कौशांबी के मनौरी बाजार में पटाखा फैक्टरी में भीषण धमाका, 5 की मौत, कई गंभीर
कौशांबी। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के पिपरी थाना क्षेत्र स्थित मनौरी बाजार में सोमवार दोपहर एक पटाखा फैक्टरी में भीषण आग लगने के बाद जोरदार विस्फोट हो गया। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोपहर करीब 12 बजे फैक्टरी से अचानक धुआं उठने लगा, जिसके बाद वहां रखे पटाखों में एक के बाद एक तेज धमाके होने लगे। विस्फोट इतने शक्तिशाली थे कि उनकी आवाज करीब दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। धमाकों के कारण आसपास के कई मकानों को भी नुकसान पहुंचा और कुछ मकान धराशायी हो गए।
बताया जा रहा है कि जिस भवन में पटाखा निर्माण का कार्य चल रहा था, वहां हादसे के समय कई लोग मौजूद थे। लगातार हो रहे विस्फोटों के कारण शुरुआती राहत और बचाव कार्य में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही प्रयागराज और कौशांबी प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एडीजी, आईजी, डीआईजी, अपर पुलिस आयुक्त, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत कार्यों की निगरानी की। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि गंभीर रूप से झुलसे लोगों को प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर किया गया है।
जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के उपचार की व्यवस्था का जायजा लिया और स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मामले की जांच में जुटी हैं।
हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और प्रशासन ने लोगों से घटनास्थल के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाने की अपील की है।

