मुख्यमंत्री धामी ने उच्चीकृत क्रिकेट मैदान जनपदवासियों को किया समर्पित
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने पिथौरागढ़ भ्रमण कार्यक्रम के दौरान सुरेन्द्र सिंह वल्दिया स्टेडियम पहुंचकर उच्चीकृत क्रिकेट मैदान का लोकार्पण किया और इसे जनपदवासियों को समर्पित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के साथ खेल मैदान में उतरकर क्रिकेट और फुटबॉल खेलते हुए युवाओं का उत्साह बढ़ाया।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने क्रिकेट पिच पर स्वयं बल्लेबाजी करते हुए छह गेंदों का ओवर खेलकर पिच का औपचारिक उद्घाटन किया। खेल मैदान में उनका आत्मीय और उत्साहपूर्ण अंदाज खिलाड़ियों और युवाओं के बीच आकर्षण का केंद्र बना रहा।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों और युवाओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने फुटबॉल, हॉकी और अन्य खेल गतिविधियों में भी सहभागिता की। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम भी हैं।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान युवाओं को नशे के खिलाफ शपथ भी दिलाई और उन्हें नशे से दूर रहकर अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं से राज्य में चल रहे नशा मुक्ति अभियान से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि खेल युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली और सकारात्मक सोच की ओर प्रेरित करते हैं।
मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नौ खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेलों के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। खेल महाकुंभ जैसे आयोजनों से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का बेहतर मंच मिल रहा है।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि नई खेल नीति के माध्यम से उदीयमान खिलाड़ियों को हर संभव सहायता दी जा रही है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने और आधुनिक खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि इस क्रिकेट मैदान में चारों ओर फ्लड लाइट की व्यवस्था भी की जाएगी, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।

