बदरीनाथ धाम पहुंचे सीएम धामी, मास्टर प्लान कार्यों का लिया जायजा, कथा महोत्सव में हुए शामिल

0
3

देहरादून/बदरीनाथ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को विश्व प्रसिद्ध श्री बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं उन्नति की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बदरीनाथ मास्टर प्लान के तहत चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री धामी ने आस्था पथ सहित विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं का जायजा लेते हुए कहा कि बदरीनाथ धाम की धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में बदरीनाथ धाम को उसके पौराणिक और धार्मिक महत्व के अनुरूप भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित स्वरूप देने की दिशा में तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। मास्टर प्लान के तहत विकसित की जा रही नई सुविधाओं से देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिलेगा।

उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के दौरान धाम की पारंपरिक पहचान, प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक स्वरूप को संरक्षित रखना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उत्तराखंड सरकार चारधाम यात्रा को और अधिक सुविधाजनक एवं सुरक्षित बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।

बदरीनाथ दौरे के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने श्री स्वामीनारायण गुरुकुल राजकोट संस्थान द्वारा आयोजित ‘बदरीनाथ धाम कथा महोत्सव’ में भी प्रतिभाग किया। इस महोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों से आए 150 से अधिक संत-साध्वी और 1200 से अधिक हरिभक्त शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने संत समाज का आशीर्वाद प्राप्त किया और कहा कि ऐसे आध्यात्मिक आयोजन भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और जीवन मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री बदरीनाथ धाम केवल एक तीर्थस्थल नहीं, बल्कि भारत की सनातन चेतना और आध्यात्मिक विरासत का जीवंत केंद्र है। यह भूमि सदियों से तप, साधना और अध्यात्म की प्रेरणा देती रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देशभर के प्रमुख आस्था केंद्रों के संरक्षण और विकास के लिए ऐतिहासिक कार्य किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि बाबा केदार की भूमि से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए ‘21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक’ के संकल्प को साकार करने के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। धार्मिक पर्यटन, आध्यात्मिक विरासत और आधुनिक सुविधाओं के समन्वय से उत्तराखंड को नई पहचान मिल रही है।

कार्यक्रम में संत समाज, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here