पुलिस लाइन देहरादून में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, मुख्यमंत्री धामी ने किया प्रतिभाग
देहरादून। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर पुलिस लाइन, देहरादून में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) की गरिमामयी उपस्थिति रही। पूरे परिसर में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया।
मुख्यमंत्री धामी ने कार्यक्रम में प्रस्तुत सांस्कृतिक आयोजनों की सराहना करते हुए विभिन्न कलाकारों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराएं समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करती हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, सनातन मूल्यों और भगवान श्रीकृष्ण के जीवन दर्शन से परिचित कराते हैं।
भगवान श्रीकृष्ण का जीवन देता है कर्मयोग की प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन सत्य, धर्म, कर्तव्य और लोककल्याण की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता में दिया गया कर्मयोग का संदेश आज भी पूरी मानवता के लिए मार्गदर्शक है।
मुख्यमंत्री ने लोगों से भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और समाज तथा प्रदेश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
राज्यपाल ने भी दी शुभकामनाएं
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने भी प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए भगवान श्रीकृष्ण के संदेशों को जीवन में उतारने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी गीता धामी, पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, जनप्रतिनिधि, मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
यह आयोजन भक्ति, संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का अद्भुत संगम बनकर सामने आया, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण के जीवन मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।

