खटीमा में आयोजित “जन-जन की सरकार, मुख्य सेवक आपके द्वार” कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा। तीन दिवसीय खटीमा प्रवास के दौरान बगुलिया स्थित शहीद हरी किशन शिक्षण संस्थान में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का थारू सांस्कृतिक नृत्य, पुष्पमालाओं और अंगवस्त्र के साथ भव्य स्वागत किया गया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और ग्रामोत्थान परियोजना के अंतर्गत संचालित दीदी कैफे का शुभारंभ भी किया। इस दौरान स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों और स्थानीय आजीविका मॉडल की सराहना की गई।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए युग में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, मुफ्त राशन और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार भी शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, पर्यटन और हवाई कनेक्टिविटी के क्षेत्र में तेजी से काम कर रही है। उन्होंने समान नागरिक संहिता (यूसीसी), नकल विरोधी कानून और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति को राज्य सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताया।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है और “जन-जन की सरकार, मुख्य सेवक आपके द्वार” कार्यक्रम इसी सोच का विस्तार है। मुख्यमंत्री ने खटीमा को अपना परिवार बताते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों को सहायता प्रदान की गई। मत्स्य विभाग, कृषि विभाग, समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग और सहकारिता विभाग की योजनाओं से दर्जनों लोगों को आर्थिक सहायता, अनुदान और उपकरण वितरित किए गए। किसानों, स्वयं सहायता समूहों, महिलाओं और युवाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से विकसित उत्तराखंड और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सहभागी बनने का आह्वान करते हुए कहा कि जनभागीदारी से ही विकास की यात्रा को नई गति मिल सकती है।

