ET World Leaders Forum 2026 में बोले CM धामी, विकास, निवेश और सुशासन से आगे बढ़ रहा उत्तराखंड
नई दिल्ली में आयोजित The Economic Times World Leaders Forum 2026 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के विकास मॉडल, निवेश, रोजगार, पर्यटन, समान नागरिक संहिता (UCC), नवाचार और बुनियादी ढांचे पर विस्तार से अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाते हुए देश के अग्रणी राज्यों में अपनी मजबूत पहचान स्थापित कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है जहां समान नागरिक संहिता (UCC) लागू की गई है। इससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के अधिकारों को मजबूती मिली है और समाज में सकारात्मक वातावरण बना है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का यह मॉडल देश के अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणा बन रहा है।
रोजगार और पारदर्शी भर्ती पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य गठन के बाद लगभग दो दशकों में जहां 16 हजार सरकारी नियुक्तियां हुई थीं, वहीं पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। उन्होंने बताया कि नकल विरोधी कानून और भर्ती प्रक्रियाओं में सुधार के कारण युवाओं का विश्वास बढ़ा है तथा नकल माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई की गई है।
निवेश और उद्योगों के लिए बेहतर माहौल
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2023 के बाद उत्तराखंड निवेशकों के लिए पसंदीदा राज्य बनकर उभरा है। राज्य सरकार ने 30 से अधिक नई नीतियां लागू कर उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया है, जिसके सकारात्मक परिणाम निवेश प्रस्तावों की ग्राउंडिंग के रूप में सामने आ रहे हैं।
पर्यटन बना आर्थिक विकास का मजबूत आधार
मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा, कांवड़ यात्रा और आदि कैलाश यात्रा के कारण उत्तराखंड में पर्यटन लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा के पहले चरण में ही 47 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे हैं, जबकि कांवड़ यात्रा में लगभग 4.80 करोड़ श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
उन्होंने कहा कि सरकार विंटर टूरिज्म, धार्मिक पर्यटन, साहसिक पर्यटन और सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देकर स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित कर रही है। हर्षिल-मुखवा और आदि कैलाश जैसे क्षेत्रों को विशेष रूप से विकसित किया जा रहा है।
कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर, रोपवे परियोजनाएं और पंतनगर ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट जैसी परियोजनाएं राज्य के विकास को नई गति दे रही हैं। इससे पर्यटन, उद्योग और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बड़ा लाभ मिलेगा।
AI और नवाचार में भी आगे बढ़ रहा उत्तराखंड
मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य की अर्थव्यवस्था में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, विज्ञान और तकनीक की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इसी को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार नवाचार नीति के माध्यम से युवाओं और स्टार्टअप्स को प्रोत्साहित कर रही है।
हरिद्वार कुंभ 2027 के लिए तैयारियां तेज
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि जनवरी 2027 में होने वाले हरिद्वार कुंभ की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। सरकार बुनियादी सुविधाओं को मजबूत कर रही है ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्था उपलब्ध हो सके। उन्होंने सभी नागरिकों को हरिद्वार कुंभ 2027 में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।
PushkarSinghDhami, ETWorldLeadersForum2026, UttarakhandNews UCC, UttarakhandDevelopment, Investment Tourism, Employment, HaridwarKumbh2027, UttarakhandGovernment, CMDhami, BreakingNews,Bhadas4India

