दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन की खबर से फिल्म जगत के साथ राजनीतिक गलियारों में भी शोक की लहर है। 75 वर्षीय नाना पाटेकर का गुरुवार सुबह गोवा स्थित आवास पर गंभीर कार्डियक अरेस्ट के बाद निधन हो गया। मणिपाल अस्पताल के डॉ. शेखर सालकर के मुताबिक, उन्हें बचाने के लिए करीब 45 मिनट तक सीपीआर दिया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। नाना के निधन पर पीएम मोदी से लेकर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ उत्तराखंड मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से लेकर कई राज्यों के मुख्यमंत्री राजनेताओं तक ने उन्हें याद किया।
दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर राजनीतिक जगत से भी शोक संदेश आने लगे हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके निधन को कला जगत की अपूरणीय क्षति बताया। वहीं, पश्चिम बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी ने नाना पाटेकर के अभिनय और सामाजिक सरोकारों को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर शोक जताते हुए उन्हें याद किया। उन्होंने कहा कि नाना पाटेकर में जबरदस्त जोश, अनोखापन और दमदार मौजूदगी थी, जो बहुत कम अभिनेताओं में देखने को मिलती है। उन्होंने अपने हर किरदार में शानदार विविधता और रचनात्मकता दिखाई और ऐसे पात्र निभाए, जिन्हें पीढ़ियों तक याद रखा जाएगा। पीएम मोदी ने कहा कि नाना पाटेकर अपने बेबाक और स्पष्ट विचारों के लिए भी जाने जाते थे और अपनी बात कहने में कभी नहीं हिचकिचाते थे। हिंदी और मराठी सिनेमा में उनका योगदान बहुत बड़ा था और उनके निधन से एक बड़ी कमी महसूस होगी।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नाना पाटेकर के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि मशहूर अभिनेता, सशक्त थिएटर कलाकार और संवेदनशील समाजसेवी पद्म श्री नाना पाटेकर जी का निधन कला जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। अपनी बेहतरीन अदाकारी से उन्होंने भारतीय सिनेमा को समृद्ध किया और सामाजिक सरोकारों के माध्यम से समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी जाहिर की। भगवान श्री राम दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार व प्रशंसकों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।
फडणवीस ने जताया गहरा दुख
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दिग्गज अभिनेता और अपने करीबी दोस्त नाना पाटेकर के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि नाना का असमय और अचानक जाना दिल को गहरा सदमा देने वाला है। मन दुख से भरा हुआ है। फडणवीस ने कहा कि नाना पाटेकर जितने शानदार पर्दे पर थे, उतने ही शानदार उनके विचार भी थे। उन्होंने मराठी और हिंदी सिनेमा को एक पूरा दौर दिया। एक देशभक्त के तौर पर उनकी छवि दर्शकों के दिलों में गहराई तक बसी थी। ‘क्रांतिवीर’ से लेकर ‘नटसम्राट’ तक उन्होंने अभिनय का शानदार और बेजोड़ ताना-बाना बुना। एक अभिनेता के तौर पर उनका जाना बहुत बड़ी क्षति है।
उत्तराखंड मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनके निधन पर कहा उन्होंने अपने सशक्त अभिनय और प्रभावशाली संवाद से भारतीय सिनेमा में एक विशिष्ट पहचान बनाई। विभिन्न भूमिकाओं में उनके जीवंत अभिनय ने हिंदी सिनेमा को समृद्ध किया।उनका निधन फ़िल्म व कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।

