HomeUttarakhandऋषिकेश में कबाड़ी की बंद दुकान में लगी आग, एक युवक जिंदा...

ऋषिकेश में कबाड़ी की बंद दुकान में लगी आग, एक युवक जिंदा जलकर मरा

कबाड़ी की दुकान में आग लगने की सूचना पर फायर ब्रिगेड बुझाने गई, अंदर युवक का जला शव मिला

ऋषिकेश: शहर में हीरालाल रोड स्थित एक कबाड़ी की दुकान में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई. आग लगने के दौरान एक युवक जिंदा जल गया. उसका शव पुलिस ने कब्जे में लेकर एम्स की मोर्चरी में रखवा दिया है. युवक कबाड़ी की दुकान के अंदर कैसे पहुंचा, पुलिस ने इसकी जांच शुरू कर दी है.

कबाड़ी की दुकान में लगी भीषण आग: जानकारी के मुताबिक आज सोमवार सुबह करीब 3:30 बजे फायर ब्रिगेड की टीम को सूचना मिली कि हीरालाल मार्ग स्थित कबाड़ी की दुकान में आग लग गई है. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने आग को बुझाया.

कबाड़ी की दुकान के अंदर मिला युवक का जला शव: बाहर से ताला लगा होने के कारण ताले को तोड़ा गया और शटर खोलकर कबाड़ में लगी आग को भी बुझाया. इस दौरान फायर ब्रिगेड की टीम को अंदर एक युवक की बॉडी जली अवस्था में मिली. तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई.

एम्स की मोर्चरी में रखी गई डेड बॉडी: सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर आई और युवक की जली बॉडी को कब्जे में लेकर एम्स की मोर्चरी में ले गई. अभी मृतक की पहचान नहीं हो पाई है. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आखिरकार युवक अंदर कैसे पहुंचा.

प्रत्यक्षदर्शी ने क्या कहा?

प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि सुबह तड़के कबाड़ी की दुकान में आग लग गई. तभी उसने बचाओ-बचाओ की आवाज सुनी. शटर बंद होने के कारण वो आवाज लगाने वाले को बाहर नहीं निकाल पाए. इसके बाद फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी गई.
-शिव कुमार, प्रत्यक्षदर्शी-

कोतवाल ने ये कहा: प्रथम दृष्ट्या दुकान के ऊपरी हिस्से की खिड़की में ग्रिल नहीं लगी हुई है. संभवत कोई व्यक्ति इस रास्ते से अंदर आया और इस दौरान आग लगने की वजह से चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई. कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि-

हीरालाल रोड स्थित एक कबाड़ी की दुकान में आग लगने की घटना हुई है. वहां एक युवक का जला हुआ शव मिला है. शव की अभी शिनाख्त नहीं हो सकी है. जांच के बाद ही सवालों के स्पष्ट जवाब मिल पाएंगे.
-कैलाश चंद्र भट्ट, कोतवाल-

फायर अफसर ने कहा जांच हो रही है: वहीं दूसरी तरफ फायर अफसर गिरीश लोनी ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है.

latest articles

explore more

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here