देहरादून। उत्तराखंड में 20 आईपीएस के तबादले किए हैं, जिनमें 8 जिलों के एसएसपी भी बदले गए हैं। हरिद्वार, देहरादून, उधमसिंहनगर, पिथौरागढ, चंपावत, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, अल्मोडा के एसएसपी बदले है।
हरिद्वार के एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल को देहरादून का एसएसपी बनाया है। जबकि एसटीएफ के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर को हरिद्वार का एसएसपी बनाया गया है।
चंपावत के एसएसपी अजय गणपति कुम्भार को उधमसिंह नगर का एसएसपी बनाया है। उधमसिंहनगर के एसएसपी मणिकांत मिश्रा को पुलिस अधीक्षक अभिसूचना बनाया है।
अभिसूचना पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार राय को पुलिस अधीक्षक सीबीसीआईडी बनाया है। पिथौरागढ की एसपी रेखा यादव को चंपावत का एसपी बनाया है। रुद्रप्रयाग के एसपी अभय प्रहालाद कोंडे को पिथौरागढ़ का एसपी बनाया है।
निहारिका तोमर को रुद्रप्रयाग का एसपी बनाया है। जितेंद्र कुमार मेहरा को बागेश्वर का एसपी बनाया है। हरिद्वार में एसपी निशा यादव को हरिद्वार में यातायात और क्राइम की जिम्मेदारी दी गई है।
देहरादून के एसएसपी अजय सिंह को एसटीएफ का एसएसपी बनाया है। चंद्रशेखर आर घोडके को अल्मोडा का एसएसपी बनाया है। अल्मोडा के एसएसपी देवेंद्र पींचा को 31वीं वाहिनी पीएससी रुद्रपुर का सेनानायक बनाया है
मनोज ठाकुर को कोटद्वार में अपर पुलिस अधीक्षक बनाया है। चंद्रमोहन सिंह को अभिसूचना देहरादून भेजा है।
निहारिका कुकरेती को एसडीआरएफ का पुलिस महानिरीक्षक और प्रल्हाद नारायण मीणा को पुलिस उप महानिरीक्षक सतर्कता मुख्यालय बनाया है। यशवंत सिंह को पीटीसी नरेंद्रनगर का प्रधानाचार्य बनाया है। प्रदीप कुमार राय को सीबीसीआईडी का पुलिस अधीक्षक बनाया है।
20 आईपीएस के तबादले, नवनीत सिंह भुल्लर को बनाया हरिद्वार का एसएसपी
उत्तराखंड हादसा: तीनधारा के पास अनियंत्रित वाहन नदी में गिरा
ऋषिकेश बदरीनाथ हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा हुआ है. जहां तीनधारा क्षेत्र में एक पिकअप वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर अलकनंदा नदी में जा गिरा. वाहन में 3 लोग सवार बताए जा रहे हैं. फिलहाल, एसडीआरएफ की टीम नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है. साथ ही वाहन चालक और सवारों की जानकारी जुटाई जा रही है.
दरअसल, टिहरी जिला कंट्रोल रूम से एसडीआरएफ यानी राज्य आपदा मोचन बल को सड़क हादसे की सूचना मिली. जिसमें बताया गया कि तीनधारा क्षेत्र में सैनिक होटल के पास एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर नदी में गिर गया है.
सूचना मिलते ही सब इंस्पेक्टर सावर सिंह के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई. घटनास्थल पर पहुंचने पर रेस्क्यू टीम ने देखा कि वाहन नदी में गिर चुका है, लेकिन दिखाई नहीं दे रहा. इसके साथ ही ढालवाला पोस्ट से एसआई दीपक जोशी के नेतृत्व में भी टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई.
उत्तराखंड में आंदोलनकारियों को बड़ा तोहफा: पेंशन में बढ़ोतरी, शहीद परिवारों के लिए भी राहत की घोषणा!
देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने राज्य आंदोलनकारियों और उनके परिजनों के लिए बड़ा निर्णय लेते हुए विभिन्न श्रेणियों की मासिक पेंशन में बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में लिया गया यह फैसला राज्य निर्माण आंदोलन से जुड़े लोगों के त्याग और बलिदान के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक माना जा रहा है। सरकार के इस निर्णय से हजारों आंदोलनकारियों और उनके आश्रितों को सीधा लाभ मिलेगा।
राज्य सरकार के आदेश के अनुसार, उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान सात दिन तक जेल गए या आंदोलन में घायल हुए आंदोलनकारियों की मासिक पेंशन ₹6000 से बढ़ाकर ₹7000 कर दी गई है। यह फैसला उन लोगों के लिए राहत लेकर आया है जिन्होंने राज्य निर्माण की लड़ाई में सक्रिय भूमिका निभाई और कठिन परिस्थितियों का सामना किया। जेल गए या घायल श्रेणी से अलग अन्य राज्य आंदोलनकारियों की पेंशन में भी वृद्धि की गई है। इस श्रेणी के आंदोलनकारियों को अब ₹4500 की जगह ₹5500 प्रतिमाह पेंशन दी जाएगी। सरकार का मानना है कि राज्य आंदोलन में योगदान देने वाले सभी लोगों को समान रूप से सम्मान और सहयोग मिलना चाहिए।
दिव्यांग और बेडरिडन आंदोलनकारियों के लिए विशेष राहत
सबसे महत्वपूर्ण निर्णय उन आंदोलनकारियों के लिए लिया गया है, जो आंदोलन के दौरान गंभीर रूप से घायल होकर पूर्ण रूप से शय्याग्रस्त (बेडरिडन) हो गए थे। ऐसे आंदोलनकारियों की विशेष पेंशन ₹20,000 से बढ़ाकर ₹30,000 प्रतिमाह कर दी गई है। सरकार ने यह वृद्धि उनके चिकित्सा, देखभाल और बढ़ते खर्चों को ध्यान में रखते हुए की है, ताकि उन्हें बेहतर जीवनयापन में सहायता मिल सके।
पेंशन में बड़ी बढ़ोतरी
राज्य आंदोलन में शहीद हुए आंदोलनकारियों के परिवारों के लिए भी सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। पहले जहां शहीदों के आश्रितों को ₹3000 प्रतिमाह पेंशन मिलती थी, अब इसे बढ़ाकर ₹5500 कर दिया गया है। यह निर्णय शहीदों के परिवारों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता और जिम्मेदारी को दर्शाता है।
बढ़ी हुई पेंशन पर एक नजर
घायल या जेल गए आंदोलनकारियों की पेंशन ₹6000 से बढ़कर ₹7000
अन्य आंदोलनकारियों की पेंशन ₹4500 से बढ़कर ₹5500
दिव्यांग/बेडरिडन आंदोलनकारियों की पेंशन ₹20,000 से बढ़कर ₹30,000
शहीद आंदोलनकारियों के आश्रितों की पेंशन ₹3000 से बढ़कर ₹5500
सीएम धामी ने आंदोलनकारियों के त्याग को किया नमन
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों का त्याग और बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि राज्य का गठन जिन संघर्षों और बलिदानों की बदौलत संभव हुआ, उन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि पेंशन वृद्धि का यह निर्णय केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि राज्य आंदोलनकारियों और उनके परिवारों के प्रति सरकार की कृतज्ञता का प्रतीक है। सरकार भविष्य में भी उनके सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।
धामी सरकार का यह फैसला राज्य आंदोलनकारियों और शहीद परिवारों के लिए बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है। पेंशन में वृद्धि से न केवल आर्थिक सहयोग मिलेगा, बल्कि यह संदेश भी जाएगा कि राज्य सरकार आंदोलनकारियों के योगदान को पूरी गरिमा और सम्मान के साथ स्वीकार करती है।
विक्रम शर्मा मर्डर केस,झारखंड का था हिस्ट्रीशीटर 50 से ज़्यादा मुकदमे थे दर्ज!
देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में आज सुबह राजपुर रोड पर एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई और हमलावर बदमाश गोली मारकर मौके से फरार हो गए जिनकी तलाश में पुलिस ने पूरे शहर में नाकेबंदी कर खोजबीन शुरू कर दी।
आपको बता दे कि मृतक विक्रम शर्मा झारखंड का हिस्टशीटर था।आपको बता दे कि मृतक विक्रम शर्मा मूल रूप से झारखंड का रहने वाला था और उसके ऊपर झारखंड में हत्या और अपहरण के साथ साथ और कई मामलों में पचास से ज़्यादा मुकदमे दर्ज थे और वो झारखंड का हिस्ट्रीशीटर था।
कुख्यात अखिलेश शर्मा का गुरु था विक्रम शर्मा आपको बता दे कि जमशेदपुर झारखंड के कुख्यात अपराधी अखिलेश शर्मा का आपराधिक गुरु था विक्रम शर्मा, जो अखिलेश मार्शल आर्ट सिखाता था और विक्रम ही अखिलेश को अपराध की दुनिया में लाया था और इसके बाद अखिलेश जमशेदपुर का कुख्यात अपराधी बन गया आपको ये भी बता दे कि विक्रम शर्मा को मार्शल आर्ट में ब्लैक बेल्ट मिला हुआ था।
दस साल तक झारखंड पुलिस से बचता रहा विक्रम सिंह, झारखंड छोड़ देहरादून में बस गया विक्रम शर्मा ने झारखंड में खूब अपराध किए इसके बाद वो झारखंड पुलिस से बचकर उत्तराखंड आकर रहने लगा इसके बाद तकरीबन 10 साल बाद झारखंड पुलिस उसे ढूंढते हुए देहरादून पहुंची और 2017 -18 में उसे गिरफ्तार कर रांची ले गई। जेल से छूटने के बाद विक्रम फ़िर देहरादून में ही आ गया और यहां रियल स्टेट का बड़ा कारोबारी बन गया।
मौत का घटनाक्रम बताया जा रहा है कि तकरीबन सुबह सवा दस बजे आज वो जिम करने सिल्वर सिटी राजपुर रोड पहुंचा था जहां बाइक सवार तीन बदमाश आए और सीढ़ियों पर उसके ऊपर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी जिससे उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।
Uttarakhand Breaking : राजपुर रोड पर सिल्वर सिटी के पास युवक की गोली मारकर हत्या! 14 दिन में चौथा मर्डर
देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में लगातार हो रही हत्याओं ने कानून-व्यवस्था की पोल खोल दी है। महज कुछ दिनों के भीतर कई सनसनीखेज हत्याकांड सामने आए हैं, जिससे शहरवासियों में भय का माहौल है। तिब्बती मार्केट में दिनदहाड़े गैस एजेंसी मालिक अर्जुन शर्मा की गोली मारकर हत्या के बाद अब राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी मॉल के पास एक युवक की गोली से हत्या की खबर ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है।
जानकारी के अनुसार, सिल्वर सिटी मॉल में जिम से बाहर निकल रहे युवक विक्रम शर्मा पर अज्ञात हमलावर ने गोली मार दी। घटना के बाद युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह सुनियोजित हत्या लग रही है, लेकिन अभी तक हमलावर की पहचान नहीं हो पाई है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है।
यह घटना देहरादून में पिछले 14 दिनों के भीतर चौथी या इससे अधिक हत्या है। इससे पहले 11 फरवरी को तिब्बती मार्केट (पुलिस मुख्यालय से निकट) में 42 वर्षीय अर्जुन शर्मा (अमरदीप गैस एजेंसी के मालिक) को दो स्कूटी सवार हमलावरों ने दिनदहाड़े गोली मार दी थी। वह टेनिस खेलकर लौट रहे थे। उनकी मौत दून अस्पताल में हो गई। पुलिस ने जांच में पारिवारिक संपत्ति विवाद (करीब 40-42 करोड़ रुपये की संपत्ति) को मुख्य कारण बताया।
मृतक की पत्नी की शिकायत पर उनकी मां बीना शर्मा सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिसमें दो शूटर राजीव राणा और पंकज राणा शामिल थे। पुलिस ने मुठभेड़ में दोनों शूटरों को घायल कर गिरफ्तार किया और हथियार बरामद किए। आरोप है कि मां और सहयोगियों ने 12 लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या करवाई।
इससे पहले 2 फरवरी को मछली बाजार में एक 22 वर्षीय युवती की चाकू से गला काटकर हत्या की गई थी। विकासनगर और ऋषिकेश में भी हाल के दिनों में हत्याएं हुई हैं। हल्द्वानी में भी डबल मर्डर की घटना सामने आई, जहां एक युवक और युवती के शव पत्थर से कुचले हालत में मिले, जिससे पूरे प्रदेश में अपराध का ग्राफ बढ़ता दिख रहा है।
कई मामलों में पीड़ितों या परिजनों ने पहले पुलिस को शिकायत दी थी, लेकिन कथित लापरवाही के आरोप लग रहे हैं। शहरवासी और व्यापारी अब सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। पुलिस और प्रशासन पर दबाव है कि अपराधियों पर सख्त कार्रवाई हो और शहर में कानून का राज स्थापित किया जाए।
उपनलकर्मियों को 2 माह में मिलेगा संशोधित वेतन
हल्द्वानी: नियमितीकरण के दायरे में आए हजारों उपनल कर्मियों को दो महीने के भीतर नया वेतन और भत्ते मिलने लगेंगे। शासन की ओर से कुमाऊं परियोजना कार्यालय में इसका जीओ पहुंच चुका है। हालांकि दस माह से लटकी उपनल की भर्ती अब भी शुरू नहीं हो सकी है। उपनल कार्यालय कुमाऊं के वरिष्ठ परियोजना अधिकारी कर्नल (सेनि.) आलोक पांडे ने बताया कि प्रदेश में 11 हजार से अधिक उपनलकर्मी
नियमितिकरण के दायरे में आ रहे हैं। कुमाऊं में भी हजारों कर्मी इससे लाभान्वित होंगे। बताया, नियमित होने वाले कार्मिकों को अगले दो माह में नया वेतन मिलने लगेगा। शासन की ओर से जारी आदेश पहुंच चुका है। आदेश के मुताबिक सिर्फ पूर्व सैनिक और उनके आश्रित ही उपनल का हिस्सा होंगे। पूर्व में सिविल व्यक्तियों को भी भर्ती करने के आदेश थे पर अब सिर्फ पूर्व सैनिक व उनके आश्रितों को भविष्य में लाभ मिलेगा।
बड़ी खबर: हल्द्वानी मंडी डबल मर्डर कांड सुलझा, 12 घंटे में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 गिरफ्तार
मंडी डबल मर्डर कांड का 12 घंटे में खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार
हल्द्वानी। शहर की मंडी क्षेत्र में हुए सनसनीखेज डबल मर्डर कांड का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मंजूनाथ टीसी ने प्रेस कांफ्रेंस कर मामले की विस्तृत जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, शुभम उर्फ गोलू और लक्ष्मी की पत्थर से कुचलकर निर्मम हत्या की गई थी। घटना के पीछे शराब के नशे में आपसी कहासुनी और छेड़खानी को मुख्य कारण बताया गया है।
इस मामले में मुख्य आरोपी गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर, जिस पर पहले से गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई भी दर्ज है, सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य गिरफ्तार आरोपियों में दीपू शर्मा उर्फ ध्रुव, दीपेश लटवाल और सौरभ भट्ट उर्फ भटिया शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर, मोबाइल फोन तथा खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की गई, जिसके परिणामस्वरूप अल्प समय में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
देहरादून हत्याकांड में चौंकाने वाला खुलासा – मां निकली मास्टरमाइंड, सुपारी किलिंग में 2 शूटर गिरफ्तार
तिब्बती मार्केट में हुई युवक की हत्या का दून पुलिस ने किया खुलासा
घटना को अंजाम देने वाले दोनो मुख्य अभियुक्त पुलिस मुठभेड में हुए घायल
चैकिंग के दौरान अलग-अलग स्थानों पर पुलिस द्वारा रोके जाने पर अभियुक्तों द्वारा पुलिस पर किया था फायर
अभियुक्तों के कब्जे से 02 तमंचे 315 बोर, जिंदा व खोखा कारतूस व घटना में प्रयुक्त स्कूटी हुई बरामद
मृतक व्यक्ति का अपनी माँ व उसके सहयोगियों के साथ सम्पत्ति को लेकर चल रहा था विवाद
विवाद के चलते मृतक की माँ व उसके सहयोगियों द्वारा उसे रास्ते से हटाने के लिये 12 लाख रू0 मे अभियुक्तों से किया था सौदा
घटना की साजिश में शामिल तथा अभियोग में नामजद मृतक की माँ सहित उसके 02 अन्य सहयोगियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
कोतवाली डालनवाला
दिनांक: 11/02/2026 को समय करीब 10ः30 बजे कोतवाली डालनवाला को सूचना प्राप्त हुई कि तिब्बती मार्केट के पास एक व्यक्ति को अज्ञात व्यक्ति द्वारा गोली मार दी है। उक्त सूचना पर कोतवाली डालनवाला से पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुँचा तथा घायल व्यक्ति को उपचार हेतु दून अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरो द्वारा उसे मृत घोषित किया गया। मृतक व्यक्ति की पहचान अर्जुन शर्मा निवासी इंदिरा नगर, थाना बसंत विहार, देहरादून के रूप में हुई है, मृतक अर्जुन शर्मा जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के स्वामी थे। घटना की सूचना पर उच्चाधिकारियों द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण कर उपस्थित अधिकारियों से घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की गयी।
घटना के संबंध में मृतक अर्जुन शर्मा की पत्नी श्रीमती अभिलाषा शर्मा पत्नी स्व0 श्री अर्जुन शर्मा निवासी 41/1 बसन्त विहार देहरादून द्वारा अपनी सास बीना शर्मा का 01- विनोद उनियाल, 02- श्रीमती संगीता उनियाल पत्नी विनोद उनियाल, 03- डॉ0 अजय खन्ना, एस०के० मैमोरियल हास्पिटल के साथ पैसों के लेने देन होने के कारण उनके पति अर्जुन शर्मा द्वारा इस बात का विरोध करने पर उनका अपनी माता जी के साथ विवाद चलने व इस सम्बन्ध में उनका मा० न्यायालय में भी वाद के लम्बित होने तथा उक्त विवाद के चलते अपनी सास सहित उक्त सभी व्यक्तियों द्वारा उनके पति की हत्या कराये जाने का शक होने के सम्बन्ध में दिये गये प्रार्थना पत्र के आधार पर कोतवाली डालनवाला पर मु0अ0सं0: 29/2026 अन्तर्गत धारा 103(1) बीएनएस का अभियोग पंजीकृत किया गया।
घटना की संवेदनशीलता के दृष्टिगत अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु एसएसपी देहरादून द्वारा दिये गये निर्देशों पर तत्काल अलग-अलग टीमों का गठन किया गया, साथ ही सम्पूर्ण जनपद में नाकेबंदी करते हएु जनपद के नगर तथा देहात क्षेत्र में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। घटना स्थल व उसके आस-पास के सीसीटीवी की फुटेजों के अवलोकन से स्कूटी सवार 02 व्यक्तियों द्वारा उक्त घटना को अंजाम दिया जाना प्रकाश में आया।
पुलिस द्वारा लगातार चलाये जा रहे सघन चैकिंग अभियान के दौरान दिनांक: 11-02-26 की रात्रि में रायपुर पुलिस द्वारा लाडपुर क्षेत्र में सीक्यूएआई तिराहे से आगे जंगल की ओर से आ रहे एक व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया गया तो उक्त व्यक्ति पुलिस टीम पर फायर करते हुए जंगल की ओर भाग गया, पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में किये गये जवाबी फायर में उक्त व्यक्ति के पैर पर गोली लग गई, मौके से अभियुक्त के पास से 315 बोर का 01 तमंचा तथा 01 खोखा कारतूस बरामद हुआ। इस दौरान दिनाँक 11-12/02/26 की देर रात्रि डोईवाला पुलिस द्वारा चैकिंग के दौरान लालतप्पड चौकी के सामने बैरियर पर देहरादून की ओर से आ रही एक स्कूटी को रोकने पर स्कूटी सवार व्यक्ति पुलिस को देखकर वापस मुडकर देहरादून की ओर भागने का प्रयास करने लगा, पुलिस टीम द्वारा पीछा करने पर अभियुक्त पुलिस टीम पर फायर करते हुए पास स्थित बंद पडी बिरला फैक्ट्री के अन्दर भाग गया तथा अन्दर से पुलिस टीम पर फायर किया गया। पुलिस टीम द्वारा अपने बचाव में किये गये जवाबी फायर में अभियुक्त के पैर पर गोली लग गई। मौके से पुलिस टीम द्वारा अभियुक्त के कब्जे से 01 तमंचा, 01 जिंदा कारतूस तथा खोखा कारतूस बरामद किया गया। लाडपुर क्षेत्र में घायल बदमाश द्वारा अपना नाम राजीव उर्फ राजू पुत्र अभय राम सिंह निवासी: 61/3 इन्द्रा कालोनी चक्खुवाला कोतवाली नगर देहरादून तथा लालतप्पड क्षेत्र में घायल बदमाश द्वारा अपना नाम पंकज राणा पुत्र अभय राम सिंह निवासी: 61/3 इन्द्रा कालोनी चक्खुवाला कोतवाली नगर देहरादून बताया गया तथा दोनो अभियुक्तों द्वारा परेड ग्राउण्ड तिब्बती मार्केट के पास अर्जुन शर्मा नाम के व्यक्ति की तंमचे से गोली मारकर हत्या करना स्वीकार किया गया। पुलिस द्वारा मुठभेड में घायल दोनो अभियुक्तों को उपचार हेतु कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया। अभियुक्तों द्वारा पुलिस टीम पर किये गये जानलेवा हमले के सम्बन्ध में उनके विरूद्ध थाना रायपुर तथा कोतवाली डोईवाला में धारा: 109 बीएनएस तथा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग अभियोग पंजीकृत किये गये।
घटना की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून, पुलिस अधीक्षक नगर/विकासनगर व अन्य अधिकारीगणों द्वारा घटना स्थल व अस्पताल में पहुंचकर घटना के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त करते हुए अभियुक्तों से घटना के सम्बन्ध में पूछताछ की गई।
पूछताछ में उनके द्वारा बताया गया कि वो दोनो सगे भाई हैं तथा मूल रूप से ग्राम देवीखाल, पो0 गुमखाल, कोटद्वार जिला पौडी गढवाल के रहने वाले हैं तथा वर्तमान में अपने परिवार के साथ चक्खुवाला कोतवाली क्षेत्र में रह रहे हैं। अभियुक्त पंकज राणा, विनोद उनियाल के पास ड्राइवर का काम करता है तथा अभियुक्त राजीव ऑटो चलाने का कार्य करता है। विनोद उनियाल, उनके परिचित डॉ0 अजय खन्ना व मृतक की माँ बीना शर्मा का मृतक अर्जुन शर्मा से प्रापर्टी व पैसों के लेने देन को लेकर विवाद चल रहा था तथा पूर्व में दोनो पक्षों द्वारा एक दूसरे के विरूद्ध अभियोग पंजीकृत कराये गये थे।
डॉ0 अजय खन्ना की अर्जुन शर्मा की माँ श्रीमती बीना शर्मा से जीएमएस रोड स्थित उनकी सम्पत्ति को खरीदने की एवज में 14 करोड रू0 मे डील हुई थी, जिसमें से अब तक 08 करोड रू0 उसके द्वारा बीना शर्मा को दिये जा चुके थे पर अर्जुन शर्मा द्वारा उसकी माँ द्वारा बेची गई प्रापर्टी पर मां0 न्यायालय से स्टे ले लिया गया था। इतने पैसे देने के बाद व प्रापर्टी पर कब्जा न मिल पाने के कारण डॉ0 अजय खन्ना काफी परेशान चल रहा था तथा बीना शर्मा पर अपने पैसे वापस देने का दबाव बना रहा था, जिसे लेकर माँ बेटे के बीच अक्सर विवाद व झगडा होता रहता था तथा मृतक की माँ द्वारा अपने पुत्र से खुद को असुरक्षित बताते हुए मां0 उच्च न्यायालय से सुरक्षा प्राप्त की गई थी।
उक्त सम्पत्ति पर अर्जुन शर्मा द्वारा विक्रय पर स्टे लेने तथा मोटी धनराशि देने के बावजूद भी मां0 न्यायालय में वाद के लम्बित रहने तथा प्रापर्टी पर मालिकाना हक नहीं मिल पाने पर बीना शर्मा, अजय खन्ना तथा विनोद उनियाल द्वारा अर्जुन शर्मा को रास्ते से हटाने की योजना बनाई तथा उनका दोनो अभियुक्तों से 12 लाख रू0 में सौदा तय हुआ था, जिसमें से 03 लाख रू0 दोनों अभियुक्तों को एडवांस मिल गये थे तथा बाकी के पैसे काम होने के बाद मिलने थे।
पैसों के लालच में दोनो अभियुक्तों द्वारा अर्जुन शर्मा की दिनचर्या की जानकारी करते हुए दिनांक: 11-02-26 को तिब्बती मार्केट के पास अर्जुन शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी। अभियोग की विवेचना के दौरान तथ्य प्रकाश में आये कि घटना से पूर्व तथा घटना के बाद अभियुक्त पंकज राणा द्वारा विनोद उनियाल से व्हट्सअप के माध्यम से सम्पर्क किया गया था तथा घटना के बाद रात्रि में अभियुक्त उसके घर भी गया था। विवेचना के दौरान गवाहों के बयानों से यह तथ्य प्रकाश में आये कि मृतक अर्जुन शर्मा की मां बीना शर्मा द्वारा अर्जुन शर्मा के मैनेजर विजय से कुछ दिन पूर्व उसकी दिनचर्या के सम्बन्ध में जानकारी ली गई थी, क्योंकि अपनी मां से हुए विवाद के चलते मृतक अर्जुन शर्मा अपने परिवार के साथ इन्दिरा नगर क्षेत्र मे किराये के मकान में रह रहा था। अभियुक्तों से पूछताछ तथा विवेचना के दौरान प्रकाश में आये हत्या के षडयंत्र में शामिल होने सम्बन्धी तथ्यों के आधार पर पुलिस द्वारा अभियोग में नामजद तीन अन्य अभियुक्तों 1- विनोद उनियाल 2- डॉ0 अजय खन्ना तथा 3- श्रीमती बीना शर्मा को गिरफ्तार किया गया, जिनसे लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस द्वारा घटना के सभी तथ्यों पर लगातार गहनता से विवेचना की जा रही है।
मुठभेड में गिरफ्तार हत्याकाण्ड के दोनो मुख्य अभियुक्तों पंकज राणा व राजीव का पुलिस द्वारा मां0 न्यायालय से रिमाण्ड कराया गया।
नाम पता अभियुक्तगण:-
1- पंकज राणा पुत्र अभय राम सिंह निवासी- 61/3 इंदिरा कॉलोनी, चक्खुवाला, कोतवाली, देहरादून उम्र 52 वर्ष
2- राजीव उर्फ राजू पुत्र अभय राम सिंह निवासी 61/3 इंदिरा कॉलोनी, चक्खुवाला, कोतवाली, देहरादून, उम्र 50 वर्ष
3- श्रीमती बीना शर्मा पत्नी स्व0 आर0सी0 शर्मा , निवासी 40/1 बसंत विहार,
4- विनोद उनियाल पुत्र घनश्याम उनियाल, निवासी गैलेक्सी लैक्सोटिका अपार्टमेंट, 31 इन्दर रोड डालनवाला।
5- अजय खन्ना, पुत्र जे0पी0 खन्ना निवासी: 12 ई०सी० रोड, डालनवाला, देहरादून
बरामदगी :-
1- घटना में प्रयुक्त 02 तमंचे 315 बोर, जिंदा /खोखा कारतूस
2- घटना मे प्रयुक्त स्कूटी
MDDA ऋषिकेश में अवैध निर्माण और प्लाटिंग पर एमडीडीए का सख्त प्रहार
पशुलोक में बहुमंजिला भवन सील, खेरिकला व रायवाला में अवैध प्लाटिंग पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई
मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने प्राधिकरण क्षेत्रान्तर्गत ऋषिकेश में अवैध निर्माण एवं अवैध प्लाटिंग के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्यवाही को अंजाम दिया। प्राधिकरण द्वारा यह अभियान क्षेत्र में सुनियोजित विकास सुनिश्चित करने और अनधिकृत निर्माण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। एमडीडीए की टीम ने गली नंबर 10, निर्मल बाग, ब्लॉक-बी, पशुलोक, ऋषिकेश (देहरादून) में श्रवि द्वारा किए जा रहे अवैध बहुमंजिला निर्माण पर कार्रवाई करते हुए भवन को सील कर दिया। बताया गया कि संबंधित निर्माण बिना स्वीकृत मानचित्र के किया जा रहा था, जो प्राधिकरण की निर्माण संबंधी नियमावली का उल्लंघन है। कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज, अवर अभियंता पूनम सकलानी, अमित भारद्वाज, सुपरवाइजर तथा पुलिस बल की मौजूदगी में सीलिंग की प्रक्रिया पूरी की गई।
इसके अतिरिक्त, खेरिकला स्यामपुर, ऋषिकेश में सुनील रावत द्वारा लगभग 05 बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लाटिंग के विरुद्ध ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। मौके पर बनाई गई अवैध सड़कों एवं भू-खंडों के सीमांकन को हटाते हुए प्लाटिंग को निरस्त किया गया।
इसी क्रम में रायवाला, ऋषिकेश क्षेत्र में संदीप रावत द्वारा लगभग 06 बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लाटिंग पर भी प्राधिकरण ने सख्त रुख अपनाया। टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से विकसित की जा रही प्लाटिंग को ध्वस्त किया और संबंधित व्यक्तियों को भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी दी।
उपाध्यक्ष एमडीडीए बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लाटिंग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर के सुव्यवस्थित और नियोजित विकास के लिए नियमों का पालन अनिवार्य है। “एमडीडीए का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि नागरिकों को जागरूक करना भी है, ताकि वे बिना मानचित्र स्वीकृति या विधिक अनुमति के किसी भी निर्माण कार्य में निवेश न करें,” उन्होंने कहा। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी प्रकार की संपत्ति खरीदने से पूर्व प्राधिकरण से विधिवत जानकारी अवश्य प्राप्त करें।
सचिव एमडीडीए मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि अवैध निर्माण और प्लाटिंग के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण द्वारा नियमित रूप से निगरानी की जा रही है और नियमों के उल्लंघन पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। “हमारा लक्ष्य पारदर्शी व्यवस्था के माध्यम से नियोजित विकास को बढ़ावा देना है। अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई भी की जाएगी,” उन्होंने कहा।
एमडीडीए की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में बिना किसी पूर्व सूचना के सख्त कदम उठाए जाएंगे, जिससे ऋषिकेश सहित समूचे प्राधिकरण क्षेत्र में सुव्यवस्थित और सुरक्षित शहरी विकास सुनिश्चित किया जा सके।
महाराज ने घनसाली को दी तेरह करोड एक लाख बयालीस हजार की योजनाओं की सौगात
कैबिनेट मंत्री ने किया घनसाली बसन्त महोत्सव–2026 का भव्य शुभारंभ
टिहरी। घनसाली नगर पंचायत क्षेत्र स्थित श्रीराम होटल में आयोजित तीन दिवसीय ‘घनसाली बसन्त महोत्सव–2026’ कार्यक्रम में प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व, संस्कृति, लोक निर्माण, सिंचाई, पंचायतीराज ग्रामीण निर्माण और जलागम मंत्री सतपाल महाराज द्वारा मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया गया। कार्यक्रम में उनकी पुत्रवधु मोहिना रावत एवं पौत्र शियांश रावत, घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह, जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल तथा भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत द्वारा विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया गया।
प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व, संस्कृति, लोक निर्माण, सिंचाई, पंचायतीराज ग्रामीण निर्माण और जलागम मंत्री सतपाल महाराज गुरुवार को जनपद के घनसाली नगर पंचायत क्षेत्र स्थित एक स्थानीय होटल में आयोजित तीन दिवसीय ‘घनसाली बसन्त महोत्सव–2026’ कार्यक्रम शुभारंभ करते हुए अपने संबोधन में सभी को बसन्त महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा बसन्त का यह समय प्रकृति के रंगों और खुशियों का प्रतीक है, जो हमारे जीवन में नई ऊर्जा का संचार करता है। यह महोत्सव न केवल हमारी सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करता है बल्कि हमारे समाज को एकजुट करने का भी एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि बसंत का यह मौसम हमें प्रकृति के साथ जुड़ने और उसके सौन्दर्य को निहारने का संदेश देता है। यह समय है जब फूल खिलते हैं, पेड़ों पर नई पत्तियां आती हैं और पूरा वातावरण रंगों और खुशबू से भर जाता है, यह हमें जीवन की खुशियों को अपनाने और दूसरों के साथ बांटने का भी संदेश देता है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि, इस महोत्सव का आनन्द लें और इसकी खुशियों को अपने जीवन में शामिल करें और एक दूसरे के साथ प्यार और सौहार्द का संदेश बांटे।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री महाराज द्वारा घनसाली विधानसभा के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग की 171.79 (एक करोड़ इकहत्तर लाख उनासी हजार) की एक योजना का शिलान्यास किया गया जबकि सिंचाई विभाग की 1069.63 (दस करोड़ उनहत्तर लाख तिरेसठ हजार) लागत की दो योजनाओं के शिलान्यास के साथ पंचायती राज विभाग के 60 लाख लागत के 03 पंचायत भवनों का लोकार्पण किया गया। इस प्रकार कैबिनेट मंत्री द्वारा नगर पंचायत घनसाली को कुल 1301.42 (तेरह करोड एक लाख बयालीस हजार) धनराशि की विकास योजनाओं की सौगात दी गई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश में निरंतर विकास हो रहा है। सरकार सड़कों की कनेक्टिविटी पर विशेष ध्यान दे रही है और अब तक 14027 नए गांवों को सड़क मार्ग से जोड़ा गया है। शहरी यातायात सुधार के लिए व्यस्त शहरों में रिंग रोड और फ्लाईओवर निर्माण की योजना पर कार्य चल रहा है। साथ ही दूरस्थ ग्रामीण बसावटों को जोड़ने हेतु मुख्यमंत्री ग्राम सम्पर्क योजना शुरू की गई है। दीनदयाल उपाध्याय होम स्टे योजना के तहत 5000 से अधिक होम स्टे पंजीकृत हुए हैं और 1118 लोग लाभान्वित हुए हैं। आदि कैलाश यात्रा को सुगम बनाने तथा लिपुलेख से कैलाश दर्शन हेतु भी कार्य योजना तैयार की जा रही है। प्रदेश में पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए पंचायत भवनों का निर्माण व जीर्णोद्धार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में “स्लीप अंडर द स्टार्स” जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि पर्यटक सुरक्षित स्थानों पर आकर रात के समय खुले आसमान के नीचे अरबों तारों से सजी स्टार नाइट का आनंद ले सकें। यह अनुभव पर्यटन को नई दिशा देने के साथ-साथ प्रकृति से जुड़ने का अवसर भी प्रदान करेगा।
इस अवसर पर विधायक शक्तिलाल शाह ने कहा हमें पौराणिक संस्कृति को जीवित रखना है, अपनी धरोहर के लिए हम सभी को काम करना होगा। नगर पंचायत अध्यक्ष घनसाली आनंद बिष्ट द्वारा मंत्री सतपाल महाराज का अभिनन्द एवं स्वागत करते हुए, उनके सम्मान में एक ‘प्रशस्ति पत्र’ भी पढ़ा।
इस अवसर पर स्कूली छात्राओं के बैंड द्वारा भव्य स्वागत किया गया तथा हंसा ग्रुप, राजकीय इंटर कॉलेज की बालिकाओं द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुतियाँ प्रस्तुत की गईं, राजकीय इंटर कॉलेज किरेथ केमर के छात्र–छात्राओं द्वारा वीर माधो सिंह भंडारी के जीवन पर आधारित एक नाटक का मंचन किया, जिनको मंत्री जी ने 11 हजार की धनराशि पुरस्कार स्वरूप में दी। इस मौके पर महिलाओं को महालक्ष्मी किट भी वितरण की गई।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष चमियाला गोविंद, व्यापार मंडल बडोनी कैलाश बडोनी, पूर्व प्रमुख वसुमति घानाता, प्रमुख राजीव कण्डारी, ज्येष्ठ प्रमुख प्यार सिंह बिष्ट, कनिष्ठ प्रमुख कृष्णा गैरोला, एसडीएम घनसाली अलकेश नौडियाल सहित समस्त सभासद, क्षेत्रवासी एवं विभागीय अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।











