CM धामी ने लॉन्च किया ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ ऐप, किसानों को मिलेगी AI आधारित फसल सलाह और मौसम अलर्ट

0
0

CM धामी ने किया ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ ऐप का शुभारंभ, किसानों को मिलेगा AI आधारित डिजिटल सहयोग

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में किसान-केंद्रित मोबाइल एप ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ का शुभारंभ किया। यह एप मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति द्वारा विकसित किया गया है, जिसका उद्देश्य किसानों और स्वयं सहायता समूहों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से कृषि संबंधी महत्वपूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ एप किसानों और स्वयं सहायता समूहों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग से किसानों को कृषि संबंधी आवश्यक जानकारी और सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराई जा सकती हैं, जिससे कृषि क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी।

किसानों को एक ही प्लेटफॉर्म पर मिलेंगी कई सुविधाएं

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ एप के माध्यम से किसानों को कई महत्वपूर्ण डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें रियल टाइम मौसम संबंधी जानकारी एवं अलर्ट, फसल-विशिष्ट कृषि सलाह, एआई आधारित फसल रोग पहचान, कृषि एवं बाजार संबंधी जानकारी तथा परिवहन और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी सेवाएं शामिल हैं।

इसके अलावा एप में स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमों को बाजार से जोड़ने की विशेष व्यवस्था भी की गई है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सके।

आधुनिक तकनीक से किसानों को मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को तकनीक से जोड़ने और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह एप किसानों को कृषि उत्पादन से लेकर विपणन तक आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराकर उनकी आय बढ़ाने में मददगार साबित होगा।

समिति के प्रतिनिधियों ने बताया कि एप को किसानों की व्यावहारिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य कृषि क्षेत्र में डिजिटल समाधान उपलब्ध कराकर किसानों को सशक्त बनाना है।

इस अवसर पर कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति की कमला डबराल, राजेश डबराल, अंशुल, प्रांजल नौडियाल और सूरवीर सिंह कठैत सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here