चकराता के कुराड़-सिचाड़ गांवों का फैसला, शादी में फिजूलखर्ची पर ₹50 हजार जुर्माना

0
3

उत्तराखंड: चकराता के कुराड़-सिचाड़ गांवों का बड़ा फैसला, शादी में फिजूलखर्ची पर ₹50 हजार जुर्माना

चकराता, देहरादून। उत्तराखंड के चकराता विकासखंड के कुराड़ और सिचाड़ गांवों के ग्रामीणों ने शादी-विवाह में बढ़ते दिखावे और अनावश्यक खर्चों पर रोक लगाने के लिए सामूहिक पहल की है। दोनों गांवों की बैठक में विवाह समारोहों और सामाजिक रीति-रिवाजों को सादगी से निभाने के लिए कई नियम तय किए गए। ग्रामीणों के अनुसार, नियमों का उल्लंघन करने वाले परिवार पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाने और सामाजिक बहिष्कार का निर्णय भी लिया गया है।

भांजे की शादी में एक बकरा, बेटी के विवाह में पांच बर्तन

बैठक में पारंपरिक रीति-रिवाजों के तहत उपहारों को सीमित करने का फैसला लिया गया। तय किया गया कि भांजे की शादी में मामा पक्ष की ओर से केवल एक बकरा दिया जाएगा। वहीं, बेटी के विवाह में पांच बर्तन यानी ‘पंच बन्डियाई’ की परंपरा निर्धारित नियमों के अनुसार निभाई जाएगी।

महिलाओं को चांदी के सिक्के देने की परंपरा को लेकर भी नियम तय किए गए हैं। ग्रामीणों का मानना है कि इन फैसलों से विवाह के दौरान होने वाले अनावश्यक खर्चों को कम करने में मदद मिलेगी।

शादी समारोहों में पहनावे को लेकर भी नियम

स्याणा मातबर सिंह कुराड़ और स्याणा राजेंद्र सिंह सिचाड़ के नेतृत्व में हुई बैठक में विवाह समारोहों में महिलाओं के आभूषणों को लेकर भी नियम निर्धारित किए गए। निर्णय के मुताबिक, महिलाएं मंगलसूत्र, नाक में फुल्ली और कानों में झुमके पहनकर समारोह में शामिल होंगी।

इसके अलावा विवाह समारोहों में अंग्रेजी शराब और फास्ट फूड पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया।

सामाजिक सादगी को बढ़ावा देने की पहल

ग्रामीणों ने इस पहल को शादी-विवाह में सादगी बनाए रखने और परिवारों पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उनका कहना है कि सामूहिक रूप से नियम तय करने का उद्देश्य सामाजिक परंपराओं को व्यवस्थित रखना और विवाह समारोहों में अनावश्यक प्रतिस्पर्धा व दिखावे को रोकना है।

कुराड़ और सिचाड़ गांवों की यह पहल स्थानीय स्तर पर सामाजिक नियमों और सामूहिक सहमति के जरिए विवाह समारोहों में खर्च सीमित करने के प्रयास के रूप में सामने आई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here