CM धामी ने जारी की अगस्त माह की सामाजिक सुरक्षा पेंशन

0
0

CM धामी ने वन-क्लिक से जारी की अगस्त माह की सामाजिक सुरक्षा पेंशन, 9.91 लाख लाभार्थियों को मिला लाभ

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में समाज कल्याण विभाग की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत अगस्त 2026 की पेंशन किस्त का वन-क्लिक के माध्यम से भुगतान किया। इस अवसर पर राज्य के 9 लाख 91 हजार 914 लाभार्थियों के खातों में 147 करोड़ 05 लाख रुपये की पेंशन राशि सीधे हस्तांतरित की गई।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत 5,605 नए लाभार्थियों की पेंशन स्वीकृति की भी घोषणा की।

पात्र लाभार्थियों तक समय पर पहुंचे योजनाओं का लाभ

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि समाज के कमजोर, जरूरतमंद और वंचित वर्गों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेंशन योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं का संवेदनशीलता और तत्परता के साथ समाधान किया जाए।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य पेंशन व्यवस्था को अधिक सरल, पारदर्शी और लाभार्थी केंद्रित बनाना है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे।

आधार न बनने वाले पात्र लाभार्थियों के लिए विशेष व्यवस्था

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन पात्र लाभार्थियों का किसी कारणवश आधार कार्ड नहीं बन पा रहा है, उन्हें चिन्हित कर अकाउंट बेस्ड पेमेंट सिस्टम के माध्यम से पेंशन उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि आधार संबंधी तकनीकी कारणों से किसी भी पात्र व्यक्ति को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।

147 करोड़ रुपये की पेंशन राशि हुई जारी

प्रस्तुतीकरण में बताया गया कि अगस्त 2026 में वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली एवं बौना पेंशन योजनाओं के तहत कुल 9,91,914 लाभार्थियों के लिए 147 करोड़ 05 लाख 51 हजार रुपये की धनराशि निर्धारित की गई।

इनमें:

  • 2,14,711 लाभार्थी राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) के अंतर्गत शामिल हैं।
  • 7,77,203 लाभार्थी राज्य सरकार की पेंशन योजनाओं से आच्छादित हैं।

अगस्त माह के भुगतान में लगभग 140.11 करोड़ रुपये राज्यांश तथा 6.94 करोड़ रुपये केंद्रांश के रूप में शामिल हैं।

अगस्त में 5,605 नए लाभार्थियों को मिली स्वीकृति

समाज कल्याण विभाग के अनुसार अगस्त माह में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत कुल 5,605 नई पेंशनें स्वीकृत की गई हैं। इनमें:

  • वृद्धावस्था पेंशन – 3,945
  • विधवा पेंशन – 1,000
  • दिव्यांग पेंशन – 416
  • किसान पेंशन – 106
  • परित्यक्ता पेंशन – 23
  • भरण-पोषण अनुदान – 115 लाभार्थी

शामिल हैं।

सामाजिक न्याय से जुड़े राष्ट्रीय सम्मेलन में होगा मंथन

बैठक में जानकारी दी गई कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा 18 और 19 सितंबर 2026 को नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में दो दिवसीय राष्ट्रीय विभागीय शिखर सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में सामाजिक न्याय और अधिकारिता से जुड़े विषयों पर केंद्र, राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के बीच व्यापक संवाद होगा।

कार्यक्रम में समाज कल्याण मंत्री खजानदास, सचिव समाज कल्याण डॉ. श्रीधर बाबू अड्डांकी, अपर सचिव विक्रम यादव, संयुक्त सचिव धीरेंद्र सिंह, संयुक्त निदेशक गीताराम नौटियाल, सहायक निदेशक हेमलता पांडेय सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here