गोलज्यू देवता के बाल जीवन की कहानी है बाला गौरिया

0
6

देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, लोकगाथाओं और लोक देवताओं की विरासत को बड़े पर्दे पर जीवंत करने जा रही बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बाला गौरिया’ का टीजर और पोस्टर अब दर्शकों के सामने आ गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में फिल्म के टीजर एवं पोस्टर का लोकार्पण किया और पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।

‘हिमाद्रि प्रोडक्शंस’ के बैनर तले बन रही यह फिल्म उत्तराखंड के लोक में न्याय देवता के रूप में पूजनीय गोलज्यू देवता के बाल जीवन पर आधारित है। फिल्म का निर्देशन नितिन तिवारी और निर्माण मनोज चंदोला द्वारा किया जा रहा है। फिल्म के अक्टूबर के पहले सप्ताह में रिलीज होने की संभावना है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति, लोक परंपराएं और लोक देवताओं की विरासत राज्य की विशिष्ट पहचान हैं। उन्होंने कहा कि ‘बाला गौरिया’ जैसी फिल्में नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ-साथ उत्तराखंड की सांस्कृतिक धरोहर को देश और दुनिया तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को फिल्म निर्माण और फिल्म पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्राकृतिक सुंदरता, पर्वतीय भूगोल और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत उत्तराखंड को फिल्म शूटिंग के लिए एक आदर्श स्थान बनाती है। सरकार फिल्म निर्माताओं को बेहतर सुविधाएं, त्वरित अनुमति और अनुकूल माहौल उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि फिल्म उद्योग के विस्तार से स्थानीय युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे, वहीं प्रदेश की कला, संस्कृति, बोली-भाषा और पर्यटन स्थलों को भी वैश्विक पहचान मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने फिल्म निर्माताओं से उत्तराखंड की अन्य लोकगाथाओं और लोक देवताओं पर भी फिल्म निर्माण करने का आह्वान किया और भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार स्थानीय प्रतिभाओं और फिल्म उद्योग को हरसंभव सहयोग देती रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here