सीएम धामी ने देखी ‘हनुमान अंश’ फिल्म, बाबा नीब करौरी महाराज की भक्ति और सेवा भावना से हुए अभिभूत
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को हाथीबड़कला स्थित सेंट्रियो मॉल के सिनेमा हॉल में आध्यात्मिक फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी। यह फिल्म परम श्रद्धेय बाबा नीब करौरी महाराज जी के जीवन, उनकी भक्ति, सेवा और आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी गीता धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक प्रदीप बत्रा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारत की संत परंपरा सदैव समाज को सत्य, सेवा, करुणा और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाती रही है। बाबा नीब करौरी महाराज का जीवन भी इसी महान परंपरा का जीवंत और प्रेरणादायी उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि बाबा की भक्ति, मानव सेवा और सभी के प्रति प्रेम का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है और समाज को सकारात्मक दिशा देने की क्षमता रखता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड केवल देवभूमि ही नहीं, बल्कि महान संतों और आध्यात्मिक परंपराओं की भूमि भी है।
कैंची धाम वैश्विक आस्था का केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा नीब करौरी महाराज का कैंची धाम आज देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए आस्था और श्रद्धा का प्रमुख केंद्र बन चुका है। ऐसी आध्यात्मिक विभूतियों के जीवन और संदेश को जन-जन तक पहुंचाने वाले रचनात्मक प्रयास भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों को नई पीढ़ी से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि फिल्म ‘हनुमान अंश’ भक्ति, सेवा, प्रेम, करुणा और मानव कल्याण जैसे मूल्यों को केंद्र में रखकर बनाई गई है। फिल्म के माध्यम से बाबा नीब करौरी महाराज की आध्यात्मिक यात्रा और उनके जीवन दर्शन को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है।
फिल्म निर्माताओं की सराहना
मुख्यमंत्री धामी ने फिल्म के निर्माताओं और पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा पर आधारित सकारात्मक एवं प्रेरणादायी फिल्मों से समाज में संस्कार, सेवा और मानवीय मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ती है।
उल्लेखनीय है कि ‘हनुमान अंश’ का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है। फिल्म में शोभिनव सतैया सहित कई कलाकारों ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई हैं। यह फिल्म 7 अगस्त 2026 को हिंदी भाषा में देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।

