रुद्रपुर में ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम, छात्रों से रूबरू हुए सीएम धामी

0
6

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को रुद्रपुर के एक निजी विद्यालय में आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ विषय पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनके विचार, सुझाव और विकसित उत्तराखंड को लेकर उनकी कल्पनाओं को जाना।

मुख्यमंत्री ने छात्रों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए कहा कि युवा शक्ति ही उत्तराखंड की सबसे बड़ी ताकत है। विद्यार्थियों की सकारात्मक सोच, ऊर्जा और राज्य के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता भविष्य के उत्तराखंड की मजबूत नींव है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ रोजगार, कौशल विकास, नवाचार और उद्यमिता के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड के संकल्प को पूरा करने के लिए शिक्षा, पर्यटन, कृषि, खेल, विज्ञान, तकनीक और रोजगार जैसे सभी क्षेत्रों को मजबूत किया जा रहा है।

2.67 लाख विद्यार्थियों ने भेजे अपने विचार

मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ निबंध प्रतियोगिता को प्रदेशभर में अभूतपूर्व समर्थन मिला है। इस अभियान के तहत 2,67,744 विद्यार्थियों ने अपने विचार और सुझाव भेजे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सुझाव राज्य के उज्ज्वल भविष्य और विकास के प्रति उनकी गंभीर सोच को दर्शाते हैं।

साइंस और टेक्नोलॉजी में युवाओं को मिलेगा नया मंच

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए देहरादून में देश की पांचवीं सबसे बड़ी साइंस सिटी विकसित की गई है। इसका उद्देश्य राज्य के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर पर विज्ञान और तकनीक में नेतृत्व के अवसर प्रदान करना है।

हर क्षेत्र में जरूरी है नेतृत्व क्षमता

मुख्यमंत्री ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि नेतृत्व केवल राजनीति तक सीमित नहीं है। खेल, चिकित्सा, विज्ञान, मीडिया, उद्योग और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोग भी अपने क्षेत्र के सच्चे लीडर होते हैं। उन्होंने युवाओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प से जुड़कर देश और राज्य के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सभी विद्यार्थियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं भी दीं और कहा कि विद्यार्थियों के सपनों और सुझावों को विकास योजनाओं से जोड़कर एक आत्मनिर्भर, समृद्ध और विकसित उत्तराखंड का निर्माण किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here