Home Blog Page 117

उत्तरकाशी। भालू से बचने के लिए दौड़ी महिला पहाड़ी से गिरी, मौत

0

उत्तरकाशी। भटवाड़ी वके ओंगी गांव में घास लेने जंगल गई महिला पर अचानक भालू ने हमला कर दिया। वह बचने के लिए भागी तो पहाड़ी से गिर गई, जिससे मौके पर ही मौत हो गई।

ओंगी के प्रधान सतीश रावत ने बताया कि रविवार देर शाम गांव की विनीता राणा (37) पत्नी सतेंद्र राणा गांव के जंगल में घास लेने गई थीं। इसी दौरान भालू ने उन पर हमला कर दिया। भागते वक्त विनीता पहाड़ी से गिर गईं, जिससे उनकी मौत हो गई। आसपास के खेतों की जानकारी ग्रामीणों को दी। ग्रामीणों ने शव गांव पहुंचा राजस्व उपनिरीक्षक व वन विभाग को घटना की सूचना दी। प्रधान सतीश रावत ने बताया कि गांव और क्षेत्र में लंबे समय से भालू का खतरा बना है। कोई सुनवाई नहीं हो रही है। वहीं, रेंज अधिकारी बाड़ाहाट मुकेश रतूड़ी ने कहा कि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है कि महिला पर भालू ने हमला किया। वहीं, भालू को रोकने के लिए लगातार गश्त जारी है, पटाखे जलाकर भी उन्हें भगा रहे हैं।

नोएडा में आठवीं मंजिल से गिरे युवक की मौत, ऑनलाइन ऐप के जरिए बने थे दोस्त

0

नोएडा। दिल्ली से सटे नोएडा के सेक्टर-113 थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत ने सनसनी फैला दी है। मामला सेक्टर-74 स्थित नार्थ आई सोसाइटी का है, जहां आठवीं मंजिल से गिरकर युवक की मौत हो गई।

मृतक की पहचान शुभम कुमार (निवासी — हरदुआगंज, अलीगढ़) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक शुभम की पहचान करीब छह महीने पहले एक ऑनलाइन ऐप के जरिए छह युवकों से हुई थी। बताया जा रहा है कि यह ऐप समलैंगिक समुदाय से जुड़ा था। इसी माध्यम से सभी युवकों ने नोएडा के सेक्टर-74 स्थित एक फ्लैट में मिलने की योजना बनाई थी।

फ्लैट को शॉर्ट-स्टे रेंटल के रूप में बुक किया गया था। रविवार रात सभी युवक वहां पहुंचे थे। इसी दौरान शुभम अचानक फ्लैट की आठवीं मंजिल की बालकनी से नीचे गिर गया। गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं। सोसाइटी के सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। शुभम को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही सेक्टर-113 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पता चला कि फ्लैट में ठहरे कुछ युवक रात में ही वहां से चले गए थे, जबकि दो युवक मौके पर मौजूद मिले। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने फ्लैट को सील कर फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया है।

 

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि शुभम की मौत दुर्घटनावश गिरने से हुई या इसके पीछे किसी तरह की साजिश या विवाद था। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के उत्तराखंड दौरे को लेकर तैयारियां तेज, पूरे किए जा रहे ये कार्य

0

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के उत्तराखंड दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं.

देहरादून: धामी सरकार ने इस साल राज्य स्थापना दिवस को रजत जयंती वर्ष के रूप में मनाने का फैसला लिया है. ऐसे में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उत्तराखंड विधानसभा के विशेष सत्र को संबोधित कर सकती हैं. जिसकी तैयारियां जोरों पर चल रही हैं. राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर राष्ट्रपति सचिवालय के अतिरिक्त सचिव ने देहरादून में अधिकारियों की बैठक ली. इस बैठक में राष्ट्रपति उद्यान समेत अन्य निर्माणाधीन कार्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए. राष्ट्रपति निकेतन में हॉर्स राइडिंग एरीना और फुट ओवर ब्रिज का निर्माण पूरा हो चुका है, जिसका जल्द लोकार्पण किया जाएगा.

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित दून दौरे को लेकर राष्ट्रपति सचिवालय के अतिरिक्त सचिव डॉ. राकेश गुप्ता ने देहरादून में अधिकारियों की बैठक ली. बैठक में राकेश गुप्ता ने राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर की जा रही तैयारियां की समीक्षा करते हुए कहा कि राष्ट्रपति की परिसंपत्तियों के अंतर्गत देहरादून में बनाए जा रहे राष्ट्रपति उद्यान समेत अन्य निर्माणाधीन कार्यों को तय समय में पूरा किया जाए. बैठक में राष्ट्रपति के निकट भविष्य में देहरादून के प्रस्तावित दौरे की रूपरेखा के अलावा प्रेजीडेंट्स एस्टेट के भीतर संचालित परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई.

राष्ट्रपति संपदाओं को “राष्ट्र का भवन” बनाने की महत्वपूर्ण पहल के चलते देहरादून में राष्ट्रपति निकेतन एवं राष्ट्रपति तपोवन की स्थापना के बाद राष्ट्रपति उद्यान के निर्माण की महत्वपूर्ण परियोजना का कार्य तेजी से जारी है. 132 एकड़ के विशाल क्षेत्रफल में बन रहा राष्ट्रपति उद्यान के कार्यों को अगले वर्ष तक पूरा करने का लक्ष्य है. राष्ट्रपति उद्यान की परिकल्पना सुगम्यता, सततता और सामुदायिक सहभागिता के सिद्धांतों पर आधारित है.जनसहभागिता, संस्कृति और नागरिक गौरव के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित किए जा रहे, इस उद्यान के भीतर थीम आधारित फूलों और वनस्पतियों के बाग, तितली गृह और पक्षीशाला, सुरम्य झील जैसे प्रमुख आकर्षण होंगे. देश का दूसरा सबसे ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज स्तंभ इस उद्यान की पहचान का अहम हिस्सा होगा.

उद्यान में पैदल एवं साइकिल ट्रैक, सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए आठ सौ से अधिक लोगों की क्षमता का एक मुक्ताकाशी रंगमंच, सार्वजनिक पुस्तकालय एवं फूड प्लाजा की भी व्यवस्था होगी. राष्ट्रपति निकेतन परिसर के भीतर घुड़ सवारी क्षेत्र (हॉर्स राइडिंग एरीना) का एक नया आकर्षण भी जल्द आम लोगों के देखने के लिए उपलब्ध रहेगा. जहां पर आम लोग प्रेजीडेंट्स बॉडीगार्ड के घोड़ों की सवारी एवं देखभाल के तौर-तरीकों का नजदीक से साक्षात्कार कर सकेंगे. राष्ट्रपति सचिवालय के जन संपर्क अधिकारी कुमार समरेश ने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की आगामी प्रस्तावित दौरे के दौरान नवनिर्मित हॉर्स राइडिंग एरीना एवं ओवर फुट ब्रिज का लोकार्पण किए जाने की संभावना है.

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा राष्ट्रपति निकेतन और राष्ट्रपति तपोवन का गत 20 जून को लोकार्पण किया गया था. यह दोनों स्थल पर्यटकों एवं स्थानीय निवासियों के बीच आकर्षण का केंद्र बन रहे हैं. राष्ट्रपति सचिवालय के जन संपर्क अधिकारी कुमार समरेश ने बताया कि बीते चार माह में राष्ट्रपति निकेतन में 4,753 लोगों ने तथा राष्ट्रपति तपोवन में 15,567 लोगों ने भ्रमण किया. उन्होंने बताया कि निर्माणधीन राष्ट्रपति उद्यान में प्रतिवर्ष 20 लाख लोगों के आने का अनुमान है.बैठक में जिलाधिकारी देहरादून डॉ. सबिन बंसल, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून अजय सिंह, मुख्य नगर अधिकारी देहरादून नमामि बसंल समेत अनेक अधिकारियों ने भाग लिया.

वहीं कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल का 20वां दीक्षांत समारोह 4 नवंबर को डीएसबी परिसर के एएन सिंह हॉल सभागार में आयोजित होगा. समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी. राष्ट्रपति स्वयं स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएच.डी. विद्यार्थियों को उपाधि और पदक प्रदान करेंगी. कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत ने बताया कि इस वर्ष विश्वविद्यालय से कुल 16,183 छात्र-छात्राओं को उपाधि प्रदान की जाएगी. इनमें 9,788 छात्राएं और 6,395 छात्र शामिल हैं. स्नातक स्तर पर 7,823 छात्राएं और 1,965 छात्र, जबकि स्नातकोत्तर वर्ग में 5,067 छात्राएं और 1,328 छात्र उपाधि प्राप्त करेंगे. समारोह में 234 शोधार्थियों को पीएचडी की डिग्री प्रदान की जाएगी, जिनमें 90 पुरुष और 144 महिलाएं हैं. वहीं तीन विशिष्ट शोधकर्ताओं को डी लिट की उपाधि से सम्मानित किया जाएगा.

 

पिथौरागढ में सड़क की गुणवत्ता पर उठे सवाल, शिकायत के बाद एसडीएम ने डीएम को भेजी रिपोर्ट

0

थल पांखू सड़क पर पैचवर्क में लापरवाही देखने को मिली है. जबकि इस मार्ग पर काफी लोग आवाजाही करते हैं.

पिथौरागढ: जिलाधिकारी पिथौरागढ़ आशीष कुमार भटगांई ने जनपद की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के लिए चल रहे कार्यों में गुणवत्ता की कमी पाए जाने पर सख्त रुख अपनाया है. थल–पांखू सड़क पर किए गए पैचवर्क में लापरवाही का मामला सामने आने के बाद उन्होंने उपजिलाधिकारी को मौके पर भेजा. विदित है कि जिले की प्रमुख सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का कार्य विभिन्न विभागों द्वारा संचालित किया जा रहा है. इसी क्रम में थल–पांखू सड़क पर गड्ढों को भरने हेतु पैचवर्क किया जा रहा है.

कार्य में निम्न गुणवत्ता की शिकायत प्राप्त होने पर जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने तत्परता से संज्ञान लेते हुए उपजिलाधिकारी को मौके पर जांच हेतु भेजा. पाया गया कि सड़क पर किया गया डामरीकरण कार्य उखड़ रहा है, जिससे कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर प्रश्न उठ रहे हैं. जिलाधिकारी ने इस लापरवाही को अत्यंत गंभीर मानते हुए लोक निर्माण विभाग खंड बेरीनाग के सहायक एवं कनिष्ठ अभियंता पर कठोर कार्रवाई के निर्देश सुपरिटेंडेंट इंजीनियर को दिए हैं.

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा. भविष्य में ऐसी लापरवाही पाए जाने पर और भी कड़े कदम उठाए जाएंगे. बीते दिन एसडीएम यशवीर सिंह ने थल पांखू मोटर मार्ग में गए पैचवर्क कार्य का निरीक्षण किया और बताया कि डामरीकरण की गुणवत्ता ठीक नहीं मिली. जिस पर एसडीएम यशवीर सिंह ने बताया कि इसकी रिपोर्ट बनाकर डीएम को भेजी जा रही है.

प्रदेश के सीएम पुष्कर धामी ने 30 अक्टूबर तक प्रदेश के सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने के आदेश दिए हैं. वहीं डीएम पिथौरागढ़ ने जिला स्तर में इसके लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए थे. लेकिन आदेशों का पालन कितना हो रहा ये सब देखने को मिल रहा है. थल पांखू मोटर मार्ग जहां पर लोनिवि के खस्ताहाल सड़क को गड्ढा मुक्त किया जा रहा है, जिसमें जहां पर गड्ढे हैं, वहां डामर डाला जा रहा है. लेकिन डामर की गुणवत्ता ऐसी है, वह डामर एक दिन भी नहीं गड्डा मुक्त नहीं कर सका.

कुछ ही घंटों में डामर हाथ से ही उखड़ गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है. जिला पंचायत सदस्य विमला देवी और सामाजिक कार्यकर्ता हरीश चुफाल ने गुणवत्ता को लेकर नाराजगी व्यक्त की और कहा पहले से ही खस्ताहाल सड़क में कई वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गये हैं. उसके बाद भी गुणवत्ता पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है. जिला पंचायत सदस्य विमला देवी ने बताया कि डीएम से मुलाकात कर इसकी शिकायत की जाएगी और जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जायेगी. वहीं थल पांखू कोटमन्या लम्बे समय से खस्ताहाल होने के कारण विवादों में रहा है, पिछले दिनों एक कलमट टूटने से एक ट्रक फंसने के कारण घंटों मार्ग बंद रहा था.

रुड़की में शिक्षकों की बड़ी लापरवाही, क्लास में सोता रहा बच्चा, छुट्टी हुई तो ताला लगाकर चले गए

0

बच्चे की नींद खुली तो खुद को क्लासरूम में बंद देखकर वो जोर-जोर से रोने लगा, फिर पुलिस ने ताला तोड़कर बाहर निकाला

रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की में शिक्षकों और स्कूल स्टाफ की बड़ी लापरवाही सामने आई है. दरअसल यहां पर स्कूल की छुट्टी होने के बाद शिक्षक स्कूल पर ताला लगाकर चले गए. थोड़ी देर बाद स्कूल के अंदर से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी. बच्चे की आवाज सुनकर आसपास के व्यापारी स्कूल के गेट पर पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी. सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से स्कूल का ताला तोड़कर बच्चे को बाहर निकाला. इस दौरान बच्चा काफी डरा और सहमा हुआ था.

क्लास में सोता रहा बच्चा, हो गई छुट्टी: जानकारी के मुताबिक रुड़की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के अंबर तालाब मोहल्ले में स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय नंबर 12 है. 27 अक्तूबर सोमवार के दिन इस स्कूल में शिक्षकों की बड़ी लापरवाही देखने को मिली है. दरअसल स्कूल की छुट्टी के समय स्कूल के क्लास रूम में एक बच्चा सो गया था. टीचर की नजर उस पर नहीं पड़ी. छुट्टी हुई तो शिक्षक स्कूल पर ताला लगाकर घर चले गए.

रोने की आवाज सुनकर पहुंचे लोग: इस दौरान क्लास में सोया हुआ छात्र कमरे में बंद हो गया. बताया गया है कि करीब दो घंटे तक बच्चा स्कूल के क्लास रूम में सोता रहा. जब बच्चे की नींद खुली तो उसने खुद को स्कूल की कक्षा में बंद पाया. इसके बाद उसने रोना शुरू कर दिया. बच्चे के रोने की आवाज जब बंद नहीं हुई तो, आसपास के व्यापारी स्कूल के गेट पर पहुंचे. तब पता चला कि स्कूल के अंदर से बच्चे के रोने की आवाज आ रही है.

ताला तोड़कर बच्चे को स्कूल से निकाला: इसके बाद व्यापारियों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से स्कूल के क्लास रूम के गेट में लगे ताले को तुड़वाया और बच्चे को बाहर निकाला. इसके बाद बच्चे को पुलिस ने सकुशल उसके घर पहुंचाया. स्थानीय लोगों का कहना है कि छात्र कमरे में सो गया था. इसलिए वह स्कूल के अंदर बंद हो गया. उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधन की ये लापरवाही बच्चे की जान पर भी भारी पड़ सकती थी. वहीं अब देखने वाली बात ये होगी कि क्या शिक्षा विभाग इन लापरवाह शिक्षकों पर कार्रवाई करता है या नहीं.

स्पष्टीकरण मांगा जाएगा: इंस्पेक्टर मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि-

बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालकर उसके परिजनों को सौंप दिया गया है. इस स्कूल में 30 बच्चे पढ़ते हैं. खंड शिक्षा अधिकारी (Block Education Officer) अभिषेक शुक्ला ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है. शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा.

गंगोलीहाट में दुकान में लग रही छात्रों की पाठशाला, 2 साल से क्षतिग्रस्त है सरकारी विद्यालय भवन

0

विद्यालय भवन नहीं बनने पर अभिभावकों ने जताई चिंता, दी उग्र आंदोलन की चेतावनी

पिथौरागढ़: प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को ठीक करने के सरकार भले ही लाख दावे करती है, लेकिन इन दावों की हकीकत अक्सर सामने आ ही जाती है. इसका एक ताजा उदाहरण सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के गंगोलीहाट तहसील में देखने को मिला है. गंगोलीहाट का प्राथमिक विद्यालय अनरगांव को शिक्षा महकमे को आईना दिखाने के लिए काफी है.

दुकान में पढ़ने को मजबूर हैं छात्र: इस स्कूल के बच्चे स्कूल की जगह किराए की दुकान में बैठकर पढ़ाने करने को मजबूर हैं. दरअसल आपदा के कारण दो साल पहले इस स्कूल का भवन रात में भरभराकर गिर पड़ा था. शुक्र था कि वो आपदा दिन में नहीं आई थी, वरना यहां मासूम की जान पर संकट आ जाता. हादसे के बाद भी सरकारी सिस्टम की नींद नहीं खुली.

दो साल पहले आपदा की भेंट चढ़ गया था स्कूल भवन: अभी तक नए विद्यालय भवन के निर्माण की पहल तक नहीं हुई. बच्चे हफ्तों तक घरों में बैठे रहे. फिर गांव के लोग ने खुद आगे आये. बच्चों की पढ़ाई की व्यवस्था खुद करने की ठानी. अनरगांव के ही ग्रामीण श्याम सिंह ने विद्यार्थियों के भविष्य को देखते हुए अपनी दुकान निशुल्क विद्यालय संचालन के लिए दी. तब से यह विद्यालय इसी दुकान में चल रहा है. असल विद्यालय भवन खंडहर में तब्दील हो चुका है.

बीडीसी मेंबर ने जताई चिंता: अनरगांव की बीडीसी सदस्य प्रियंका शिक्षा विभाग के रवैए पर चिंता जताती हैं. उन्होंने कहा कि-

दुकान के एक कमरे में विद्यार्थी कैसे पढ़ेंगे. शिक्षा विभाग को इन सवालों का जवाब देना होगा. शिक्षा व्यवस्था की बेहतरी की बातें सिर्फ कागजों तक सीमित हैं, जो बहुत चिंता का विषय है.
-प्रियंका देवी, बीडीसी मेंबर, अनरगांव-

अभिभावकों की सरकार से गुहार: एक अभिभावक ने कहा कि वो बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित हैं-

दुकान के कमरे में पढ़ना बच्चों मजबूरी है. यह भी बंद हो गया, तो बच्चों को चार किलोमीटर दूर अन्य विद्यालय में जाना पड़ेगा. छोटे बच्चों के लिए ऐसा करना असंभव है. सरकार को शीघ्र इस पर ध्यान देना चाहिए.
-भागीरथी देवी, अभिभावक-

विद्यालय भवन नहीं बना तो आंदोलन की चेतावनी: एक अन्य अभिभावक ने कहा कि सरकार के संज्ञान में कई बार मामला ला चुके हैं, लेकिन कुछ नहीं हुआ.

शिक्षा विभाग और सरकार से मामले में कई बार पत्राचार किया गया. मामले का संज्ञान न लेना दुर्भाग्यपूर्ण है. यही कारण है कि सरकारी शिक्षा व्यवस्था बेहतर नहीं हो पा रही है. यदि शीघ्र व्यवस्था ठीक नहीं होती है, तो उग्र आन्दोलन किया जायेगा.
-मंजू देवी, अभिभावक-

एक कमरा, पांच कक्षाएं, सात विद्यार्थी: पांच कक्षाओं के सात विद्यार्थी एक ही कमरे में बैठते हैं. एक कोने में शिक्षक ब्लैकबोर्ड पर पढ़ाते हैं. यहां दूसरे कोने में भोजन माता मिड-डे मील बनाती हैं. न किताबों के लिए जगह है और ना ही खेलने का मैदान.

बीएसए ने दिया आश्वासन: जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से जब इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि-

प्राथमिक विद्यालय अनरगांव के नए भवन के लिए बजट की गणना तैयार कर शासन को भेजा है. स्वीकृति मिलते ही भवन निर्माण का काम शुरू कराया जाएगा.
-तरुण पंत, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी-

हल्द्वानी-अल्मोड़ा अर्बन बैंक लोन घोटाला — 7 करोड़ की धोखाधड़ी में फरार आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे

0

रुद्रपुर/ हल्द्वानी – पुलिस ने सात करोड़ रुपये की बैंक धोखाधड़ी के मामले में डेढ़ साल से फरार चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। रुद्रपुर सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि जीवन चंद्र पांडे, निवासी बद्री विशाल कॉलोनी, मुखानी (हल्द्वानी) के खिलाफ वर्ष 2024 में धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र का मुकदमा दर्ज हुआ था।

फर्जी कागजात से लिया था सात करोड़ का लोन –
जांच में सामने आया कि वर्ष 2015 में जीवन चंद्र पांडे ने अपने कुछ साथियों और बैंक कर्मचारियों से मिलीभगत कर अल्मोड़ा अर्बन कोऑपरेटिव बैंक, रुद्रपुर शाखा से करीब सात करोड़ रुपये का लोन फर्जी कागजात के आधार पर पास करा लिया था। लोन लेने के बाद उसने किसी किस्त का भुगतान नहीं किया। जब बैंक ने दस्तावेजों की जांच की तो अधिकांश कागजात फर्जी पाए गए।

कई बार दबिश के बाद मिली सफलता –
मामला दर्ज होने के बाद जीवन चंद्र फरार हो गया था। पुलिस ने कई बार संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन आरोपी पकड़ में नहीं आया। बाद में एसएसपी ने उस पर ₹5,000 का इनाम घोषित किया था। सोमवार को एसएसआई नवीन बुधानी की अगुवाई में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी के घर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पहले भी कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस के अनुसार, एक अन्य महिला आरोपी सूचि भारद्वाज की गिरफ्तारी अभी बाकी है।

बिल्डर की दादागिरी पर डीएम सविन का डंडा, शस्त्र लाइसेंस सस्पेंड, जब्त किया हथियार

0

बिल्डर की दादागिरी पर डीएम सविन का डंडा, शस्त्र लाइसेंस सस्पेंड, जब्त किया हथियार

दीपावली के अवसर पर बच्चों के पटाखा फोड़ने से गुस्साए बिल्डर पुनीत अग्रवाल ने निकाल ली थी पिस्टल, एटीएस कॉलोनी का है मामला

दीपावली के अवसर पर सहस्रधारा रोड स्थित एटीएस कॉलोनी में बच्चों के पटाखा फोड़ने को लेकर हुए मामूली विवाद में शस्त्र लहराना बिल्डर पुनीत अग्रवाल को भारी पड़ गया। डीएम सविन बंसल ने मामले का कड़ा संज्ञान लेते हुए पुनीत अग्रवाल का लाइसेंसी हथियार जब्त कर उसका शस्त्र लाइसेंस निलंबित कर दिया है। साथ ही लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

 

यह घटना थाना रायपुर क्षेत्र के अंतर्गत एटीएस कॉलोनी की है, जहां 19 अक्टूबर को दीपावली के दिन दो पक्षों में पटाखा जलाने को लेकर विवाद हुआ। विवाद के दौरान पुनीत अग्रवाल पुत्र मदन मोहन अग्रवाल, निवासी 144 एल, एटीएस कॉलोनी ने तैस में आकर अपना लाइसेंसी शस्त्र लहराया।

इसकी जानकारी पुलिस रिपोर्ट के माध्यम से जब जिलाधिकारी तक पहुंची, तो उन्होंने बिना देर किए शस्त्र जब्त करने और लाइसेंस निलंबन के आदेश जारी कर दिए। डीएम ने स्पष्ट कहा, कानून से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शस्त्र का दुरुपयोग करने वालों पर कठोर कार्रवाई तय है।

मामूली विवाद, लेकिन प्रशासन का बड़ा संदेश
पुलिस रिपोर्ट में बताया गया कि शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों पक्षों के खिलाफ धारा 126/135 बीएनएसएस के अंतर्गत कार्रवाई की गई थी। परंतु लाइसेंसी हथियार लहराना गंभीर माना गया। जांच में यह भी पाया गया कि लाइसेंस जिन शर्तों पर निर्गत किया गया था, उनका घोर उल्लंघन हुआ है। प्रशासन ने माना कि इस तरह का व्यवहार “भविष्य में शस्त्र दुरुपयोग की प्रबल संभावना” को दर्शाता है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून की रिपोर्ट के आधार पर डीएम ने कहा कि यह लापरवाहीपूर्ण और गैर-जिम्मेदाराना आचरण है। इसलिए लाइसेंस संख्या 597/थाना रायपुर, UIN-335601004165002023 को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए शस्त्र जब्त कर लिया गया है। डीएम सविन बंसल ने सख्त लहजे में कहा कि शस्त्र रखने का अधिकार जिम्मेदारी के साथ दिया जाता है। यदि कोई व्यक्ति उस जिम्मेदारी का दुरुपयोग करता है, तो प्रशासन कठोरतम कार्रवाई करेगा। जिले में कानून से खिलवाड़ करने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी। दोनों पक्षों को जिलाधिकारी ने तलब किया है और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस और प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

प्रकरण के मुख्य बिंदु
-पटाखे के विवाद में शस्त्र लहराना पड़ा भारी
-डीएम सविन बंसल ने हथियार जब्त कर लाइसेंस निलंबित किया
-लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू
-कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों पर प्रशासन की सख्त नजर

#DehradunNews #UttarakhandUpdate #BreakingNews #LawAndOrder #ShastraLicense #DMAction #ViralNews #PuneetAgarwal #Deepawali2025 #UttarakhandPolice #DehradunUpdate #NewsAlert #HindiNews

बिहार में फिर गूंजेगी धामी की हुंकार दो जनसभाओं को करेंगे संबोधित

0

बिहार में फिर गूंजेगी धामी की हुंकार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 30 अक्टूबर को बिहार में दो जनसभाओं को करेंगे संबोधित

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 30 अक्टूबर को बिहार के दौरे पर रहेंगे, जहां वे मोतिहारी जिले के कल्याणपुर और हरसिद्धि विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी जनसभाओं को संबोधित करेंगे। भाजपा नेतृत्व ने मुख्यमंत्री धामी को बिहार विधानसभा चुनाव के लिए स्टार प्रचारक के रूप में नियुक्त किया है।

मुख्यमंत्री धामी इससे पहले भी बिहार में भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार कर चुके हैं। उनके “जंगलराज खत्म करने” वाले बयान ने सोशल मीडिया पर व्यापक चर्चा बटोरी थी। पार्टी सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री धामी के भाषणों ने मतदाताओं के बीच भाजपा के पक्ष में सकारात्मक माहौल बनाया है।

भाजपा के कार्यक्रम विभाग संयोजक सुशील चौधरी द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री धामी 30 अक्टूबर को सुबह 11:15 बजे पटना हवाई अड्डे से निजी विमान द्वारा कल्याणपुर के लिए रवाना होंगे। वहां महात्मा गांधी मिडिल स्कूल ग्राउंड में वे पहली जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद दोपहर में वे महावीर रामेश्वर इंटर कॉलेज, सोनवर्षा (हरसिद्धि) में आयोजित दूसरी जनसभा में भाग लेंगे।

मुख्यमंत्री धामी देशभर में समान नागरिक संहिता लागू करने, नकल विरोधी कानून और भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस जैसी ऐतिहासिक पहलों के लिए चर्चित हैं। बिहार में उनकी जनसभाओं को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सनातन संस्कृति का वैभव चारों ओर नज़र आ रहा है – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

0

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सनातन संस्कृति का वैभव चारों ओर नज़र आ रहा है – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को पूर्वांचल सेवा समिति द्वारा संजय रेलवे पार्क, खटीमा में आयोजित सूर्य षष्ठी व्रत महोत्सव (छठ पूजा) कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर प्रदेश की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व हमारी सनातन संस्कृति की उस उज्ज्वल परंपरा का प्रतीक है, जिसमें आस्था, अनुशासन, तपस्या और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अद्भुत संगम दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि यह केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि जीवन मूल्यों और पारिवारिक संस्कारों का पर्व है, जो पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के महत्व का संदेश देता है।

उन्होंने कहा कि यह अनूठा पर्व उगते सूर्य के साथ ढलते सूर्य को भी अर्घ्य अर्पित करने की परंपरा के कारण विशेष है। बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश से लेकर उत्तराखंड तक, आज पूरा देश श्रद्धा और भक्ति के साथ छठ महापर्व मना रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत के विकास के साथ-साथ सनातन संस्कृति का वैभव चारों ओर नज़र आ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी प्रधानमंत्री से प्रेरणा लेकर देवभूमि उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि खटीमा उनका घर है, और यह क्षेत्र उनके लिए परिवार की तरह है। यहां से उन्होंने जनसेवा की यात्रा प्रारंभ की थी। उन्होंने कहा कि खटीमा में स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, सड़क, औद्योगिक विकास और खेल सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए अनेक कार्य किए गए हैं — जिनमें हाईटेक बस स्टेशन, आधुनिक आईटीआई, पॉलीटेक्निक कॉलेज, 100 बेड का अस्पताल परिसर और राष्ट्रीय स्तर का खेल स्टेडियम शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि खटीमा क्षेत्र की कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए गदरपुर और खटीमा बाईपास, नौसर में पुल निर्माण और सड़क नेटवर्क का विस्तार किया गया है। हाल ही में खटीमा और टनकपुर के बीच सैन्य स्मारक बनाने की भी घोषणा की गई है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने समान नागरिक संहिता कानून, नकल विरोधी कानून, दंगारोधी और धर्मांतरण विरोधी कानून जैसे ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। लैंड जिहाद, लव जिहाद और अवैध निर्माणों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की गई है, जिसके तहत नौ हजार एकड़ भूमि मुक्त कराई गई और सैकड़ों अवैध ढांचे सील किए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत पिछले चार वर्षों में 200 से अधिक लोगों को जेल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लक्ष्य की ओर दृढ़ता से बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि छठी मैया और भगवान सूर्य नारायण के आशीर्वाद से देवभूमि उत्तराखंड नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जा मंत्री फरजाना बेगम, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, डीएम नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी मणिकांत मिश्रा, सीडीओ दिवेश शाशनी, एडीएम कौस्तुभ मिश्रा, एसपी सिटी डॉ. उत्तम सिंह नेगी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।