मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में पंचवटी फिल्म्स प्रोडक्शन एवं आदर्श औद्योगिक स्वायत्त सहकारिता (आदर्श संस्था) द्वारा तैयार किए गए विशेष एल्बम गीत का विमोचन किया। यह गीत मुख्यमंत्री के पांच वर्षों के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों और उपलब्धियों पर आधारित है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने एल्बम से जुड़े निर्माता, निर्देशक, गीतकार, संगीतकार, गायक और कलाकारों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखण्ड की विकास यात्रा और राज्य में हो रहे सकारात्मक बदलावों को गीत-संगीत के माध्यम से जनता तक पहुंचाने का यह प्रयास सराहनीय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने, पर्यटन को प्रोत्साहन देने, महिलाओं के सशक्तिकरण तथा युवाओं के लिए नए अवसर सृजित करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास के साथ-साथ राज्य की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और देवभूमि की विशिष्ट पहचान को संरक्षित एवं संवर्धित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान आदर्श संस्था की अध्यक्ष श्रीमती आशा कोठारी ने मुख्यमंत्री का शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में प्रदेश में हुए विकास कार्यों और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने एल्बम के निर्माता उत्तम सिंह भंडारी, गायक विक्रम भंडारी एवं शिवानी नेगी, संगीतकार विजयपाल कलूड़ा सहित एल्बम से जुड़े कलाकारों को सम्मानित भी किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता आदर्श संस्था की अध्यक्ष आशा कोठारी ने की, जबकि संचालन संस्था के सचिव हरीश कोठारी ने किया। इस अवसर पर युवा मोर्चा पछवादून के जिलाध्यक्ष विनायक नौटियाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

