युवा शक्ति ही राष्ट्र निर्माण की असली ताकत”: सीएम धामी
देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देश के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है और उन्हें “नेशन फर्स्ट” की भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए। वह गढ़ी कैंट स्थित हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र में ओहो रेडियो एवं ड्रीमर्स एड्यु हब द्वारा आयोजित “राष्ट्र निर्माण उत्सव” कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने तीन नए रेडियो चैनलों का शुभारंभ करते हुए कहा कि यह पहल संचार के क्षेत्र में एक नई क्रांति का प्रतीक है और युवाओं को अपनी अभिव्यक्ति के लिए सशक्त मंच प्रदान करेगी।
रेडियो की प्रासंगिकता आज भी कायम
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय रेडियो जनसंचार का प्रमुख माध्यम था और आज भी इसकी विश्वसनीयता और आत्मीयता बरकरार है। उन्होंने नरेंद्र मोदी के “मन की बात” कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि इसने रेडियो को पुनः मुख्यधारा में स्थापित किया है।
युवाओं को दिया संदेश
मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे फ्यूचर-रेडी बनें और नौकरी खोजने के बजाय जॉब क्रिएटर बनने की दिशा में कार्य करें। उन्होंने कहा कि बदलते वैश्विक परिदृश्य में रोजगार के स्वरूप तेजी से बदल रहे हैं, ऐसे में युवाओं को कौशल विकास और नवाचार पर ध्यान देना होगा।
स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं को लक्ष्य प्राप्ति तक निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठित, आत्मनिर्भर और राष्ट्रभावना से प्रेरित युवा ही देश को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं।
2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में युवाओं की निर्णायक भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे युवा देश है और इसकी युवा शक्ति ही सबसे बड़ी पूंजी है।
योजनाओं से मिल रहा प्रोत्साहन
उन्होंने कहा कि स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, डिजिटल इंडिया और मेक इन इंडिया जैसी योजनाओं से युवाओं को नए अवसर मिल रहे हैं। राज्य सरकार भी स्टार्टअप संस्कृति और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
उत्तराखंड की विरासत और नई पहल
मुख्यमंत्री ने राज्य की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का उल्लेख करते हुए “स्वामी विवेकानंद कॉरिडोर” और दून विश्वविद्यालय में “सेंटर फॉर हिन्दू स्टडीज” की स्थापना को महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम में राकेश बेदी, मेजर प्राजुक्ता देसाई और आरजे काव्या सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि युवाओं के संकल्प, नवाचार और समर्पण से भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने का सपना निश्चित रूप से साकार होगा।
