देहरादून की थाना बसंतविहार पुलिस ने एक शातिर मोबाइल झपटमार को गिरफ्तार किया है पुलिस ने पकडे गये आरोपी के पास से लुटा गया मोबाइल और घटना मे प्रयुक्त एक्टिवा भी बरामद कर लिया है आपको बता दे की दिनांक 07-02-26 को वादिनी सुमन कुमारी पुत्री भिखारी सैनी निवासी जनकपुरी नयागांव मूल पता दरभंगा मुस्तफापुर बिहार द्वारा थाना बसंतविहार पर प्रार्थना पत्र दिया कि दिनांक 6 फरवरी 26 की सांय वह शांतिकुंज वसंत विहार काम पर जा रही थी । इसी दौरान लाल रंग की स्कूटी सवार दो लड़कों द्वारा उसका मोबाइल REAL ME NOTE नीले रंग का छीन कर भाग गए। प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना बसंतविहार पर तत्काल अंतर्गत धारा 309(4) बीएनएस बनाम अज्ञात स्कूटी सवार अभियोग पंजीकृत किया गया।
घटना की संवेदनशीलता के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा घटना के अनावरण तथा अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु थाना बसंत विहार पर गठित पुलिस टीम को आवश्यक निर्देश दिए। दिए गए निर्देशों के अनुपालन में पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल एवं घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरो को चेक करते हुए संदिग्धों के संबंध में आवश्यक जानकारियां एकत्रित की गई । प्राप्त जानकारी के आधार पर सुरागरसी पतारसी करते हुए स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। साथ ही पूर्व में इस प्रकार के घटनाओं में प्रकाश में आए तथा जेल से छूट अभियुक्तों की वर्तमान स्थिति का भौतिक सत्यापन किया गया। साथ ही वादिनी द्वारा बताए गए हुलिए को सीसीटीवी कैमरा में आए फुटेज से मिलान कर अभियुक्त गणों की तलाश की गई ।
पुलिस टीम द्वारा किए जा रहे लगातार प्रयासों के परिणाम स्वरूप आज दिनाँक : 08-02-26 को चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर शास्त्रीनगर खाला जाने वाले रास्ते पर ट्रांसफार्मर के पास स्कूटी टीवीएस Antox संख्या Uk07 BQ 2212 चालक फैजल पुत्र हसनैन हाल निवासी प्रिंस चौक त्यागी रोड में को रोककर सख्ती से पूछताछ करने पर फैजल द्वारा बताया कि दिनांक 06-02-26 को वह उक्त स्कूटी से अपने दोस्त मनीष उर्फ काली निवासी अमृत विहार पटेल नगर के साथ बसंत विहार चकराता रोड में घूम रहे थे की वसंत विहार क्षेत्र से शाम के समय हम एक लड़की जो अकेले जा रही थी के साथ मारपीट कर उसका मोबाइल छीन कर भाग गए। फैजल के कब्जे से घटना में लूटा गया मोबाइल फोन बरामद हुआ अभियुक्त द्वारा बताया कि वह नशे का आदी है तथा उसका दोस्त मनीष उर्फ काली निवासी अमृत विहार पटेल नगर भी नशे का आदी है दोनों नशे की पूर्ति के लिए उनके द्वारा उक्त घटना को अंजाम दिया गया था। अभियुक्त को घटना में प्रयुक्त स्कूटी एवं लूटे गए मोबाइल के साथ धारा 309(4)/317(2) BNS के अंतर्गत गिरफ्तार किया गया।
देहरादून: बसंत विहार पुलिस ने मोबाइल झपटमार फैज़ल को दबोचा, मोबाइल व स्कूटी बरामद
देहरादून में सड़कों की खुदाई पर डीएम का बड़ा एक्शन! 7 एजेंसियों के परमिट रद्द, मचा हड़कंप
देहरादून। विकास के नाम पर सड़कों को बेतरतीब ढंग से खोदने और साइट पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी किए जाने पर जिलाधिकारी सविन बंसल का सब्र जवाब दे दिया। जिलाधिकारी बंसल की बार बार की हिदायत को नजरअंदाज किए जाने के बाद प्रशासन ने रोड में लगीं सात एजेंसियों की अनुमति रद्द कर दी है। अब ये एजेंसी फिलहाल आगे सड़कों की खोदाई नहीं कर पाएंगी।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि प्रशासन की क्यूआरटी ने समय समय पर निरीक्षण में पाया कि निर्माण स्थलों पर बैरिकेडिंग और अन्य सुरक्षा मानकों का घोर अभाव है। इसके लिए लापरवाह एजेंसियों के विरुद्ध एफआइआर और दंडात्मक कार्रवाई की गई। जब इसके बाद भी सुधार नजर नहीं आया तो रोड कटिंग की अनुमति निरस्त करने के अतिरिक्त कोई अन्य विकल्प नहीं था।
लोनिवि और राजमार्ग अधिकारी 10 दिन में सड़क करेंगे दुरुस्त
रोड कटिंग की सभी अनुमति निरस्त किए जाने के साथ ही जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, नगर निगम और सड़क निर्माण से जुड़ी अन्य एजेंसियों को निर्देश दिए कि वह 10 दिन के भीतर सड़कों को पूर्व की स्थिति में ले आएं। मरम्मत कार्य में किसी तरह की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उत्तरायणी कौथिक महोत्सव के समापन में पहुंचे CM धामी, सांस्कृतिक मंच से दिया बड़ा संदेश
देहरादून : परेड ग्राउंड में सेवा संकल्प फाउंडेशन द्वारा आयोजित चार दिवसीय उत्तरायणी कौथिक महोत्सव के समापन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने लोक कलाकारों, साहित्यकारों, कला प्रेमियों और बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों का अभिवादन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह महोत्सव उत्तराखंड की समृद्ध लोक-सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का सराहनीय प्रयास है। उन्होंने सेवा संकल्प फाउंडेशन और इसकी संस्थापक गीता धामी सहित आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनते हैं।
उन्होंने जागर, मांगल, छोलिया, पांडव नृत्य और झोड़ा-छपेली जैसे लोकनृत्यों व लोकगीतों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान हैं जिन्हें संरक्षित करना सामूहिक जिम्मेदारी है। महोत्सव में लगे स्टॉलों पर पारंपरिक हस्तशिल्प, जैविक उत्पाद और स्थानीय व्यंजनों की प्रस्तुति की भी उन्होंने सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ‘विकल्प रहित संकल्प’ के साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। लोक कलाकारों की आर्थिक सहायता, पेंशन योजना तथा गुरु-शिष्य परंपरा के माध्यम से प्रशिक्षण जैसी योजनाएं इसी दिशा में उठाए गए कदम हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य में ‘एक जनपद दो उत्पाद’ योजना और ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को पहचान मिल रही है। नई पर्यटन नीति, होमस्टे योजना, स्टार्टअप प्रोत्साहन और स्वरोजगार योजनाओं से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने राज्य की विकास उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि पलायन निवारण आयोग की रिपोर्ट के अनुसार उत्तराखंड में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। किसानों की आय बढ़ाने, पर्यटन विकास, स्टार्टअप प्रोत्साहन और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस जैसे क्षेत्रों में राज्य ने राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि लोक संस्कृति केवल परंपरा नहीं…बल्कि समाज की आत्मा है। नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ना समय की आवश्यकता है।
इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े लोग मौजूद रहे। समारोह का समापन लोक प्रस्तुतियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ…जिसने दर्शकों को उत्तराखंड की लोक विरासत की समृद्ध झलक प्रदान की।
सरकारी योजनाओं में सैनिक बनेंगे स्टॉकहोल्डर:नए साल में होगा क्रियान्वित, पूर्व सैनिक मिलन समारोह CM धामी ने घोषणा की
देहरादून के हाथीबड़कला में CM पुष्कर सिंह धामी ने सरकारी योजनाओं और अपनी कमेटियों में सैनिकों को स्टॉकहोल्डर बनाने की घोषणा की। उन्होंने यह बात पूर्व सैनिकों के एक मिलन समारोह में कही। उन्होंने कहा, राज्य की रजत जयंती के अवसर पर कई निर्णय लिए हैं, जल्द ही उन्हें आगे बढ़ाएंगे। ताकि उत्तराखंड भारत का श्रेष्ठ राज्य बने। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर भी निशाना साधा।
कुछ पार्टियां सेना से सबूत मांगती हैं
CM ने कहा, आज हमारे सैनिक इतने पराक्रमी हैं, उनके परिवार अनुशासन से काम करते हैं, इतनी जीवटता से काम करते हैं, अपने बच्चों को छोड़कर सेना युद्ध के मैदान में जाती है। सोचती नहीं, कि आगे क्या होगा। उनके लिए केवल देश पहले होता है। देश की सेना सर्जिकल स्ट्राइक करती है, ऑपरेशन सिंदूर चलाकर दुश्मनों के आंतकवादी अड्डो को नेस्तनाबूत करती है, लेकिन कुछ लोग उन पर भी प्रश्न चिह्न खड़ा कर देते हैं, सेना से सबूत मांगते हैं। हमारा विरोध करिए, पार्टी का विरोध करिए कोई बात नहीं, लेकिन सेना और देश का विरोध न करें। ऐसे लोग दूसरे मंचों पर जाकर भारत की कमियां गिनाते हैं। जबकि देश प्रथम होता है, दल और संगठन बाद में होता है।
मुझे सेना के बीच में मिला संस्कार
CM ने कहा, बच्चे को पहला संस्कार माता-पिता देते हैं, लेकिन मुझे वह भी सेना के बीच में मिले। दरअसल, उनके पिता भी सेना में थे। उन्होंने कहा, सेना से अनुशासन से सीखा है। सुबह जल्दी जागना, परेड में जाना इत्यादि। इस दौरान उन्होंने अपने पिता के आखिरी दिनों का स्मरण किया। उन्होंने कहा, पिता के देहांत के एक-दो महीने बाद ही उन्हें CM की जिम्मेदारी मिल गई थी। उन्होंने कहा, वह सेना से संंबंधित हर कार्यक्रम में जाते हैं।
28 शहीद के परिजनों को मिला रोजगार
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा, सैनिक और पूर्व सैनिक देश की शान हैं, जिनके त्याग, बलिदान और अनुशासन के कारण आज भारत सुरक्षित और सशक्त है। उन्होंने कहा, सीमा पर देश की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त होने वाले जवानों के परिजनों को सरकारी नौकरी प्रदान करने का संवेदनशील और ऐतिहासिक निर्णय धामी सरकार ने लिया है। अब तक 28 शहीद सैनिकों के परिजनों को सरकारी सेवा में रोजगार प्रदान किया जा चुका है, जो सरकार की सैनिक परिवारों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
नव वर्ष पर परिवहन विभाग का सख्त प्रवर्तन अभियान: 830 वाहनों की जांच, ओवर-स्पीडिंग में 227 चालान, नशे में ड्राइविंग पर 25 गिरफ्तार
नव वर्ष के अवसर पर पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण हेतु परिवहन विभाग द्वारा ओवर-स्पीडिंग एवं नशे का सेवन कर वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया।
अभियान के अंतर्गत जनपद देहरादून, हरिद्वार, टिहरी एवं उत्तरकाशी में कुल 830 वाहनों एवं चालकों की जांच की गई। जांच के दौरान ओवर-स्पीडिंग करते पाए जाने पर 227 वाहनों के चालान किए गए। वहीं, नशे का सेवन कर वाहन चलाने के मामलों में 25 चालकों को गिरफ्तार कर पुलिस की सुपुर्दगी में दिया गया, तथा संबंधित वाहनों को चालान कर सीज किया गया।
इसके अतिरिक्त, 02 बसों की यांत्रिक एवं भौतिक स्थिति असंतोषजनक पाए जाने पर यात्रियों की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए उनकी फिटनेस निरस्त की गई।
आरटीओ (प्रवर्तन) डॉ0 अनीता चमोला ने बताया कि नशे का सेवन कर वाहन चलाने वाले चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई भी नियमानुसार की जाएगी।
अभियान के तहत सर्वाधिक कार्रवाई हरिद्वार जनपद में की गई, जहाँ नशे में वाहन चलाने पर 22 चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई तथा ओवर-स्पीडिंग के 118 चालान किए गए।
परिवहन विभाग द्वारा आगे भी इस प्रकार के सघन अभियान जारी रखे जाएंगे, जिससे सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
DM सविन बंसल की सख्ती से ISBT जाम से राहत
DM सविन बंसल की सख्ती से ISBT जाम से राहत
जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर आईएसबीटी क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही यातायात जाम की समस्या पर बड़ी कार्रवाई की गई है। लंबे समय से बंद पड़ा आईएसबीटी का निकासी गेट पुनः खोल दिया गया, साथ ही गेट पर बने अवैध व अस्थायी निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
निकासी गेट बंद रहने को लेकर डीएम ने सख्त नाराजगी जताते हुए तुरंत गेट खोलने के निर्देश दिए, जिसके बाद यातायात संचालन में स्पष्ट सुधार देखने को मिल रहा है।
अब दिल्ली, उत्तर प्रदेश और चंडीगढ़ की ओर जाने वाली बसें इसी निकासी गेट से सुचारु रूप से बाहर निकल रही हैं, जिससे आईएसबीटी परिसर आसपास के क्षेत्रों में ट्रैफिक दबाव कम हुआ है।
निरीक्षण के दौरान डीएम के निर्देश पर एनएच का पुराना खाली कार्यालय भवन ध्वस्त किया गया फ्लाईओवर के नीचे अव्यवस्थित कट बंद कर सुरक्षित कट बनाने के निर्देश सड़क किनारे खाली भूमि पर टाइल्स बिछाकर पार्किंग निर्माण शुरू जिलाधिकारी ने सभी कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि आमजन को स्थायी राहत मिल सके।
डीएम की सख्ती रंग लाई: वर्षों बाद खुला आईएसबीटी निकासी गेट, दिल्ली-यूपी सहित अन्य राज्यों की बसों को मिली सुगम आवाजाही
उत्तराखंड में 65% मतदाताओं की हो चुकी मैपिंग, 10 जनवरी तक बढ़ा BLO आउटरीच अभियान
जिन मतदाताओं की उम्र 38 साल या उससे अधिक है, उनके नाम 2003 की मतदाता सूची में दर्ज हैं, उनकी सीधे बीएलओ एप से मैपिंग
देहरादून: उत्तराखंड में होने वाले आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से पहले प्री विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया जारी है. इसके तहत प्रदेश भर में बीएलओ आउटरेज अभियान चलाया जा रहा है. वर्तमान समय तक प्रदेश में 65 फीसदी मतदाताओं की मैपिंग की जा चुकी है. ऐसे में उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से प्रदेश में चल रहे बीएलओ आउटरीच अभियान को आगामी 10 जनवरी तक बढ़ा दिया गया है, ताकि अधिक से अधिक मतदाताओं तक बीएलओ पहुंच सकें.
प्रदेश में इन दिनों प्री-एसआईआर गतिविधियों के तहत हर मतदाता तक पहुंच, समन्वय और संवाद स्थापित किया जा रहा है. इस अभियान के तहत वर्तमान मतदाताओं की 2003 की मतदाता सूची से मैपिंग की जा रही है. वर्तमान में प्री एसआईआर अभियान में करीब 65 प्रतिशत मतदाताओं की 2003 की मतदाता सूची से मैपिंग भी कर दी गई है. वहीं, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जन सामान्य से बीएलओ को अपेक्षित जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की है. उन्होंने कहा कि हर मतदाता के मताधिकार की सुरक्षा के लिए बीएलओ की ओर से हर मतदाता से समन्वय, संवाद और पहुंच सुनिश्चित की जा रही है.
सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास ने कहा कि-
भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के क्रम में मुख्य निर्वाचन अधिकारी बीवीआरसी पुरुषोत्तम की पहल पर 1 दिसंबर 2025 से बीएलओ आउटरीच अभियान चलाया जा रहा है. इस अभियान में जुड़े ईआरओ, बीएलओ और फील्ड ऑफिसर्स की मेहनत से बेहद कम समय में ही करीब 65 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग की जा चुकी है. मतदाताओं की सुविधा को देखते हुए इस अभियान को 10 जनवरी तक चलाने का निर्णय लिया गया है.
-मस्तू दास, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी-
साथ ही सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास ने कहा कि प्री-एसआईआर फेज में वर्तमान मतदाता सूची में प्रदेश के जिन मतदाताओं की उम्र 38 साल या उससे अधिक है और उनके नाम 2003 की मतदाता सूची में दर्ज हैं, उनकी सीधे बीएलओ एप से मैपिंग की जा रही है. इसके साथ ही प्रदेश के ऐसे मतदाता जिनके नाम 2003 की मतदाता सूची में किसी कारणवश नहीं हैं और उनके माता-पिता का नाम 2003 की मतदाता सूची में है, तो उनके माता-पिता या फिर दादा-दादी के नाम के आधार पर उनकी प्रोजनी के रूप में ऐसे मतदाताओं की मैपिंग की जा रही है. साथ ही बताया कि साल 2003 की मतदाता सूची www.ceo.uk.gov.in एवं www.voters.eci.gov.in पर सर्च की जा सकती है.
अल्मोड़ा सड़क हादसे की मजिस्ट्रियल जांच होगी:भिकियासैंण में बस गिरने से सात लोगों की हुई थी मौत, 15 दिन में सौंपनी होगी रिपोर्ट
भिकियासैंण तहसील क्षेत्र में हुई वाहन दुर्घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं। जिला मजिस्ट्रेट अंशुल सिंह ने बताया कि यह दुर्घटना 30 दिसंबर 2025 को सुबह लगभग 7:30 बजे हुई थी।
सेलापानी के पास विनायक–भिकियासैंण मोटर मार्ग पर वाहन संख्या यूके 07 पीए 4025 अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में कुल 19 लोग सवार थे।
दुर्घटना में 7 व्यक्तियों की मृत्यु हो गई, जबकि 12 लोग घायल हुए हैं। दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला मजिस्ट्रेट ने मामले की मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश दिए हैं।
दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए उप जिला मजिस्ट्रेट, भिकियासैंण को जांच अधिकारी नामित किया गया है। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि वे दुर्घटना के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच करें।
जांच अधिकारी को दुर्घटना के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच कर 15 दिन के भीतर अपनी स्पष्ट रिपोर्ट जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय को उपलब्ध करानी होगी।
उत्तराखंड में वाहन स्क्रैप कराना फायदे का सौदा, नई गाड़ी खरीदने पर टैक्स में मिलेगी 50 प्रतिशत की छूट
देहरादून: उत्तराखंड में पुराने वाहनों को स्क्रैप करने और समान श्रेणी के नए वाहनों के रजिस्ट्रेशन पर भारी भरकम छूट दी जाएगी. इस संबंध में परिवहन विभाग के आयुक्त बृजेश कुमार संत ने अधिसूचना जारी कर दी है. जारी अधिसूचना के अनुसार गैर परिवहन और परिवहन पुराने वाहनों को स्क्रैप करने और समान श्रेणी के नए वाहनों का रजिस्ट्रेशन के समय मोटर व्हीकल टैक्स में 50 फीसदी की छूट दी जाएगी.
परिवहन विभाग की ओर से अधिसूचना जारी होने के साथ ही ये व्यवस्था प्रदेश में लागू हो गई है. हालांकि, इस योजना का लाभ उठाने के लिए रजिस्टर्ड वाहन स्क्रैपिंग केंद्र से वाहन को स्क्रैप कराकर सर्टिफिकेट लेना अनिवार्य होगा.
दरअसल, उत्तराखंड परिवहन विभाग की ओर से बीएस 3 और बीएस 4 वाहनों के लिए पहले से ही एक योजना संचालित की जा रही है, जिसके तहत अगर बीएस-थ्री और बीएस-चार कमर्शियल वाहनों को स्क्रैप किया जाता है तो उन्हें नए वाहन खरीदने पर 15 फीसदी टैक्स में छूट है. बीएस- 3 और बीएस- 4 निजी वाहनों को स्क्रैप करने व नए वाहन खरीदने पर 25 फ़ीसदी की टैक्स में छूट दी जा रही है. ऐसे में अब परिवहन विभाग ने इसी योजना में बीएस- 1 और बीएस- 2 वाहनों को भी शामिल कर दिया है. इसके तहत अगर इस श्रेणी के निजी एवं कमर्शियल वाहन स्क्रैप कराए जाते हैं तो समान श्रेणी के नए वाहन खरीद पर टैक्स में 50 फ़ीसदी की छूट दी जाएगी.
इसके साथ ही बीएस- 2 श्रेणी के सभी मध्यम और भारी माल वाहनों व सभी मध्यम और भारी यात्री वाहनों को स्क्रैप करने व अन्य वाहनों को खरीदने पर टैक्स में 50 फ़ीसदी की छूट दी जाएगी. उत्तराखंड परिवहन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार उत्तराखंड राज्य में वर्तमान समय में बीएस-1 श्रेणी के 14789 वाहन अभी भी रजिस्टर्ड है, जिसमें 785 कमर्शियल वाहन और 14004 निजी वाहन शामिल है.
इसके अलावा उत्तराखंड में बीएस-2 श्रेणी के मध्यम और भारी माल वाहनों की संख्या 2888 और मध्यम व भारी यात्री वाहनों की संख्या 494 है. यानी बीएस-2 श्रेणी में 3382 वाहन शामिल है. ऐसे में इन सभी वाहनों को स्क्रैप करने और नए वाहनों के रजिस्ट्रेशन के दौरान वाहन स्वामियों को टैक्स में 50 फ़ीसदी की छूट दी जाएगी.
वहीं, ज्यादा जानकारी देते हुए अपर परिवहन आयुक्त सनत कुमार सिंह ने कहा कि बीएस-1 और बीएस-2 वाहनों को शामिल किया गया है. इस योजना के तहत बीएस-1 वाले कोई भी वाहन और बीएस-2 वाले सभी मध्यम और भारी वाहन स्क्रैप कराए जाते हैं, और समान श्रेणी के वाहन खरीदते हैं तो उन्हें टैक्स में 50 फीसदी की छूट दी जाएगी.
अधिसूचना के अनुसार कमर्शियल वाहनों को अगले 8 सालों तक टैक्स में 50 फीसदी की छूट दी जाएगी. इसी तरह निजी वाहनों को अगले 15 सालों तक टैक्स में 50 फ़ीसदी की छूट दी जाएगी. साथ ही बताया कि पहले से ही एक सुविधा चली आ रही है, जिसके तहत बीएस-2 वाहनों के बाद यानी बीएस-3 और बीएस- 4 वाहनों के स्क्रैप करने पर कमर्शियल वाहनों को 15 फ़ीसदी की छूट दी जा रही है. इसी तरह बीएस-2 वाहनों के बाद यानी बीएस-3 और बीएस- 4 वाहनों के स्क्रैप करने पर निजी वाहनों को 25 फ़ीसदी की छूट दी जा रही है.











