उत्तराखंड को मिल सकती है बड़ी स्वास्थ्य सौगात

0
14

उत्तराखंड में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और पैरामेडिकल कॉलेज की स्थापना की दिशा में बढ़ा कदम, जेपी नड्डा ने दिए परीक्षण के निर्देश

देहरादून। उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा के विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर केंद्र सरकार ने सकारात्मक रुख दिखाया है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने राज्य में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और पैरामेडिकल कॉलेज की स्थापना से जुड़े प्रस्तावों को विभागीय परीक्षण के लिए भेजने के निर्देश दिए हैं।

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने मुख्यमंत्री धामी को भेजे पत्र में बताया कि हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय के अंतर्गत सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और पैरामेडिकल कॉलेज स्थापित करने के प्रस्तावों का संबंधित विभागों द्वारा परीक्षण किया जा रहा है।

स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई मजबूती

प्रस्तावित सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के स्थापित होने से उत्तराखंड में गंभीर और जटिल बीमारियों के उपचार के लिए अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इससे मरीजों को बेहतर इलाज के लिए राज्य से बाहर जाने की आवश्यकता भी कम होगी।

पैरामेडिकल शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा

पैरामेडिकल कॉलेज की स्थापना से प्रशिक्षित तकनीकी एवं सहयोगी स्वास्थ्यकर्मियों की नई पीढ़ी तैयार होगी। इससे प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को आवश्यक पैरामेडिकल स्टाफ उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी और चिकित्सा क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

मुख्यमंत्री धामी ने जताया आभार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि दोनों प्रस्तावों पर केंद्र सरकार द्वारा परीक्षण प्रक्रिया शुरू किया जाना उत्तराखंड की स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन संस्थानों की स्थापना से प्रदेश के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और युवाओं को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा के अवसर प्राप्त होंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here