रानीखेत। अल्मोड़ा जिले की रानीखेत तहसील के ऐना गांव में हुए चर्चित हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी जगत सिंह बोरा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू और लोहे का घन भी बरामद कर लिया गया है।
एसएसपी चंद्रशेखर घोडके ने प्रेस वार्ता में बताया कि शुक्रवार रात करीब 8:11 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि ऐना गांव में एक युवक की हत्या कर दी गई है, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक रानीखेत भुवन चंद्र जोशी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस को कमरे के भीतर जितेंद्र सिंह उर्फ सागर, पुत्र चंदन सिंह का शव मिला। वहीं उनकी बुआ जानकी देवी और दादी शोभा देवी गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिलीं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
मृतक के फुफेरे भाई नीरज बोरा की तहरीर पर कोतवाली रानीखेत में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 और 109 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की और शनिवार को जनाड़ु होटल के पास से आरोपी जगत सिंह बोरा को गिरफ्तार कर लिया।
स्कूटी में स्क्रैच को लेकर शुरू हुआ था विवाद
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब दो महीने पहले गांव में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान स्कूटी में आए स्क्रैच को लेकर उसका मृतक और उसके भाई के साथ विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद उसने बदला लेने की ठान ली थी।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने पहले से योजना बनाकर खैरना से लोहे का घन और रानीखेत से चाकू खरीदा। इसके बाद वह मृतक के घर पहुंचा और हमला कर दिया। घटना के दौरान जब मृतक की मां और दादी बचाव के लिए आईं तो उन पर भी हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद
एसएसपी चंद्रशेखर घोडके के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू और लोहे का घन बरामद कर लिया गया है। पुलिस मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और 24 घंटे के भीतर मामले के खुलासे को बड़ी सफलता माना जा रहा है।

