HomeDehardunप्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना: 2400 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि|BHADAS4INDIA

प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना: 2400 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि|BHADAS4INDIA

मुख्य सेवक सदन, मुख्यमंत्री आवास देहरादून में प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के अंतर्गत प्रोत्साहन राशि वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए लाभार्थी कर्मचारियों और नियोक्ताओं को सम्मानित किया। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से देशभर के 15 लाख से अधिक युवाओं और श्रमिकों को लगभग 2400 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि वितरित की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि विकसित भारत रोजगार योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि आज योजना की दूसरी किस्त जारी की गई है, जिसके तहत देशभर के लाखों युवाओं और श्रमिकों को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। उत्तराखंड में भी करीब 6 हजार कर्मचारियों और 900 से अधिक नियोक्ताओं को 24 करोड़ रुपये से अधिक की प्रोत्साहन राशि हस्तांतरित की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना के तहत पहली बार रोजगार प्राप्त करने वाले युवाओं को 15 हजार रुपये तक की सहायता राशि दी जा रही है। वहीं अतिरिक्त रोजगार सृजित करने वाले संस्थानों को प्रत्येक कर्मचारी पर चार वर्षों तक प्रतिमाह 3 हजार रुपये तक का प्रोत्साहन दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह योजना युवाओं को रोजगार और उद्योगों को प्रोत्साहन देने का प्रभावी माध्यम बनेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया और नई शिक्षा नीति जैसी योजनाओं के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर दिए जा रहे हैं। उत्तराखंड सरकार भी मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा प्रोत्साहन योजना, कौशल विकास योजना और अन्य कार्यक्रमों के जरिए युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में निवेश और औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से प्राप्त निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारा जा रहा है। औद्योगिक नीति, स्टार्टअप नीति, लॉजिस्टिक नीति और एमएसएमई नीति के जरिए उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया गया है। इसके साथ ही स्मार्ट इंडस्ट्रियल टाउनशिप, प्लास्टिक पार्क, अरोमा पार्क और मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक पार्क जैसी परियोजनाओं पर भी तेजी से काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। पिछले साढ़े चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी प्रतिभा, कौशल और नवाचार की शक्ति को पहचानते हुए केवल अवसरों की प्रतीक्षा न करें बल्कि स्वयं अवसरों का सृजन करें और विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विश्वास जताया कि उत्तराखंड के युवा अपने परिश्रम, कौशल और समर्पण से वर्ष 2047 तक भारत को विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

latest articles

explore more

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here