देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को श्री गुरु रामराय पब्लिक स्कूल, सहसपुर में आयोजित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ कार्यक्रम के अंतर्गत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ जनसेवा शिविर में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य शासन-प्रशासन को जनता के और अधिक निकट लाना है, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और सुशासन का वास्तविक अर्थ संवेदनशील, जवाबदेह तथा जनकेंद्रित प्रशासन है। उन्होंने कहा कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान ने शासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत किया है तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने बताया कि अभियान के प्रथम चरण में प्रदेशभर में लगभग 700 जनसेवा शिविर आयोजित किए गए, जिनमें पांच लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया। वहीं देहरादून जिले में आयोजित 46 शिविरों में 60 हजार से अधिक नागरिकों ने सहभागिता की और करीब 39 हजार लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा पखवाड़े के तहत 4 जुलाई से अब तक प्रदेशभर में 64 हजार से अधिक नागरिकों ने भागीदारी की है। इस दौरान प्राप्त 5,567 शिकायतों में से 4,951 का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि 2,522 नागरिकों को विभिन्न प्रमाण-पत्रों एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया है।
1000 से अधिक लोगों ने कराया पंजीकरण
सहसपुर में आयोजित शिविर में 1000 से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं अन्य सहायता भी वितरित की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, पर्यटन, उद्योग, निवेश और हवाई संपर्क सहित विभिन्न क्षेत्रों में राज्य ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
मौके पर सुनीं समस्याएं, अधिकारियों को दिए निर्देश
शिविर के दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए।
- कारबारी ग्रांट निवासी सुमन बासकंडी की मांग पर साईलोक कारबारी ग्रांट में 30 सोलर लाइट लगाने के लिए एमडीडीए को दो माह के भीतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
- बबली गुप्ता को जूट बैग निर्माण के लिए सिलाई मशीन उपलब्ध कराने के निर्देश मौके पर ही दिए गए।
- सेलाकुई नगर पंचायत के सभासद अनिल नौटियाल द्वारा आंतरिक सड़कों, नालियों और जल निकासी व्यवस्था की मांग पर शहरी विकास निदेशालय को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
- गोकुल फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट की सहायता संबंधी मांग पर संबंधित विभागों को आवश्यक सहयोग देने को कहा गया।
- नंदन सिंह कंडारी द्वारा भाऊवाला पुल के निकट श्मशान घाट निर्माण की मांग पर एमडीडीए को दो माह के भीतर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
- यशपाल सिंह नेगी द्वारा अटकफार्म और सेंट्रल होपटाउन में लंबित बंदोबस्त कार्यों की समस्या उठाने पर सचिव राजस्व को 15 दिनों के भीतर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
- शांति विहार सुधार एवं विकास समिति की ओर से भगवानपुर बहुगुणा मार्ग पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम से पार्क और ओपन जिम निर्माण की मांग पर एमडीडीए को प्रस्ताव पर कार्रवाई करने को कहा गया।
- ग्राम बड़ोवाला में डिस्पेंसरी और एंबुलेंस उपलब्ध कराने की मांग पर स्वास्थ्य विभाग को एक माह के भीतर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ‘विकसित भारत के लिए विकसित उत्तराखंड’ के संकल्प को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है और प्रत्येक नागरिक तक विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
PushkarSinghDhami #Sahaspur #JanSevaShivir #JanJanKiSarkar #SevaSushasanSamarpan #DehradunNews #UttarakhandNews #GoodGovernance #CMDhami #Bhadas4India

