उधमसिंह नगर: उधम सिंह नगर जिले के दिनेशपुर क्षेत्र में सोमवार को एक शादी समारोह उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब एक महिला पुलिस के साथ मौके पर पहुंची और दूल्हे को अपना पति बताते हुए हंगामा कर दिया। महिला का आरोप था कि युवक उससे बिना तलाक लिए दूसरी शादी कर रहा है।
जानकारी के अनुसार, कस्बे में एक युवक का विवाह समारोह चल रहा था। इसी दौरान गदरपुर माजरा हसन निवासी एक महिला थाने पहुंची और अपने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए शादी रुकवाने की मांग की। महिला की शिकायत पर थाने में तैनात महिला उपनिरीक्षक सोनिका जोशी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। जब तक पुलिस विवाह स्थल पर पहुंची, तब तक शादी की रस्में पूरी हो चुकी थीं। पुलिस ने मौके पर दोनों पक्षों से पूछताछ की और स्थिति को नियंत्रित किया। इस दौरान विवाह स्थल पर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
बिना तलाक दूसरी शादी अवैध
पुलिस ने दूल्हा पक्ष को स्पष्ट रूप से बताया कि पहली पत्नी के रहते बिना तलाक दूसरी शादी करना कानूनन अपराध है। वहीं, महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति जानबूझकर उसे धोखा देकर दूसरा विवाह कर रहा है। दूसरी ओर, आरोपित पति पक्ष का कहना था कि पति-पत्नी पिछले छह वर्षों से अलग-अलग रह रहे हैं और यह फैसला पंचायत के माध्यम से हुआ था। हालांकि, इस संबंध में कोई कानूनी तलाक के दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
पुलिस ने न्यायालय जाने की दी सलाह
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पीड़िता को आरोपित पति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए न्यायालय का दरवाजा खटखटाने की सलाह दी। पुलिस का कहना है कि यह मामला दीवानी और पारिवारिक न्यायालय के अधिकार क्षेत्र में आता है।
उत्तराखंड: शादी मंडप में पहुंची महिला ने दूल्हे को बताया अपना पति, पुलिस भी रही मौजूद
उत्तराखंड: नाबालिगों के बाइक चलाने पर अभिभावकों पर ₹25 हजार जुर्माना
देहरादून: दुपहिया चला रहे पांच नाबालिगों के अभिभावकों पर परिवहन विभाग ने 25-25 हजार रुपये जुर्माना लगाया है। कोर्ट के आदेश के बाद विभाग ने कार्रवाई की है।
संभागीय परिवहन अधिकारी देहरादून संभाग डा. अनीता चमोला ने बताया कि नाबालिगों के वाहन चलाने के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि मोटर वाहन (संशोधन) अधिनियम 2019 की धारा 199 नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने से संबंधित है। जिसके तहत 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चे वाहन चलाने पर माता-पिता या वाहन मालिक को जिम्मेदार माना जाता है। इसमें 25 हजार रुपये जुर्माना, तीन साल की कैद, वाहन का रजिस्ट्रेशन 12 महीने तक रद्द करने, नाबालिग को 25 वर्ष की उम्र तक लाइसेंस न मिलने का प्रावधान है। नाबालिग बच्चों द्वारा वाहन संचालन के मामले में चालानों का निर्णय न्यायालय द्वारा किया जाता है।
स्कूलों के पास नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही
दून शहर के कई ऐसे स्कूल हैं जहां नाबालिग नियमों को ताक पर रखकर वाहन खुद चलाकर आवाजाही करते हैं। ऐसे में वह अपने साथ औरों की जान भी जोखिम में डालते हैं। जागरूकता अभियान चलाकर विभाग अभिभावकों से यही अपील कर रहा है कि बिना लाइसेंस बच्चों को वाहन नहीं चलाने दें।
2025 में 26 हजार चालान किए गए
आरटीओ ने बताया कि ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर 2024 के मुकाबले 25 में दोगुने चालान किए गए हैं। अप्रैल 2024 से दिसम्बर 2024 तक विभाग ने निर्धारित लक्ष्य 21600 की अपेक्षा 14487 चालान किए थे। अप्रैल 2025 से दिसम्बर 2025 तक 26444 चालान किए गए।
देहरादून: ससुराल पक्ष से विवाद के बाद युवक की आत्महत्या, 9 पन्नों का नोट बना अहम सुराग
देहरादून: उत्तराखंड के देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां पारिवारिक कलह से तंग आकर एक 30 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के पास से नौ पन्नों का सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें उसने पत्नी और ससुराल पक्ष को अपनी आत्महत्या के लिए जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने सुसाइड नोट और परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली विकासनगर के कोतवाल विनोद गुसांई के अनुसार, रविवार देर रात सूचना मिली कि पहाड़ी गली चौक, कैनाल रोड स्थित एक किराए के मकान में एक व्यक्ति ने फांसी लगा ली है। सूचना पर चौकी प्रभारी बाजार मयंक त्यागी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर पुलिस को 30 वर्षीय महेंद्र पुत्र हरिदास वर्मा, निवासी ग्राम व पोस्ट खमरोली, कालसी अचेत अवस्था में घर के अंदर बिस्तर पर पड़ा मिला। मृतक के भाई अशोक ने बताया कि महेंद्र ने चुन्नी की मदद से पंखे से फांसी लगाई थी, जिसे उसने नीचे उतारा। पुलिस तत्काल उसे विकासनगर अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पत्नी के घर छोड़ने के बाद तनाव में था युवक
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक महेंद्र पत्नी के साथ पहाड़ी गली चौक पर किराए के मकान में रहता था। महेंद्र और उसकी पत्नी संदीप एक होटल में काम करते थे। किसी कारणवश दोनों के बीच अनबन हो गई थी, जिसके बाद पत्नी घर छोड़कर कहीं चली गई। महेंद्र लगातार उसकी तलाश कर रहा था और इसी मानसिक तनाव में उसने यह कदम उठाया।
तीन साल पहले हुआ था विवाह, कोई संतान नहीं
पुलिस के अनुसार मृतक का तीन वर्ष पूर्व विवाह हुआ था, लेकिन दंपती की कोई संतान नहीं थी। पारिवारिक विवाद के चलते वह मानसिक रूप से काफी परेशान बताया जा रहा है।
9 पन्नों का सुसाइड नोट बरामद
घटनास्थल से पुलिस को नौ पन्नों का सुसाइड नोट मिला है, जिसमें मृतक ने स्पष्ट रूप से पत्नी और ससुराल पक्ष को अपनी आत्महत्या के लिए जिम्मेदार ठहराया है। नोट में उसने लिखा है कि वह पत्नी और ससुरालियों के व्यवहार से बेहद परेशान था।
पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
मृतक के पिता हरिदास ने कोतवाली में लिखित तहरीर देकर अपनी बहू आशिका और उसके मायके पक्ष पर पुत्र की मौत के लिए संदेह जताया है। तहरीर, सुसाइड नोट और घटनास्थल के निरीक्षण के आधार पर पुलिस ने पत्नी और ससुराल पक्ष के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
देहरादून: आधी रात जारी हुआ ट्रांसफर ऑर्डर, कई DSP और उपनिरीक्षक इधर-उधर
देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने सोमवार को पुलिस उपाधीक्षकों और उप निरीक्षकों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। जारी आदेशों के तहत कई सर्किलों में अधिकारियों की नई तैनाती की गई है, जबकि अनेक थानों और पुलिस इकाइयों की जिम्मेदारी भी बदली गई है।
आदेश के अनुसार पुलिस उपाधीक्षक विवेक सिंह कुटियाल को क्षेत्राधिकारी प्रेमनगर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके अधीन थाना प्रेमनगर, थाना सेलाकुई, गोपनीय शाखा, एलआईयू व पीएसी रहेंगे। वहीं अगली व्यवस्था होने तक क्षेत्राधिकारी प्रेमनगर को विकासनगर सर्किल के राजकाज का भी पर्यवेक्षण सौंपा गया है।
पुलिस उपाधीक्षक रीना राठौर को क्षेत्राधिकारी डोईवाला बनाया गया है। उनके अंतर्गत कोतवाली डोईवाला, थाना रायपुर, शिकायत जांच प्रकोष्ठ, विशेष जांच प्रकोष्ठ, सीसीएम हेल्प लाइन, होमिसाइड सेल, महिला हेल्प लाइन, महिला सुरक्षा हेल्प लाइन 1090 समेत अन्य शामिल किए गए हैं।
इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक स्वनिल मुयाल को क्षेत्राधिकारी नगर, पुलिस उपाधीक्षक नीरज सेमवाल को क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश और पुलिस उपाधीक्षक जगदीश चंद्र पंत को क्षेत्राधिकारी यातायात नियुक्त किया गया है।
क्षेत्राधिकारी यातायात के अधीन यातायात, प्रधान लिपिक, भवन, ऑडिट, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल, स्पेशल जुवेनाइल पुलिस यूनिट, ऑपरेशन स्माइल, ट्रैक मिसिंग चाइल्ड, हाईकोर्ट/सम्मन सेल, लोक सूचना व सीसीओआर/डीसीआरओ रहेंगे।
इसके अलावा जनपद में 12 उप निरीक्षकों के भी तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण किए गए हैं। इनमें उप निरीक्षक कमल सिंह रावत, विकसित पंवार, कुलदीप शाह, दुर्गेश कोठियाल, अजय प्रकाश भट्ट, देवेंद्र पंवार सहित अन्य अधिकारियों को विभिन्न कोतवालियों, थानों व चौकी प्रभारियों के पद पर नई तैनाती दी गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल कार्यमुक्त कर नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण कराना सुनिश्चित करें।
उत्तराखंड में यहां भालू के हमले में ग्रामीण जख्मी, दहशत में आए लोग
उत्तरकाशी: चिन्यालीसौड़ विकासखंड के जुणगा गांव में भालू ने एक व्यक्ति पर हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया. भालू के हमले से घायल व्यक्ति को उपचार के लिए सीएचसी ब्रह्मखाल में भर्ती किया गया है. वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली. इससे पहले भी जिले में भालू ने कई लोगों को घायल किया है.
सुबह करीब साढ़े दस बजे जुणगा गांव निवासी 45 वर्षीय मुकेश उर्फ मकानी सिंह भंडारी पुत्र केंद्र सिंह घंडियाल धार नामे तोक में किसी काम से गया था. इसी दौरान वहां एक बड़ा भालू अपने दो बच्चों के साथ अचानक उस पर हमला करने आ गया. व्यक्ति किसी तरह भालू के हमले से जान छुड़ाकर भागा. इस दौरान आसपास लोगों ने भी शोर मचाया, जिससे भालू भाग गया.
भालू के हमले में व्यक्ति का पैर, कोहनी और कान बुरी तरह से जख्मी हुआ है. इसके बाद ग्रामीणों ने आनन-फानन में वन विभाग को इसकी जानकारी दी. सूचना मिलने पर वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौके पर पहुंचे. दोपहर के समय घायल व्यक्ति को ब्रह्मखाल स्थित अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती किया गया.
एमडीडीए की सख़्त कार्रवाई : अवैध प्लॉटिंग पर चला बुलडोज़र, 10 बीघा क्षेत्र में ध्वस्तीकरण
मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा प्राधिकरण क्षेत्रान्तर्गत अवैध प्लॉटिंग के विरुद्ध सघन अभियान जारी है। इसी क्रम में देहरादून जनपद के सेलाकुई क्षेत्र में नियमों को ताक पर रखकर की जा रही अवैध प्लॉटिंग पर आज सख़्त कार्रवाई करते हुए ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की गई। यह कार्रवाई एमडीडीए की ज़ीरो टॉलरेंस नीति के तहत की गई, जिसका उद्देश्य सुनियोजित विकास, पर्यावरण संरक्षण और आमजन के हितों की रक्षा करना है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वीरू भण्डारी एवं अन्य द्वारा जी.डी. गोयंका स्कूल बस स्टॉप के निकट, सेलाकुई देहरादून क्षेत्र में लगभग 10 बीघा भूमि पर बिना मानचित्र स्वीकृति एवं प्राधिकरण की अनुमति के अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। मामले की जांच के बाद एमडीडीए द्वारा नियमानुसार नोटिस जारी किए गए, परंतु अनियमित गतिविधियाँ जारी रहने पर आज मौके पर ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की गई। ध्वस्तीकरण की यह कार्रवाई सहायक अभियंता शशांक सक्सेना, अवर अभियंता सिद्धार्थ सेमवाल एवं मनीष नौटियाल, सुपरवाइजर तथा पर्याप्त पुलिस बल की मौजूदगी में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से बनाए गए आंतरिक मार्ग, बाउंड्री चिन्हांकन एवं अन्य संरचनाओं को हटाया गया। एमडीडीए ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी अवैध निर्माण एवं प्लॉटिंग के विरुद्ध इसी प्रकार कठोर कदम उठाए जाएंगे।
उपाध्यक्ष एमडीडीए बंशीधर तिवारी का बयान
मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग और निर्माण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। प्राधिकरण का स्पष्ट निर्देश है कि बिना मानचित्र स्वीकृति एवं नियमानुसार अनुमति के कोई भी विकास कार्य अवैध है। आज की कार्रवाई उसी प्रतिबद्धता का परिणाम है। आम नागरिकों से अपील है कि भूमि क्रय-विक्रय या निर्माण से पूर्व एमडीडीए से विधिवत अनुमति अवश्य प्राप्त करें, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी।
सचिव एमडीडीए मोहन सिंह बर्निया का बयान
एमडीडीए द्वारा लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है और जहां भी अवैध प्लॉटिंग या निर्माण की शिकायतें मिल रही हैं, वहां त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। हमारा उद्देश्य लोगों को ठगी से बचाना, नियोजित शहरी विकास को बढ़ावा देना और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एमडीडीए ने पुनः नागरिकों से आग्रह किया है कि वे किसी भी प्रकार की अवैध प्लॉटिंग में निवेश करने से पहले प्राधिकरण से जानकारी अवश्य लें। प्राधिकरण द्वारा जारी मानचित्र स्वीकृति और अनुमति ही वैध मानी जाएगी।
कैंचीधाम बायपास हर हाल में 15 जून तक हो जाए यातायात शुरू। महाराज
कुल 1258.12 लाभ रूपये की 5 योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलांयास किया।
भीमताल। जनपद नैनीताल निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। प्रदेश सरकार द्वारा लगातार विभिन्न विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने का कार्य किया जा रहा है। विकास की इस कड़ी में प्रदेश के लोक निर्माण, पर्यटन, सिंचाई, पंचायतीराज, ग्रामीण निर्माण, जलागम, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज द्वारा विकास भवन पहुॅचकर लोक निर्माण विभाग की 945.99 (नौ करोड़ पैंतालीस लाख निन्न्यानवे हजार) 04 योजनाओं का शिलान्यास किया गया जबकि लोक निर्माण विभाग की ही 312.13 (तीन करोड़ बारह लाख तेरह हजार) की एक योजना का लोकार्पण किया गया है। इस प्रकार कुल 1258.12 लाभ रूपये की 5 योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलांयास किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में पंचायतों को सशक्त करने के लिए 73 (तिहत्तरवे) संविधान संशोधन के तहत 11 (ग्यारहवीं) अनुसूची में वर्णित 29 (उनतीस) विषयों के हस्तांतरण हेतु कार्यवाही की जा रही है। प्रदेश के समस्त जनपदों में नये पंचायत भवनों का निर्माण एवं पुराने पंचायत भवनों का जीर्णाेद्धार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार राज्य में सड़कों की कनेक्टिविटी पर विशेष ध्यान दे रही है। अभी तक 14027 (चौदह हजार सत्ताईस) नये गाँवों को सड़क मार्ग प्रदान कर राष्ट्र की मुख्य धारा से जोड़कर गाँवों के विकास के लिये सरकार द्वारा महत्वपूर्ण कार्य किया गया। उन्होंने कहा कि दीन दयाल उपाध्याय गृह आवास (होम स्टे) विकास योजना के अंतर्गत अब तक पांच हजार से अधिक होम स्टे पंजीकृत किये जा चुके हैं। जबकि 1118 (एक हजार एक सौ अट्ठारह) लोग इस योजना का लाभउठा चुके हैं।
कैबीनेट मंत्री सतपाल महाराज ने विकास भवन सभागार पहुॅचकर जन संवाद किया तथा जनपद में चल रहे विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान निर्देश दिये कि कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं तथा पर्यटकों की यात्रा को सरल, सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए कैंचीधाम बायपास निर्माण कार्य 15 जून तक पूर्ण कर लिया जाये। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिये कि बायपास में 75 मीटर स्पान के बन रहे पुल में विलम्ब होने की संभावना होने पर अस्थायी रूप से वैलीब्रिज की व्यवस्था करते हुए 15 जून तक हर हाल में बायपास रोड शुरू करने के निर्देश लोक निर्माण विभाग के अभियन्ताओं को दिये। उन्होंने जनपद की सड़कों पर दिन-प्रतिदिन बढ़ रहे यातायात के दबाव को देखते हुए निर्देश दिये कि जनपद की महत्वपूर्ण सड़कों के चौड़ीकरण हेतु प्रस्ताव प्राथमिकता के आधार पर शासन में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें तथा सड़कों पर दौड़ रहे भारी वाहनों के अनुरूप ही सड़कों का निर्माण किया जाये ताकि अधिक दबाव के कारण सड़कें जल्दी खराब न हों और हॉटमिक्स कार्य में गुणवत्ता विशेष ध्यान दिया जाये।
उन्होंने सिंचाई विभाग की समीक्षा के दौरान निर्देशित करते हुए कहा कि पहाड़ों के विकास में सिंचाई एवं लघु सिंचाई विभाग महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने निर्देश दिये कि क्षतिग्रस्त गूलों एवं नहरों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर की जाये। उन्होंने निर्देश दिये कि भीमताल-नौकुचियाताल नहर से अतिक्रमण हटाने हेतु शीघ्रता से कार्यवाही करते हुए जिला प्रशासन के सहयोग से तत्काल अतिक्रमण हटाया जाये। उन्होंने भीमताल के ढुंगसील पहाड़ी से हो रहे भू-कटाव को रोकने के लिए प्रस्ताव तैयार करने, झीलों, नदियों तथा तालाबों में जमा गाद, सिल्ट आदि को हटाने एवं नदियों को साइंटिफिक तरीके से व आसानी से चैनलाइज करने के लिए आधुनिकतम मशीन खरीदने का प्रस्ताव भी तैयार करने के निर्देश सिंचाई विभाग के अभियन्ताओं को दिये। उन्होंने पंचायतीराज विभाग की समीक्षा के दौरान निर्देश दिये कि गांव से लेकर मुख्यालय तक कूड़े का निस्तारण प्रोपर होना चाहिए। उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि कूड़ा निस्तारण हेतु कॉम्पेक्टर्स का भी उपयोग किया जाये तथा स्वच्छता हेतु जन सहयोग लिया जाये और सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा फैंकने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्यवाही अमल में लाई जाये। उन्होंने पर्यटन विभाग की समीक्षा के दौरान निर्देश दिये कि संचालित होम स्टे में स्वच्छ शौचालय हों तथा सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाये। उन्होंने कहा कि होम स्टे योजना के अन्तर्गत कमरों की संख्या बढ़ाने की दिशा में सरकार कार्य कर रही है।
बैठक में विधायक सरिता आर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट आदि द्वारा विभिन्न क्षेत्रों की समस्याओं से अवगत कराते हुए महत्वपूर्ण सुझाव दिये।
बैठक में विधायक सरिता आर्या, अध्यक्ष जिला पंचायत दीपा दर्मवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, मुख्य विकावस अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, विभागों के अधिकारी आदि उपस्थित थे।
जिला प्रशासन की सख्ताई पर शिमला बायपास पर सड़क निर्माण शुरू
जनमन की सुरक्षा सर्वोपरि; सड़क खोद छोड़ी तो विधिक एक्शन तय
जिला प्रशासन की सख्ती पर सड़क सुधारीकरण कार्य युद्धस्तर पर शुरू
देहरादून दिनांक 09 फरवरी 2026, (सूवि) शिमला बायपास रोड पर सड़क खुदाई के कारण आमजन को हो रही असुविधा एवं यातायात बाधित होने की शिकायतों पर जिलाधिकारी सविन बंसल ने तत्काल संज्ञान लिया। जिलाधिकारी के निर्देश पर संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल
कुमार द्वारा मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि शिमला बायपास मार्ग पर की गई खुदाई उत्तराखंड पावर कॉर्पाेरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) द्वारा की गई है, जिसके कारण सड़क की सतह क्षतिग्रस्त हो गई है और आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही है। स्थानीय नागरिकों द्वारा धूल, गड्ढों एवं जाम की समस्या की शिकायत भी की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित को प्राथमिकता देते हुए सड़क की तत्काल मरम्मत सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग, निर्माण खंड को त्वरित रूप से रोड रेस्टोरेशन (सड़क पुनर्स्थापन) कार्य प्रारंभ करने हेतु दिए गए निर्देशों के अनुपालन में निर्माण खंड द्वारा सड़क पुनर्स्थापन का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को चेताया है कि भविष्य में किसी भी प्रकार की सड़क खुदाई के पश्चात निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से रेस्टोरेशन कार्य पूर्ण किया जाए। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित संस्था के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इससे पूर्व विगत दिवस जिला प्रशासन ने आदेश जारी करते हुए सड़क खुदाई निर्माण कार्यों की समस्त अनुमतियां निरस्त कर दी गई है। बिना अनुमति के सड़क खुदाई करने सम्बन्धित के विरूद्ध विधिक कार्यवाही के निर्देश दिए गए है। जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों की सुविधा सुरक्षा के दृष्टिगत सार्वजनिक मार्गों की स्थिति पर सत्त निगरानी रखी जा रही है।
डंपर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, गुस्साई भीड़ ने डंपर फूंका
सोमवार की सुबह दर्दनाक सड़क हादसे ने माहौल तनावपूर्ण कर दिया। रेत से लदे एक डंपर ने बाइक सवार को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साई भीड़ ने डंपर में आग लगा दी, जो करीब एक घंटे तक धधकता रहा। खबर जनपद उधम सिंह नगर से है।
घर से निकले, लेकिन वापस नहीं लौट सके
सुबह करीब 8 बजे ढकिया नंबर एक निवासी 58 वर्षीय जयपाल सिंह बाइक से किसी काम के लिए निकले थे। घर से कुछ ही दूरी पर पीछे से आए खनन सामग्री से लदे डंपर (UP21 CT 6334) ने उन्हें चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि जयपाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
चालक फरार, बढ़ता गया आक्रोश
हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। आसपास के लोग जमा हो गए और हाल ही में क्षेत्र में हुए अन्य हादसों की याद से ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा। भारी वाहनों की आवाजाही को हादसों की बड़ी वजह बताते हुए लोगों ने डंपर में आग लगा दी।
पुलिस-प्रशासन ने संभाले हालात
सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, लेकिन शुरुआत में भीड़ ने उन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया। हालात बिगड़ते देख एसपी स्वपन किशोर सिंह समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों के समझाने के बाद फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और डंपर को भी जब्त कर लिया गया है। क्षेत्र में फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, जबकि आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
उत्तराखंड में बदला मौसम, बदरीनाथ-हेमकुंड में बर्फबारी से बढ़ी ठंड
देहरादून। Uttarakhand Ka Mausam उत्तराखंड में इन दिनों मौसम शुष्क बना हुआ है और अधिकतम तापमान लगातार सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम के मिजाज में बदलाव हुआ है। सोमवार को बदरीनाथ व हेमकुंड साहिब में बर्फबारी हुई।
देहरादून समेत ज्यादातर क्षेत्रों में सोमवार को बादल छाए रहे। जिससे ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर व पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा या 3000 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है। इससे ऊंचे हिमालयी क्षेत्रों में ठंड बढ़ सकती है। वहीं, राज्य के शेष जनपदों में मौसम शुष्क बने रहने के आसार हैं।
कोहरे को लेकर अलर्ट
मैदानी जिलों हरिद्वार एवं ऊधम सिंह नगर में कहीं-कहीं घने कोहरे की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। कोहरे के कारण सुबह और देर रात के समय दृश्यता प्रभावित हो सकती है, जिससे वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
राजधानी देहरादून में मुख्यतः आसमान साफ से लेकर आंशिक बादल छाए रहने का अनुमान है। साथ ही न्यूनतम तापमान में हल्की वृद्धि दर्ज की जा सकती है, जिससे रात की ठंड में कुछ कमी महसूस हो सकती है।
शहर, अधिकतम, न्यूनतम
देहरादून, 25.4, 9.2
ऊधमसिंह नगर, 21.0, 8.6
मुक्तेश्वर, 19.1, 2.5
नई टिहरी, 18.8, 3.6
