उत्तराखंड भाजपा ने घोषित किए 8 नए प्रदेश प्रवक्ता, अनुकृति गुसाईं को भी मिली बड़ी जिम्मेदारी

0
2

उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को गति देते हुए भारतीय जनता पार्टी ने संगठन की बात जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए आठ नए प्रदेश प्रवक्ताओं की नियुक्ति की है। इन नियुक्तियों के साथ अब प्रदेश स्तर पर भाजपा प्रवक्ताओं की संख्या बढ़कर 18 हो गई है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की सहमति के बाद प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने मंगलवार को नए प्रवक्ताओं की सूची जारी की। घोषित नामों में पूर्व राज्यमंत्री और पूर्व प्रवक्ता रविंद्र जुगरान, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, कुमाऊं के पूर्व सह-मीडिया प्रभारी सुरेश तिवारी, पूर्व प्रवक्ता शादाब शम्स, वरिष्ठ पत्रकार विश्वजीत नेगी, पूर्व पैनलिस्ट सत्यवीर चौहान, युवा मोर्चा के पूर्व महामंत्री मनोज जखमोला और अनुकृति गुसाईं शामिल हैं।

नई सूची में सबसे अधिक चर्चा अनुकृति गुसाईं की नियुक्ति को लेकर हो रही है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत की पुत्रवधू अनुकृति गुसाईं को भाजपा ने पहली बार प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी है। राजनीतिक गलियारों में इसे भाजपा की रणनीतिक नियुक्ति के रूप में देखा जा रहा है।

भाजपा का मानना है कि आगामी चुनावों के मद्देनजर संगठन की नीतियों, सरकार की उपलब्धियों और विपक्ष के आरोपों का प्रभावी जवाब देने के लिए मजबूत प्रवक्ता टीम की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से अनुभवी नेताओं और नए चेहरों का संतुलित संयोजन तैयार किया गया है।

राजनीतिक रूप से यह नियुक्ति इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि एक ओर हरक सिंह रावत कांग्रेस में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर उनकी पुत्रवधू अनुकृति गुसाईं अब भाजपा के पक्ष को मजबूती से रखने की जिम्मेदारी निभाएंगी। इससे उत्तराखंड की राजनीति में नए समीकरणों और चर्चाओं को भी बल मिला है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here