मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी का निधन, उपराष्ट्रपति ने दी श्रद्धांजलि प्रदेश में शोक की लहर

0
83
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन

उत्तराखंड से मंगलवार सुबह एक दुखद खबर सामने आई। पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी का देहरादून के एक अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई। राजनीतिक, सामाजिक और सैन्य जगत से जुड़े लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

पूर्व सीएम मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी के निधन पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने गहरा शोक व्यक्त किया। देहरादून स्थित उनके आवास पर पहुंचकर उपराष्ट्रपति ने श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कई वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने भी उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी का देश के विकास और जनसेवा में योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि उनके निधन से देश ने एक विशिष्ट सैनिक, सक्षम प्रशासक और असाधारण सत्यनिष्ठा वाले राजनेता को खो दिया है। उनके कार्य और नेतृत्व आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बने रहेंगे।

मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी भारतीय सेना में अपनी सेवाओं के साथ-साथ उत्तराखंड की राजनीति में साफ-सुथरी छवि और ईमानदार नेतृत्व के लिए पहचाने जाते थे। उनके निधन से उत्तराखंड की राजनीति में एक युग का अंत माना जा रहा है।