Home Blog Page 121

पुलिस ने पॉक्सो एक्ट में युवक को किया गिरफ्तार, नैनीताल से बरामद की दोनों नाबालिग

0

अल्मोड़ा पुलिस ने नाबालिगों को भगाकर ले जाने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया.

अल्मोड़ा: जनपद पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर दो गुमशुदा नाबालिग किशोरियों को सकुशल बरामद किया है. पुलिस की तत्काल कार्रवाई से एक बार फिर अल्मोड़ा पुलिस की सतर्कता और तत्परता सामने आई है. 11 नवंबर 2025 को अल्मोड़ा क्षेत्र से दो नाबालिग किशोरियों बिना बताए घर से लापता हो गई थी. किशोरियों की मां द्वारा 13 नवंबर को कोतवाली अल्मोड़ा में तहरीर दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात अभियुक्त के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया था.

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा ने संबंधित अधिकारियों को किशोरियों की शीघ्र तलाश कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए. एसएसपी के आदेश पर अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह तथा सीओ अल्मोड़ा गोपाल दत्त जोशी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक योगेश चन्द्र उपाध्याय के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस की विशेष टीम गठित की गई. पुलिस टीम ने लगातार सुरागरसी-पतारसी करते हुए सर्विलांस सेल की तकनीकी सहायता से तलाशी अभियान तेज किया.

प्रयासों के परिणामस्वरूप 14 नवंबर को दोनों नाबालिग किशोरियों को नैनीताल से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया. साथ ही, एक विधि विवादित किशोर को भी संरक्षण में लेकर पूछताछ समेत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई. गुमशुदा किशोरियों के बयान दर्ज होने के बाद मुकदमे में धारा 5/6 पॉक्सो एक्ट व धारा 64 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई. पुलिस की सक्रियता यही नहीं रुकी. लगातार प्रयासों के बाद 15 नवंबर 2025 को पुलिस टीम ने पॉक्सो एक्ट के अभियुक्त साहिल कुमार को बेस तिराहा, अल्मोड़ा से गिरफ्तार कर लिया.

गिरफ्तार आरोपी नैनीताल का रहने वाला है.अल्मोड़ा पुलिस द्वारा समय पर की गई कार्रवाई से जहां परिजनों ने राहत की सांस ली है, वहीं पुलिस प्रशासन ने एक बार फिर संवेदनशील मामलों में अपनी सजगता का परिचय दिया. टीम में एसएसआई रमेश सिंह बोरा, एसएसआई सतीश चन्द्र कापड़ी, एसआई आनन्द बल्लभ कश्मीरा, प्रभारी चौकी धारानौला, कांस्टेबल संतोष कुमार तथा महिला होमगार्ड ओशिन शामिल रहे.

प्रतिबंधित पशु के अवशेष मिलने से हल्द्वानी में बवाल, पथराव और तोड़फोड़ के बाद पुलिस ने भांजी लाठियां

0

हल्द्वानी में में जानवर के अवशेष मिलने के बाद तनाव फैल गया. सांप्रदायिक माहौल बनाए रखने के लिए पुलिस ने मोर्चा संभाला.

हल्द्वानी: नैनीताल के हल्द्वानी के बरेली रोड स्थित उजाला नगर में रविवार देर रात उस वक्त हंगामा मच गया, जब स्थानीय लोगों ने आबादी वाले क्षेत्र में प्रतिबंधित पशु के अवशेष मिलने की सूचना दी. देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया. घटना की खबर फैलते ही कई हिंदूवादी संगठन भी मौके पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. वहीं पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा. घटना के बाद हिंदूवादी संगठन आक्रोशित हैं.

पुलिस मामले की जांच में जुट गई है, वहीं सीसीटीवी फुटेज में एक कुत्ता मांस के टुकड़े को लाता हुआ दिखाई दिया. हालांकि हिंदूवादी संगठन ने पुलिस को शिकायत पत्र देते हुए जांच की मांग की. इस दौरान कुछ अराजकतत्वों द्वारा एक होटल और कार में पथराव शुरू कर दिया. हंगामा बढ़ता देख पुलिस को अराजकतत्वों को खदेड़ने के लिए को लाठीचार्ज करना पड़ा. हंगामा बढ़ता देख आसपास के लोगों द्वारा अपनी दुकाने बंद कर दी गई. इसके अलावा प्रशासन द्वारा आसपास के थानों की पुलिस को मौके पर तैनात किया गया. वहीं सुरक्षा के दृष्टिगत जिले के कप्तान मंजू नाथ टीसी ने 4 सीओ, सभी थानाध्यक्षों, पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और पीएसी को तैनात किया गया है.

भीड़ ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी की. हालात बिगड़ते देख पुलिस फोर्स तत्काल मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया. कुछ लोग विरोध के दौरान उग्र होने लगे तो पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर उन्हें तितर-बितर किया. इस दौरान हंगामा कर रहे कुछ लोगों को पुलिस हिरासत में भी ले गई. लगातार बढ़ रहे तनाव के बीच प्रशासन के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे.

शहर की फिजा बिगाड़ने वाले के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी. कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले अराजकतत्वों से सख्ती से निपटा जाएगा. जनपद की खुफिया तंत्र व सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम को एक्टिव कर संदिग्ध लोगों पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं. एसएसपी ने जनपद वासियों से शांति, संयम और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है.
मंजूनाथ टीसी, एसएसपी नैनीताल

एसडीएम, सिटी मजिस्ट्रेट और एसपी सिटी क्राइम समेत भारी पुलिस बल ने क्षेत्र की घेराबंदी कर स्थिति को नियंत्रण में लिया. अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की और अफवाहों पर ध्यान न देने का आग्रह किया.

इसके साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जो घटनास्थल की बारीकी से जांच कर रही है. पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में कुछ संदिग्धों को चिन्हित किया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है.

मसूरी में देर रात हाई वोल्टेज ड्रामा, युवती ने युवक को जड़ा थप्पड़, स्पा सेंटर पर सवाल

0

मसूरी के भगत सिंह चौक की घटना, स्पा सेंटर पर पत्थर फेंकने के बाद शुरू हुआ विवाद, लोगों ने की कार्रवाई की मांग

मसूरी: पर्यटन नगरी मसूरी एक बार फिर देर रात हुए हंगामे को लेकर चर्चा में है. रविवार की रात भगत सिंह चौक पर एक युवक और कुछ युवतियों के बीच विवाद हुआ. विवाद इतना बढ़ गया कि देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया. इसी दौरान स्पा सेंटर में काम करने वाली युवती ने युवक को जोरदार थप्पड़ जड़ दिया. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

चौक पर करीब आधे घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा. स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया. बताया जा रहा है कि विवाद एक स्पा सेंटर पर पत्थर फेंकने और उसके बाद हुई कहासुनी से जुड़ा हुआ था, जिसके बाद दोनों पक्ष सड़क पर भिड़ गए.

मसूरी में पिछले कुछ महीनों से तेजी से खुले स्पा सेंटर्स स्थानीय लोगों के लिए चिंता का विषय बनते जा रहे हैं. कई स्पा सेंटर्स के बारे में लगातार शिकायतें आती रही हैं. लेकिन प्रशासन और पुलिस द्वारा अब तक किसी ठोस कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है. स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि देर रात खुलने वाले कई स्पा सेंटर्स में संदेहास्पद गतिविधियां होती हैं. इनके बाहर आए दिन बहसबाजी और झगड़े देखे जा रहे हैं. भगत सिंह चौक की यह घटना भी इन्हीं गतिविधियों का परिणाम बताई जा रही है.

व्यापार संघ ने जताई चिंता: व्यापार संघ के महामंत्री जगजीत कुकरेजा ने चिंता जताते हुए कहा कि-

ऐसी घटनाएं मसूरी की फिज़ा खराब कर रही हैं. पर्यटक यहां सुकून और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए आते हैं, लेकिन जब उन्हें सड़क पर इस तरह के नजारे दिखाई देते हैं, तो शहर की छवि खराब होती है. प्रशासन को तुरंत सख़्त कदम उठाने चाहिए. रात्रि गश्त बढ़ाने के साथ संदिग्ध स्पा सेंटर्स की जांच करवानी चाहिए, ताकि शहर की शांति और पर्यटन पर पड़ रहा नकारात्मक प्रभाव रोका जा सके.
-जगजीत कुकरेजा, महामंत्री, मसूरी व्यापार संघ-

पुलिस कर रही है तहरीर का इंतजार: शहर कोतवाल देवेंद्र चौहान ने बताया कि-

शहर में हुई घटना की जानकारी मिली है. लेकिन इस मामले में अब तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है. तहरीर मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी.
-देवेंद्र चौहान, शहर कोतवाल-

इधर स्थानीय लोगों का सवाल है कि जब इस तरह की घटनाएं बार-बार हो रही हैं और वीडियो वायरल हो रहे हैं, तब पुलिस कार्रवाई के नाम पर केवल तहरीर का इंतज़ार क्यों कर रही है?

देहरादून: आंदोलन में शामिल उपनल महिला कर्मी की ब्रेन हेमरेज से मौत, विभाग में हड़कंप

0

देहरादून : उपनल आंदोलन से जुडी इस वक़्त की बड़ी खबर,आंदोलनरत उपनल महिला कर्मी की ब्रेन हेमरेज से हुई मौत।

पति पत्नी दोनों हैँ उपनल कर्मी,पिछले एक हफ्ते से परेड मैदान में चल रहे धरने में हो रहे थे शामिल।

उपनल महासंघ ने डिप्रेसन के चलते महिला की मौत होने का लगाया आरोप,कहा-सरकार ने नहीं ली आंदोलन की सुध,इसी से डिप्रेशन में आई महिला कर्मी की हुई मौत।

आंदोलन स्थल पर दिवंगत महिला कर्मी को दी गई श्रद्धांजलि,नीलम डोभाल उपनल के माध्यम से जिला निर्वाचन कार्यालय देहरादून में कनिष्क सहायक के पद पर थी कार्यरत।

बारातियों से भरा वाहन दुर्घटनाग्रस्त, गंभीर घायल हायर सेंटर रेफर

0

चमोली के गैरसैंण में शादी समारोह में शामिल होने जा रहा वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया. वाहन में 8 लोग सवार थे.

गैरसैंण: चमोली जिले के गैरसैंण नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या-06 धुनारघाट के समीप बारातियों से भरा एक इको वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार सभी लोग घायल हो गए. घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की सहायता से उपजिला चिकित्सालय गैरसैंण में भर्ती करवाया गया है. जहां सभी घायलों का उपचार जारी है.

पहाड़ों में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. कभी ड्राइवरों की लापरवाही, कभी ओवर स्पीड और कभी खराब सड़कों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं. जहां एक और पुलिस विभाग भी समय समय पर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाकर लोगों और वाहन स्वामियों को जागरूक करने का काम कर रहें हैं तो वहीं सड़क हादसे भी रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं. जिस कारण आए दिन कई लोगों को अपनी जिंदगी से हाथ धोना पड़ रहा है.

रविवार दोपहर गैरसैंण नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 6 में धुनारघाट नामक स्थान पर एक बस और एक इको वाहन की पास लेते समय जोरदार भिड़ंत हो गई. जानकारी के अनुसार दोनों वाहन जब एक दूसरे से पास हो रहे थे तो बस के पिछले हिस्से से टकराने के बाद बारातियों से भरा इको वाहन सड़क से लगभग 30 मीटर नीचे गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें ड्राइवर समेत सवार सभी 8 बाराती घायल हो गए. जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस के जवानों ने रेस्क्यू कर सड़क मार्ग तक लाने के बाद 108 एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गैरसैंण पहुंचाया गया.

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अर्जुन रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद मामूली रूप से ड्राइवर समेत घायल 6 बारातियों को घर भेज दिया गया तो वहीं गंभीर रूप से घायल 2 बाराती पूजा और कविता को उपचार के लिए हायर सेंटर श्रीनगर रेफर किया गया है.

घटना की जानकारी देते हुए एसआई कोतवाली गैरसैंण सुमित बंदूनी ने बताया कि इको वाहन बारातियों को लेकर नोगांव (पंचाली) से गैरसैंण विकासखंड के फर्कण्डे गांव बारात में जा रहा था, जो धुनारघाट में बस से साइड लेते समय अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. जिसमें सवार सभी बारातियों का रेस्क्यू कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गैरसैंण में उपचार हेतु भर्ती करवा दिया गया है. आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है.

गंभीर रूप से घायल:

  • कविता पुत्री पुष्कर सिंह उम्र 23 वर्ष
  • पूजा पत्नी केदार सिंह उम्र 29 वर्ष

सामान्य घायलों के नाम:

  • संगीता पुत्री जवाहर सिंह नौगांव उम्र 18 वर्ष
  • दीपा पत्नी भुवन सिंह उम्र 30 वर्ष
  • रोशनी पत्नी राकेश उम्र 30 वर्ष
  • प्रीति पुत्री जवाहर सिंह उम्र 20 वर्ष
  • रविंद्र बिष्ट पुत्र पुष्कर सिंह उम्र 19 वर्ष
  • प्रताप सिंह पुत्र जमन सिंह उम्र 30 वर्ष (ड्राइवर).

व्हाट्सअप पर Apk फाइल भेजकर लूटी लोगों की गाढ़ी कमाई, नैनीताल से चार शातिर गिरफ्तार

0

व्हाट्सअप पर आने वाले किसी फाइल के पीछे .apk लगा हो,उसे किसी भी कीमत पर डाउनलोड न करें. ऐसा करने पर कंगाल हो सकते हैं.

रुद्रपुर: नैनीताल पुलिस ने दोगांव के पास से चेकिंग के दौरान चार साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से 11 मोबाइल फोन समेत एटीएम, क्रेडिट और डेबिट कार्ड, क्यूआर स्कैनर बरामद हुए हैं. जांच के दौरान दो खातों में 3 करोड़ से ज्यादा का लेन-देन होना पाया गया है. फिलहाल, आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया जा रहा है. आरोपी apk फाइल लोगों को भेज कर उनके मोबाइल का एक्सेस ले कर ठगी करते थे.

हरियाणा नंबर की कार में बैठे थे साइबर ठग: दरअसल, नैनीताल पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर ठगी करने वाले चार आरोपियों को दबोचा है. नैनीताल एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि 15 नवंबर 2025 को तल्लीताल थाना पुलिस रात के समय चेकिंग अभियान चला रही थी. तभी भेड़ियापखाण मोड पर दोगांव के पास एक कार संख्या HR 98 P 1642 आती दिखाई दी. जिसे रोक कर चेक किया गया. चेक करने पर कार में चार संदिग्ध युवक बैठे नजर आए.

साइबर ठगों से बरामद हुए ये सामान: वहीं, शक के आधार पर उनकी तलाशी ली गई तो उनके पास से 11 मोबाइल फोन, 9 सिम, एक आधार कार्ड, 3 पैन कार्ड, 3 क्यूआर स्कैनर, 2 चेक बुक, एक क्रेडिट कार्ड, 9 डेबिट कार्ड बरामद हुआ. जब तल्लीताल थाना पुलिस ने इस सब के बारे में संदिग्ध युवकों से पूछताछ की तो वो सकपका गए और संतुष्ट जवाब नहीं दे पाए. जिस पर पुलिस का शक गहरा गया.

 

सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों से बताया कि वो सोशल मीडिया खासकर व्हाट्सअप पर apk फाइल भेजकर लोगों के मोबाइल का एक्सेस हासिल करते हैं. फिर लोगों के बैंक खातों में सेंधमारी करते हैं. आरोपी शुभम गुप्ता निवासी अलवर ने बताया कि पीयूष गोयल उन्हें 3 प्रतिशत में बैंक अकाउंट उपलब्ध करता था. पुलिस जांच में दो क्यूआर स्कैनर की जांच करने पर पता चला कि स्कैनर में 3 करोड़ से ज्यादा की लेन देन हुई है.

गिरफ्तार आरोपियों के नाम-

  1. शुभम गुप्ता, निवासी- अलवर, राजस्थान
  2. पीयूष गोयल, निवासी- जहांगीराबाद, बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश
  3. ऋषभ कुमार, निवासी- मोदीनगर, गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश
  4. मोहित राठी, निवासी- गुरुग्राम, हरियाणा

वहीं, आरोपियों के खिलाफ के खिलाफ तल्लीताल थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है. जिन्हें अब कोर्ट में पेश किया जा रहा है. जिस पर अब कोर्ट के आदेश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने साइबर ठगी से बचने के लिए लोगों को जागरूक रहने की अपील की है.

पुलिस का कहना है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें. खासकर एपीके (apk) फाइल को न खोलें. आजकल साइबर ठग विवाह आमंत्रण, लुभावने योजनाओं से जुड़े एपीके फाइल भेज रहे हैं, जिस पर क्लिक करते ही आपका एक्सेस साइबर अपराधियों तक पहुंच जाता है.

नैनीताल पुलिस की सतर्कता से चार साइबर ठगों को एक साथ गिरफ्तार किया है. आरोपियों से 11 मोबाइल फोन समेत बैंक संबंधी कार्ड, क्यूआर स्कैनर बरामद हुए हैं. जांच में दो स्कैनरों में 3 करोड़ 37 लाख 22 हजार से ज्यादा का लेनदेन हुआ है. आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जा रहा है.“- मंजूनाथ टीसी, एसएसपी, नैनीताल

जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर गणेश गोदियाल का भव्य स्वागत, हरक सिंह ने दिखाई एकजुटता, उत्साहित कार्यकर्ता

0

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल आज संभालेंगे पदभार

देहरादून: कांग्रेस के नये प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल आज दिल्ली दौरे से देहरादून लौटे. जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर गणेश गोदियाल का भव्य स्वागत हुआ. इस दौरान हरक सिंह रावत के साथ सैकड़ों कार्यकर्ता उनका स्वागत करने पहुंचे.आज गणेश गोदियाल देहरादून पार्टी मुख्यालय में कार्यभार ग्रहण करेंगे. पदभार ग्रहण कार्यक्रम में कांग्रेस की प्रभारी कुमारी शैलजा, दोनों सह प्रभारी, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत मौजूद रहेंगे.

गणेश गोदियाल का पॉलिटिकल करियर: गणेश गोदियाल के राजनीतिक इतिहास पर नजर डालें तो वो पहले भी उत्तराखंड में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं. गोदियाल ने साल 2002 में थैलीसैंण विधानसभा सीट से पहला चुनाव लड़ा था, जिसमें उन्हें जीत मिली थी.

अपने पहले ही विधानसभा चुनाव में गणेश गोदियाल ने भाजपा के दिग्गज नेता रमेश पोखरियाल निशंक को करारी हार दी थी. इसके बाद साल 2007 में हुए विधानसभा चुनाव में गणेश गोदियाल को हार का सामना करना पड़ा. इसके बाद साल 2012 में हुए परिसीमन के बाद थलीसैंण, श्रीनगर विधानसभा (पौड़ी) का हिस्सा बन गया.

साल 2012 में भी गणेश गोदियाल ने श्रीनगर विधानसभा से चुनाव लड़ा. इस बार भाजपा से उनके सामने धन सिंह रावत थे. इस चुनाव में गणेश गोदियाल ने धन सिंह रावत को हराया. गणेश गोदियाल की इस जीत के बाद कांग्रेस में उनकी कद बढ़ता चला गया. गणेश गोदियाल कभी सतपाल महाराज के करीबी माने जाते थे. हालांकि, सतपाल महाराज के भाजपा में शामिल होने के बाद गोदियाल को कांग्रेस में आगे बढ़ने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी.

इसके बाद साथ 2017 में उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव हुए. गणेश गोदियाल श्रीनगर विधानसभा से चुनाव लड़े. तमाम विकास कार्यों के बाद भी इस चुनाव में गणेश गोदियाल मोदी लहर के सामने नहीं टिक पाये. इस चुनाव में बीजेपी के धन सिंह रावत ने उन्हें हराया.

साल 2021 में कांग्रेस ने गणेश गोदियाल को बड़ी जिम्मेदारी दी. 22 जुलाई 2021 में कांग्रेस ने गणेश गोदियाल को उत्तराखंड कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया था. इसके बाद साल 2022 में उत्तराखंड विधानसभा चुनाव हुये. जिसमें गणेश गोदियाल ने फिर से श्रीनगर विधानसभा से ताल ठोकी. इस बार भी गोदियाल को हार का सामना करना पड़ा. 2022 में विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद गणेश गोदियाल को अध्यक्ष पद से हाथ धोना पड़ा था.

साल 2024 में गणेश गोदियाल कांग्रेस के टिकट पर गढ़वाल लोकसभा सीट से लड़े थे, लेकिन उन्हें बीजेपी नेता अनिल बलूनी ने हरा दिया था. गणेश गोदियाल मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल के कंडारस्यूं भहेड़ी गांव के रहने वाले है.

घर में नकाबपोशों का तांडव: 2 लाख की नकदी–जेवरात लूटे, महिला घायल

0

बनबसा। क्षेत्र के ग्राम सभा गुदमी के भैंसाभोज में रात्रि के समय आधा दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने एक घर में घुसकर लाखों रुपए केसोने के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के दौरान बदमाशों ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट भी की, जिससे एक महिला घायल हो गई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार पीड़ित भीम सिंह गोवाड़ी ने तहरीर देकर बताया कि बीती रात करीब आधा दर्जन अज्ञात लोग उनके घर में घुस आए। बदमाशों ने घर में रखी लगभग दो लाख रुपए की नकदी लूट ली और उनकी पत्नी के कानों में पहने सोने के झुमकों को जबरदस्ती खींच लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

पीड़ित ने बताया कि विरोध करने पर बदमाशों ने परिजनों के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। किसी तरह परिवार ने अपनी जान बचाई।

थानाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह कोरंगा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है और आरोपी जल्द गिरफ्तार किए जाएंगे।

UKSSSC की भर्ती परीक्षा आज, आयोग ने कसी कमर, वॉशरूम तक में लगवाए जैमर

0

आगामी प्रतियोगी परीक्षा के लिए उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग पहले से ज्यादा सतर्क दिखाई दे रहा है.

देहरादून: उत्तराखंड में रविवार 16 नवंबर यानि आज होने वाली प्रतियोगी परीक्षा के लिए एक दिन पहले ही आयोग की टीमें परीक्षा केंद्रों पर जा पहुंची. इस दौरान परीक्षा कक्षा से लेकर वॉशरूम तक की स्थितियों को खंगाला गया. खास बात यह है कि पिछली बार वॉशरूम से ही प्रश्न पत्र लीक होने की बात सामने आने के बाद वॉशरूम या इसके आसपास भी जैमर लगाने को लेकर अलग से व्यवस्था की गई.

आगामी प्रतियोगी परीक्षा के लिए उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग पहले से ज्यादा सतर्क दिखाई दे रहा है. हाल ही में पेपर लीक प्रकरण सामने आने के बाद आयोग ने न केवल परीक्षा केद्रों में तकनीक का और अधिक उपयोग करने का फैसला लिया है, बल्कि परीक्षा से पहले तैयारी की निगरानी भी बढ़ा दी है.

प्रदेश में सहकारी निरीक्षक और सहायक विकास अधिकारी पद के लिए आयोग को लिखित परीक्षा करवानी है. यहां 16 नवंबर को होने वाली इस परीक्षा के लिए आयोग ने सभी परीक्षा केंद्रों पर निगरानी बढ़ाई है. दरअसल इससे पहले हुई स्नातक स्तरीय परीक्षा में पेपर लीक होने का मामला सामने आया था. इस दौरान प्रश्न पत्र के तीन पेज परीक्षा खत्म होने से पहले ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गए थे. हालांकि इस मामले की फिलहाल जांच चल रही है, लेकिन आयोग इस प्रकरण के बाद पहले से ज्यादा सतर्क होकर परीक्षा कराने के प्रयास में जुट गया है.

सरकारी निरीक्षक और सहायक विकास अधिकारी परीक्षा प्रदेश के दो शहरों में होनी है. देहरादून और हल्द्वानी में इसके लिए परीक्षा केंद्र तय किए गए हैं. ऐसे में आयोग की टीम परीक्षा केंद्रों पर एक दिन पहले ही सभी तैयारियां को जांचने में लगी हुई है.

राज्य में आज को होने वाली इस परीक्षा के लिए 26 केंद्र तय किए गए हैं, जिसमें 13080 अभ्यर्थियों को शामिल होना है. यह परीक्षा सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक होनी है. इस परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक हाजिरी लगाई जाएगी.

खास बात यह है कि पेपर लीक मामले में जांच के दौरान वॉशरूम से प्रश्न पत्र बाहर भेजने की बात सामने आई थी.ऐसे में इस बार वॉशरूम या इसके आसपास भी जैमर लगाए गए हैं. इतना ही नहीं परीक्षा शुरू होने के बाद परीक्षा कक्षा से वॉशरूम के लिए बाहर जाने वाले अभ्यर्थियों पर भी अब ड्यूटी में मौजूद कर्मचारी अतिरिक्त निगरानी रखेंगे.

सभी परीक्षा केद्रों के लिए टीमों को तैनात किया गया है. परीक्षा से एक दिन पहले भी परीक्षा केंद्रों का उनकी टीमें दौरा कर रही है, ताकि परीक्षा को पारदर्शी बनाने के लिए सभी पुख्ता इंतजाम जांचे जा सके.

-जीएस मार्तोलिया, अध्यक्ष, उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग-

10 दिन वेंटिलेटर पर जिंदगी से लड़ता रहा तीन माह का मासूम, डॉक्टरों ने ऐसे बचाई जान

0

श्रीनगर मेडिकल कॉलेज बाल रोग विभाग के डॉक्टर्स ने 20 दिनों के गहन उपचार के बाद मासूम की जान बचाई.

श्रीनगर गढ़वाल: गैरसैण-भराड़ीसैंण के चौरड़ा गांव से तीन माह का मासूम गंभीर सेप्सिस और बहुअंग विफलता (मल्टिपल ऑर्गन डिसफंक्शन सिंड्रोम) जैसी जानलेवा स्थिति से जूझ रहा था. बच्चे को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज के बेस अस्पताल श्रीनगर लाया गया. जहां उसकी स्थिति गंभीर थी. बच्चे की पल्स नहीं मिल रही थी. हार्ट सामान्य रूप से काम नहीं कर रहा था. सांस लेने में भी दिक्कत हो रही थी. बच्चे की हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने तुरंत इलाज शुरू किया. लगातार 10 दिनों तक वेंटिलेटर पर रखकर उसकी जान बचाने की कोशिश की. लगभग 20 दिनों के गहन उपचार के बाद मासूम पूरी तरह स्वस्थ हो गया है. अब बच्चा सामान्य रूप से मां का दूध पी रहा है.

बेस अस्पताल में आए गैरसैण निवासी हरि सिंह नेगी और देवकी देवी, जिनके तीन बेटियों के बाद यह पहला बेटा हुआ था, बच्चे की हालत से बेहद चिंतित थे, लेकिन बेस अस्पताल श्रीनगर की टीम ने उन्हें भरोसा दिलाते हुए इलाज शुरू किया. माता-पिता ने बच्चे के सकुशल स्वस्थ होने पर डॉक्टरों का धन्यवाद किया. परिजनों ने कहा-

हमारा बच्चा फिर से जी उठा है. बेस अस्पताल की टीम ने जो किया, वह हमारे लिए किसी वरदान से कम नहीं. हम प्रदेश के चिकित्सा स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत का भी आभार व्यक्त करते हैं. जिन्होंने अस्पताल में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं.

पूरे उपचार में बाल रोग विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर एवं एचओडी डॉ. सीएम. शर्मा, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अंकिता गिरी, पीजी जेआर डॉ. पवन तिवारी, डॉ. ज्ञान प्रकाश, साथ ही वार्ड की स्टाफ नर्स पुष्पा यादव, बीना, स्वाति, नीतू आदि ने लगातार देखभाल की. टीम के समर्पण और मेहनत ने बच्चे को मृत्यु के मुंह से निकालकर नया जीवन दिया. बच्चे का इलाज पूरी तरह निःशुल्क किया गया.

बच्चा बेस अस्पताल पहुंचने के समय अत्यंत गंभीर स्थिति में था. मल्टिपल ऑर्गन डिसफंक्शन सिंड्रोम में अंग तेजी से काम करना बंद करने लगते हैं. ऐसे मामलों में हर मिनट महत्वपूर्ण होता है. हमारी टीम ने तुरंत वेंटिलेशन सपोर्ट, दवाओं और मॉनिटरिंग के साथ उपचार शुरू किया. 10 दिन तक वेंटिलेटर सपोर्ट और 20 दिन की गहन चिकित्सा के बाद बच्चे की स्थिति सामान्य हो गई. यह हमारे पूरे विभाग के सामूहिक प्रयास का परिणाम है.

सीएम शर्मा, एचओडी बाल रोग विभाग बेस अस्पताल

वहीं, राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के प्राचार्य आशुतोष सयाना ने कहा मासूम बच्चे को नई जिंदगी देने में हमारी बाल रोग विशेषज्ञ टीम ने जिस समर्पण, संवेदनशीलता और प्रोफेशनल दक्षता का परिचय दिया है. वह बेस अस्पताल श्रीनगर के लिए गर्व की बात है. उन्होंने डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ के बधाई दी है.