देहरादून में आयोजित टपकेश्वर महादेव की भव्य शोभायात्रा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सहभागिता कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। सहारनपुर चौक से शुरू हुई इस धार्मिक शोभायात्रा का मुख्यमंत्री ने विधि-विधान के साथ शुभारंभ किया और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने टपकेश्वर महादेव मंदिर के महंत श्री कृष्णा गिरी महाराज, महंत दिगम्बर भरत गिरी महाराज एवं टपकेश्वर सेवा दल के अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता के साथ पूजा-अर्चना कर शोभायात्रा को रवाना किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और भगवान टपकेश्वर महादेव के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराएं प्रदेश की पहचान हैं। ऐसे आयोजन समाज में आस्था, एकता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।
उन्होंने आयोजन समिति, संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान टपकेश्वर महादेव की कृपा से उत्तराखण्ड निरंतर विकास और समृद्धि के मार्ग पर आगे बढ़ता रहे।
शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान टपकेश्वर महादेव के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और पूरे मार्ग पर भक्ति एवं उत्साह का माहौल बना रहा।

