उत्तराखंड में विकास योजनाओं को रफ्तार देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न जनपदों में अवस्थापना विकास, पेयजल व्यवस्था और जनसुविधाओं से जुड़ी योजनाओं के लिए बड़ी वित्तीय स्वीकृति दी है। मुख्यमंत्री ने करीब 29 करोड़ 10 लाख रुपये की वित्तीय मंजूरी देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी योजनाओं का काम गुणवत्ता और तय समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि जनता को जल्द लाभ मिल सके।
मुख्यमंत्री ने पौड़ी गढ़वाल के नीलकंठ क्षेत्र में बहुमंजिला पार्किंग निर्माण के लिए 48 करोड़ 82 लाख रुपये की प्रशासकीय और वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। साथ ही पहली किस्त के रूप में 19 करोड़ 53 लाख रुपये जारी किए गए हैं। वहीं अल्मोड़ा जिले की सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न ग्राम पंचायतों और ग्राम सभाओं में बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 38 इंडिया मार्क-II हैंडपंप स्थापित करने हेतु 1 करोड़ 36 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है, जिसमें पहली किस्त के तौर पर 50 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
टिहरी गढ़वाल की हिण्डोलाखाल पम्पिंग पेयजल योजना के अंतर्गत ऊर्जा दक्ष पम्पों की खरीद के लिए 9 करोड़ 73 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके साथ ही योजना के क्रियान्वयन के लिए पहली किस्त के रूप में 3 करोड़ 89 लाख रुपये जारी किए गए हैं।
इसके अलावा पिथौरागढ़ नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नेड़ा बस्ते में देवभूमि रजत जयंती पार्क निर्माण के लिए 9 करोड़ 81 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है, जबकि पहली किस्त के तौर पर 1 करोड़ 97 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। वहीं कुंभ मेला 2027 को देखते हुए पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम द्वारा प्रस्तावित 10 अस्थायी मरम्मत कार्यों के लिए 3 करोड़ 21 लाख रुपये की योजना को भी मंजूरी दी गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि राज्य सरकार आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम कर रही है। उनका कहना है कि इन योजनाओं के समय पर पूरा होने से जनता को सीधा लाभ मिलेगा और प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी।

