्शिता का अभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि “जनहित सर्वाेपरि है, और सेवाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु प्रशासन निरंतर सघन निरीक्षण अभियान जारी रखेगा।” इस कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक टीम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।