HomeUttarakhandहरिद्वार मोर्चरी में लापरवाही: चूहों ने शव कुतरा, परिजनों का हंगामा—जांच व...

हरिद्वार मोर्चरी में लापरवाही: चूहों ने शव कुतरा, परिजनों का हंगामा—जांच व कार्रवाई की मांग तेज

हरिद्वार। जिला अस्पताल की मोर्चरी में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। शुक्रवार रात से मोर्चरी में रखे पंजाबी धर्मशाला, ज्वालापुर के मैनेजर लखन शर्मा उर्फ लकी (36) के शव को चूहों द्वारा कुतर दिए जाने की घटना ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

शनिवार सुबह जब परिजन पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी पहुंचे तो उन्होंने देखा कि शव के चेहरे, सिर और एक आंख पर गहरे घाव थे। मोर्चरी के अंदर चूहे दौड़ते नजर आए, जिसके बाद परिजन भड़क उठे और अस्पताल परिसर में हंगामा कर दिया।

जानकारी के अनुसार, लखन शर्मा की शुक्रवार शाम अचानक हृदयगति रुकने से मौत हो गई थी। देर शाम परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी लाए थे, लेकिन प्रक्रिया अगले दिन सुबह के लिए टाल दी गई। इसी दौरान रात में शव को चूहों ने नुकसान पहुंचा दिया।

घटना की सूचना मिलते ही कांग्रेस नेता भी मौके पर पहुंच गए और मोर्चरी व्यवस्था व स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। परिजनों का आरोप है कि मोर्चरी में सुरक्षा और सफाई की स्थिति बदहाल है, जिसके कारण शव भी सुरक्षित नहीं रह पा रहे।

हंगामे के बावजूद स्वास्थ्य विभाग का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर देर तक उपस्थित नहीं हुआ, जिससे परिजनों और कार्यकर्ताओं का आक्रोश और बढ़ गया। सभी ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और मोर्चरी व्यवस्था की जांच की मांग की है।

latest articles

explore more

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here