HomeUttarakhandदेवाल-बेराधार मार्ग पर मिला नन्हे बच्चे का सिर, पुलिस जांच में जुटी

देवाल-बेराधार मार्ग पर मिला नन्हे बच्चे का सिर, पुलिस जांच में जुटी

देवाल/चमोली। उत्तराखंड के देवाल-बेराधार मोटर मार्ग पर शनिवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई। ग्रामीणों ने सड़क किनारे एक नन्हे बच्चे का कटा हुआ सिर देखा, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्चे के सिर को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए कर्णप्रयाग भेज दिया।

ग्रामीणों के अनुसार हाटल्याणी-बेराधार मोटर मार्ग के जीरो किलोमीटर क्षेत्र में सिर पड़ा मिला था। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग इस अमानवीय घटना से स्तब्ध हैं।

थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया ने बताया कि मौके से बच्चे का सिर्फ सिर बरामद हुआ है, जबकि धड़ का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। बच्चे की पहचान भी स्पष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद उम्र तथा अन्य तथ्यों का पता चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि ग्राम प्रहरी की सूचना पर देवाल चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची थी। छानबीन जारी है और पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी स्थान से बच्चे के लापता होने की सूचना हो या घटना से संबंधित कोई जानकारी प्राप्त हो तो तुरंत पुलिस को अवगत कराएं। पुलिस ने मामले को बेहद गंभीर मानते हुए जांच तेज कर दी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments